द्रमुक सदस्यों ने श्रीलंकाई नौसेना की तरफ से तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार करने की बढ़ती घटनाओं का मुद्दा लोकसभा में उठाया तथा केंद्र से हस्तक्षेप की मांग की। द्रमुक सदस्यों ने प्रश्नकाल के तुरंत बाद इस मुद्दे पर नारेबाजी की। पार्टी सांसद कनिमोझी ने दावा किया कि राज्य के मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा परेशान किया जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है तथा उनमें से 97 से अधिक मछुआरे पड़ोसी देश की जेलों में बंद हैं।
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही 10 फरवरी को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
बजट में किसानों की शिकायतों को नहीं किया गया दूर: कांग्रेस सांसद
कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी ने कहा कि बजट किसानों की शिकायतों को दूर करने में विफल रहा। सामाजिक योजनाओं की कीमत पर राजकोषीय घाटे को बनाए रखने की कोशिश की गई। लोकसभा में पटियाला के सांसद ने कहा कि यह एकतरफा प्रकृति का है, क्योंकि राज्यों को बजट बनाने की प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई है। स्वास्थ्य और शिक्षा पर व्यय स्थिर है तथा सरकार सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं की कीमत पर राजकोषीय घाटे को नियंत्रित कर रही है।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि देश में यूरिया की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे सक्रिय रूप से हस्तक्षेप करें और उन लोगों पर कार्रवाई करें जो बाजार को प्रभावित करके लाभ कमाने के लिए अनावश्यक कमी पैदा कर रहे हैं। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने समाजवादी पार्टी के सदस्य आनंद भदौरिया द्वारा लोकसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में ये बात कही। नड्डा ने यूरिया की कमी के दावे को भी खारिज कर दिया।
नड्डा ने कहा, 'मैं सदन को बताना चाहता हूं कि यूरिया की कभी कमी नहीं थी बल्कि कमी कुछ लोगों द्वारा पैदा की जाती है जो बाजार को प्रभावित कर लाभ कमाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'कुछ लोग अनावश्यक रूप से कमी पैदा करके लाभ कमाने की कोशिश करते हैं। राज्य सरकारों को सक्रिय रूप से हस्तक्षेप करना चाहिए और संसद सदस्यों को भी हस्तक्षेप करना चाहिए।'
नड्डा ने कहा कि एक विस्तृत निगरानी तंत्र और जिला मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करते हैं कि किसानों को समय पर उर्वरक मिले। यूरिया का 45 किलोग्राम का बैग अधिकतम खुदरा मूल्य 266 रुपये पर बेचा जाता है, जबकि डीएपी का 50 किलोग्राम का बैग किसानों को 1,350 रुपये में मिलता है। उन्होंने कहा कि दोनों ही मामलों में सरकार किसानों को प्रति बैग 1,600 रुपये से अधिक की सब्सिडी देती है।
दिल्ली में शिवसेना यूबीटी के सांसदों ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें एकता का प्रदर्शन किया गया और उन खबरों का खंडन किया, जिसमें शिवसेना यूबीटी के सांसदों के शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होने की खबरों का खंडन किया।
आज संसद में भाजपा, जेडी(यू) और NDA के सहयोगी दलों से बिहार के लगभग 30 सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
नगीना सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, 'हम लंबे समय से सुन रहे हैं कि विदेशों में भारत का डंका बज रहा है। अमेरिका ने जिस तरह भारत का अपमान किया है वह किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। यह सब भारत में बढ़ती हुई बेरोज़गारी के कारण हुआ है। हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। विदेश मंत्री ने जिस तरह से बातों को घुमाने का प्रयास किया था, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए कि जब अमेरिका से हमारे इतने अच्छे संबंध हैं तो फिर क्यों वहां भारतीय नागरिकों के साथ इतना बुरा व्यवहार किया गया? मैं विदेश मंत्री से इस्तीफे की मांग करता हूं।'
विपक्षी सांसदों ने श्रीलंकाई सेना द्वारा पकड़े गए भारतीय मछुआरों को वापस लाने की मांग को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में फिलहाल प्रश्नकाल चल रहा है।
लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मणिकम टैगोर ने अमेरिका में भारतीय नागरिकों के साथ अमानवीय व्यवहार और अमेरिकी सैन्य निर्वासन पर भारत की स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तत्काल बयान की मांग करते हुए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया।