कांग्रेस सांसद मल्लु रवि ने कहा, बजट सरकार और नागरिकों की वास्तविकताओं के अंतर को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवंटित धनराशि में भारी कमी आई है। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 से रुपये की कीमत 50 फीसदी गिर गई है। उन्होंने आगे कहा कि बजट में तेलंगाना की कई परियोजनाओं की उपेक्षा की गई है।
विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बीच स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा से दूर रहने का फैसला किया है। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने अपने खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा और फैसला होने तक सदन में उपस्थित न होने का निर्णय लिया है। हालांकि, संससदीय नियमों के अनुसार, ऐसा करना अनिवार्य नहीं है। फिर भी लोकसभा अध्यक्ष ने खुद की इच्छा से कार्यवाही से दूर रहने का विकल्प चुना है।
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने बजट आवंटन को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की और विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। अखिलेश यादव के भाषण का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि वित्त मंत्री ने 85 मिनट तक भाषण दिया, लेकिन बंगाल का एक बार भी जिक्र नहीं किया। उन्होंने बताया कि मौजूदा बजट में जिस डंकुनी से माल ढुलाई गलियारे का जिक्र है, उसकी घोषणा मूल रूप से 2009 में तत्कालीन रेल मंत्री ममता बनर्जी ने की थी, जो अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं। राज्यों के बीच समानता के संविधान के वादे का हवाला देते हुए तृणमूल कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सहयोगियों को वित्त पोषण करके विरोधियों को वंचित रखकर पक्षपात कर रही है
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा का पक्ष है कि हमने दुनिया में बहुत देशों से FTA कर लिया है... जो लोग कभी रुपए के बारे में बहुत चिंता करते थे कभी उम्र से कभी दूसरे तरीके से, इतने FTA के बाद हमारा रुपया कहां पहुंचेगा? अमेरिका से डील नहीं ढील हुई है। 500 बिलियन डॉलर का व्यापार? एकतरफा? हमारी आत्मनिर्भरता कहां जाएगी? स्वदेशी नारा कहां जाएगा? हमारे देश की जनता भाजपा से कह रही है जहां तक हमें मालूम है डील एकतरफा नहीं होती है। जनता जानना चाहती है कि 0 बड़ा कि 18?'
बजट चर्चा में भाग लेते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले प्रचार में बहुत आगे। स्वास्थ्य की स्थिति बहुत दयनीय है। स्वास्थ्य को लेकर गरीब हमेशा परेशान रहता है। अस्पताल में इलाज और दवाई नहीं है।
लोकसभा में बजट पर चर्चा में अखिलेश यादव ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भारत ने अमेरिका को डील नहीं बल्कि ढील दी है। सपा प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने बजट को दिशा विहिन करारा दिया। उन्होंने कहा कि आज किसान संकट से दौर से गुजर रहा है।
लंबे गतिरोध के बाद लोकसभा में दोपहर दो बजे कामकाज शुरू हुआ। आम बजट 2026 पर चर्चा के दौरान केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से निर्वाचित कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भाग लिया। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि (PMKY) के तहत किसानों को दी जाने वाली आर्थिक मदद का मुद्दा उठाया और कहा कि सरकार को दो हजार की राशि बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मनरेगा को बदलकर बनाए गए वीबी जी राम जी कानून का मुद्दा भी उठाया।
स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव मामले में विपक्ष के करीब 120 सांसदों ने आज लोकसभा महासचिव को नोटिस दिया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर- Lok Sabha No Confidence Motion: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव, महासचिव को दिया नोटिस
लोकसभा की कार्यवाही दो बजे से सुचारू रूप से चलने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध दूर होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, खबरों में ये भी कहा जा रहा है कि लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया जा चुका है।
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्षी दलों की तरफ से आरोप लगाया गया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। गतिरोध के बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आम बजट पर चरचा के लिए सरकार तैयार है। सांसदों को बजट पर चर्चा में भाग लेना चाहिए।
संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्षी खेमा अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। समाचार एजेंसी- पीटीआई और एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि आज स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात के बाद अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जा सकता है।
लोकसभा में आज भी हंगामा नहीं थमा और सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में हंगामे के बीच कार्यवाही जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विपक्षी सांसद आज ही स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। हालांकि, 9 फरवरी को सूत्रों के हवाले से आई जानकारी में कहा गया था कि बजट सत्र के दूसरे चरण में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। इसी बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एक वीडियो साझा कर लिखा है कि लोकसभा में चार फरवरी को धक्का-मुक्की जैसे हालात पैदा हो गए थे।
ये भी पढ़ें- Kiren Rijiju: 'हमने अपने सांसदों को धक्का-मुक्की करने से रोका', 4 फरवरी की घटना को लेकर विपक्ष पर बरसे रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बीती 4 फरवरी को विपक्षी सांसदों के लोकसभा में व्यवहार की कड़ी आलोचना की और कहा कि इससे हमारे सांसद बहुत नाराज थे। हमने अपने सांसदों को शारीरिक टकराव से रोका था। अब भाजपा की महिला सासंदों ने स्पीकर से शिकायत दर्ज कराई है। देखते हैं कि अध्यक्ष क्या कार्रवाई करते हैं।
लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने आज भी स्पीकर ओम बिरला को कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। कांग्रेस समेत कई अन्य दलों के सांसदों ने स्पीकर से अहम मुद्दे पर चर्चा कराने की अपील की है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज राज्यसभा में बजट 2026 पर चर्चा पूरी होने पर इसका जवाब दे सकती हैं। लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा है कि सरकार को भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर चर्चा करानी चाहिए।
लोकसभा में आज बजट 2026 पर चर्चा होने की उम्मीद है। 9 फरवरी की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से सदन की कार्यवाही के संचालन में मदद करने की अपील की थी। हालांकि, पहले 11 बजे लोकसभा का प्रश्नकाल बाधित हुआ, फिर 12 बजे कार्यवाही शुरू होने पर भी गतिरोध बरकरार रहा। अंत में दोपहर करीब सवा दो बजे सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला लोकसभा में प्रधानमंत्री की सीट का घेराव और सदन के वेल में घुसकर प्रदर्शन के दौरान अराजक स्थिति पैदा करना है।
आज संसद के बजट सत्र का 10वां दिन है। विपक्षी दलों और सरकार के बीच गतिरोध बरकरार है। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव की तैयारियों के बीच पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब को लेकर प्रकाशक के बयान को लेकर आज भी सियासी बयानबाजी जारी रहने के आसार हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आरोप है कि लोकसभा में उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। सोमवार को हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि स्पीकर ओम बिरला के साथ मुलाकात के दौरान ऐसी कोई सहमति नहीं बनी जैसा राहुल दावा कर रहे हैं। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित करना पड़ा था।
ये भी पढ़ें- Parliament Budget Session LIVE: बजट सत्र में हंगामा-गतिरोध, लोकसभा की कार्यवाही स्थगित; राज्यसभा में बजट पर चर्चा