अब तक 20 करोड़ से अधिक टेलीमेडिसिन परामर्श हो चुके
टेलीमेडिसिन परामर्श से संबंधित पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंडाविया ने कहा कि टेलीमेडिसिन गरीब लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा को और अधिक किफायती बनाने में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा, अब तक 20 करोड़ से अधिक टेलीमेडिसिन परामर्श हो चुके हैं। इसका मतलब है कि लोगों को 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई है। मंत्री ने कहा कि लगभग तीन लाख से चार लाख लोग हर दिन टेलीमेडिसिन परामर्श का लाभ उठाते हैं। एक व्यक्ति की बचत 900 रुपये से अधिक होने का अनुमान है।
मौजूदा कानूनों में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा से निपटने के प्रावधान हैं : मांडविया
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा से निपटने के लिए मौजूदा कानूनों में प्रावधान हैं। स्वास्थ्य मंत्री लोकसभा में कांग्रेस नेता शशि थरूर के एक सवाल का जवाब दे रहे थे। थरूर ने कार्यस्थल पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को हिंसा से बचाने के लिए एक कानून बनाने की मांग की थी। मंडाविया ने कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मौजूदा कानूनों में प्रावधान हैं, डॉक्टरों को भगवान माना जाता है और उनकी सुरक्षा महत्वपूर्ण है।
तृणमूल कांग्रेस सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने डॉक्टरों के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की ओर से जारी हालिया दिशानिर्देशों पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को बंधुआ मजदूरों की तरह काम करने के लिए नहीं कहा जा सकता है और उनके काम की तुलना अन्य पेशेवरों से नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मैं सरकार से आग्रह करना चाहता हूं कि वह एनएमसी के सख्त नोटिस को वापस ले जिसमें देशभर में सेवारत डॉक्टरों को बंधुआ मजदूरों की तरह काम करने को कहा गया है।
केंद्र को तमिलों, तमिल गौरव की बिल्कुल भी परवाह नहीं : टी बालू
डीएमके सांसद टीआर बालू ने केंद्र सरकार पर तमिलनाडु के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। सरकार को तमिलों, तमिल गौरव की बिल्कुल परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष शासित राज्यों में राज्यपाल चुनी हुई सरकारों को नीचा दिखाने और उनके कामों में बाधा डालने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। वे खुद को संविधान समेत हर चीज से ऊपर समझते हैं। उन्होंने तमिलनाडु के लिए अधिक बजटीय आवंटन और पेट्रोलियम उत्पादों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत शामिल करने की मांग की।
महिला कर्मियों को युद्धपोत पर नियुक्त किया जा रहा है: सरकार
2018 से विदेश में 403 भारतीय छात्रों की मृत्यु हुई- सरकार
जिबूती, अदन की खाड़ी और सोमालिया के पूर्वी तट पर भारतीय नौसेना तैनात कर रही अपनी इकाई- सरकार
लोकसभा में भाजपा सांसद हीना गवित ने कहा कि विपक्षी गठबंधन 11 कप्तानों वाली क्रिकेट टीम जैसा है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए भाजपा सांसद ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा देश में हर क्षेत्र में विकास हो रहा है, ऐसे में हैरानी नहीं होनी चाहिए कि अगर विपक्षी गठबंधन के नेता पाला बदल लें। गवित ने कहा पश्चिम बंगाल की कप्तान ममता बनर्जी हैं, जो कांग्रेस को अपनी टीम में शामिल करने के लिए ही तैयार नहीं हैं। पंजाब के कप्तान अरविंद केजरीवाल हैं, जो कांग्रेस से 12वें खिलाड़ी की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
झारखंड के मुद्दे पर कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन की पार्टियों ने राज्यसभा से वाक आउट किया। इससे पहले लोकसभा से भी विपक्षी पार्टियों ने वाक आउट किया था।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में बताया कि टेलीमेडिसन कंसल्टेशन की मदद से हेल्थकेयर को गरीब लोगों के लिए ज्यादा सस्ता बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि देश में हर दिन तीन से चार लाख लोग टेलीमेडिसन परामर्श का लाभ ले रहे हैं और इससे एक व्यक्ति के औसतन करीब 900 रुपये बच रहे हैं। अभी तक 20 करोड़ टेलीमेडिसन परामर्श हुए हैं और इससे लोगों के करीब 18 हजार करोड़ रुपये बचे हैं।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के लोकसभा में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के बढ़ने पर चिंता जताने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सदन में बताया कि मौजूदा कानूनों में ही ऐसे पर्याप्त प्रावधान हैं, जिनसे डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा के मामलों से निपटा जा सकता है। थरूर ने मांग की थी कि पीड़ितों को आर्थिक और कानूनी मदद दी जाए। शशि थरूर ने कहा कि केरल में ऐसे ही एक मामले में एक डॉक्टर की मौत हो गई थी।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने संसद में कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के अलग देश की मांग वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताई और सोनिया गांधी से बयान पर माफी मांगने की मांग की। प्रहलाद जोशी ने कहा 'मैं सोनिया गांधी से माफी की मांग करता हूं। यह सांसद के रूप में ली गई शपथ का उल्लंघन है। मैं अपील करता हूं कि यह मामला संसद की एथिक्स कमेटी के पास भेजा जाए। कांग्रेस को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो देश को लगेगा कि आप भी 'टुकड़े-टुकड़े' गैंग में शामिल हैं।'
झारखंड के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन के सांसदों ने लोकसभा से वॉक आउट किया।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने डॉक्टर्स के खिलाफ ड्यूटी के दौरान बढ़ती हिंसा की घटनाओं पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा 'एक हालिया सर्वे में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने बताया है कि 46.3 प्रतिशत डॉक्टर्स के तनाव का मुख्य कारण उनके खिलाफ होने वाली हिंसा है।' शशि थरूर ने सरकार से अपील की कि वे डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी पर सुरक्षा के लिए कानून बनाए।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस सांसद डीके सुरेश कुमार के संसद में अलग देश वाले बयान पर नाराजगी जताई। पीयूष गोयल ने इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से माफी की मांग की।
संसद में झारखंड मुद्दा उठा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झारखंड में नए सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में हुई देरी पर सवाल उठाए। साथ ही राज्यपाल की भूमिका पर भी सवाल किए।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा भी शुरू हो गया है। फिलहाल लोकसभा में प्रश्नकाल चल रहा है।
विपक्षी गठबंधन ने आज संसद में झारखंड मुद्दा उठाने का फैसला किया है। वहीं ईडी की हेमंत सोरेन और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा 'कोई भी कानून से ऊपर नहीं है...हमारे संविधान निर्माताओं ने कानून का शासन तय किया है।'
संसद के बजट सत्र में आज केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव संचार और आईटी तकनीक की संसद की स्थायी समिति की 45वीं रिपोर्ट पर अपनी बात रखेंगे। केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश भी वाणिज्य मामलों की संसद की स्थायी समिति की 182वीं रिपोर्ट में सुझायी गई सिफारिशों की स्थिति की जानकारी देंगे।