राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दोपहर 2 बजे जवाब देंगे।
केंद्र सरकार ने राज्यों से पुलिस बल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 33 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए कहा है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को एक सवाल के लिखित जवाब में इसकी जानकारी दी। उन्होंने राज्यसभा में बताया कि राज्यों को विभिन्न दिशा-निर्देशों के जरिए महिला पुलिस कर्मियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि सभी राज्य सरकारें महिला पुलिस की भागीदारी बढ़ाकर 33 प्रतिशत कर दें। उन्होंने बताया कि ब्यूरो आफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलेपमेंट (बीपीआरएंडडी) के आंकड़ों के अनुसार एक जनवरी, 2022 तक भारत में सभी स्तरों पर महिला पुलिस कर्मियों की भागीदारी 11.75 प्रतिशत ही है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कवि दुष्यंत कुमार की एक कविता बोलते हुए विपक्ष पर निशाना साधते हुए हमला बोला। पीएम ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए दुष्यंत कुमार ने कुछ लिखा है।
''तुम्हारे पांव के नीचे, कोई जमीन नहीं है, कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं।"
लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये लोग बिना सिर-पैर की बातें करने के आदी हैं। इस कारण उन्हें ये याद नहीं रहता कि वे खुद कितने विरोधाभासी हो जाते हैं। वे आत्मचिंतन कर खुद के विरोधाभास को भी तो ठीक करें। वे 2014 के बाद से लगातार कर रहे हैं कि भारत कितना कमजोर हो रहा है। अब कह रहे हैं कि भारत इतना मजबूत हो गया है कि दूसरे देशों को धमकाकर फैसला करवा रहा है। अरे पहले यह तो तय करो भाई कि भारत कमजोर हुआ है या मजबूत हुआ है। कोई भी जीवंत संगठन या व्यवस्था होती है, जो जमीन से जुड़ी होती है तो देश उसका चिंतन करता है, उससे सीखने की कोशिश करता है, अपनी राह भी बदलता रहता है। जो अहंकार में डूबे रहते हैं, जो यह सोचते हैं कि सारा ज्ञान हम ही को है, उन्हें लगता है कि मोदी को गाली देकर हमारा रास्ता निकलेगा।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अगर हिंडनबर्ग के लोग भारत में होते तो अब तक उन पर UAPA लग गया होता। हमारी मांग है कि अदाणी मामले में जांच होनी चाहिए, लेकिन यह सरकार का काम है। भारत के बैंकों को चूना लगाकर भागने वाले 28 लोगों की सूची में किसी भी मुगल-ए-आजम का नाम नहीं है।
बोफोर्स का भी जिक्र किया
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ‘बोफोर्स घोटाले’ का उल्लेख करते हुए कटाक्ष किया कि भ्रष्टाचार के क्षेत्र में ‘मामाजी’ के योगदान को याद किया जाएगा जिन्हें कांग्रेस की सरकार के समय भागने में मदद की गई। उनका इशारा ओत्तावियो क्वात्रोच्चि की तरफ था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पर आरोप किसने लगाया, जो भ्रष्टाचार के आरोप में जमानत पर हैं, उनकी माता जी जमानत पर हैं, जीजाजी जमानत पर हैं। मामला यह है कि 50 लाख रुपये में 5,000 करोड़ रुपये की संपत्ति हथिया ली गई।
उनका दावा था कि 2-जी घोटाला, कोयला घोटाला और आदर्श घोटाला जब हुआ तब कांग्रेस की सरकार थी। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हरियाणा में दबाव से जमीन ले लो। कुछ करोड़ रुपये के निवेश पर 300 करोड़ रुपये बना लिए गए। बीकानेर में किसानों को दबाकर जमीन ली गई। वहां के मुख्यमंत्री ने मदद की। यह ‘वाड्रा मॉडल ऑफ डेवलपमेंट’ है।
राहुल के दावों को बताया निराधार
उन्होंने कहा कि यह कहा गया कि प्रधानमंत्री विदेश जाते हैं तो एक उद्योगपति उनके साथ जाते हैं। 2008 में अडाणी ने मलेशिया में कोयले की खदान खरीदी, अदाणी ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया में एक खदान खरीदी, 2008 और 2010 में किसकी सरकार थी? 2011 में अडाणी ने आस्ट्रेलिया में निवेश किया। क्या हम मानें कि मनमोहन सिंह विदेश गए तो अडाणी को खदानें मिलीं?
उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों में अडाणी समूह के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पर्यावरण संबंधी आपत्तियों के बावजूद कोयले की परियोजना को मंजूरी दी। राजस्थान में अडाणी समूह 65 हजार करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहा है। राहुल जी क्या वहां भी डीलिंग हुई है?
राहुल ‘कमीशन’ बंद होने से परेशान: रविशंकर प्रसाद
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर बुधवार को लोकसभा में कांग्रेस नेता पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने प्रधानमंत्री पर आरोप मढ़े हैं, जो खुद भ्रष्टाचार के मामले पर जमानत पर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सदन को गुमराह किया और वह हताश हैं क्योंकि मोदी सरकार में ‘डील और कमीशन’ बंद हो चुका है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सवाल किया कि क्या सदन में बोलते समय सारी संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया जाएगा? इस संसद को विचार करना पड़ेगा कि क्या कुछ भी बोला जाएगा? राहुल गांधी ने श्रीलंका को लेकर जो हवाला दिया, वहां के राष्ट्रपति ने इससे इनकार किया था। संबंधित पदाधिकारी ने कहा कि उसने भावनाओं में बहकर बोल दिया था। राहुल गांधी ने सदन को गुमराह किया है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयान को रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। लोकसभा में लोकतंत्र का हत्या की गई है। सूत्रों की मानें तो तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा और भाजपा सांसद निशिकांत दूबे के बयानों के कुछ अंश भी रिकॉर्ड से हटा दिए गए हैं।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम चाहते हैं कि संयुक्त संसदीय समिति (JPC) बिठाई जाए और इस (अडानी मामले) की जांच हो। इस पर पीयूष गोयल ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति (JPC) तब बैठती है जब आरोप सिद्ध हो जाए। जब सरकार पर आरोप लगता है तब संयुक्त संसदीय समिति बिठाई जाती है किसी निजी व्यक्ति के मुद्दे पर नहीं।
राज्सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि एक व्यक्ति जिसकी संपत्ति ढ़ाई साल में 13 गुना बढ़ गई। 2014 में 50,000 करोड़ की थी वह 2019 में एक लाख करोड़ की हो गई। अचानक ऐसा क्या जादू हुआ कि 12 लाख करोड़ बढ़ गई। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट तो है ही जिसे वे (BJP) नहीं मानते हैं।
राज्यसभा में पीयूष गोयल ने पलटवार करते हुए कहा कि वे विदेश रिपोर्टों (हिंडनबर्ग रिपोर्ट) पर बातें कर रहे हैं, यह तो कांग्रेस का तारीका है। मैं स्पष्ट कहता हूं कि इनके खुद के नेता जिनके कहने के बगैर ये कुछ नहीं करते हैं उनकी संपत्ति ही देखें कि 2014 में इनके नेता की कितनी संपत्ति थी और आज कितनी है।
लोकसभा में भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने सदन को गुमराह किया। आज जब देश अर्थव्यवस्था के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है तो उन्हें परेशानी क्यों हो रही है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। लोकसभा में प्रधानमंत्री के आज दोपहर करीब 3 बजे आने की संभावना है।
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) MP संजय राउत ने कहा कि हम आधा-अधूरा काम नहीं करना चाहते। जेपीसी की मांग हम अधूरी नहीं छोड़ सकते, जेपीसी की मांग कायम रहेगी। इस मामले में विपक्ष भले ही एक है, लेकिन हमारा कहना हमेशा से यही है कि चर्चा में भाग लेने का मतलब अदाणी के शेयर बढ़ाना है।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कई सासंद-मंत्री सिर्फ हिंदू मुस्लिम करते हैं, क्या बात करने के लिए कोई और मुद्दा नहीं है। दूसरी तरफ कोई अनुसूचित जाति के लोग मंदिर जाते हैं तो उन्हें मारते हैं, उनकी सुनवाई नहीं होती है। अनुसूचित जाति को तो हम हिंदू समझते हैं ना तब उन्हें मंदिर जाने से क्यों रोकते हैं अगर समझते हैं तो उन्हें बराबरी का स्थान क्यों नहीं देते। कई मंत्री दिखावे के लिए उनके घर जाकर खाना खाते हैं और तस्वीर खींचवा कर बताते हैं कि हमने उनके घर खाना खाया है।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने दलितों को मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ सांसद सिर्फ धर्म की बात करते हैं। धर्म-जाति के नाम पर नफरत की बात करना ठीक नहीं है। दलितों का सियासी इस्तेमाल करना ठीक नहीं है।
RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि एक उद्यमी जो कहीं नहीं था वह अचानक उछलकर यहां तक पहुंचता है। कोई भी क्षेत्र नहीं है जिसमें उसका दखल न हो। हाल में आई रिपोर्ट (हिंडनबर्ग) से यह स्पष्ट हो गया है इन्हें के इर्द-गिर्द सत्ता तंत्र का ताना बाना था और इस ताने बाने की कहानी परत दर परत खुल रही है।
आप, बीआरएस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के सांसदों ने अदाणी विवाद से संबंधित मामले की जेपीसी जांच की मांग को लेकर गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष द्वारा स्थगन नोटिस की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद बीआरएस, आप ने राज्यसभा से बहिर्गमन किया।
TMC सासंद महुआ मोइत्रा ने कहा कि मैंने जो भी कहा सदन में ऑन रिकोर्ड नहीं कहा है, हमें भाजपा पार्टी अब सिखाएगी कि संसदीय शिक्षा क्या है और क्या नहीं। यह बड़ी बात नहीं है बल्कि लोकतंत्र के लिए अदाणी का 100 बिलियन डॉलर का स्कैंडल बड़ा मुद्दा है, जिसे उठाया गया है।
आप, बीआरएस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के सांसदों ने अदाणी विवाद से संबंधित मामले की जेपीसी जांच की मांग को लेकर गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि सदन में ऐसा नहीं होना चाहिए, जो भी आदरणीय लोग यहां आते हैं उन्हें खुद को कंट्रोल में रखना चाहिए। इतना भी भावुक होने की जरूरत नहीं है, कुछ लोग बहुत ज्यादा भड़क जाते हैं।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि अदाणी के नाम से भाजपा को इतनी चिंता क्यों हो रही है। भारत में इतने उद्योगपति हैं, लेकिन BJP अदाणी के नाम से इतना लगाव क्यों महसूस कर रही है कि राहुल गांधी द्वारा अदाणी की आलोचना इन्हें अच्छी नहीं लग रही।
संसद में TMC सांसद महुआ मोइत्रा के असंसदीय भाषा पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि उनका व्यवहार ही ऐसा है। वे जिस पार्टी में हैं उनके लिए यह मुद्दा नहीं है, वे चाहते हैं कि इस पर चर्चा की जाए। उन्हें समाचार में बने रहना है इसके लिए वे लक्ष्मण रेखा को पार कर जाते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपना जवाब देंगे। इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को अदाणी मामले को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला था।
बीआरएस (पुराना नाम टीआरएस) के राज्यसभा सांसद के केशव राव ने अदाणी एंटरप्राइजेज और अदाणी समूह की अन्य कंपनियों पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर चर्चा की मांग करते हुए नियम 267 के तहत राज्यसभा में सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया।
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी पर सदन की अवमानना के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राहुल ने पीएम मोदी पर निराधार आरोप लगाए। उन्होंने कोई तथ्य भी प्रस्तुत नहीं किए। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।