03:34 PM, 04-Apr-2022
राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
तेल की कीमतों में वृद्धि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी दलों के विरोध के बीच सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। कई विपक्षी सदस्यों ने मूल्य वृद्धि पर चर्चा करने के लिए नोटिस दिया था, लेकिन सभापति एम वेंकैया नायडू ने मांग को स्वीकार नहीं किया।
दो स्थगन के बाद दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही विपक्षी सदस्य पेट्रोल, डीजल, एलपीजी (कुकिंग गैस) की कीमतों में वृद्धि के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर फिर से हंगामा करने लगे। इस बीच, टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन सदन में महिलाओं के लिए आरक्षण के मुद्दे को उठाना चाहते थे। सभापति ने सदन में व्यवस्था बनाने की कोशिश करते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के कामकाज की चर्चा पर उत्तर देने के लिए श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव को बुलाया।