सांसद संजय राउत ने कहा कि बेंगलुरु में जो विपक्ष की बैठक हुई उसमें गठबंधन का नाम I.N.D.I.A तय हुआ है। यह जो तानाशाही वाली ताकतें हैं उन्हें अब इंडिया से लड़ना होगा।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि राजनीति में विचारधारा अलग तो होती ही है लेकिन हम देश के लिए एक हुए हैं। लोगों को लगता है कि हम परिवार को बचाने के लिए एक हुए हैं, देश हमारा परिवार है और उसे बचाने के लिए हम एक हुए हैं। इस तानाशाह सरकार के खिलाफ हम लड़ेंगे।
ममता ने कहा कि आपने यूपीए के बारे में सुना, एनडीए अभी भी है, लेकिन एनडीए क्या आप भारत को चुनौती दे सकते हैं? भाजपा क्या आप भारत को चुनौती दे सकते हैं? पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बेंगलुरु विपक्ष की बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम अपनी मातृभूमि से प्यार करते हैं, हम देशभक्त हैं। भारत जीतेगा, हमारा देश जीतेगा और बीजेपी हारेगी।
विपक्षी गठबंधन का नया नाम इंडिया हो सकता है। दरअसल इसके कयास विपक्षी नेताओं के ट्वीट से लग रहे हैं। कांग्रेस नेता माणिक टैगोर ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि जीतेगा इंडिया। वहीं टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट में लिखा है 'चक दे इंडिया'।
खरगे ने कहा कि हम मानते हैं कि हमारे बीच राज्य स्तर पर कुछ मतभेद हैं लेकिन यह मतभेद वैचारिक नहीं हैं। यह मतभेद इतने बड़े भी नहीं हैं कि आम आदमी, गरीब, युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए हम इन्हें भुलाकर आगे नहीं बढ़ सकते। हम 26 पार्टियां साथ हैं और 11 राज्यों में हमारी सरकार है। भाजपा अकेले दम पर 303 सीटें नहीं ला सकती। यह अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल कर सत्ता में आती है और बाद में उन्हें छोड़ देती है। आज भाजपा अध्यक्ष और उनके नेता अलग-अलग राज्य घूमकर अपने पुराने साथियों को इकट्ठा करने में जुटे हैं।
बैठक के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 'मैंने चेन्नई में भी कहा था कि कांग्रेस सत्ता की इच्छुक नहीं है और ना ही प्रधानमंत्री पद की। यह बैठक हमारे संविधान, लोकतंत्र, सहिष्णुता और सामाजिक न्याय को बचाने के लिए है। खरगे ने कहा कि हर संस्था को विपक्ष के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमारे नेताओं के खिलाफ झूठे आपराधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं ताकि वह कानूनी प्रक्रिया में फंसे रहे। संवैधानिक प्राधिकरण हमारे सांसदों को बर्खास्त करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। विधायकों को ब्लैकमेल किया जा रहा है या फिर उन्हें रिश्वत दी जा रही है ताकि सरकारों को गिराया जा सके।'
विपक्ष की कई पार्टियों के शीर्ष नेताओं की मंगलवार को यहां औपचारिक बैठक आरंभ हो गई कि जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बनने वाले गठबंधन की रूपरेखा और साझा कार्यक्रम समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी नेता ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन बैठक के लिए होटल पहुंच गए हैं।
बैठक के लिए होटल ताज वेस्ट एंड पहुंचे शरद पवार और अन्य नेता। कुछ ही देर में बैठक शुरू हो जाएगी।
प्रधानमंत्री ने विपक्षी बैठक पर कसा तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में होने वाली विपक्ष की बैठक पर तंज कसते हुए कहा कि 'देश की जनता ने तय कर लिया है कि 2024 में हमारी सरकार को वापस लाना है। ऐसे में जो लोग देश की परेशानियों का कारण हैं, उन्होंने अपनी-अपनी दुकान खोल ली है। 24 के लिए 26 होने वाले दलों पर यह फिट बैठता है कि वह कोई और गाना गा रहे हैं लेकिन सच्चाई कुछ और है। लेबल कोई और है और प्रोडक्ट अलग। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी दुकान में जातिवाद और भ्रष्टाचार का जहर जरूर मिलेगा।'
विपक्षी 26 पार्टियों के नेता बैठक में शामिल हो सकते हैं। इस बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर बात हो सकती है। साथ ही विपक्षी एकता के लिए संयोजक का नाम भी तय किया जा सकता है। नीतीश कुमार और शरद पवार का नाम इस रेस में शामिल है। सीट बंटवारे को लेकर भी बात हो सकती है।
विपक्षी दलों की आज की बैठक में विपक्षी गठबंधन का नाम भी तय कर लिया जाएगा। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी को चार नाम भेजे गए हैं। इन्हीं में से किसी एक नाम को फाइनल किया जा सकता है।
विपक्षी बैठक से पहले पत्रकारों से बात करते हुए कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि 'भाजपा सोचती है कि वह एक बड़ा खतरा हैं। कांग्रेस पार्टी लड़ाई के लिए तैयार है। शिवकुमार ने ये भी कहा कि कुछ ही देर में हम लोग केरल के पूर्व सीएम के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने जाएंगे।'
एनसीपी मुखिया शरद पवार बेंगलुरु पहुंच गए हैं। शरद पवार विपक्षी पार्टियों की बैठक में शामिल होंगे। पवार सोमवार को विपक्षी नेताओं के भोज में शामिल नहीं हुए थे लेकिन आज की बैठक के लिए वह बेंगलुरु पहुंच गए हैं।
बेंगलुरु में कई जगह लगे नीतीश के खिलाफ पोस्टर
बेंगलुरु के ताज वेस्ट एंड होटल में विपक्षी पार्टियों की बैठक होनी है। बैठक के लिए होटल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी संख्या में पुलिसकर्मी होटल के गेट और आसपास तैनात दिखाई दे रहे हैं। ट्रैफिक का भी इस तरह प्रबंधन किया गया है कि बैठक स्थल या इसके आसपास कोई समस्या ना हो।
केरल के पूर्व सीएम ओमान चांडी के निधन पर विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने जताया दुख
जहां एक तरफ बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की बैठक हो रही है, वहीं केरल में कांग्रेस को झटका लगा है। दरअसल केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम ओमान चांडी का मंगलवार को निधन हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ओमान चांडी के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा कि 'मैं ओमान चांडी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक जननेता थे। उन्होंने पूरे समर्पण और शानदार नेतृत्व क्षमता से केरल के विकास और देश की राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। वह अपने समर्पण और लोगों की सेवा के लिए याद किए जाएंगे।'
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता ई टी मुहम्मद बशीर ने भी ओमान चांडी के निधन पर शोक व्यक्त किया। आईयूएमएल नेता ने कहा कि वह बहुत प्रभावी प्रशासक थे और वह काफी दयालु इंसान थे। मैंने उनके साथ काम किया है। वह बहुत ही सक्षम मंत्री थे। उन्होंने अपना जीवन लोगों की सेवा में लगाया। ओमान चांडी की तुलना किसी से नहीं की जा सकती। यह पूरी राजनीतिक व्यवस्था का नुकसान है।
बेंगलुरु में नीतीश के खिलाफ लगे पोस्टर
वहीं विपक्षी पार्टियों की बैठक के बीच बेंगलुरु में बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ सड़कों पर पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। दरअसल इन पोस्टर्स में नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का अस्थिर उम्मीदवार बताया गया है। साथ ही इन पोस्टर्स में बिहार में एक ही पुल के दो बार गिरने को लेकर भी नीतीश कुमार की आलोचना की गई है।
पश्चिम बंगाल भाजपा के विधायक अग्निमित्रा पॉल ने विपक्षी एकता पर तंज कसते हुए कहा है कि सीपीएम और कांग्रेस की कोई विचारधारा नहीं है। पश्चिम बंगाल में ये दोनों पार्टियां टीएमसी के खिलाफ लड़ रही हैं और आरोप लगा रही हैं कि ममता बनर्जी कांग्रेस और सीपीएम कैडर के लोगों का कत्ल करा रही हैं। वहीं बेंगलुरु में इन पार्टियों के नेता साथ बैठकर भोज कर रहे हैं और गठबंधन की बात कर रहे हैं!
नई दिल्ली में एनडीए का जमावड़ा
जहां बेंगलुरु में विपक्ष एकजुट हो रहा है, वहीं सत्ताधारी भाजपा ने भी एनडीए को एकजुट करने की तैयारी कर ली है। बता दें कि नई दिल्ली में आज एनडीए की बैठक होने जा रही है, जिसमें 38 पार्टियों के नेता शामिल हो सकते हैं।