केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हल्के लक्षणों के साथ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, मैंने खुद को अलग कर लिया है।
गुजरात में पिछले 24 घंटों में 7,476 नए कोरोना मामले आए, जबकि 2704 ठीक हुए और इस दौरान तीन मौतें दर्ज की गईं। वहीं, गुजरात सरकार ने कोर कमेटी की बैठक के बाद आज राज्य में राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक, धार्मिक कार्यक्रमों जैसे सार्वजनिक समारोहों और सभाओं के लिए 50 फीसदी स्थल क्षमता या अधिकतम 150 व्यक्तियों की सीमा तय कर दी है।
देश में लगातार कोरोना कहर बरपा रहा है। महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लेकिन राहत की बात ये रही कि मुंबई में सोमवार को बीते दिन की अपेक्षा संक्रमण के मामलों में कमी देखी गई। देश की आर्थिक राजधानी में पिछले 24 घंटे के भीतर 11647 केस सामने आए हैं और दो मौतें हुई हैं। साथ ही संक्रमण दर भी घटकर 19 फीसदी हो गया है, इससे पहले यह 23 फीसदी था।
लक्षद्वीप में 15 से 18 वर्ष की आयु के सभी पात्र बच्चों का टीकाकरण पूरा हो गया है। इसके साथ ही यह केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों में यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला केंद्रशासित प्रदेश बन गया है। लक्षद्वीप के जिला कलेक्टर और सचिव एस अस्कर अली ने यह जानकारी दी।
तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 15,379 नए मामले सामने आए, 3043 ठीक हुए और 20 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 75,083 पर।
सरकार ने जानकारी दी कि आज शाम 7 बजे तक देश में कोरोना वैक्सीन की 76 लाख से अधिक खुराक दी गई जिससे टीकाकरण कवरेज 153.70 करोड़ को पार कर गया है। अब तक 18 लाख से अधिक एहतियाती खुराक भी दी गई है।
महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस के 34,424 नए मामले सामने आए और 22 मौतें हुईं। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,21,477 हो गई है। राज्य में ओमिक्रॉन मामलों की संख्या 1,281 पहुंची गई है जिसमें से 499 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है।
पश्चिम बंगाल में आज कोरोना के 21,098 नए मामले आए और 19 मौतें दर्ज की गईं। यहां सक्रिय मामले बढ़कर 1,02,236 हुए। संक्रमण दर 32.35% पर पहुंचीं।
वहीं, कर्नाटक में कोविड-19 के 14,473 नए मामले, आज 5 मौतें, सक्रिय मामले 73,260 पर।
मुंबई में आज कोरोना वायरस के 11,647 नए मामले सामने आए, दो की मौत हुई, सक्रिय मामले 1,00,523 पर।
गोवा में कोरोना वायरस के 2,476 नए मामले, चार की मौत। कुल सक्रिय मामले 12,019 पर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई और बिहार के सीएम नीतीश कुमार से बात की और उनके कोविड-19 संक्रमण से शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने गायिका लता मंगेशकर के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली जिन्हें कोरोना संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने आज कोविड-19 स्थिति पर एक वर्चुअल बैठक की। बैठक में संबंधित जिलों के उपायुकतों को मामलों की संख्या के आधार पर स्कूलों को बंद करने के लिए अधिकृत करने का निर्णय लिया गया।
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कोरोना वायरस के 21,259 नए मामले सामने आए और 23 मौतें हुईं। सक्रिय मामलों का आंकड़ा 74,881 पर पहुंच गया है। संक्रमण दर बढ़कर 25.65% हुई।