महाराष्ट्र: नागपुर जिला प्रशासन ने नए साल की पूर्व संध्या पर पार्टियों पर प्रतिबंध लगाया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि जब तक जनता जागरूक नहीं होगी और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करेगी, तब तक कोरोना वायरस महामारी को नियंत्रित नहीं किया जा सकता है। उन्होंने 15-18 आयु वर्ग के लोगों से भी अपील की कि वे तीन जनवरी से अपनी बारी शुरू होने पर जल्द से जल्द टीका लगवाएं।
अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में लगभग 50 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को समर्पित और आधारशिला रखने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने प्रशासन से कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बारे में सतर्क रहने को भी कहा।
कांग्रेस ने मंगलवार को कोरोना के मामलों में वृद्धि और ओमिक्रॉन के डर को देखते हुए 10 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने वाले वाइब्रेंट गुजरात 2022 शिखर सम्मेलन को रद्द करने की मांग की है। साथ ही पूछा है कि क्या शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आ रहे विदेशी मेहमानों को सरकार के नियमों के अनुसार एक सप्ताह के लिए अलग रखा जाएगा।
गुजरात में मंगलवार को 394 नए कोरोना के मामले सामने आए। इसमें 59 मरीज ठीक हुए तो ओमिक्रॉन के पांच नए मामले सामने आए। वहीं अब सक्रिय मामलों की संख्या 1,420 है।
मुंबई में आज कोरोना वायरस के 1,377 नए मामले सामने आए, 338 ठीक हुए और एक की मौत हुई। यहां कुल सक्रिय मामले 5,803 हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कहा कि केरल में सात और लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 के नए वैरिएंट मरीजों की कुल संख्या 64 तक पहुंच गई है। विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सात मामलों में से चार पटनमथिट्टा में, दो अलाप्पुझा में और एक तिरुवनंतपुरम में पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि गुजरात ने मंगलवार को कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के पांच नए मामले सामने आए। राज्य में ऐसे मामलों की संख्या 78 हो गई हैं। अहमदाबाद जिले से दो और वडोदरा, मेहसाणा और पोरबंदर से एक-एक मामले सामने आए। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इनमें से चार मरीजों का कोई यात्रा इतिहास नहीं था, जबकि एक विदेश से लौटा था।
अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र के सांगली जिले के मिराज में सरकारी मेडिकल कॉलेज की कम से कम 49 छात्राओं और दो स्टाफ सदस्यों में कोरोना वायरस संक्रमण पाया गया। उन्होंने कहा कि सभी संक्रमित छात्रों और स्टाफ सदस्यों को कॉलेज से जुड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस के 2,172 नए मामले सामने आए, 1098 ठीक हुए और 22 लोगों की मौत हुई। कुल सक्रिय मामले 11,492। राज्य में कोई नया ओमिक्रॉन मामला दर्ज नहीं किया गया। महाराष्ट्र में अब तक कुल 167 ओमिक्रॉन मामले सामने आए हैं।
दिल्ली के बाद अब कर्नाटक में पाबंदियां लगा दी गई हैं। इसके अनुसार राज्य में 28 दिसबंर से सात जनवरी तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू होगा। बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर कमल पंत ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह फैसला ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के कारण लिया गया है।
कर्नाटक सरकार के अनुसार 30 दिसंबर 2021 से दो जनवरी 2022 तक रेस्तरां, होटल, क्लब, पब 50 फीसदी क्षमता से संचालित होंगे। 28 दिसंबर 2021 से किसी भी तरह की सभा, सम्मेलन, विवाह आदि में 300 से ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे। कर्नाटक सरकार ने स्पष्ट किया है कि होटलों के संबंध में ये पाबंदियां केवल उन स्थानों के लिए हैं, जहां होटल में मेहमानों को खाना-पीना परोसा जाता है। स्वीकृत क्षमता के तहत कमरे में रहने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के एक स्कूल के 13 छात्र कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। चिकित्सा अधिकारी, अंचल अस्पताल बिलासपुर ने यह जानकारी दी है।
केरल में आज कोरोना के 2,472 नए मामले सामने आए और 3,052 मरीज ठीक हुए। इस दौरान 38 मौतें हुईं। कुल सक्रिय मामले 20,400 हैं। केरल सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि केंद्र सरकार के नए दिशानिर्देशों के अनुसार मृत्यु संख्या में 206 मौतों को जोड़ा गया है।
महाराष्ट्र के सांगली जिले के मिराज में स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज कें 18 छात्राओं कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार सभी छात्राओं को टीके की दोनों खुराकें लग चुकी हैं। सभी एसिम्टोमैटिक हैं और उनकी हालत स्थिर है। सतर्कता के तौर पर उन्हें कॉलेज से जुड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुल 45 छात्राओं की आरटी-पीसीआर जांच कराई गई थी, जिनमें से 18 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी है कि वे अपने-अपने यहां वैक्सीन लगाने वाले लोगों को 15 से 18 साल के बच्चों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रशिक्षित करें। इसके लिए प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना की जाए और केवल कोवॉक्सिन के लिए प्रशिक्षण दिया जाए।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
महाराष्ट्र की स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा एकनाथ गायकवाड़ भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। कोरोना संक्रमित पाए जाने की जानकारी उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर दी।
दिल्ली में बढ़ते ओमिक्रॉन व कोरोना मामलों को देखते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने हाई लेवल बैठक बुलाई है। वह संबंधित अधिकारियों के साथ आज बैठक करेंगे।
देश में मंगलवार को कोरोना के 6358 नए मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 6450 लोग कोरोना से ठीक होकर घर वापस लौटे। वहीं अब देश भर में कोरोना के 75,456 सक्रिय मामले हैं। रिकवरी रेट 98.40 प्रतिशत है।
पूर्व क्रिकेटर व BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देर रात आई रिपोर्ट में उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच इस्राइल में कोरोना वायरस वैक्सीन की दो खुराक लेने वाले लोगों के लिए बूस्टर डोज के इंतजार को कम कर दिया है। अब यहां के लोग पांच महीने के बजाए तीन महीने में बूस्टर डोज लगवा सकेंगे। सोमवार को इस्राइली स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इसकी पुष्टि की गई।
ओमिक्रॉन वैरिएंट और भी ज्यादा खतरनाक होता जा रहा है। अब इसका संक्रमण देश में तेजी से फैल रहा है। सोमवार को अब तक के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए। एक ही दिन में 135 नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 670 पहुंच गई।