फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Odisha Accident: अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने हादसे पर जताया दुख, कहा- संकट की इस घड़ी में अमेरिका भारत के साथ

Sun, 04 Jun 2023 06:52 AM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

खास बातें

ओडिशा के बालासोर के बहनागा बाजार में शुक्रवार को हुए रेल हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 288 तक पहुंच गई है। 1175 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, इनमें से 793 को छुट्टी दे दी गई और 382 का इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ओडिशा पहुंचे। इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे और उन्होंने हालात का जायजा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:47 AM, 04-Jun-2023

कांग्रेस ने सरकार से पूछे नौ सवाल
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण हादसे के बाद सरकार से नौ सवाल पूछे। 
कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया कि प्रारंभिक समाचार रिपोर्टों से पता चलता है कि बालासोर, ओडिशा ट्रेन दुर्घटना सिग्नलिंग प्रणाली की विफलता के कारण हुई। उन्होंने आगे ट्वीट किया कि रेल मंत्री और रेल मंत्रालय क्यों बेपरवाह या अनभिज्ञ या लापरवाह थे। सुरजेवाला ने कहा कि हाल ही में कई मालगाड़ियों के पटरी से उतरने, जहां कई लोको पायलटों की मौत हो गई और वैगन नष्ट हो गए, रेल सुरक्षा की कमी पर पर्याप्त अलार्म क्यों नहीं उठाया गया, जिससे मंत्री और रेल मंत्रालय को उचित उपाय करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

06:37 AM, 04-Jun-2023

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने रेल हादसे पर जताया शोक

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ओडिशा में हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना पर दुख जताया और पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। ह्वाइट हाउस द्वारा जारी बयान में राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि वह और उनकी पत्नी जिल बाइडन को भारत में हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना से बड़ी सदमा लगा है। भयावह हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों और घायलों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। अमेरिका इस दुख की घड़ी में भारत के लोगों के साथ खड़ा है।

02:24 AM, 04-Jun-2023

58 ट्रेनें रद्द, 81 के मार्ग में परिवर्तन, 10 के मार्ग में बदलाव
 रेल मंत्रालय के प्रवक्ता अमिताभ शर्मा ने शनिवार को बताया कि कुल 58 ट्रेनें चलाई गई हैं। रद्द, 81 डायवर्ट और 10 के मार्ग में बदलाव किया है। सूचना प्रकाशन रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक अमिताभ शर्मा ने कहा कि अब तक कुल 58 ट्रेनें रद्द की गई हैं, 81 को डायवर्ट किया गया और 10 को टर्मिनेट किया गया।" चल रहे जीर्णोद्धार कार्य की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कार्य जोरों पर चल रहा है और वे सबसे पहले डाउनलाइन के जीर्णोद्धार को पूरा करेंगे। अमिताभ शर्मा ने कहा कि काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही मरम्मत की जाएगी। पहले हम डाउनलाइन की मरम्मत का काम पूरा करेंगे।

विज्ञापन
01:51 AM, 04-Jun-2023

सभी सांसद अपनी सैलरी का कुछ हिस्सा दान करें
भाजपा नेता और लोकसभा सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को सभी सांसदों से अनुरोध किया कि वे अपने वेतन का एक हिस्सा ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में अपने रिश्तेदारों को खोने वाले परिवारों को दान करें। वरुण गांधी ने एक ट्वीट में कहा कि ओडिशा ट्रेन हादसा दिल दहला देने वाला है! हमें इस हादसे से टूटे परिवारों के साथ चट्टान की तरह खड़ा होना है। मैं सभी साथी सांसदों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने वेतन का एक हिस्सा दान करके शोक संतप्त परिवारों की मदद के लिए आगे आएं। पहले उन्हें सहारा मिले, फिर न्याय।

 

12:47 AM, 04-Jun-2023

शरद पवार ने की रेल मंत्री के इस्तीफे की मांग

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने ओडिशा में हुए भीषण ट्रेन हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की है। पवार ने लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण दिया, जब एक ट्रेन दुर्घटना के बाद शास्त्री ने रेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। शनिवार को पुणे में मीडिया से बात करते हुए पवार ने कहा कि जब लाल बहादुर शास्त्री रेल मंत्री थे, तब एक हादसा हुआ और उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। जबकि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इस्तीफा देने के फैसले के खिलाफ थे। लेकिन शास्त्री ने कहा कि यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। एनसीपी प्रमुख ने कहा कि आज देश में ऐसी घटनाओं के बाद राजनेताओं को ऐसे कदम उठाने चाहिए।

विज्ञापन
12:08 AM, 04-Jun-2023

पीएम मोदी ने रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे बचाव कर्मियों की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीषण ट्रेन दुर्घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे कर्मियों के काम की सराहना की। साथ ही लोगों के साहस और करुणा की भी प्रशंसा की। पीएम मोदी ने ट्वीट में दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने लिखा, ओडिशा में ट्रेन हादसे पर दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों से बेहद प्रभावित हूं। उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों को ताकत देंगी। समर्थन के लिए सभी का आभार। बचाव कर्मियों और अन्य अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने लिखा, मैं रेलवे, एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ, स्थानीय अधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वयंसेवकों और अन्य लोगों की टीमों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की सराहना करता हूं, जो जमीन पर अथक परिश्रम कर रहे हैं। उनके समर्पण पर गर्व है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में देश के लोगों द्वारा दिखाया गया साहस और करुणा वास्तव में प्रेरणादायक है। ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना के बाद बचाव कार्यों में मदद करने के लिए स्थानीय लोग आगे आए। रक्तदान करने के लिए कतार में खड़े रहे।  

10:53 PM, 03-Jun-2023

क्या होती है लूप लाइन?
भारतीय रेल की ‘लूप लाइन’ एक स्टेशन क्षेत्र में बनाई जाती हैं। इस ट्रेन हादसे में यह बाहानगा बाजार स्टेशन के क्षेत्र में है। लूप लाइन का मकसद ट्रेनों की आवाजाही को सुगम करने के लिए ज्यादा से ज्यादा ट्रेनों के परिचालन को नियंत्रित करना होता है। लूप लाइन आमतौर पर 750 मीटर लंबी होती है, ताकि कई इंजन वाली लंबी मालगाड़ी का पूरा हिस्सा उस पर आ जाए।

10:49 PM, 03-Jun-2023

सिग्नल फेल होना एक बड़ा कारण हो सकता है
सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटना के पीछे सिग्नल फेल होना एक बड़ा कारण हो सकता है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि कोरोमंडल एक्सप्रेस ‘लूप लाइन’ पर चली गई और खड़ी मालगाड़ी से टकराई या यह पहले पटरी से उतरी और फिर ‘लूप लाइन’ में खड़ी ट्रेन से टकरा गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि सिग्नल दिया गया था और ट्रेन संख्या 12841 को अप मेन लाइन के लिए रवाना किया गया था। फिर ट्रेन लूप लाइन में प्रवेश कर गई और मालगाड़ी से टकरा गई और पटरी से उतर गयी।

10:48 PM, 03-Jun-2023

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आईं बातें
  • रेल हादसे की प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन बाहानगा बाजार स्टेशन से ठीक पहले मेन लाइन यानी मुख्य मार्ग के बजाय ‘लूप लाइन’ पर चली गई और वहां खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। 
  • आशंका जताई जा रही है कि मालगाड़ी से टकराने के बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे बगल की पटरी पर जा गिरे, जिसकी चपेट में बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के डिब्बे आ गए। 
  • सूत्रों के मुताबिक, कोरोमंडल एक्सप्रेस की रफ्तार 128 किलोमीटर प्रति घंटा और बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की गति 116 किमी प्रति घंटा थी। रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंपी गई है। ये रेलगाड़ियां आमतौर पर अधिकतम 130 किमी प्रति घंटे की गति तक चलती हैं।
  • प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रेन को सिग्नल दिया गया था, जिसे बाद में बंद कर दिया गया। हालांकि, रेलवे ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू की है। इसका नेतृत्व रेलवे सुरक्षा आयुक्त, दक्षिण पूर्व क्षेत्र करेंगे।

10:41 PM, 03-Jun-2023

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी गई
ओडिशा के बालासोर जिले में हुए रेल हादसे की जांच मानवीय त्रुटि, सिग्नल फेल होने और अन्य संभावित पहलूओं के आधार पर की जा रही है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने इस भयावह रेल हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंप भी दी है। हादसे में कम से कम 288 यात्रियों की मौत होने की खबर है। इस दौरान करीब 1100 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ-साथ आपदा प्रबंधन दलों के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी। उन्होंने अस्पताल में कुछ घायलों से भी मुलाकात की। पीएम ने कहा कि रेल हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

10:33 PM, 03-Jun-2023

घटनास्थल से 160 शवों को भुवनेश्वर लाया गया: अधिकारी
बालासोर के पास दुर्घटनास्थल से 160 शवों को भुवनेश्वर एम्स में लाया गया। उनको यहां पर रखा जाएगा। जब उनके संबंधी आएंगे और पहचान कराने के बाद शवों को सौंपा जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो सरकार शवों का डीएनए भी कराएगी। अगर 48 घंटों के बीच में अगर किसी मृतक की पहचान नहीं हो पाती है तो उनका मेडिकल प्रक्रिया के तहत डिस्पोज किया जाएगा। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि 160 शवों को घटनास्थल से भुवनेश्वर एम्स लाया गया है। यहां उनको रखा जाएगा और जब उनके निकट संबंधी आएंगे तो उनको पहचान के बाद शवों को दिया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो सरकार डीएनए टेस्ट भी कराएगी। उन्होंने कहा, 48 घंटों तक हम इंतजार करेंगे और उसके बाद मेडिकल प्रक्रिया के तहत उनका डिस्पोज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 200 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है और करीब 800 लोगों का इलाज चल रहा है। मृतकों की संख्या 288 हो गई है।

10:19 PM, 03-Jun-2023

ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में बंगाल के 35 यात्रियों की मौत  

ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना में पश्चिम बंगाल के कम से कम 35 लोगों की मौत हो गयी और 544 लोग घायल हो गये। राज्य सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी है। एक अधिकारी ने बताया कि यह संख्या बढ़ने की संभावना है। अधिकारी ने यह भी बताया कि बालासोर से 700 यात्रियों को लेकर एक ट्रेन शनिवार रात हावड़ा स्टेशन पर आने वाली है।

 

10:15 PM, 03-Jun-2023

ओडिशा ट्रेन दुर्घटना: 48 ट्रेनें रद्द, 39 को डायवर्ट किया गया  
ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार को तीन रेलगाड़ियों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद करीब 48 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इन ट्रेनों में ज्यादातर दक्षिणी और दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की ट्रेनें हैं। इसके साथ ही 39 ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया और 10 ट्रेनों का मार्ग छोटा कर दिया गया।  

दो जोन द्वारा जारी की गई जानकारी के मुताबिक, दक्षिण पूर्व रेलवे ने तीन जून से शुरू होने वाली चेन्नई-हावड़ा मेल, दरभंगा-कन्याकुमारी एक्सप्रेस और कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस यात्रा रद्द कर दी है। साथ ही चार जून से शुरू होने वाली पटना-पुरी स्पेशल ट्रेन को भी रद्द कर दिया है।

09:13 PM, 03-Jun-2023

793 मरीजों को दी गई छुट्टी
इस बीच, ओडिशा स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि अब तक 1175 मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 793 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है।वहीं जबकि 382 मरीज अस्पताल में हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है, बाकी सभी की हालत स्थिर है। वहीं, सूत्रों ने बताया है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के घायलों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सहायता का जायजा लेंगे। इस बाबत वे कल एम्स भुवनेश्वर और कटक में मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे।

07:48 PM, 03-Jun-2023

भारतीय नौसेना ने भेजी मेडिकल टीम

वहीं, ओडिशा ट्रेन दुर्घटना को लेकर भारतीय नौसेना ने INS चिल्का से सर्जिकल विशेषज्ञों, चिकित्सा सहायकों, एंबुलेंस और सहायता सेवाओं सहित 43 कर्मियों की एक चिकित्सा और सहायता टीम भेजी है। ये मेडिकल टीम वर्तमान में बालासोर के जिला मुख्यालय अस्पताल में घायलों का इलाज कर रही है। टीमों को राज्य के अधिकारियों के साथ समन्वय में तैनात किया गया है।
 
 

07:48 PM, 03-Jun-2023

रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा

इस बीच, ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य लगभग पूरा हो चुका है। आखिरी बोगी का ऑपरेशन शुरू हो गया है। अभी तक मरने वालों की संख्या 288 है। 800 घायलों का इलाज चल रहा है। 

07:48 PM, 03-Jun-2023

इस्तीफे के सवाल पर रेलमंत्री का जवाब

इस्तीफे के सवाल पर रेल मंत्री ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं है। लोकल जनसेवक, एनडीआरएफ पुलिस सहित सभी पक्ष सामान्य हालात की बहाली पर फोकस कर रहे हैं। एक स्वतंत्र कमेटी द्वारा मामले की जांच की जा रही है, 15-20 दिनों में जांच रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट में सभी कारणों का पता चल जाएगा, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। मैं कहीं नहीं जा रहा हूं, यहीं हूं। प्रधानमंत्री भी यहं आए थे। उन्होंने घटना का जायजा लिया और घायलों से बात की थी।


 

07:17 PM, 03-Jun-2023

58 ट्रेनें रद्द और 81 का बदला गया मार्ग
बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर सूचना प्रकाशन रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक अमिताभ शर्मा ने अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि 2 घंटे पहले मिली जानकारी के मुताबिक 58 ट्रेनें रद्द हुई हैं और 81 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। 10 ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेटेड हुई हैं। बहाली का काम स्थल पर बहुत जोरो शोरो से चल रहा है और बहुत जल्द बहाली हो जाएगा।

06:49 PM, 03-Jun-2023

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने की रेलमंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि रेल मंत्री बार-बार कहते हैं कि हमारा सिस्टम फुलप्रूफ है तो किसी भी तरह से इस प्रकार का हादसा नहीं हो सकता। लाल बहादुर शास्त्री ने पूर्व में एक रेल हादसे में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हमें मोदी जी के मंत्रिमंडल से ऐसी उम्मीद नहीं है लेकिन उनमें थोड़ी बहुत शर्म होगी तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। 

06:48 PM, 03-Jun-2023

नागरिक उड्डयन मंत्रालय भी हुआ सक्रिय
ओडिशा के बालासोर जिले में हुए हादसे के मद्देनजर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने इस संबंध में एयरलाइंस के लिए निर्देश भी जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि भुवनेश्वर और ओडिशा के अन्य हवाईअड्डों पर एयरलाइंस जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में असामान्य वृद्धि पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय नजर बनाए हुए है। इसके अलावा, घटना के कारण उड़ानों का कोई रद्दीकरण और पुनर्निर्धारण दंड शुल्क के बिना किया जा सकता है। 
 

06:10 PM, 03-Jun-2023

इस बीच, भारतीय रेलवे ने बताया है कि  आज दोपहर 2 बजे तक ओडिशा ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 288 हो गई है, जबकि 747 लोग घायल हुए हैं और 56 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 
 

05:38 PM, 03-Jun-2023

घायलों से मिलने के बाद बोले पीएम मोदी- दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी
अस्पताल पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपना जीवन खोया है ये बहुत दर्दनाक था। जो लोग घायल हुए हैं सरकार उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह एक गंभीर घटना है। हर प्रकार की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के जिम्मेदार लोगों को बक्शा नहीं जाएगा। इस दौरान उन्होंने रेलवे, ओडिशा सरकार और स्थानीय लोगों का मौजूद संसाधनों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेरे पास शब्द नहीं है, इस दुख को व्यक्त करने के लिए। दुख की इस घड़ी में हम सभी को प्रार्थना करनी चाहिए, ताकि हम इससे उबर सकें। हम मृतकों के परिजनों से साथ हैं। 
 

05:11 PM, 03-Jun-2023

अस्पताल पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालासोर ट्रेन दुर्घटना स्थल पर स्थिति का जायजा लेने के बाद दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए बालासोर के एक अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और मदद का आश्वासन दिया। इसे पहले, पीएम नरेंद्र मोदी ने घटनास्थल से कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से बात की। उन्होंने उनसे घायलों और उनके परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए कि शोक संतप्त परिवारों को असुविधा का सामना न करना पड़े और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे।
 

 

05:05 PM, 03-Jun-2023

बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने दी प्रतिक्रिया

बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने भी इस हादसे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ओडिशा रेल दुर्घटना हृदय विदारक है। जो परिवार इस हादसे से टूटे हैं हमें उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा होना होगा। मेरा सभी साथी सांसदों से निवेदन है कि हम सभी अपनी तनख्वाह का एक हिस्सा शोक संतप्त परिजनों के नाम कर उनकी मदद के लिए आगे आए। 

04:52 PM, 03-Jun-2023

घायलों से मिलने अस्पताल रवाना हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालासोर ट्रेन दुर्घटना स्थल पर स्थिति का जायजा लेने के बाद दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने अस्पताल के लिए रवाना हुए। अस्पताल रवाना होने से पहले पीएम ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना स्थल पर चल रहे बहाली कार्य की समीक्षा भी की। इस दौरान उनके साथ  रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे।
 


04:09 PM, 03-Jun-2023

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे ने भी जताया दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ओडिशा ट्रेन हादसे पर शनिवार को दुख जताया। शिंदे ने ट्वीट किया, ''ओडिशा के बालासोर में हुई दुखद ट्रेन दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूं। महाराष्ट्र की ओर से, मैं उन लोगों और उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।"

04:04 PM, 03-Jun-2023

अगर एक ट्रेन का एक्सीडेंट हुआ तो बाकी 2 ट्रेन कैसे नहीं रोकी गईं: फारूक अब्दुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा,  ये बहुत अफसोसजनक घटना है। इसमें 250 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो गई है और कई लोगों का हालत गंभीर है। कुछ दिन पहले रेल मंत्री ने बयान दिया था कि अब एक्सीडेंट नहीं होंगे... अगर एक ट्रेन का एक्सीडेंट हुआ तो बाकी 2 ट्रेन कैसे नहीं रोकी गईं। मामले की तहकीकात करना जरूरी है।

04:01 PM, 03-Jun-2023

ट्रेन यात्री ने बताई आपबीती
कोरोमंडल एक्सप्रेस में सवार यात्री अनुभव दास उस क्षण को याद करते हैं जब ओडिशा ट्रेन हादसा हुआ था। वह बताते हैं, कोरोमंडल एक्सप्रेस की गति लगभग 110-115 किमी प्रति घंटे थी, यह सुचारू रूप से आगे बढ़ रही थी लेकिन अचानक दुर्घटना हुई और 30-40 सेकंड के अंतराल के भीतर हम देखते हैं कि इतने सारे लोग घायल हो गए, मारे गए और हर जगह मदद की चीख-पुकार मच गई।

04:00 PM, 03-Jun-2023

मल्लिकार्जुन खरगे ने पूछा- घटना का जिम्मेदार कौन?
इस भयानक घटना में सैकड़ों लोगों की मृत्यु हुई और सौकड़ों लोग घायल हुए। ये देखकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, उनकी कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता मदद कर रहे हैं। इस घड़ी में हम सभी को एक होकर लोगों की मदद करनी चाहिए। कर्नाटक सरकार भी इसमें लोगों की मदद कर रही है। मैं दिवंगत लोगों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मुझे प्रधानमंत्री और रेलवे मंत्री से ये सवाल पूछना है कि इस घटना का जिम्मेदार कौन है?

03:58 PM, 03-Jun-2023

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने भी जताया दुख
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, भयानक ट्रेन हादसे की खबर दिल दहला देने वाली है। इतना भयानक हादसा पहले कभी नहीं हुआ। अभी तक किसी कन्नडिगा के मरने की सूचना नहीं है। रेल मंत्रालय को बताना चाहिए कि यह गलती किसने की। हमने अपने मंत्री संतोष लाड को दुर्घटनास्थल पर भेजा है। वे जानकारी प्राप्त करेंगे और आगे की जानकारी देंगे। दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।

03:50 PM, 03-Jun-2023

बालासोर ट्रेन हादसा: प्रधानमंत्री मोदी घटनास्थल पर पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने एक ट्विटर पोस्ट में कहा था, "ओडिशा में ट्रेन हादसे से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।"

03:43 PM, 03-Jun-2023

उत्तरी हावड़ा डीसीपी अनुपम सिंह ने बताया कि रेलवे और पुलिस दोनों ने इंतजाम किए हैं। अब तक लगभग 635-650 लोग यहां आए हैं। करीब 30-35 लोगों का प्राथमिक इलाज किया गया है। ट्रांसपोर्ट विभाग की ओर से चार बसें और कुछ छोटी गाड़ियों का इंतजाम भी किया गया है। 

03:40 PM, 03-Jun-2023

ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल का कहना है कि हम हर प्रकार की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। हमने इस चुनौती को स्वीकार किया है। पीएम, सीएम हमारी पूरी टीम इस चुनौती का सामना करेगी।
 

03:36 PM, 03-Jun-2023

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रेल मंत्री का कहना है कि एक उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

03:33 PM, 03-Jun-2023

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता बीएस हुड्डा का कहना है कि सरकार को मृतक के परिजनों और घायलों को मुआवजा देना चाहिए। इसके अलावा हादसे के कारणों की तलाश के लिए एक जांच टीम का गठन भी किया जाना चाहिए।

03:29 PM, 03-Jun-2023

समाप्त हुआ रेस्क्यू अभियान
बालासोर ट्रेन हादसे में बचाव कार्य समाप्त हो गया है। मौके पर बहाली का कार्य जारी है। ताजा जानकारी के अनुसार, हादसे में मरने वालों की संख्या 288 हो गई है।


 

03:24 PM, 03-Jun-2023

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिए निर्देश
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खरगे ने बालासोर ट्रेन हादसे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पूरे कांग्रेस संगठन को निर्देश दिए हैं कि जितनी मदद संभव हो, उतनी मदद वहां की जाए। पीएम मोदी और रेल मंत्री से पूछने के लिए हमारे पास काफी सवाल हैं। लेकिन उससे पहले हमें घायलों को मदद और राहत पहुंचानी है। 

03:00 PM, 03-Jun-2023

भूपिंदर सिंह हु़ड्डा ने की कार्रवाई की मांग

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने ओडिशा हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में कई लोगों की जान गई और कई लोग घायल हुए हैं। ये बहुत ही दुखद घटना है, सरकार को इस घटना की गहराई से जांच करनी चाहिए। जिसकी भी लपरवाही है उसको सजा दिया जाना चाहिए।

02:44 PM, 03-Jun-2023

बॉलीवुड की हस्तियों ने ट्वीट कर पीड़ितों के लिए संवेदना व्यक्त की

अभिनेता सलमान खान, अक्षय कुमार, जूनियर एनटीआर और अभिनेत्री करीना कपूर सहित कई हस्तियों ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुए भीषण ट्रेन हादसे पर शनिवार को दुख व्यक्त किया।जहां सलमान ने ट्वीट किया, "दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों एवं उनके परिवारों को शक्ति प्रदान करें।" वहीं, अभिनेता अक्षय कुमार ने दुर्घटनास्थल के दृश्य को हृदयविदारक करार देते हुए लिखा, "घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।"

जूनियर एनटीआर ने लिखा, "इस भीषण घटना से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें।" इस हादसे के बाद अभिनेता चिरंजीवी ने अपने प्रशंसकों और आम जनता से लोगों की मदद के लिए आगे आने तथा रक्त दान करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, "ओडिशा में हुई दुखद घटना से मैं स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।’’ चिरंजीवी ने लिखा, "मुझे लगता है कि इस समय घायलों की जान बचाने के लिए रक्त की तत्काल जरूरत होगी। मैं आसपास के इलाकों में अपने सभी प्रशंसकों और आम लोगों से रक्त दान करने के की अपील करता हूं।"

02:25 PM, 03-Jun-2023

व्लादिमीर पुतिन ने ट्रेन दुर्घटना पर जताया शोक

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ओडिशा में हुई घातक ट्रेन दुर्घटना पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक संदेश में अपनी संवेदना व्यक्त की। भारत में रूसी दूतावास उन्होंने अपने संदेश में लिखा: "इस दुखद दुर्घटना में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।" पुतिन के अलावा जापान, ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्षों ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। पढ़ें पूरी खबर...

02:00 PM, 03-Jun-2023

केंद्र सरकार पर भड़कीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ओडिशा रेल हादसे को लेकर केंद्र पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा रेल हादसा है। ऐसा ही हादसा 1981 में भी हुआ था। इस ट्रेन में एंटी कोलिशन डिवाइस नहीं था, अगर वह होता तो यह हादसा नहीं होता। हमारे राज्य के जिन लोगों की इस हादसे में मृत्यु हो गई उनके परिजनों को हम 5-5 लाख रुपए देंगे। हम राहत और बचाव कार्य में राज्य सरकार और रेलवे का पूरा सहयोग करेंगे।

पश्चिम बंगाल सरकार ने बालासोर रेल दुर्घटना में मरने वाले राज्य के लोगों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 1 लाख रुपये और मामूली चोटों वाले लोगों के लिए 50,000 रुपये की घोषणा की है।

01:45 PM, 03-Jun-2023

कांग्रेस ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रेल दुर्घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बहुत लोगों की इस दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। इस दर्दनाक हादसे ने सभी को रूला दिया...कहा जाता है कि हम ट्रेन में कवच लगा रहे हैं, इससे सारे हादसे रुक जाएंगे। कहां है कवच? तीन ट्रेन टकरा गई, कहां है कवच?

01:28 PM, 03-Jun-2023

गुजरात सीएम ने रेल हादसे पर शोक जताया

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे को दिल दहलाने वाली घटना कहा है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। इस त्रासदी को देखते हुए, मैंने आज के अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है, जिसमें केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम भी शामिल है।

01:18 PM, 03-Jun-2023

बालासोर में घटनास्थल पर पहुंचीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ओडिशा के बालासोर पहुंचीं, जहां तीन ट्रेनों की टक्कर में 288 लोगों की मृत्यु हो गई।

01:09 PM, 03-Jun-2023

तमिलनाडु सीएम ने किया मुआवजे का एलान

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एलान किया है कि घटना में तमिलनाडु के प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये तमिलनाडु सरकार द्वारा दिए जाएंगे।  इसके अलावा बचाव और राहत कार्य करने के लिए अतिरिक्त अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।

12:35 PM, 03-Jun-2023

पीएम मोदी ने की हादसे को लेकर समीक्षा बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना के संबंध में स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

12:05 PM, 03-Jun-2023

घायलों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बालासोर से बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी ने बालासोर के अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।

11:55 AM, 03-Jun-2023

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बालासोर के एक अस्पताल पहुंचकर बालासोर ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की।

11:41 AM, 03-Jun-2023

ममता बनर्जी ओडिशा रवाना

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बालासोर के लिए रवाना हुई।

11:13 AM, 03-Jun-2023

पीएम मोदी ओडिशा जाएंगे

ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ओडिशा जाएंगे। बताया गया है कि पीएम हादसे वाली जगह पर जाएंगे, साथ ही वह कटक में अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से भी मुलाकात करेंगे।

10:13 AM, 03-Jun-2023

तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि और शिव शंकर, अनबिल महेश घटनास्थल का दौरा करने के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में भी स्वास्थ्य सेवाओं को तैयार रखा गया है ताकि हादसे में प्रभावित लोगों का इलाज किया जा सके। पीएम मोदी ने भी बालासोर रेल हादसे पर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। 

10:06 AM, 03-Jun-2023

तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन ने चेन्नई स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर पर जाकर ओडिशा ट्रेन हादसे की समीक्षा की। 
 

08:47 AM, 03-Jun-2023

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक घटनास्थल पर मौजूद

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी घटनास्थल पहुंच चुके हैं। वहीं हादसे के बाद हावड़ा जाने वाली 42 ट्रेनें रद्द हो गई हैं। वहीं कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। 

08:28 AM, 03-Jun-2023

घटनास्थल का मुआयना कर रहे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव। रेल मंत्री ने राहत और बचाव कार्यों की भी समीक्षा की। 

08:27 AM, 03-Jun-2023

तमिलनाडु में डीएमके के संस्थापक और राज्य के पूर्व सीएम एम करुणानिधि की आज 100वीं जयंती है। इसे लेकर डीएमके ने कई कार्यक्रमों का आयोजन करने की योजना बनाई थी लेकिन रेल हादसे की वजह से शनिवार को इन कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। 

08:21 AM, 03-Jun-2023

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे के चलते एक दिन के शोक का एलान किया है। इस दौरान कोई भी सेलिब्रेशन नहीं होगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी भाजपा के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। 

08:12 AM, 03-Jun-2023

रेलमंत्री ने कहा कि फिलहाल हमारा फोकस राहत और बचाव कार्यों पर है। क्लीयरेंस के बाद जल्द ही मरम्मत का काम शुरू होगा। कबाड़ बन चुकी कई ट्रेन बोगियों में अभी भी कुछ शव फंसे हुए हैं, जिन्हें निकाला जा रहा है। 

08:06 AM, 03-Jun-2023

रेल मंत्री ने हादसे को लेकर कही ये बात

घटनास्थल पहुंचे रेल मंत्री ने कहा कि यह एक दर्दनाक हादसा है। रेलवे, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य सरकार बचाव कार्यों में जुटी हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। मुआवजे का कल एलान कर दिया गया था। हादसे की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है। साथ ही रेलवे सेफ्टी कमिश्नर भी घटनास्थल का दौरा करेंगे और इस बात की जांच करेंगे की हादसे की वजह क्या रही।
 

08:00 AM, 03-Jun-2023

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी घटनास्थल पहुंचने वाले हैं
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी अपना कोलकाता दौरा बीच में छोड़कर रेल हादसे वाली जगह पहुंचने वाले हैं। माना जा रहा है कि कुछ ही देर में वह घटनास्थल पहुंच जाएंगे।  

07:55 AM, 03-Jun-2023

एनडीआरएफ की छह टीमें तैनात
रेल हादसे वाली जगह राहत और बचाव कार्यों में जुटी एनडीआरएफ के वरिष्ठ कमांडेंट जैकब किसपोट्टा ने बताया कि हमारी छह टीमें बीती रात से घटनास्थल पर काम कर रही हैं। साथ ही डॉग स्कवॉड और मेडिकल टीमें भी बचाव कार्यों में जुटी हैं। 
 

07:52 AM, 03-Jun-2023

घटनास्थल पर पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव। रेलमंत्री ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। 

07:48 AM, 03-Jun-2023

Odisha Accident: अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने हादसे पर जताया दुख, कहा- संकट की इस घड़ी में अमेरिका भारत के साथ

ऐसे हुआ रेल हादसा
खबर के अनुसार, बेंगलुरु हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार शाम पटरी से उतर गई थी। जिसके चलते उसकी कुछ बोगियां बराबर वाली पटरी पर गिरीं। इसी बीच बराबर वाली पटरी पर शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस आ गई और वह पटरी पर गिरी बेंगलुरु हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की बोगियों से टकरा गई। चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस टक्कर लगने के बाद पटरी से उतरी तो उसकी कुछ बोगियां एक माल गाड़ी से टकरा गईं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें