फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

New BJP Chief LIVE: नितिन नवीन ने संभाला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार, PM मोदी समेत ये नेता रहे मौजूद

Tue, 20 Jan 2026 03:19 PM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

New BJP President Announcement Live Updates in Hindi: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला। 14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी होने के बाद भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के नाम पर आधिकारिक रूप से मुहर लग गई।
विज्ञापन
नितिन नवीन की ताजपोशी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:13 PM, 20-Jan-2026
नितिन नवीन ने ग्रहण किया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार। - फोटो : ANI

पीएम मोदी की मौजूदगी में नितिन नवीन ने ग्रहण किया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार

भाजपा के नव निर्वाचित अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और जेपी नड्डा उपस्थित थे। इस दौरान पीएम मोदी ने उनका मुंह मीठा कराया। पीएम मोदी ने नितिन नवीन के परिवार से भी मुलाकात की। 

12:57 PM, 20-Jan-2026

'लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला ही बन सकता है बड़ा', बोले नितिन नवीन

नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि हमने कार्यकर्ता के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशसेवा के काम करते हुए देखा। उन्होंने कहा कि आपको देख कर ही सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला बना सकता है, वही बड़ा शख्स बनता है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ एक कार्यक्रम में बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, 'मुझे याद है कि जब मैंने पहली बार गुजरात के आनंद में आपके साथ एक कार्यक्रम में भाग लिया था। उस वक्त मैं राष्ट्रीय महासचिव था और मैंने सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान आपको प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते हुए देखा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, जब आपने अपने ग्रीन रूम में हमसे बात की तो आपने बड़ी भावुकता से समझाया कि गुजरात से इतने सारे लोग क्यों आए थे। उस दिन मुझे समझ आया कि एक व्यक्ति तभी महान बनता है, जब वह जनता की भावनाओं से जुड़ता है।' उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र प्रथम के नारे से आगे चलते हैं। हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। भाजपा अगर आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है तो प्रेरणादायी नेतृत्व, विचारधारा और कार्यकर्ता हैं।

12:54 PM, 20-Jan-2026

नितिन नवीन ने भारत माता की जय के साथ की संबोधन की शुरुआत

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, 'भाजपा के विस्तार में योगदान देने वाले हमारे शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का अवसर दिया है, इसके लिए मैं आप सभी को प्रणाम करता हूं।' उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आधारित राजनीति भाजपा की सोच है। भाजपा की सोच सर्वव्यापी और सर्वग्राही है। 

विज्ञापन
12:40 PM, 20-Jan-2026

'देश देख रहा स्थिरता, सुशासन वाला भाजपा का विकास मॉडल', बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी। आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है। देश ने आजादी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर... लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है। उन्होंने कहा, 'ये भाजपा ही है जिसने सामाजिक न्याय के नारे को सच्चे स्वरूप में जमीन पर उतारा है। हमने गरीब कल्याण की योजनाओं को सरकारी फाइलों से निकालकर गरीब के घर तक पहुंचाया है। आजादी के 70 वर्ष बाद सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण परिवारों तक ही पाइप से पानी पहुंच पाया था। माताओं बहनों की पीड़ा, पानी के लिए उनके संघर्ष की सुध लेने वाला कोई नहीं था। वो दर्द मैंने देखा है। मैं धरती की सच्चाई से जुड़ा था। माताओं-बहनों की पीड़ा, अपनी आंखों के सामने देखी थी और तब हम 'जल जीवन मिशन' लेकर आए हैं। सिर्फ 5-6 साल में 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल से जल की सुविधा से जोड़ा गया है।'

12:32 PM, 20-Jan-2026

'भाजपा ने उत्तर भारत को दिल से भी जोड़ा और दिल्ली से भी', बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तर भारत की उपेक्षा की। भाजपा ने उत्तर भारत को दिल से जोड़ा और दिल्ली से भी। उन्होंने कहा कि जिसे किसी ने पूछा नहीं, उसे मोदी ने पूजा है। उन्होंने कहा, 'आगे भी हमें हर चुनौती का पूरे सामर्थ्य से सामना करना है। आज देश के सामने बहुत बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है। दुनिया के समर्थ देश भी अपने देश में घुसपैठियों की जांच पड़ताल कर रहे हैं और उनको पकड़-पकड़ कर निकाल रहे हैं। दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता, भारत भी घुसपैठियों को अपने गरीबों, युवाओं के हक लूटने नहीं दे सकता। घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है, उनकी पहचान करके उन्हें वापस उनके देश भेजना बहुत आवश्यक है। इसके अलावा ऐसे राजनीतिक दल जो वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें हमें पूरी शक्ति से जनता के सामने बेनकाब करना होगा। '

विज्ञापन
12:30 PM, 20-Jan-2026

'भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया', बोले पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इस सदी में एम. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ-साथ हमारे कई वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। इसके बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई है।

12:22 PM, 20-Jan-2026

'निकाय चुनाव से लोकसभा तक भाजपा बनी जनता की पहली पसंद', बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बीते डेढ़-दो वर्षों में भाजपा पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। विधानसभा हो या स्थानीय निकाय, भाजपा का स्ट्राइक रेट अभूतपूर्व रहा है। इस दौरान देश में 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, इनमें से 4 चुनाव भाजपा-एनडीए ने जीते हैं। आज भाजपा सिर्फ संसद और विधानसभा की ही नहीं, बल्कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी पहली पसंद है। इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र है। भाजपा, महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में नंबर वन पार्टी बनी है। कुल 29 में से 25 बड़े शहरों की जनता ने भाजपा-एनडीए को चुना है। कुल जितने पार्षद जीते हैं, उनमें से 50 प्रतिशत भाजपा के हैं। ऐसे ही केरल में भाजपा के करीब 100 पार्षद हैं। ऐसे ही तिरुवनंतपुरम की जनता ने मेयर चुनाव में 45 साल बाद लेफ्ट से सत्ता छीनी और भाजपा पर भरोसा किया।' उन्होंने कहा कि भाजपा का लगातार विस्तार हो रहा है। यह गर्व का विषय है। भाजपा लगातार सशक्त होती गई है।

12:15 PM, 20-Jan-2026

'हमारी जड़ें जमीन में गहरी हैं', बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'भाजपा का कार्यकर्ता होना मेरा गर्व है। भाजापा में मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप पर ध्यान दिया जाता है।' पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग अपनी राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं, वो भी भाजपा को सबसे सुरक्षित मानते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमने सत्ता को सुख का नहीं, सेवा का माध्यम बनाया है। बीते 11 वर्षों की बात करें तो भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने सामर्थ्य से सरकार बनाई है। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा जनता की बड़ी आवाज बनकर उभरी है।

12:12 PM, 20-Jan-2026

'एनडीए को भी संभालना है', बोले पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'नितिन नवीन को केवल भाजपा ही नहीं, एनडीए के घटक दलों से भी समन्वय बनाना है। नितिन ने खुद को साबित किया है।' पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत का निर्माण होना है और यह तय है। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन मिलेनियल हैं।

12:02 PM, 20-Jan-2026
पीएम मोदी ने भाजपा अध्यक्ष बनने पर नितिन नवीन को दी बधाई - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- भाजपा

पीएम मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा, 'बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानी पार्टी की छोटी-सी इकाई से लेकर अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की स्पिरिट को और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी, आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन, भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। मैं देशभर के कार्यकर्ताओं का इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।' पीएम मोदी ने कहा, 'बीते एक डेढ़ वर्षों में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल जी की 100वीं जन्म जयंती, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष, ऐसे महापर्व हम मनाते रहे हैं। ये वे प्रेरणाएं हैं, जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।' पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतना ही कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री भी रहा, लेकिन मैं भाजपा का कार्यकर्ता रहा। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।

11:49 AM, 20-Jan-2026

जेपी नड्डा ने दीं नितिन नबीन को दीं शुभकामनाएं

पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन पदभार संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महान पार्टी, जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के तौर पर आगे बढ़ने का सौभाग्य मिला। इसी को आगे अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे ने भाजपा के तौर पर आगे बढ़ाया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान नितिन नवीन ये पदभार संभाल रहे हैं।उन्होंने कहा, 'नितिन नवीन जो मूलत: कार्यकर्ता हैं, वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व हैं और बहुत ही छोटी उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी विधायक हैं। बिहार सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव के रूप में आपको सारे देश का भ्रमण करने का मौका मिला, आपने सारे देश को समझा। आप सिक्किम के प्रभारी रहे और आप छत्तीसगढ़ के भी प्रभारी रहे, जहां आपने BJP सरकार लाने में बहुत बड़ा योगदान किया। ऐसे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। आपको बहुत-बहुत बधाई, बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'

11:46 AM, 20-Jan-2026
पीएम मोदी ने भाजपा अध्यक्ष बनने पर नितिन नवीन को दी बधाई - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- भाजपा

नितिन नवीन के नाम का आधिकारिक एलान

भाजपा मुख्यालय के मंच से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के नाम का आधिकारिक एलान किया गया। नितिन नवीन के नाम का एलान पीएम मोदी की मौजूदगी में किया गया। पीएम मोदी ने नितिन नवीन को भाजपा अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभालने के लिए शुभकामनाएं दी और उन्हें पुष्पमाला पहनाई।
 

11:36 AM, 20-Jan-2026

पीएम मोदी के साथ मंच पर मौजूद ये बड़े नेता

भाजपा मुख्यालय में मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आदि मौजूद हैं। उनके साथ ही मंच पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन भी मंच पर हैं।

11:30 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन ने किया पीएम मोदी का स्वागत

भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।

11:24 AM, 20-Jan-2026

भाजपा मुख्यालय पहुंचे नितिन नबीन

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
 

11:16 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नितिन नबीन को केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में उच्च श्रेणी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की गई है। नबीन के लिए जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के वीआईपी सुरक्षा विंग को सौंपा गया है।

11:01 AM, 20-Jan-2026

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने दी नितिन नबीन को शुभकामनाएं

नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने पर पार्टी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'मैं उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को राजनीति में शामिल होने का संदेश दिया है। भाजपा ने 45 वर्षीय युवा को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। मैं युवा पीढ़ी से कहना चाहता हूं कि एक तरफ भाजपा है और दूसरी तरफ पारिवारिक पार्टियां हैं। यह नया युवा अध्यक्ष पार्टी को मजबूत करेगा। हम न केवल पश्चिम बंगाल में बल्कि तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में भी जीत हासिल करेंगे।'

10:52 AM, 20-Jan-2026

भाजपा में 'नबीन' शुरुआत से पहले पार्टी मुख्यालय पहुंचे ये नेता

भाजपा मुख्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री पहुंच गए हैं। इनमें राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय भी शामिल हैं।

10:50 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन की ताजपोशी पर क्या बोलीं पश्चिम बंगाल की भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी?

नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने से पहले भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा, 'नितिन नबीन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को आगे बढ़ाएंगे।' उन्होंने बंगाल चुनावों पर उनका कहना है, 'इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार जरूर बनेगी।'

10:33 AM, 20-Jan-2026

भाजपा मुख्यालय में पहुंचने लगे पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री

भाजपा अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन के आधिकारिक एलान से पहले पार्टी मुख्यालय में कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तक भाजपा मुख्यालय पहुंचने लगे हैं।

10:29 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन के भाजपा अध्यक्ष बनने पर क्या बोले बिहार भाजपा नेता संजय सराओगी?

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सराओगी ने नितिन नबीन के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर कहा, '15 जनवरी को जब घोषणा हुई, तब तक वे देश के नेता बन चुके थे, आज वे औपचारिक रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। पहली बार बिहार से कोई व्यक्ति विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। यह अत्यंत प्रसन्नता का क्षण है और सभी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। हम बेहद खुश हैं क्योंकि आज वह व्यक्ति जिसके साथ हमने 20 वर्षों तक काम किया है, हमारी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है।'

10:05 AM, 20-Jan-2026

भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कई कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर डांस करते दिख रहे हैं। गौरतलब है कि नितिन नबीन आज भाजपा अध्यक्ष का आधिकारिक रूप से पद संभालेंगे। 

09:43 AM, 20-Jan-2026

'पीएम मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में नितिन देंगे योगदान', बोले सिरसा

भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'वे दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं, जो उनके जीवन का सबसे बड़ा क्षण है। यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है। नितिन नबीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में बहुत महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं, बधाई देता हूं और अपनी शुभकामनाएं देता हूं।'

09:31 AM, 20-Jan-2026

बंगला साहिब पहुंचे नितिन नबीन तो क्या बोले दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा?

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'नितिन नबीन आज गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेकने पहुंचे। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि वे पटना साहिब की धरती से यहां आए हैं; नितिन नबीन प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। आज वे युवाओं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व दोनों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें विश्वास है कि वे प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे।'

09:15 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका।

09:10 AM, 20-Jan-2026

कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में नितिन नबीन ने की पूजा-अर्चना

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कनॉट प्लेस इलाके में स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। वे आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने वाले हैं।

09:04 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन ने वाल्मीकि मंदिर में किए दर्शन और पूजा-अर्चना

भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ वाल्मीकि मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। 
 

08:32 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन ने की झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना

नवनिर्वाचित भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना की।

08:28 AM, 20-Jan-2026

दिल्ली: भाजपा मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल

नितिन नबीन आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले हैं, इसलिए दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल है।

08:15 AM, 20-Jan-2026

26 साल की उम्र में विधायक और 45 साल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

नितिन नबीन 26 साल की उम्र में पहली बार विधायक बने और अब 45 वर्ष की उम्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी पदोन्नति भाजपा में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है, क्योंकि पार्टी राष्ट्रीय राजनीति पर अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है। शांत स्वभाव वाले नवीन को इस साल अप्रैल में तमिलनाडु, केरल और असम सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी की कमान संभालनी है।

08:07 AM, 20-Jan-2026

नितिन नबीन अपने आवास से रवाना, मंदिर में की पूजा-अर्चना

नवनिर्वाचित भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन अपने आवास से रवाना हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। बिहार से पांच बार विधायक रहे नितिन नबीन सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। वे पार्टी के शीर्ष पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष हैं। उनके नाम का आज आधिकारिक एलान होगा और वह पदभार ग्रहण करेंगे।

07:49 AM, 20-Jan-2026

New BJP Chief LIVE: नितिन नवीन ने संभाला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार, PM मोदी समेत ये नेता रहे मौजूद

भाजपा के नए अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन के नाम का एलान मंगलवार को आधिकारिक तौर हो गया। भाजपा अध्यक्ष बनने की दौड़ में नितिन नबीन अकेले उम्मीदवार रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा शासित तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने नितिन नबीन के नाम पर सहमति जताई। भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पीएम मोदी उनके प्रस्तावक बने। नितिन नबीन के सामने किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। इस स्थिति में उनके निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने जाने का रास्ता पहले ही साफ हो गया था।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें