प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां 140 करोड़ से अधिक लोग, 22 अनुसूचित भाषाएं, सैकड़ों बोलियां, कई धर्म, जातियां और समुदाय साथ रहते हैं। ऐसे विविधतापूर्ण देश में किसी एक नेता को लगातार तीन बार जनादेश मिलना असाधारण उपलब्धि है। सांसद राघव चड्ढा ने 'एक्स' पर लिखा, 'आज इतिहास रचा गया है। 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पद पर लगातार 4,399 दिन पूरे किए। इस तरह उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया और हमारे गणतंत्र के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए'।
उन्होंने लिखा, 'एक पल रुककर सोचिए कि इसका असल में क्या मतलब है। भारत कोई आम देश नहीं है। यह 140 करोड़ लोगों की एक सभ्यता है। यह 22 अनुसूचित भाषाओं और सैकड़ों बोलियों, कई धर्मों, जातियों, समुदायों और पंथों और अनगिनत क्षेत्रों व जीवन-शैलियों वाले लोगों की धरती है, जो एक साथ रहते हैं। हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, जहां लगभग 98 करोड़ मतदाता हैं, जो पूरे यूरोप की आबादी से भी अधिक हैं। यह हमारे देश में होने वाली चुनावी प्रक्रिया को शायद दुनिया की सबसे जटिल चुनावी प्रक्रिया बनाता है'। उन्होंने कहा, 'इन 140 करोड़ लोगों ने बार-बार इसी नेता को देश की बागडोर सौंपी है। भारत की जनता से लगातार तीन बार (2014 में, 2019 में और 2024 में) जनादेश मिला और हर बार यह भरोसे की एक नई मिसाल थी। इतने विशाल और विविधतापूर्ण देश का भरोसा एक बार जीतना भी बड़ी बात है। बिना किसी रुकावट के तीन बार यह भरोसा जीतना तो असाधारण है'।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को खास कीर्तिमान दर्ज किए जाने के बाद बधाई देते हुए पत्र भी लिखा। भारत में लगातार सबसे लंबे समय तक (4399 दिन) प्रधानमंत्री बने रहने का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने पत्र में लिखा 'यह उपलब्धि उस भरोसे को पुष्ट करती है जो भारत की जनता ने लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताया है।
'रेखांकित हुई लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक विशेषता'
राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री से कहा कि साधारण शुरुआत से लेकर भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने तक का सफर भारतीय लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक विशेषता को फिर से रेखांकित करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में आर्थिक, सामाजिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में मजबूत तरक्की की है। साथ ही केंद्रीय सुधारों से देश का लचीलापन, प्रतिस्पर्धा और वैश्विक स्तर पर कद बड़ा हुआ है। यह बयान इंडस्ट्री की ओर से बुधवार को दिया गया। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के डायरेक्टर जनरल चंद्रजीत बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को 12 साल पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा कि इस दौरान देश दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक होने के साथ एक आत्मविश्वास से भरी वैश्विक आवाज के तौर पर उभरा है। उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री मोदी को उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व के 12 साल पूरे होने पर दिल से बधाई देता हूं'।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले दशक में भारत ने समावेशी आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, इनोवेशन, उद्यमिता और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में तेज प्रगति की है। उनके अनुसार, सुधारों, कुशल शासन और समावेशी विकास पर सरकार के फोकस ने भारत की आर्थिक मजबूती और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाया है, साथ ही व्यवसायों और नागरिकों के लिए नए अवसर भी पैदा किए हैं। बनर्जी ने कहा कि विकास का लाभ समाज के व्यापक वर्गों तक पहुंचा है, जिससे मजबूत और समावेशी विकास को बढ़ावा मिला है। वहीं, फिक्की के अध्यक्ष अनंत गोयनका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की आर्थिक बुनियाद लगातार मजबूत हुई है। बड़े सुधारों, कारोबार करने में आसानी, इंफ्रास्ट्रक्चर में रिकॉर्ड निवेश, बढ़ते व्यापारिक रिश्तों, मजबूत वित्तीय संस्थानों और ग्लोबल स्तर पर कॉम्पिटिटिव मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के विकास ने भारतीय अर्थव्यवस्था की दिशा बदल दी है। उन्होंने आगे कहा कि उनके नेतृत्व में, भारत न सिर्फ एक बड़ी आर्थिक शक्ति के तौर पर उभरा है, बल्कि ग्लोबल मंच पर एक प्रभावशाली आवाज भी बना है।
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई पत्र लिखा है।
Bhutan Prime Minister Tshering Tobgay has written a congratulatory letter to PM Narendra Modi on becoming India’s longest continuously serving Prime Minister pic.twitter.com/IMUq9fLsd2
— IANS (@ians_india) June 10, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोधी रोड स्थित एक बौद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जिंदगी अपने आप में एक मिसाल है, जिन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि जीवन को राष्ट्र के नाम समर्पित किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'आज का दिन ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करना उनके लिए बहुत सौभाग्य की बात है'।
उन्होंने कहा, 'बड़ी बात यह है कि प्रधानमंत्री और भी लोग बने हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत ने 'विकसित राष्ट्र' बनने की ओर पहला कदम रखा है। आजादी प्राप्त करते समय भारत गरीब था। इतने वर्षों तक हम गरीब राष्ट्र बनकर रहे। 2014 में नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने कहा कि भारत को लक्ष्य रखकर चलना होगा। 'विकसित भारत' का लक्ष्य उन्होंने रखा और फिर 2047 में भारत को 'पूर्ण विकसित राष्ट्र' बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं'। रिजिजू ने कहा, 'मैं मानता हूं कि सदियों में ऐसा नेता समाज और देश को प्राप्त होते हैं। नरेंद्र मोदी जैसी नेता और शख्सियत बार-बार किसी राष्ट्र को नहीं मिलती है। हम उनके स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं। मोदी जी अपने लिए नहीं जीते हैं, बल्कि वे देश और समाज के लिए जीते हैं। उनकी जिंदगी अपने आप में एक मिसाल है, जिन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि जीवन को राष्ट्र के नाम समर्पित किया है'। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान पीएम मोदी के साथ काम करने का अपना अनुभव भी शेयर किया।
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के सफल और जनकल्याण को समर्पित कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के सभी नागरिकों की ओर से उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं और देश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए उनके अनवरत योगदान की प्रशंसा की है। सीएम भूपेंद्र पटेल ने अपने पत्र में कहा है कि प्रधानमंत्री का 12 वर्षों का कार्यकाल दुनिया भर में भारत और भारतीयों का गौरव बढ़ाने वाला रहा है। उनके नेतृत्व में 'सर्जिकल स्ट्राइक,' 'एयर स्ट्राइक,' और 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसे कठोर कदमों के जरिए भारत ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया है। प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का कार्यमंत्र आज एक राष्ट्रीय संकल्प बन गया है। विकास की अभूतपूर्व स्पीड और स्केल को देखकर आज देश का हर व्यक्ति कह रहा है, ‘मोदी है, तो मुमकिन है।’
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर मैं आपको दिल से बधाई देता हूं। लंबे समय से आपने भारत की तरक्की और विकास का नेतृत्व किया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत का कद बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। मेरा मानना है कि यह उपलब्धि आपकी लीडरशिप में भारतीय लोगों के भरोसे को दिखाती है। अप्रैल में, हमने कोरिया-भारत स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को और आगे बढ़ाने और मिलकर विकास और इनोवेशन का भविष्य बनाने का इरादा जताया था। आगे बढ़ते हुए, मुझे उम्मीद है कि हम मिलकर भरोसा और दोस्ती कायम कर सकेंगे और ऐसे ठोस नतीजे हासिल कर सकेंगे जिन्हें हमारे दोनों देशों के लोग सच में महसूस कर सकें। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और भारतीय लोगों की खुशी और समृद्धि की दिल से कामना करता हूं'।
भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी के बारे में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, 'भारत के राजनीतिक इतिहास में यह एक खास दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, इसी तरह भारत का नेतृत्व करते रहें और देश को विकसित भारत बनाने की राह पर आगे ले जाएं'।
#WATCH | Balurghat, West Bengal: On Narendra Modi being India’s longest continuously serving PM, Union Minister Sukanta Majumdar says, "There is a special day in the political history of India. Prime Minister Narendra Modi has set the record for the longest tenure as India's… pic.twitter.com/YGMxnizXv0
— ANI (@ANI) June 10, 2026
भाजपा कर्नाटक की उपाध्यक्ष और अभिनेत्री मालविका अविनाश ने विश्व प्रसिद्ध उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा देश की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मालविका अविनाश ने नंदी हॉल से बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए और पूजन-अर्चन में भाग लिया। भस्म आरती के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरा मंदिर परिसर 'ॐ नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।
दर्शन के बाद मालविका अविनाश ने कहा, 'आज हमने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रार्थना की। उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे किए हैं, जो हम सभी के लिए खुशी की बात है। बाबा महाकाल की कृपा से वह लंबे समय से देश की सेवा कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। हम यहां बाबा का आशीर्वाद लेने और प्रधानमंत्री जी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करने आए हैं'।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने देशवासियों के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को भारत की सुरक्षा, सुशासन, वैज्ञानिक प्रगति, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए युग का आधार बताया।
पंकज चौधरी ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रवादी चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अटूट विश्वास की विजय है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने जन आकांक्षाओं की आवाज को सुनते हुए नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपी थी और तब से लेकर आज तक उनके नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने बाहरी और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर अभूतपूर्व मजबूती हासिल की है। सीमाओं की सुरक्षा से लेकर आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तक, भारत ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सशक्त बनाया है।
भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के लगातार 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा करने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पत्र लिखकर बधाई दी है। इसके साथ ही हरियाणा को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि बताते हुए राज्य को दी गई परियोजनाओं के लिए आभार भी व्यक्त किया।
नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित पत्र में लिखा, 'आपके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह अवसर आपके वंदन का है, अभिनंदन का है। आज आप भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित व जन-जन के लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। हमारी हरिभूमि ने ही आपको प्रधानमंत्री के रूप में देखने का संकल्प लिया था। आपको याद होगा कि 15 सितंबर, 2013 को रेवाड़ी में आयोजित देश के पूर्व सैनिकों की रैली से आपने अपने 2014 के लोकसभा चुनावों के अभियान की शुरुआत की थी। हमें पूरा विश्वास है कि उस रैली का उत्साह और आपके प्रति प्यार अभी भी आपके मानस पटल पर अंकित है। हम हरियाणा के लोग सदैव राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं। हमारे वीर जवानों, परिश्रमी किसानों, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कर्मठ युवाओं ने सदा ही राष्ट्र के गौरव को बढ़ाया है। इसलिए जब भी भारत की प्रगति, सुरक्षा, सम्मान और वैश्विक प्रतिष्ठा की बात होती है, तो हरियाणा का हृदय उससे गहराई से जुड़ जाता है। पिछले 12 वर्षों में देश ने जिस आत्मविश्वास, स्थिरता और विकास का अनुभव किया है, उसने हरियाणा के जन-जन को भी नई ऊर्जा और नए विश्वास से भर दिया है'।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और मिलकर एक 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' की शुरुआत करना खुशी की बात रही है; यह साझेदारी भविष्य की ओर देखते हुए हमारे देशों और लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने पर केंद्रित है।
Congratulazioni a @narendramodi che oggi diventa il Primo Ministro eletto più longevo nella storia dell’India.
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) June 10, 2026
È stato un piacere ritrovarci a Roma nelle scorse settimane e lanciare assieme un Partenariato Strategico Speciale che guarda al futuro per creare nuove opportunità… pic.twitter.com/hiQICM6eKV
पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि, 'हमें बहुत खुशी है कि हमारे प्रधानमंत्री, जो सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री हैं... हम इस उपलब्धि के साक्षी बनने के लिए भाग्यशाली हैं। एक पार्टी कार्यकर्ता के स्तर से उठकर, वे हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो कांग्रेस के वंशवाद से बिल्कुल अलग है, जहां नेतृत्व एक ही परिवार तक सीमित रहता था। एक भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर, वे सर्वोच्च पद तक पहुंचे हैं और सभी को प्रेरित कर रहे हैं'।
#WATCH | Chennai, Tamil Nadu: On Narendra Modi being India’s longest continuously serving PM, BJP leader, Tamilisai Soundararajan says, "... We are very happy that our Prime Minister, the longest-serving Prime Minister... We are fortunate to witness this achievement. Rising from… pic.twitter.com/y7RGQoPgPk
— ANI (@ANI) June 10, 2026
वहीं बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने भी प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के मंत्र के साथ देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। यादव ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर भाजपा नेताओं ने बुधवार को जश्न मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा की और कहा कि वह किसी की कृपा से नहीं, बल्कि जनता के आशीर्वाद और समर्थन से देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचे हैं। हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मीडिया से बातचीत में गिरिराज सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी की तुलना किसी अन्य नेता से नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी पूरी तरह देश के लिए समर्पित व्यक्ति हैं। सिंह ने कहा कि मोदी किसी विशेष परिवार, प्रभावशाली लोगों या किसी बाहरी ताकत की वजह से प्रधानमंत्री नहीं बने, बल्कि जनता ने उन्हें इस पद तक पहुंचाया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल को गरीबों के कल्याण, देश के विकास और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है। इसके अलावा गरीबों को पक्के मकान, शौचालय, बिजली, नल से जल, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई। गिरिराज सिंह ने आर्थिक क्षेत्र में भी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उनके अनुसार देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), विदेशी मुद्रा भंडार और स्वर्ण भंडार में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही निर्यात में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इतिहास में प्रधानमंत्री मोदी को केवल सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले नेता के रूप में नहीं, बल्कि गरीबों और राष्ट्र की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री के रूप में याद किया जाएगा।
अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन ने भी पीएम मोदी को बधाई दी और उनके कार्यकाल को बदलाव लाने वाला बताया। कॉर्निन ने एक्स पर लिखा, 'भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई - तीन लोकतांत्रिक जनादेशों के जरिए 1.4 अरब लोगों का भरोसा जीतकर 4,399 दिनों तक नेतृत्व किया'।
Congratulations to Prime Minister @narendramodi on becoming India's longest-serving elected Prime Minister — 4,399 days of leadership earned through the trust of 1.4 billion people across three democratic mandates. From lifting 250 million out of poverty to making India the…
— Senator John Cornyn (@JohnCornyn) June 9, 2026
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने और सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। जेपी नड्डा ने दिल्ली के बिरला मंदिर में पूजा-अर्चना की और कहा कि यह दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को 'प्रधान सेवक' बताते हुए कहा कि उन्होंने लगातार देश की सेवा कर नया रिकॉर्ड बनाया है। नड्डा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना कर रहे हैं।
#WATCH | Delhi | Union Minister JP Nadda says, "This day should be etched in golden words in history. On this day, India's 'Pradhan Sevak', PM Modi, has broken all records, including that of the country's first PM for serving the nation for the maximum number of days… pic.twitter.com/ae91wBpsYu
— ANI (@ANI) June 10, 2026
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वहीं केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो और मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने भी मोदी के नेतृत्व की सराहना की। विश्व नेताओं ने भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने की इच्छा जताई और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका की प्रशंसा की।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने नई दिल्ली स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री के लंबे जीवन की कामना की। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर लगातार भरोसा जताया है और उन्हें 4,399 दिनों तक देश की सेवा करने का अवसर दिया है। प्रधान ने कहा कि पीएम मोदी को देशवासियों का आशीर्वाद और विश्वास प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भगवान जगन्नाथ के भक्त हैं और उनकी सरकार ने देश के विकास तथा जनकल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधान के अनुसार, जनता का विश्वास ही किसी नेता की सबसे बड़ी ताकत होती है और पीएम मोदी ने अपने काम के दम पर यह भरोसा जीता है। प्रधान ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री आगे भी देश को विकास के रास्ते पर ले जाते रहेंगे और भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी पीएम मोदी को लगातार 12 वर्ष प्रधानमंत्री के पद पर बने रहे की उपलब्धि को लेकर बधाई दी है। सोशल मीडिया एक्स पर राष्ट्रपति भवन की तरफ से साझा किए गए पोस्ट में लिखा गया- देश के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री के तौर पर सेवा करने के खास सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक मौका भारत के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व में जताए गए अटूट भरोसे और विश्वास का सबूत है। आपके कार्यकाल में शासन, आर्थिक मजबूती और सामाजिक बदलाव के क्षेत्रों में दूरगामी प्रगति हुई है। कल्याणकारी योजनाओं की एक विस्तृत श्रृंखला ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ ज्यादा समावेशी और समान रूप से जमीनी स्तर तक पहुंचे, जो 'अंत्योदय' के सिद्धांतों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को मजबूती से दर्शाता है। आपके नेतृत्व में शुरू की गई कई पहलों में से, पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान मेरे दिल के बहुत करीब हैं। आपकी प्रेरणादायक यात्रा भारत की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं में उम्मीद और नया आत्मविश्वास जगाती रहती है। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करती हूं ताकि आप देश की सेवा करते रहें और इसे 'आत्मनिर्भर' और 'विकसित भारत' के विजन की ओर ले जाएं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 साल पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर खुशी जताई। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली के प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य तथा दीर्घायु की कामना की। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में बिना रुके देश की सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों और अन्य बुनियादी ढांचे में जो बदलाव देखने को मिला है, वह पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिससे करोड़ों लोगों का जीवन बेहतर हुआ है। उन्होंने मोदी को दूरदर्शी और कर्मठ नेता बताते हुए कहा कि उनके लिए देश की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने दुनिया के कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को भी मजबूत किया।
वहीं, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- हर दिन के साथ इतिहास रचते हुए। भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्रीन नरेंद्र मोदी को बधाई; आज उनका कार्यकाल 4399 दिनों का हो गया है। यह शानदार उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, विजन और देश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में भारत की जनता के अटूट भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।
Making history, one day at a time.
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) June 10, 2026
Congratulations to PM @narendramodi on becoming India’s longest-serving elected Prime Minister, with 4399 days in office today.
This remarkable achievement reflects the enduring trust and confidence the people of 🇮🇳 place in PM Modi’s… pic.twitter.com/NzW6dPpi2w
पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने प्रधानमंत्री मोदी को नेतृत्व का आदर्श बताते हुए भारत की सामाजिक और आर्थिक प्रगति की सराहना की। वहीं कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मुद्दों पर एक प्रभावशाली और मजबूत आवाज बनकर उभरा है।
भारत में इस्राइल के राजदूत रूवेन अजार ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था में बड़े सुधार हुए हैं और देश सफलता के नए रास्ते पर आगे बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू से करते हुए दोनों नेताओं के लंबे और प्रभावशाली नेतृत्व की प्रशंसा की।
श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने अपने संदेश में कहा कि यह उपलब्धि केवल लंबे कार्यकाल का ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लोगों द्वारा बार-बार जताए गए विश्वास का भी प्रतीक है। श्रीलंका ने भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
I extend my warm congratulations to Prime Minister @narendramodi on becoming the longest-serving elected Prime Minister in the history of India. Sri Lanka values our close partnership and looks forward to further strengthening the enduring ties between our two nations.
— Anura Kumara Dissanayake (@anuradisanayake) June 10, 2026
मलयेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी वर्षों की जनसेवा और नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने भारत की प्रगति और वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका की सराहना करते हुए भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
Heartiest congratulations to PM Modi on this historic milestone of becoming India’s longest-serving elected Prime Minister. This achievement stands as a testament to his years of dedicated public service and leadership in advancing India’s development, prosperity and standing on… pic.twitter.com/psBHZLNcG3
— Anwar Ibrahim (@anwaribrahim) June 10, 2026
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा- भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। 4,399 दिनों की यह सतत सेवा राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण का प्रतीक है। यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित अपने 12 वर्ष पूर्ण किए हैं। 'संकल्प से सिद्धि' का यह गौरवशाली कालखंड भारत के विकास, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि का साक्षी रहा है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं। वित्तीय समावेशन, डिजिटल क्रांति और ‘एक राष्ट्र, एक कर’ व्यवस्था से पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन को नई मजबूती मिली है। वहीं, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, मैन्युफैक्चरिंग को प्रोत्साहन तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार ने विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भव्य निर्माण, अनुच्छेद 370 का निरसन और अनेक दूरगामी निर्णय देश की आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण मील के पत्थर सिद्ध हुए हैं। आज राष्ट्र का प्रत्येक नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत @ 2047’ के स्वप्न को साकार करने हेतु एक सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। 4,399 दिनों की यह सतत सेवा राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण का प्रतीक है।
— Nitin Nabin (@NitinNabin) June 10, 2026
यशस्वी… pic.twitter.com/XEKqjb42HY
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि की तारीफ की और दोनों देशों के बीच लगातार आपसी सहयोग के महत्व पर जोर दिया। मालदीव के राष्ट्रपति ने कहा, 'भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यकाल पूरा करने पर महामहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई'। उन्होंने आगे कहा, 'मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है'।
प्रधानमंत्री मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिनों के कार्यकाल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस तुलना के लिए नेहरू के 1952 के बाद के कार्यकाल को आधार माना गया है, क्योंकि देश में पहले आम चुनाव होने से पहले, 1947 से 1952 के बीच वे अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 14 साल से ज़्यादा समय तक पद संभाला था, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था। इस वजह से मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने 2014 में अपने पहले शपथ ग्रहण समारोह से लेकर 2019 में लगातार दूसरी बार और 2024 में ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल करने तक सेवा की है।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने भी एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक मील के पत्थर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के उनके नेतृत्व में लगातार तीन जनादेशों के माध्यम से जताए गए भरोसे को दर्शाती है। टिनुबू ने अपने संदेश में लिखा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूं। यह शानदार उपलब्धि उस अटूट भरोसे और विश्वास को दर्शाती है जो भारत की जनता ने लगातार तीन कार्यकालों में उनके नेतृत्व पर जताया है। जन-सेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्रीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है।
उन्होंने आगे लिखा कि नाइजीरिया के एक अच्छे दोस्त होने के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी मेरे व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी भी हैं, जिन पर मैं हमेशा भरोसा कर सकता हूं। इतने वर्षों में, मैंने उनकी समझदारी, साहस और अपने देश की प्रगति और समृद्धि के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की गहराई से सराहना की है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि नाइजीरिया के राष्ट्रीय सम्मान 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' के एक प्रतिष्ठित प्राप्तकर्ता के रूप में, उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के संबंधों को मजबूत करने में भी बहुत बड़ा योगदान दिया है। नाइजीरिया की सरकार और जनता की ओर से, मैं प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, समझदारी और सफलता की कामना करता हूं, ताकि वे भारत को और भी ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को बधाई दी। सर्जियो गोर ने पोस्ट में लिखा, 'भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई। यह उपलब्धि दशकों की उनकी समर्पित जन-सेवा और नेतृत्व का एक सशक्त प्रमाण है! उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं'।
Congratulations to Prime Minister Narendra Modi on becoming India’s longest-serving elected Prime Minister. This achievement is a powerful testament to his decades of dedicated public service and leadership! Wishing him all the best!
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) June 10, 2026
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, 'देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मोदी जी के यह 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने के रहे हैं'। अमित शाह ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, 'नई संसद का निर्माण हुआ, तीन नए कानून लागू हुए, नई शिक्षा नीति और मातृभाषाओं में मेडिकल व इंजीनियरिंग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ व आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना। इन 12 वर्षों में एक तरफ देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, कश्मीर से 370 समाप्त हुई, राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर नकेल कस हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया, वहीं देश की सामूहिक शक्ति ने हीनता के भाव से बाहर निकलकर अपनी विरासत, संस्कृति और सामर्थ्य पर गर्व करना सीखा'। अमित शाह ने कहा कि देशवासियों को सुरक्षित बनाना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान व गौरव को लौटाना मोदी जी की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज नया भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के हर मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है और दुनिया एक सक्षम, सशक्त तथा नए भारत के उदय की साक्षी बन रही है।
प्रधानमंत्री की उपलब्धि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, 'आज प्रधानमंत्री और लोकसभा में सदन के नेता नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक निरंतर सेवा का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है'। उन्होंने आगे लिखा, 'इस अवधि में संवैधानिक मूल्यों, संसदीय लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को स्वस्थ संसदीय प्रक्रियाओं व परंपराओं के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री को इस विशिष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। राष्ट्र की निरंतर प्रगति, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए उनके नेतृत्व को मेरी मंगलकामनाएं'।
पूर्व कर्नाटक मुख्यमंत्री बीएस. येदियुरप्पा ने इसे भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर बड़ी प्रगति की है। उन्होंने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसलों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। वहीं, एनडीए नेताओं की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में कई स्थानों पर बधाई संदेशों वाले बैनर लगाए। इस उपलब्धि पर एनडीए के कई नेताओं और कई क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले 4,399 दिनों में प्रधानमंत्री कार्यालय ने देश को मजबूत और निर्णायक नेतृत्व दिया है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार की विकास यात्रा में ‘अंत्योदय’ यानी अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की भावना हमेशा केंद्र में रही है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के तहत विकास का लाभ देश के हर नागरिक तक पहुंचा है। वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने कई बड़े सुधार किए और योजनाओं को तेज गति से लागू किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रधानमंत्री की नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के योगदान का सम्मान है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया है। भोपाल के गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह एक नया रिकॉर्ड है और देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सुशासन स्थापित किया है और भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं ने गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाया है। मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है और विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और सफल नेतृत्व के लिए प्रार्थना भी की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी देश की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित जननेता हैं और उनका नेतृत्व एक युग की चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के त्याग, तपस्या और दूरदर्शिता ने देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष भी पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास योजनाओं, आधारभूत परियोजनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की जा रही है।
पीएम मोदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अलावा अन्य दलों की तरफ से भी बधाइयां मिल रही हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को प्रेरक बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- नरेंद्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई; उन्होंने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित एक अथक कर्मयोगी के रूप में, उनका कार्यकाल भारत के प्रति अटूट समर्पण, देशवासियों के कल्याण के प्रति दृढ़ संकल्प और राष्ट्र की सेवा में परिवर्तनकारी नेतृत्व को दर्शाता है। यह उपलब्धि भारत की जनता द्वारा उनके नेतृत्व में जताए गए अटूट भरोसे और समावेशी विकास व सुशासन के प्रति उनकी निरंतर कोशिशों का प्रमाण है। पिछले बारह वर्षों में, भारत ने विकास और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। साथ ही, देश में एक सांस्कृतिक और सभ्यतागत पुनर्जागरण भी हुआ है, जिससे राष्ट्र अधिक आत्मविश्वास से भरा और अपनी विरासत से गहराई से जुड़ा हुआ बना है। जैसे-जैसे भारत 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, प्रधानमंत्री श्री मोदी देश को अधिक समृद्धि, प्रगति और वैश्विक पहचान की ओर ले जा रहे हैं।
Congratulations to Shri @narendramodi Ji on becoming the longest serving elected Prime Minister in India’s history, completing 4,399 days in office.
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) June 10, 2026
A tireless Karmayogi guided by the principle of Nation First, his tenure reflects unwavering dedication to India, steadfast…
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल लंबे समय तक पद पर बने रहने का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि देश के विकास और बदलाव की एक नई यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, आधारभूत ढांचे, तकनीकी प्रगति और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और भारत की वैश्विक पहचान भी मजबूत हुई है।
प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्रियों में सर्वाधिक समय तक निरंतर सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई।
— Vice-President of India (@VPIndia) June 10, 2026
यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल लंबे कार्यकाल का प्रतीक नहीं है, बल्कि हमारी राष्ट्रीय यात्रा में एक परिवर्तनकारी युग का प्रतिबिंब है।…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून यानी आज सबसे लंबे समय तक देश के प्रधानमंत्री का पद संभालने वाले राजनेता बन गए हैं। लगातार 4399 दिनों से प्रधानमंत्री पद पर बने हुए पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को पीछे छोड़ा। पीएम मोदी ने लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए पूर्व पीएम नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
वहीं, आज के इस अवसर पर पीएम मोदी ने एक्स पर अपनी सुभाषितम श्रृंखला में लिखा- जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥
जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥ pic.twitter.com/mn0Ax0F8hs