फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Politics LIVE: मुख्यमंत्री शिंदे अपने विधायकों के साथ मुंबई पहुंचे, स्पीकर पद के लिए चुनाव कल

Sat, 02 Jul 2022 10:41 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

महाराष्ट्र में सियासी संकट खत्म होने के बाद अब सरकार गठन को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शिंदे मंत्रीमंडल में शामिल होने के लिए राज ठाकरे की मनसे को प्रस्ताव मिला है। दूसरी तरफ महाविकास अघाड़ी की तरफ से स्पीकर चुनाव के लिए राजन साल्वी, जबकि भाजाप की तरफ से राहुल नार्वेकर का नाम आगे बढ़ाया गया है। अमर उजाला के साथ जानें महाराष्ट्र की राजनीति का पूरा अपडेट...
विज्ञापन
Maharashtra Politics - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:41 PM, 02-Jul-2022

पवार ने राज्यपाल को भी घेरा
एनसीपी प्रमुख शरद पवार पुणे में कहा कि  मैं कई शपथ ग्रहण समारोहों का हिस्सा रहा हूं, लेकिन कभी किसी राज्यपाल ने मुझे मिठाई नहीं दी और मुझे गुलदस्ता नहीं दिया। 

10:39 PM, 02-Jul-2022

शिवसेना को लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी होगी: पवार
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने दावा किया कि विधानसभा उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लंबित रहने के बावजूद भी वह फिलहाल पदेन स्पीकर के तौर पर अपना कर्तव्य निभा सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष का पद पिछले साल से रिक्त है। पवार ने कहा कि शिवसेना का कौन सा गुट पार्टी का वास्तविक दावेदार होगा, इस पर फैसले के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी होगी।

10:38 PM, 02-Jul-2022

भारी सुरक्षा के बीच दक्षिण मुंबई के एक होटल में ठहरे विधायक
मुंबई पहुंचे बागी विधायक एक होटल में ठहरेंगे और रविवार को विशेष सत्र में हिस्सा लेंगे। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र शिवसेना के बागी और निर्दलीय विधायकों को भारी सुरक्षा के बीच दक्षिण मुंबई के एक होटल में ले जाया गया।


विज्ञापन
10:29 PM, 02-Jul-2022

मेरे नेतृत्व वाली महाराष्ट्र कुश्ती संघ के भंग होने के बारे में नहीं बताया गया: पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि उन्हें उनके नेतृत्व वाले महाराष्ट्र राज्य कुश्ती संघ (एमएसडब्ल्यूए) को भंग करने के बारे में उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। पवार ने कहा कि वह कुछ पहलवानों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं, जिन्हें एमएसडब्ल्यूए से वित्तीय सहायता मिल रही है।

09:48 PM, 02-Jul-2022

शिंदे बोले- हम साबित करेंगे बहुमत
शिवसेना के बागी विधायक 12 वें दिन शनिवार की रात मुंबई लौट आए। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ सभी विधायक गोवा से विशेष विमान से मुंबई पहुंचे। शिवसेना के बागी विधायकों क मुंबई से सूरत, गुवाहाटी और गोवा होते हुए मुंबई पहुंचने पर उनका गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। मुंबई पहुंचने पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में जो कुछ होना है वह मात्र औपचारिकता है। हमारे साथ 170 से अधिक विधायक हैं। विधानसभा अध्यक्ष भी हमारा होगा और सदन में हम बहुमत भी साबित करेंगे, लेकिन मंत्रिमंडल बिस्तार पर उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।

विज्ञापन
08:44 PM, 02-Jul-2022

मुंबई पहुंचे शिंदे और अन्य विधायक
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने विधायकों के साथ मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे।


06:12 PM, 02-Jul-2022

महाराष्ट्र: सुनील प्रभु ने व्हिप जारी किया
शिवसेना प्रमुख सचेतक सुनील प्रभु ने व्हिप जारी किया और अपने सभी सदस्यों को सदन में मौजूद रहने और महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए शिवसेना उम्मीदवार राजन साल्वी के पक्ष में मतदान करने को कहा।

06:01 PM, 02-Jul-2022

शिंदे विधायकों के साथ गोवा रिसॉर्ट से मुंबई रवाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने विधायकों के साथ गोवा रिसॉर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुए।

04:46 PM, 02-Jul-2022

बागी विधायकों ने भरी हुंकार

शिवसेना के एक बागी विधायक का कहना है कि अगर उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को 'शिवसेना नेता' के पद से हटाने के अपने फैसले को वापस नहीं लेते हैं, तो इस कदम को कानूनी रूप से चुनौती देंगे।

02:38 PM, 02-Jul-2022

राज ठाकरे की मनसे को भी मिल सकती है शिंदे मंत्रीमंडल में जगह

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे को फोन करके अपनी पार्टी को कैबिनेट में एक पद देने की पेशकश की है। जानकारी के मुताबिक, शिंदे की शिवसेना ने ठाकरे की मनसे को दो कैबिनेट सीटों का प्रस्ताव दिया है, यह प्रस्ताव जो दोनों नेताओं के बीच कुछ समय से बातचीत के बाद आया है। 

01:44 PM, 02-Jul-2022

उद्धव ठाकरे के फैसले को चुनौती देंगे: शिंदे को निकाले जाने पर बागी गुट

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की ओर से एकनाथ शिंदे को पार्टी से निकाले जाने के फैसले पर अब बागी गुट का बयान आया है। शिंदे के करीबी दीपक केसरकर ने कहा है कि हम उद्धव ठाकरे के इस फैसले को चुनौती देंगे। इससे लोकतंत्र पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम उद्धव जी के बयानों के खिलाफ नहीं बोलेंगे, क्योंकि हम मानते हैं कि वे अभी भी हमारे नेता हैं। हमें सभी सवालों के जवाब देने हैं, लेकिन इसकी भी एक सीमा है। 

12:38 PM, 02-Jul-2022

सामना में छपा लेख- भाजपा को 2019 में दिखाना चाहिए था बड़ा दिल

शिवसेना ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेना राज्य में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के नाटक की ‘‘हैरतअंगेज पराकाष्ठा’’ थी और उसने भाजपा से सवाल किया कि उसने 2019 में बारी-बारी से मुख्यमंत्री बनने के समझौते का सम्मान करके ‘‘बड़ा दिल’’ क्यों नहीं दिखाया। शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में कहा कि फडणवीस के मुख्यमंत्री के बजाय उपमुख्यमंत्री बनने के फैसले का उनका ‘‘दिल बड़ा’’ बताकर और ‘‘पार्टी के निर्देशों का पालन करने’’ के तौर पर बचाव किया जा रहा है।

12:26 PM, 02-Jul-2022

राजन साल्वी ने दायर किया नामांकन

महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर पद के लिए शिवसेना विधायक राजन साल्वी ने दायर किया नामांकन।

12:02 PM, 02-Jul-2022

एमवीए ने घोषित किया स्पीकर पर के लिए उम्मीदवार

महा विकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर पद के लिए शिवसेना के विधायक राजन साल्वी का नाम आगे बढ़ाया है। वे भाजपा के राहुल नार्वेकर के खिलाफ खड़े होंगे। इसी के साथ यह तय हो गया है कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए तीन जुलाई को चुनाव होंगे। 

11:24 AM, 02-Jul-2022

ईडी के समन पर बोले राउत, सांसद के तौर पर पेश होना मेरी जिम्मेदारी

शिवसेना सांसद संजय राउत ने ईडी द्वारा पूछताछ किए जाने के मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि एक जिम्मेदार नागरिक और सांसद होने के नाते यह मेरी जिम्मेदारी है कि अगर कोई जांच एजेंसी मुझे बुलाए तो मैं उनके सामने पेश हूं। समस्या है कि उन्हें इस पर शक है। उनके अधिकारियों ने मुझसे अच्छा बर्ताव किया। मैंने उनसे कहा कि अगर जरूरत होगी तो मैं फिर आउंगा। 

10:09 AM, 02-Jul-2022

Maharashtra Politics LIVE: मुख्यमंत्री शिंदे अपने विधायकों के साथ मुंबई पहुंचे, स्पीकर पद के लिए चुनाव कल

संजय राउत बोले- मुझे भी मिला था गुवाहाटी जाने का प्रस्ताव
शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि शिंदे गुट की तरफ से उन्हें भी गुवाहाटी जाने का प्रस्ताव मिला था। उन्होंने कहा, "मुझे भी गुवाहाटी आने को कहा गया। पर मैं वहां नहीं गया, क्योंकि मैं बालासाहेब ठाकरे को मानने वाला हूं। जब सच आपकी तरफ हो तो किसका डर?"

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें