फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Crisis Live: सीएम आवास से परिवार के साथ मातोश्री पहुंचे उद्धव, चार और बागी विधायक गुवाहाटी में

Thu, 23 Jun 2022 02:36 AM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई/गुवाहाटी

खास बातें

Maharashtra Government Crisis Live News Updates: मंगलवार को शुरू हआ महाराष्ट्र का सियासी संकट बुधवार को भी जारी रहा। शिवसेना के बागी विधायकों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच एकनाथ शिंदे ने शिवसेना पर ही दावा ठाक दिया। शाम को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों को संबोधित किया और देर रात सरकारी आवास छोड़कर मातोश्री पहुंच गए। आइए पढ़ते हैं महाराष्ट्र के सियासी संकट से जुड़ी पल-पल की अपडेट...
विज्ञापन
महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे अपनी मां रश्मि ठाकरे और भाई तेजस ठाकरे के साथ। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:33 AM, 23-Jun-2022

भाजपा नेता ने कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर सीएम ठाकरे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
दिल्ली के एक भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बुधवार रात दिल्ली में कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने को लेकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि सीएम ठाकरे ने अपने सरकारी आवास से अपने निजी आवास की ओर जाते समय अपने समर्थकों से मुलाकात कर कथित तौर पर कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है।

11:56 PM, 22-Jun-2022

भूपेश बघेल बोले- भाजपा विपक्षी सरकार को बर्दाश्त नहीं कर सकती
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने महाराष्ट्र राजनीतिक संकट पर बोला कि भाजपा विपक्षी सरकार को बर्दाश्त नहीं कर सकती और स्थिति को खराब करने की कोशिश कर रही है वे जिम्मेदार हैं। उन्होंने कर्नाटक, राजस्थान, मध्यप्रदेश में ऐसा किया। ये लोग कभी ईडी, कभी आईटी और कभी फोन टैपिंग गैरकानूनी रूप से करा रहे हैं।

11:15 PM, 22-Jun-2022

आदित्य ठाकरे ने विक्ट्री साइन दिखाया
महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने 'मातोश्री' पहुंचने पर समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया।
 

विज्ञापन
11:06 PM, 22-Jun-2022

समर्थकों से मिले उद्धव
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मुंबई में अपने परिवार के घर 'मातोश्री' के बाहर जमा हुए शिवसेना समर्थकों को बधाई दी।
 

10:37 PM, 22-Jun-2022

परिवार संग मातोश्री पहुंचे सीएम ठाकरे
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पत्नी रश्मि ठाकरे और बेटों आदित्य ठाकरे-तेजस ठाकरे के साथ मातोश्री पहुंचे।
 

विज्ञापन
10:08 PM, 22-Jun-2022

ठाकरे परिवार मातोश्री के लिए रवाना
महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे अपनी मां रश्मि ठाकरे और भाई तेजस ठाकरे के साथ आधिकारिक आवास से अपने घर मातोश्री के लिए रवाना हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपना सरकारी आवास छोड़ा।
 

09:35 PM, 22-Jun-2022

सीएम आवास से मातोश्री शिफ्ट हो रहे उद्धव
मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के वर्षा बंगले से सामान बाहर निकाला जा रहा है। शिवसेना कार्यकर्ता मुंबई में अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' के बाहर इकट्ठा हुए।
 

09:05 PM, 22-Jun-2022

असम के गुवाहाटी के एक होटल में बागी शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे अन्य विधायकों के साथ दिखाई दिए। इससे जुड़ा एक वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने जारी किया। इस बीच गुवाहाटी के एक होटल में चार और बागी विधायक पहुंचे।
 

08:53 PM, 22-Jun-2022

राउत बोले- हम बहुमत साबित करके दिखाएंगे
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जी हैं और रहेंगे। फ्लॉर ऑफ द हाउस पर अगर मौका मिला तो हम बहुमत साबित करके दिखाएंगे।
 

08:26 PM, 22-Jun-2022

एकनाथ शिंदे ने ठाकरे को जवाब दिया
उद्धव ठाकरे के संबोधन के बाद एकनाथ शिंदे ने जवाब दिया। उन्होंने ट्वीट कर चार बिंदुओं में अपनी बात रखी। इसमें उन्होंने एमवीए सरकार से शिवसेना को हुए नुकसान के बारे में बताया। आइए जानते हैं वह चारों पॉइंट...
  • पिछले ढाई साल में एमवीए सरकार ने केवल घटक दलों को फायदा पहुंचाया और शिवसैनिकों को भारी नुकसान हुआ।
  • घटक दल मजबूत हो रहे हैं, शिवसेना और शिवसैनिक का व्यवस्थित रूप से गबन किया जा रहा है।
  • पार्टी और शिवसैनिकों के अस्तित्व के लिए अस्वाभाविक मोर्चे से बाहर निकलना जरूरी है।
  • महाराष्ट्र के हित में अब निर्णय लेने की जरूरत है।

08:11 PM, 22-Jun-2022

हमारी बात एकनाथ शिंदे से नहीं हुई: दानवे
महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट पर केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने कहा कि यह जो भी चल रहा है वह शिवसेना का अंदरूनी मामला है, उससे भाजपा का कुछ लेना-देना नहीं है। हम सरकार बनाने का कोई दावा नहीं कर रहे हैं, हम बस इंतज़ार करेंगे। हमारी बात एकनाथ शिंदे से नहीं हुई है। हम पहले से बोल रहे हैं कि हम सरकार गिराने की कोशिश नहीं करेंगे। यह सरकार अपने आप गिरेगी।

07:37 PM, 22-Jun-2022

मुख्यमंत्री के आवास पर बैठक संपन्न
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, NCP प्रमुख शरद पवार और सुप्रिया सुले के बीच मुंबई में मुख्यमंत्री के आवास पर बैठक संपन्न हुई। इनके बीच करीब एक घंटे तक बैठक चली।
 

 

07:27 PM, 22-Jun-2022

महाराष्ट्र: शिंदे के समर्थन में ठाणे में पोस्टर
शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के समर्थन में ठाणे में पोस्टर लगाए गए।

07:10 PM, 22-Jun-2022

वेणुगोपाल ने भाजपा को घेरा
महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात पर केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह शिवसेना का मामला है और वे इसे हल करेंगे। भाजपा पैसे, केंद्रीय एजेंसियों के बल पर MLA खरीद रही है। कांग्रेस की विधायक दल की बैठक में सब विधायक मौजूद थे। देश में 27 जून को सारे विधानसभा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल का कहना है कि कांग्रेस 27 जून को अपने-अपने राज्यों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अग्निपथ योजना के खिलाफ पार्टी के विधायकों, सांसदों और नेताओं के नेतृत्व में 'सत्याग्रह' विरोध प्रदर्शन करेगी।

06:24 PM, 22-Jun-2022

ठाकरे के आवास पर पहुंचे पवार
एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सुप्रिया सुले और जितेंद्र आव्हाड मुंबई में महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के आवास पर पहुंचे। यहां सभी के साथ एक अहम बैठक हो रही है।
 

 

05:58 PM, 22-Jun-2022

यह मेरा नाटक नहीं: ठाकरे
उन्होंने कहा कि यह मेरा नाटक नहीं है। मुझे यह कहना है कि संख्या किसके पास कितनी है, यह गौण है। लोकशाही के पास जिसके पास संख्या अधिक है, वह जीतता है। मुझे कितने लोग वहां गए... एक ने भी मेरे खिलाफ वोट दिया तो मैं शर्मिंदगी महसूस करूंगा। मेरे प्रति किसी ने भी अविश्वसा जताया, तो यह मेरे लिए सही नहीं होगा।

05:55 PM, 22-Jun-2022

मुख्यमंत्री पद छोड़ने को तैयार: उद्धव
उन्होंने कहा कि वहां से फोन करिए और बोलिए कि आप मुझे नहीं चाहिए। मैं इस क्षण को मुख्यमंत्री पद छोड़ने को तैयार हूं। पद आते हैं, जाते रहते हैं। जीवनभर की कमाई होती है, जो आप कुर्सी पर रहकर करते हैं। जनता का साथ मिला है, वह ही असली कमाई है।

05:54 PM, 22-Jun-2022

शिवसेना पक्ष प्रमुख का पद भी छोड़ने को तैयार: ठाकरे
उन्होंने कहा कि आप लोग कह रहे हो कि यह असली शिवसेना नहीं है। पर आप लोग आकर बोलिए, मैं अपना ठिकाना वर्षा (मुख्यमंत्री निवास) से हटा रहा हूं। जो ऐसा कर रहे हो, उससे किसका नुकसान कर रहे हो? उन्हें इसे महसूस करना चाहिए। मेरा इस्तीफा तैयार है। जो विधायक गायब हैं या जिन्हें गायब किया गया है। वे आए और मेरा इस्तीफा लेकर जाए। अगर कोश्यारी बोलेंगे तो मैं भी वहां जाने को तैयार हूं। कोई मजबूरी नहीं है। कोई लाचारी नहीं है। मैं चुनौतियों का सामना करने को तैयार हूं। मुख्यमंत्री पद के लिए जो मैं बोल रहा हूं, वह शिवसैनिकों के लिए भी बोल रहा हूं। जिन लोगों को लग रहा है कि मैं शिवसेना पक्ष प्रमुख के लायक नहीं हूं, तो मैं यह कुर्सी भी छोड़ दूंगा। संकट के सामना करने के लिए है। मैं दोनों पद छोड़ने को तैयार हूं।  शिवसेना का कोई और नेता मुख्यमंत्री बनता है तो वह भी अच्छा लगेगा।

05:50 PM, 22-Jun-2022

मैं सीएम पद छोड़ने को तैयार: उद्धव
सीएम उद्धव ने कहा कि अगर मेरे ही लोगों को मैं मुख्यमंत्री नहीं चाहिए हैं तो क्या करूं? मुझे नहीं पता कि वे लोग मुझे अपना मानते ही कि नहीं। उन्हें मेरे सामने आना चाहिए था। आप मुख्यमंत्री पद नहीं संभाल सकते। आपको मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहिए। एक भी व्यक्ति सामने आकर कहते हैं कि मुख्यमंत्री पद से हट जाओ, मैं हट जाऊंगा... मैं शिवसेना प्रमुख का बेटा हूं, किसी भी तरह का मोह मुझे रोक नहीं सकता।

05:48 PM, 22-Jun-2022

मैं जिद के साथ काम करने उतरा था: ठाकरे
उन्होंने कहा कि मुझे अनुभव नहीं था। मैं जिद करने वाला आदमी हूं। अनुभव नहीं भी हो तो मैं जिद के साथ काम करने उतरा था। मैंने बालासाहब ठाकरे को वचन दिया था। उसके बाद जो भी कुछ हुआ, वह सबको पता है। कांग्रेस और राष्ट्रवादी के साथ जाने का निर्णय हुआ। पवार ने मुझसे कहा था कि जवाबदारी आपको लेनी होगी। कांग्रेस और एनसीपी के बड़े नेता हैं लेकिन जिम्मेदारी आप नहीं लोगे तो सरकार चला नहीं सकेंगे। पवार साहब, सोनिया जी ने मुझ पर विश्वास किया। उनके भी अक्सर फोन आते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि जिसके पास कोई अनुभव नहीं है, उसे इस तरह की जिम्मेदारी देना बड़ी जिम्मेदारी थी। महाड़ से महाबलेश्वर जाने के बीच इतने मोड़ है कि राजनीति में तो उससे भी ज्यादा घुमाव है। प्रशासन ने भी मुझे सहयोग किया है। मुझे दुख किस बात का है, धक्का लगा है कि कांग्रेस-एनसीपी बोलते हैं कि उद्धव सीएम नहीं चाहिए तो समझ में आता है, पर आज सुबह कमलनाथ, शरद पवार ने मुझे फोन किया।

05:45 PM, 22-Jun-2022

शिवसेना हिंदुत्व और हिंदुत्व शिवसेना से अलग नहीं: उद्धव
उद्धव ने कहा कि शिवसेना बोलोगे तो शिवसेना और हिंदुत्व आपस में मिले हुए हैं। शिवसेना हिंदुत्व और हिंदुत्व शिवसेना से अलग नहीं हो सकता। हिंदुत्व हमारी सांस है और यह बात बाबासाहब ने कही थी। हमने हिंदुत्व के लिए क्या-क्या किया है, यह भी बताने का यह समय नहीं है। हिंदुत्व के संबंध में विधानसभा में बोलने वाला मैं पहला मुख्यमंत्री हूं। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह बालासाहेब की शिवसेना नहीं है। मैंने ऐसा क्या किया, जो यह सवाल उठ रहे हैं। 2012 में बालासाहेब का निधन हुआ। 2014 में हम अकेले चुनाव लड़े। तब भी हमने जो चुनाव लड़ा था, उस समय 63 विधायक जीतकर आए। उस समय भी हम हिंदू थे, अब भी हिंदू हैं।

05:42 PM, 22-Jun-2022

फेसबुक लाइव पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लाइव
फेसबुक लाइव पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि लोग विश्लेषण करेंगे कि मेरा चेहरा गिरा हुआ था। यह कोविड की वजह से है और कुछ नहीं। बोलने के लिए बहुत कुछ है। लंबे अरसे बाद मैं आप लोगों के सामने आ रहा हूं। मुझे प्रशासन का अनुभव नहीं था। कोविड जैसी चुनौती सामने आई। कोविड से कैसे बचना है, यह बताया। उस दौरान जो सर्वे हो रहे थे, टॉप 5 मुख्यमंत्रियों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का नाम शामिल था। आज मैं कोविड का विषय लेकर नहीं आया हूं। शिवसेना कौन चला रहा है? मुख्यमंत्री मिलते क्यों नहीं? मैं खुद नहीं मिल रहा था क्योंकि मेरी सर्जरी हई थी। दो-तीन महीने मैं किसी से मिल नहीं सकता था। उस समय मुद्दा आ रहा था कि मुख्यमंत्री मिलते नहीं। अब तो मैं मिलने लगा था। मैं जब नहीं मिल रहा था, तब भी काम तो हो ही रहे थे।

05:39 PM, 22-Jun-2022

शिवसेना सांसद की उद्धव से अपील
शिवसेना सांसद भावना गवली ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा है। उन्होंने अपील की है कि सीएम ठाकरे हिंदुत्व के पक्ष में विद्रोही विधायकों की मांगों पर विचार करें। उन्होंने सीएम से भी अपील की है कि वह इन विधायकों के खिलाफ कार्रवाई न करें।

05:35 PM, 22-Jun-2022

एकनाथ शिंदे भी मीडिया से रूबरू होंगे
इस बीच खबर आ रही है कि थोड़ी देर में एकनाथ शिंदे भी मीडिया से रूबरू होंगे। इस दौरान वे अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

04:43 PM, 22-Jun-2022

थोड़ी देर में फेसबुक पर लाइव होंगे उद्धव
इस बीच उद्धव ठाकरे थोड़ी देर में फेसबुक पर लाइव होकर अपनी बात रखेंगे। इस दौरान वे मौजूदा सियासी हालात पर बात कर सकते हैं। वे अपनी आगे कर रणनीति पर भी बात कर सकते हैं।

04:43 PM, 22-Jun-2022

शिंदे गुट ने राज्यपाल को भेजा प्रस्ताव
एकनाथ शिंदे के शिवसेना विधायक दल के नेता के रूप में बने रहने की बात कहते हुए 34 विधायकों के हस्ताक्षर वाले शिवसेना विधायक दल के प्रस्ताव को राज्यपाल के पास भेज दिया गया है। 

04:30 PM, 22-Jun-2022

शिवसेना विधायक दल के प्रस्ताव में 34 विधायकों के हस्ताक्षर
बताया जा रहा है कि शिवसेना विधायक दल का एक प्रस्ताव पारित हुआ, जिसमें 34 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। एकनाथ शिंदे 2019 में सर्वसम्मति से शिवसेना विधायक दल के नेता के रूप में चुने गए थे। प्रस्ताव के बाद तय हुआ कि वही शिवसेना विधायक दल के नेता बने रहेंगे। भरत गोगावाले को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया।

04:20 PM, 22-Jun-2022

भारत गोगावाले मुख्य सचेतक नियुक्त
महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक के बीच एमवीए और एकनाथ शिंदे की लड़ाई अब आर-पार के मोड़ पर पहुंच गई है। एकनाथ शिंदे ने भरत गोगावाले को शिवसेना विधायक दल का मुख्य सचेतक नियुक्त कर दिया है। उनका दावा है कि ऐसे में अब आज शाम विधायक दल की बैठक के संबंध में सुनील प्रभु द्वारा जारी आदेश अवैध माना जाएगा। शिंदे ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

04:05 PM, 22-Jun-2022

विधायकों को लेकर एक चार्टर्ड फ्लाइट गुवाहाटी रवाना
महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल और 4 विधायकों को लेकर एक चार्टर्ड फ्लाइट गुवाहाटी, असम के लिए रवाना हुई। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।

03:40 PM, 22-Jun-2022

संजय राउत ने कसा तंज
जब महाराष्ट्र के विधायकों के गुवाहाटी में डेरा डाले जाने के बारे में पूछे जाने पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि काजीरंगा घूमने के लिए एक अच्छी जगह है। क्षेत्र में अच्छी बारिश भी हो रही है। जो लोग प्रकृति को देखना चाहते हैं वे वहां जा सकते हैं।

03:40 PM, 22-Jun-2022

एमवीए का दावा- सरकार भी परेशान नहीं
राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद महाराष्ट्र के मंत्री और कांग्रेस नेता असलम शेख ने कहा कि कैबिनेट के मुद्दों और एजेंडे पर चर्चा की गई। यहां कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। वहीं, कैबिनेट बैठक के बाद महाराष्ट्र मंत्री और कांग्रेस नेता नितिन राउत ने कहा कि राजनीतिक चर्चा करने का कोई मतलब नहीं था क्योंकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सीएम के चेहरे पर मुस्कान थी। आप समझ सकते हैं कि वह तनाव में नहीं हैं, इसलिए सरकार भी परेशान नहीं है।

03:03 PM, 22-Jun-2022

सीएम उद्धव बोले- हम देखेंगे आगे क्या होता है?

सियासी उठापटक के बीच मुख्यमंत्री उद्धव का पहला बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा- हम देखेंगे आगे क्या होता है?

02:09 PM, 22-Jun-2022

शिवसेना ने विधायकों के लिए व्हिप जारी किया

कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद शिवसेना ने अपने सभी विधायकों को व्हिप जारी किया। शाम पांच बजे सभी को उद्धव के आधिकारिक आवास वर्षा पर पहुंचने का फरमान सुनाया गया है। अगर कोई विधायक नहीं पहुंचता है तो उसपर कार्रवाई की जाएगी। 

01:55 PM, 22-Jun-2022

महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक समाप्त

महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक समाप्त हो गई है। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में आठ मंत्री शामिल नहीं हुए।

01:21 PM, 22-Jun-2022

बागी शिंदे का दावा- 46 विधायक मेरे साथ

बागी शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने न्यूज चैनल आजतक के बात करते हुए कहा है कि उनके साथ 46 विधायक है। वहीं फडणवीस से संपर्क होने की बात पर शिंदे ने कहा कि वे किसी भी भाजपा नेता के संपर्क में नहीं हैं।

01:14 PM, 22-Jun-2022

कोरोना संक्रमण के कारण सीएम उद्धव कर रहे वर्चुअल बैठक

कोरोना संक्रमित होने के कारण सीएम उद्धव वर्चुअल बैठक कर रहे हैं। बैठक में कई विधायक मौजूद हैं।

12:50 PM, 22-Jun-2022

राज्यपाल के बाद सीएम उद्धव भी कोरोना संक्रमित

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच कोराना भी प्रभावी हो गया है। राज्यपाल कोश्यारी के बाद अब मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं।

12:48 PM, 22-Jun-2022

आदित्य ठाकरे ने अपने ट्विटर बायो से मंत्री पद हटाया

सियासी हलचल के बीच सीएम उद्धव के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने अपने ट्विटर बायो से मंत्री पद हटा लिया। 

12:25 PM, 22-Jun-2022

उद्धव ठाकरे इस्तीफा दे सकते हैं: मीडिया रिपोर्ट

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस्तीफा दे सकते हैं। उन्होंने दोपहर एक बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

12:00 PM, 22-Jun-2022

फडणवीस के घर भाजपा एमएलए का आना शुरू

शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा विधानसभा भंग होने के संकेत देने के बाद भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस के घर भाजपा विधायकों का आना शुरू हो गया है। उम्मीद है कि कुछ देर में इन विधायकों के साथ बैठक भी होगी।

11:45 AM, 22-Jun-2022

विधानसभा भंग होने के आसार: संजय राउत

महाराष्ट्र में सियासी संकट गहराता ही जा रहा है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि राज्य में जो मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम चल रहा है वह विधानसभा भंग होने की दिशा में चल रहा है।

11:39 AM, 22-Jun-2022

आज देश में सौदे की राजनीति हो रही: कमलनाथ

कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि आज देश में सौदे की राजनीति हो रही है। मध्यप्रदेश का उदाहरण आप जानते हैं। ये राजनीति हमारे संविधान के विपरीत है और भविष्य के लिए खतरे की बात है। शिवसेना को खुद तय करना है कि वे अपने विधायकों से कैसे बात करेंगे। कांग्रेस के विधायक बिकाऊ नहीं हैं।

11:09 AM, 22-Jun-2022

शरद पवार ने उद्धव ठाकरे से की बात

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच शरद पवार ने उद्धव ठाकरे से बात की है। हालांकि, दोनों के बीच हुई बातचीत अभी सामने नहीं आई है। वहीं कांग्रेस नेता कमलनाथ बालासाहेब थोराट के आवास पर पहुंचे हैं।

10:37 AM, 22-Jun-2022

ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता ही न जाएगी: संजय राउत

महाराष्ट्र में सियासी संकट पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता ही न जाएगी। उन्होने कहा कि फिलहाल अच्छे माहौल में बात हो रही है। बढ़ा-चढ़ाकर बातें की जा रही हैं। राउत ने कहा कि पार्टी की प्रतिष्ठा सबसे ऊपर है उसके बाद ही सबकुछ। 

10:15 AM, 22-Jun-2022

संजय राउत के घर के बाहर लगाए गए पोस्टर

मुंबई में शिवसेना नेता संजय राउत के आवास के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है जिसमें लिखा है- 'तेरा घमंड तो चार दिन का है पगले, हमारी बादशाही तो खानदानी है।'

10:11 AM, 22-Jun-2022

शरद पवार के घर पहुंचे मंत्री जयंत पाटिल

महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता जयंत पाटिल मुंबई में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आवास पर पहुंचे।
 

 

09:46 AM, 22-Jun-2022

सियासी संकट के बीच राज्यपाल कोश्यारी हुए कोरोना पॉजिटिव

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि  राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। राजभवन के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को जांच करने के बाद राज्यपाल कोरोना संक्रमित पाए गए जिसके बाद उन्हें दक्षिण मुंबई के रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

09:11 AM, 22-Jun-2022

सूरत में ठहरने का वीडियो आया सामने

कल रात सूरत के एक होटल का यह वीडियो है जहां शिवसेना के विधायक पार्टी नेता एकनाथ शिंदे के साथ असम के गुवाहाटी जाने से पहले तक रुके थे।

 

08:42 AM, 22-Jun-2022

वीडियो में देखें होटल में अपने विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे



 

08:33 AM, 22-Jun-2022

असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा ने होटल का दौरा किया

गुवाहाटी हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के विधायकों के आगमन से पहले, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आज सुबह गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल का दौरा किया थी। इसी होटल में विधायक ठहरे हुए हैं।

08:14 AM, 22-Jun-2022

शिंदे बोले- पहले भाजपा पर रुख साफ करें

उद्धव ने शिंदे से बातचीत के लिए मिलिंद नार्वेकर और ठाणे के विधायक रवींद्र फाटक को भेजा था। नार्वेकर-शिंदे की मुलाकात एक घंटे चली। नार्वेकर ने फोन पर उद्धव से भी कराई। उद्धव ने मुंबई आकर वार्ता का प्रस्ताव रखा पर शिंदे भाजपा से गठबंधन पर अड़े रहे। साफ कहा, पहले उद्धव रुख स्पष्ट करें, अगर गठबंधन पर राजी हैं तो पार्टी नहीं टूटेगी।

08:11 AM, 22-Jun-2022

कैसे शुरू हुआ सियासी संकट

सियासी घटनाक्रम विधान परिषद की 10 सीटों के चुनाव के तुरंत बाद ही शुरू हुआ। पर शिवसेना को जब तक इसकी भनक मिलती, शिंदे गुजरात पहुंच चुके थे। शिंदे का मोबाइल फोन सोमवार दोपहर बाद से ही नॉट रीचेबल हो गया। देर रात वह समर्थक विधायकों के साथ सूरत के पांच सितारा होटल पहुंचे। वहां पहुंचते ही विधायकों का भी शिवसेना से संपर्क टूट गया। होटल में शिंदे के साथ शिवसेना के 15, एनसीपी का एक और निर्दलीय 14 विधायक हैं। तीन मंत्री भी हैं।  बागी विधायक गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के संपर्क में हैं। बताया जा रहा है, सभी विधायक बुधवार सुबह तक गुवाहाटी भेजे जा सकते हैं। सूत्रों का कहना है, गृह मंत्री अमित शाह पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। शाह ने महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक भी की।

08:08 AM, 22-Jun-2022

आज दोपहर एक बजे सीएम उद्धव ने बुलाई कैबिनेट की बैठक

महाराष्ट्र में सियासी संकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर एक बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

07:37 AM, 22-Jun-2022

Maharashtra Crisis Live: सीएम आवास से परिवार के साथ मातोश्री पहुंचे उद्धव, चार और बागी विधायक गुवाहाटी में

सत्तारूढ़ शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने बुधवार को दावा किया कि उनके साथ  40 बागी विधायक असम के गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। गुवाहाटी एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने कहा, यहां 40 विधायक मेरे साथ मौजूद हैं। अतिरिक्त 10 विधायक जल्द ही मेरे साथ जुड़ेंगे। मैं किसी की आलोचना नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा कि हम दिवंगत बालासाहेब ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना को जारी रखने के इच्छुक हैं। बता दें कि इससे पहले सोमवार की देर रात शिंदे शिवसेना के कई विधायकों के साथ मुंबई से निकलकर गुजरात के सूरत शहर के एक होटल में रुके थे।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें