फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Crisis LIVE: फडणवीस ने राज्यपाल से की फ्लोर टेस्ट की मांग, कहा- शिवसेना के 39 विधायक सरकार के साथ नहीं

Wed, 29 Jun 2022 01:42 AM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

Latest on Maharashtra Political Crisis Live News:महाराष्ट्र की सियासत में छाए संकट के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस बीच सरकार बनाने के लिए भाजपा और शिंदे खेमे में भी हलचल तेज हो गई है। गुवाहाटी में पहली बार एकनाथ शिंदे होटल के बाहर दिखाई दिए तो वहीं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली से लौटने के ठीक बाद राज्यपाल से मुलाकात कर फ्लोर टेस्ट की मांग कर दी। इस बीच एकनाथ शिंदे के भी गुवाहाट से दिल्ली या मुंबई पहुंचने के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं उद्धव ठाकरे ने कैबिनेट बैठक की है।
विज्ञापन
एकनाथ शिंदे- देवेंद्र फडणवीस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:24 AM, 29-Jun-2022

देर रात देवेंद्र फडणवीस के आवास से निकले भाजपा के कई नेता

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल, प्रवीण दारेकर और अन्य पार्टी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के आवास से रवाना हुए।

12:36 AM, 29-Jun-2022

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख प्रवक्ता ने फर्जी पत्र को लेकर किया ट्वीट

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख प्रवक्ता अतुल लोंधे ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फर्जी पत्र को लेकर ट्वीट किया, "हम महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल से इस फर्जी पत्र को जारी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हैं। संवैधानिक संस्था, राज्यपाल का दुरुपयोग किया जा रहा है।"

11:02 PM, 28-Jun-2022

फ्लोर टेस्ट संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पत्र फर्जी: राजभवन

महाराष्ट्र के राज्यपाल द्वारा 30 जून को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहा एक पत्र फर्जी है। महाराष्ट्र राजभवन ने इसकी पुष्टि की है।

विज्ञापन
10:53 PM, 28-Jun-2022

बताया गया है कि आठ निर्दलीय विधायकों ने महाराष्ट्र के राज्यपाल को उनके आधिकारिक ईमेल एड्रेस पर मेल भेजकर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की है। इसी मेल के आधार पर भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की मांग कर दी। 

10:43 PM, 28-Jun-2022

फडणवीस ने राज्यपाल से की फ्लोर टेस्ट कराने की मांग

महाराष्ट्र भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से राज्य में फ्लोर टेस्ट कराने की मांग कर दी है। फडणवीस ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि राज्य की महाविकास अघाड़ी सरकार अल्पमत है और उसके 39 विधायक बाहर हैं। यह विधायक सरकार को समर्थन नहीं देते हैं। भाजपा नेता ने कहा, "हमने कोश्यारी को बताया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार अल्पमत में है क्योंकि शिवसेना के 39 विधायक कांग्रेस और राकांपा से नाता तोड़ना चाहते हैं।"

विज्ञापन
10:01 PM, 28-Jun-2022

राज्यपाल से मिलने पहुंचे देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र भाजपा के नेता और राज्य के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस मंगलवार रात राज्यपाल के घर पहुंच गए। आज ही दिल्ली से लौटे फडणवीस राज्यपाल से बहुमत परीक्षण की मांग कर सकते हैं। 

09:00 PM, 28-Jun-2022

जिन लोगों ने किया विश्वासघात, उन्हें घूमने में सक्षम नहीं होना चाहिए: संजय राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले बागी धड़े के खिलाफ आक्रामक टिप्पणी करते हुए मंगलवार को कहा कि जिन लोगों ने पार्टी नेतृत्व से विश्वासघात किया है, उन्हें इधर-उधर घूमने-फिरने में सक्षम नहीं होना चाहिए। मुंबई में अलीबाग में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘विश्वासघाती सड़कों पर घूमने में सक्षम नहीं होने चाहिए।’’ राउत ने उस दावे को लेकर पार्टी के बागी विधायकों की खिंचाई की, जिसमें कहा गया है कि वे पार्टी की हिंदुत्व की छवि को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बागी विधायकों में से आधे से अधिक पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में थे।

08:38 PM, 28-Jun-2022

शिवसेना सांसद संजय राउत ने उस दावे को लेकर पार्टी के बागी विधायकों की खिंचाई की है, जिसमें कहा गया है कि वे पार्टी की हिंदुत्व की छवि को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। राउत ने मंगलवार को कहा कि बागी विधायकों में से आधे से अधिक पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में थे। इस बीच बागी विधायकों और उनके नेता तथा महाराष्ट्र के वरिष्ठ मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के वैचारिक रूप से समान पार्टी भाजपा से अलग होने और राकांपा तथा कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने के फैसले का उन्होंने समर्थन नहीं किया था। मुंबई के पास अलीबाग में एक जनसभा में राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले बागी विधायक कह रहे हैं कि उनका मकसद पार्टी संस्थापक बालासाहेब ठाकरे द्वारा परिकल्पित ‘हिंदुत्व’ की रक्षा करना है।

08:32 PM, 28-Jun-2022

ईडी जांच पर आया राकांपा नेता का बयान

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सांसद सुप्रिया सुले ने मंगलवार को इस बात पर नाराजगी जतायी कि जो भी असहमति प्रकट करता है उसे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का नोटिस थमा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां बहुत गंभीर काम करती हैं, लिहाजा उन्हें पूरी तरह से स्वतंत्र होना चाहिए। सुले ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिस प्रवर्तन निदेशालय को कुछ वर्ष पहले तक लोग जानते भी नहीं थे, उसके नोटिस ऐसे जारी किए जा रहे हैं, जैसे खैरात (दान) बांटी जा रही हो।
 

07:55 PM, 28-Jun-2022

कैबिनेट बैठक में नहीं हुई राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा: दिलीप वलसे पाटिल

महाराष्ट्र कैबिनेट बैठक पर राज्य के मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने कहा कि कैबिनेट बैठक में कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई, कैबिनेट में सिर्फ एजेंडा पर जो चीज़े थी वो मंजूर हो गए और कुछ मुद्दें बाकी हैं तो शायद कल उस पर चर्चा हो।

07:38 PM, 28-Jun-2022

शिवसेना के बागी नेता ने कहा- शिंदे के साथ मजबूती से खड़े हैं

महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के वैजापुर से शिवसेना के बागी विधायक रमेश बोर्नारे ने मंगलवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत करने वाले एकनाथ शिंदे के साथ मजबूती से खड़े हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि शिंदे ‘‘हमारे साथ कुछ भी बुरा नहीं होने देंगे।’’ शिवसेना के मौजूदा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए बोर्नारे ने कहा कि उसे इस बात पर आत्ममंथन करना चाहिए कि ‘‘51 विधायक’’ क्यों शिंदे के साथ हो गए हैं। हालांकि विधायकों की इस संख्या की पुष्टि होना अभी बाकी है। शिवसेना के भीतर एक मंडली पर निशाना साधते हुए बोर्नारे ने दावा किया, ‘‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आसपास के लोग मुझे उनसे मिलने नहीं देते हैं। संजय राउत जैसे नेताओं ने हमारे खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। हालांकि, हम जानते हैं कि शिंदे हमारे साथ कुछ भी बुरा नहीं होने देंगे।’’

06:46 PM, 28-Jun-2022

कैबिनेट बैठक पर क्या बोले महाराष्ट्र के मंत्री?

उद्धव ठाकरे की ओर से बुलाई गई कैबििनेट बैठक आखिरकार खत्म हो गई। महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख ने बताया कि कैबिनेट बैठक में महाराष्ट्र में बारिश कम होने, पानी की कटौती, कहीं पर बारिश ज्यादा हुई, कोरोना के मामले, कृषि समेत महाराष्ट्र से संबंधित सभी मुद्दों पर अच्छी चर्चा हुई। इसमें कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है।

05:30 PM, 28-Jun-2022

मुंबई में उद्धव कैबिनेट की बैठक शुरू

बागी विधायकों को लेकर महाराष्ट्र सरकार की चिंता बढ़ती जा रही है। इस बीच राज्य कैबिनेट की बैठक मुंबई में शुरू हो गई है। 

04:47 PM, 28-Jun-2022

नड्डा के घर पहुंचे देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मिलने दिल्ली स्थित उनके आवास पहुंचे।
 

04:28 PM, 28-Jun-2022

उद्धव ने बागी विधायकों को बातचीत के लिए बुलाया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुवाहाटी में पार्टी विधायकों से चर्चा करने की अपील की और कहा कि आप में से कई लोग हमारे संपर्क में हैं, आप अभी भी दिल से शिवसेना में हैं, कुछ विधायकों के परिवार के सदस्यों ने भी मुझसे संपर्क किया और अपनी भावनाएं बताई। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों से गुवाहाटी में फंसे विधायकों को लेकर हर दिन नई जानकारी सामने आ रही है. शिवसेना परिवार के मुखिया के रूप में मैं आपकी भावनाओं का सम्मान करता हूं और अगर आप आगे आकर बोलेंगे तो हम कोई रास्ता निकाल लेंगे।"

03:54 PM, 28-Jun-2022

सुप्रिया सुले ने बागी विधायकों को दिया प्रस्ताव

राष्ट्रावादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता सुप्रिया सुले ने शिवसेना में चल रही उथल-पुथल पर बयान दिया है। उन्होंने कहा, "उनका (एकनाथ शिंदे) प्रस्ताव जो भी हो। आज उद्धव ठाकरे ने जो अपील की है वो एक बड़े भाई की तरह की है। जो भी समस्या है घर में होनी चाहिए, अगर वो आकर उद्धव जी से बात कर सकें तो समाधान निकल सकता है। बात होना जरूरी है।

03:49 PM, 28-Jun-2022

भाजपा दूर से देख रही महाराष्ट् में मची उथल-पुथल: कैलाश विजयवर्गीय

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायकों के विद्रोह के बाद मची उथल-पुथल को "शिवसेना का अंदरूनी झगड़ा" बताते हुए भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी पार्टी इस राजनीतिक संकट को दूर खड़े होकर देख भर रही है। विजयवर्गीय ने कहा,‘‘महाराष्ट्र के मौजूदा राजनीतिक संकट के पीछे हमारी कोई भूमिका नहीं है। यह शिवसेना का अंदरूनी झगड़ा है। हम दूर खड़े होकर इसे सिर्फ देख रहे हैं।’’ बागी विधायकों के खिलाफ शिवसैनिकों के उग्र प्रदर्शनों पर भाजपा महासचिव ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में आतंक और भय फैलाते हुए वहां ‘‘पश्चिम बंगाल जैसे हालात’’ बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कथित अराजकता का माहौल बनाने की ऐसी कोशिशों को महाराष्ट्र की जनता कतई पसंद नहीं करेगी।

03:25 PM, 28-Jun-2022

शिवसेना के बागी नेता बोले- बालासाहेब के हिंदुत्व मार्ग पर हैं शिंदे

शिवसेना के बागी नेता उदय सामंत ने कहा है कि मेरे गुवाहाटी आने की वजह वह साजिशें हैं, जिनकी वजह से शिवसेना कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि राकांपा और कांग्रेस ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव में संभाजी छत्रपति के चुनाव में बाधा डाली थी। सामंत ने कहा कि वे इसीलिए बागी नेताओं के साथ हैं, क्योंकि शिंदे बालासाहेब के हिंदुत्व की विचारधारा को बढ़ा रहे हैं। मैं अभी भी शिवसेना में हूं और मुझे आम शिवसैनिक समझने की गलती न की जाए।

02:54 PM, 28-Jun-2022

संजय राउत को दूसरा समन

शिवसेना सांसद संजय राउत को ईडी ने दूसरा समन भेजा है। अब उन्हें पूछताछ के लिए एक जुलाई को बुलाया।

02:43 PM, 28-Jun-2022

उन विधायकों के नाम बताएं सीएम उद्धव ठाकरे: शिंदे

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे उन विधायकों से नाम का खुलासा करें जो उनके संपर्क में हैं। शिंदे ने होटल के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उनके पास 50 विधायकों का समर्थन है। शिवसेना ने दावा किया है कि गुवाहाटी में शिंदे के साथ होटल में ठहरे हुए पार्टी के करीब 20 विधायक उसके संपर्क में है और वे महाराष्ट्र लौटना चाहते हैं।
 

02:15 PM, 28-Jun-2022

भाजपा के 'चाणक्य' पर सबकी निगाहें

महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम के बीच सबकी निगाहें भाजपा के 'चाणक्य' यानी अमित शाह पर टिकी हैं। दरअसल, देवेंद्र फडणवीस दिल्ली पहुंच चुके हैं। वह थोड़ी देर में अमित शाह से मुलाकात करने वाले हैं। खबर है कि एकनाथ शिंदे भी दिल्ली रवाना हो सकते हैं। 

02:09 PM, 28-Jun-2022

पांज बजे होगी उद्धव कैबिनेट की बैठक

उद्धव ठाकरे कैबिनेट की बैठक अब शाम पांच बजे होगी। पहले यह बैठक दोहपर 2:30 बजे होने वाली थी। 

02:03 PM, 28-Jun-2022

शिवसेना करे नामों का खुलासा 

एकनाथ शिंदे ने मीडिया के सामने कहा, यहां किसी विधायक को जबरन नहीं लाया गया है। सभी विधायक खुश हैं। अगर शिवसेना कहती है कि यहां मौजूद विधायक उनके संपर्क हैं, तो उन्हें नामों का खुलासा करना चाहिए। 

01:39 PM, 28-Jun-2022

होटल से बाहर आए एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच पहली बार एकनाथ शिंदे गुवाहाटी के होटल से बाहर आए और मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा, हम शिवसेना में हैं, शिवसेना में ही रहेंगे। उन्होंने कहा, हम बालासाहेब के हिंदुत्व को आगे ले जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा, हमारे अगले कदम के बारे में आपको जल्द ही बताया जाएगा। इस बीच एकनाथ शिंदे की दिल्ली रवाना होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। वह दिल्ली में अमित शाह व देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर सकते हैं। बता दें, देवेंद्र फडणवीस भी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द से जल्द मुंबई जाएंगे। 

01:19 PM, 28-Jun-2022

सीएम उद्धव ठाकरे ने बुलाई कैबिनेट बैठक 

महाराष्ट्र में छाए सियासी संकट के बीच मुंख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 2:30 बजे से कैबिनेट की बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक, सीएम उद्धव और डिप्टी सीएम अजित पवार इस बैठक में वर्चुअली हिस्सा लेंगे। 

12:49 PM, 28-Jun-2022

शिंदे गुट के समर्थन में लगे पोस्टर हटाए गए

शिंदे गुट की ओर से सोमवार को होटल रेडिसन ब्लू के रास्ते पर एकनाथ शिंदे के समर्थन में पोस्टर लगाए गए थे, जिन्हें आज हटा दिया गया। इन पोस्टरों पर लिखा था, गर्व से कहो हम हिंदू हैं। शिंदे साहब हम आपके साथ हैं। दरअसल, होटल रेडिसन ब्लू में ही शिवसेना के बागी विधायक रुके हुए हैं।  

12:43 PM, 28-Jun-2022

गुवाहाटी में बागी विधायकों के खिलाफ लगाए गए पोस्टर 

शिवसेना के बागी विधायकों के खिलाफ मंगलवार को राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस ने पोस्टर वार किया। गुवाहाटी में बागी विधायकों के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। इनमें लिखा था, सारा देश देख रहा है, गुवाहाटी में छुपे गद्दारों को...

12:15 PM, 28-Jun-2022

शिंदे गुट के संभावित मंत्री

एकनाथ शिंदे
दादा भुसे
अब्दुल सत्तार
दीपक केसरकर
गुलाबराव पाटील
राजेन्द्र पाटील
बच्चू काडू
संदीपन भूमरे
प्रकाश आबिदकर
उदय सामंत
संजय रैमुलकर
शंभुराज देसाई
संजय शिरसाट

12:08 PM, 28-Jun-2022

फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना

महाराष्ट्र में नई सरकार को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच खबर है कि भाजपा नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। 

12:03 PM, 28-Jun-2022

आज शिवसैनिकों से मिलेंगे आदित्य ठाकरे

महाराष्ट्र में छाए सियासी संकट के बीच शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे आज शिवसैनिकों से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि आदित्य ठाकरे शाम साढ़े छह बजे शिवसैनिकों से मुलाकात कर सकते हैं। 

12:00 PM, 28-Jun-2022

संजय राउत ने ईडी से मांगा समय 

एक जमीन घोटाले में ईडी का समन आने के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने जांच एजेंसी से समय मांगा है। दरअसल, ईडी ने संजय राउत को सोमवार को समन भेजा था। उन्हें पूछताछ के लिए आज ईडी कार्यालय में तलब किया गया था। हालांकि, संजय राउत की ओर से ईडी कार्यालय में वकील को पेश किया गया। बताया जा रहा है कि वह पूछताछ के लिए आगे की तारीख की मांग करेंगे। 

11:44 AM, 28-Jun-2022

उद्धव ने बुलाई कैबिनेट की बैठक

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 2.30 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। वहीं बागी एकनाथ शिंदे को भाजपा डिप्टी सीएम बना सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शिंदे गुट के आठ विधायकों को कैबिनेट मंत्री और पांच को राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। 
 

10:48 AM, 28-Jun-2022

भाजपा ने शुरू की सरकार बनाने की कवायद

महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उथल- पुथल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भाजपा और शिंदे गुट मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। हालांकि, अभी मंत्री पद को लेकर मंथन चल रहा है। शिंदे गुट से आठ विधायक कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। वहीं पांच राज्य मंत्री बनाए जा सकते हैं।  

10:33 AM, 28-Jun-2022

बागी विधायकों को आराम करने का आदेश- संजय राउत

डिप्टी स्पीकर द्वारा शिवसेना के बागी विधायकों को भेजे गए नोटिस और सुप्रीम कोर्ट द्वारा 11 जुलाई तक लगाई गई रोक पर शिवेसना नेता संजय राउत ने पलटवार किया है। संजय राउत ने कहा, गुवाहाटी जा चुके विधायकों के लिए महाराष्ट्र में कोई काम नहीं है। उनके लिए वहां पर 11 जुलाई तक आराम करने का आदेश दिया गया है। 

10:16 AM, 28-Jun-2022

भाजपा ने महाराष्ट्र को 3 टुकड़ों में बांटने की रची साजिश: सामना में दावा

शिवसेना के मुखपत्र सामना में एक बार फिर भाजपा पर हमला किया गया है। सामना में दावा किया गया है कि बीजेपी महाराष्ट्र को तीन टुकड़ों में बांटने की साजिश रच रही है। शिवसेना ने लिखा, दिल्ली में बैठे भाजपाई नेताओं ने महाराष्ट्र को तीन टुकड़ों में बांटने की खतरनाक साजिश रची है। यह अखंड महाराष्ट्र को तबाह करने का दांव है। शिवसेना ने कहा, जो सरकार के पक्ष में खड़े हैं, उन लोगों को ईडी की फांस में फंसाकर आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

09:14 AM, 28-Jun-2022

राउत ने फिर साधा बागी विधायकों पर निशाना

संजय राउत ने अपने ट्विटर हैंडल पर बागी विधायकों का बिना नाम लेते हुए लिखा, 'जहालत' एक किस्म की मौत है, और जाहिल लोग चलती फिरती लाशें हैं। इससे पहले भी संजय राउत ने बागी विधायकों को 'जिंदा लाश' कहकर संबोधित किया था। उन्होंने कहा था, गुवाहाटी में वो 40 लोग जिंदा लाश हैं, उनकी आत्मा मर चुकी है। उनके इस बयान पर काफी हंगामा हुआ था। 

09:09 AM, 28-Jun-2022

एक और विधायक शिंदे गुट में हो सकता है शामिल

महाराष्ट्र संकट पर सुप्रीम सुनवाई के एक दिन बाद खबर है कि उद्धव खेमे का एक और विधायक शिंदे गुट में शामिल हो सकता है। हालांकि, अभी विधायक का नाम सामने नहीं आया है। बता दें, सुप्रीम कोर्ट ने डिप्टी स्पीकर के विधायकों को भेजे गए नोटिस पर 12 जुलाई तक की रोक लगा दी है। 

09:05 AM, 28-Jun-2022

राज्यपाल ने उद्धव सरकार को लिखी चिट्ठी

राज्य में छाए सियासी संकट के बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने महाराष्ट्र सरकार को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में 22 से 24 जून तक मंजूर की गई फाइलों व आदेशों की जानकारी मांगी गई है। राज्यपाल की ओर से यह चिट्ठी विपक्षी नेता प्रवीण दारेकर की शिकायत के बाद लिखी गई है। इसमें कहा गया है कि महाराष्ट्र सरकार ने जल्दबाजी में आदेश पास किए। 

08:47 AM, 28-Jun-2022

Maharashtra Crisis LIVE: फडणवीस ने राज्यपाल से की फ्लोर टेस्ट की मांग, कहा- शिवसेना के 39 विधायक सरकार के साथ नहीं

ईडी ने सोमवार को संजय राउत को समन भेजा था। उन्हें आज पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जानकारी के मुताबिक, ईडी प्रतीक राउत और पात्रा चॉल भूमि घोटाले में राउत से पूछताछ करेगी। यह मामला 2007 का है। तब महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन की सरकार थी। मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख थे। हालांकि, संजय राउत ने ईडी के सामने पेश होने से इंकार कर दिया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें