महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के खत्म होने के बाद देर रात चुनाव आयोग की तरफ से ताजा आंकड़े जारी किए गए हैं। इसके अनुसार, राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर 63.10 फीसदी मतदान हुए हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
एसएएस के एग्जिट पोल में महायुति 127-135, एमवीए को 147-155 और अन्य को 10-13 सीटें मिलती नजर आ रही हैं।
टाइम्स नाऊ जेवीसी के एग्जिट पोल में महायुति 150-167, एमवीए को 107-125 और अन्य को 13-14 सीटें मिलने का अनुमान है।
लोकशाही मराठी रुद्र के एग्जिट पोल में महायुति 128 से 142, एमवीए को 125 से 140 और अन्य को 18 से 23 सीटें मिलने का अनुमान है।
पोल डायरी के एग्जिट पोल में महायुति को 122 से 186, एमवीए को 69 से 112 और अन्य को 07 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। पोल डायरी के एग्जिट पोल में भाजपा को 77 से 108, शिवसेना को 27 से 50 और एनसीपी को 18-28 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं एमवीए की कांग्रेस को 28-47, शिवसेना उद्धव को 16-35 और एनसीपी शरद को 25-39 सीटें मिल रही हैं।
पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल में महायुति को 175 से 195, एमवीए को 85 से 112 और अन्य को 07 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है।
चाणक्य के एग्जिट पोल में महाराष्ट्र में महायुति को सबसे ज्यादा सीटें मिलती नजर आ रही हैं। इसमें महायुति को 152 से 160 और एमवीए को 130 से 138 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। जबकि अन्य को छह से आठ सीटें मिल रही हैं।
एग्जिट पोल में महायुति को 150-170 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। इसमें भाजपा को 89 से 101, शिवसेना को 37 से 45 और एनसीपी को 17-26 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं एमवीए को 110 से 130 सीटें मिलने का अनुमान है। इसमें कांग्रेस को 39-47, शिवसेना उद्धव को 21-29 और एनसीपी शरद को 35-43 सीटें मिल रही हैं।
पी-एमएआरक्यू के एग्जिट पोल जारी के एग्जिट पोल में भाजपा को 137-157, कांग्रेस को 126-146 और अन्य को 02-8 सीटें मिलने का अनुमान है।
मैट्रिज का पहला एग्जिट पोल सामने आया है। इसमें भाजपा को 150 से 170 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि कांग्रेस को 110 ये 130 सीटें मिल सकती हैं।
महाराष्ट्र में मतदान खत्म हो गया है। यहां मतदान केंद्रों पर लाइन में लगे वोट डाल सकेंगे। वहीं थोड़ी ही देर में एग्जिट पोल जारी होंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में रिलायंस फाउंडेशन की चेयरमैन नीता अंबानी ने भी मतदान किया।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अभिनेता शाहरुख खान ने भी मतदान किया। वह पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और बेटे आर्यन खान के साथ वोट डालने पहुंचे।
महाराष्ट्र में शाम पांच बजे तक 58.22 फीसदी मतदान हुआ है। यहां सबसे ज्यादा गढ़चिरौली में 69.63 और सबसे कम मुंबई सिटी में 49.07 फीसदी मतदान हुआ है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी किरन कुलकर्णी ने कहा कि एक बजे तक महाराष्ट्र में अनुमानित मतदान प्रतिशत लगभग 32% है। ऐतिहासिक रुझानों के अनुसार अंतिम घंटों में मतदान प्रतिशत बढ़ जाता है। मुझे विश्वास है कि इस बार हम पिछली बार के प्रतिशत को पार कर लेंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अभिनेता सलमान खान ने भी मतदान किया।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अभिनेत्री अनन्या पांडेय ने मतदान किया। उनके साथ पिता चंकी पांडेय और मां भावना पांडेय ने भी वोट डाला।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उद्योगपति मुकेश अंबानी ने मतदान किया। उनके साथ बेटे अनंत अंबानी और आकाश अंबानी मौजूद रहे। बहू श्लोका मेहता ने भी वोट डाला।
महाराष्ट्र में तीन बजे तक 45.53 फीसदी मतदान हुआ है। यहां गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा 62.99 और सबसे कम ठाणे में 38.94 फीसदी मतदान हुआ है।
महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनाव में फिल्मी सितारे मतदान करने पहुंच रहे हैं। गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, डिजाइनर मनीष मल्होत्रा, गायक राहुल वैद्य और उनकी पत्नी दिशा परमार, गायक शंकर महादेवन, निर्देशक रोहित शेट्टी, टि्ंवकल खन्ना, अर्जुन कपूर, ईशा कोप्पिकर, रणबीर कपूर ने मतदान किया।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद संजय राउत और उनके भाई सुनील राउत ने अपना वोट डाला। सुनील राउत शिवसेना यूबीटी के नेता और मुंबा देवी सीट से उम्मीदवार हैं।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को अपने बेटे अमित के लिए वोट डाला जो मुंबई की माहिम विधानसभा सीट से पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। ठाकरे ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले पांच वर्षों में मत प्रतिशत कम रहा है और उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदान न करना कोई विकल्प नहीं हो सकता। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें अपने बेटे के लिए मतदान करके कैसा लगा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘यह एक अच्छा (एहसास) था।’’
मनसे अध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी शर्मिला और बेटी उर्वशी भी थीं। अमित माहिम से चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रहे हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है जहां से सत्तारूढ़ शिवसेना के सदा सरवणकर और शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार महेश सावंत भी मैदान में हैं।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "जितना मतदान होना चाहिए उस तरह से मतदान नहीं हो पा रहा है। राज्यों में मतदान कम हो रहा है जो अच्छी बात नहीं है। कम से कम 80 से 90 प्रतिशत तक मतदान होना चाहिए। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि 5 साल में एक बार चुनाव आता है आपको पूरे परिवार के साथ मतदान करना चाहिए। मैं चुनाव आयोग से आग्रह करना चाहता हूं कि 1000 लोगों के बूथ में काफी लंबी कतारें लगती हैं, उसे 500 मतदाताओं का बूथ बनाया जाए।"
महाराष्ट्र में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। दोपहर 1 बजे तक यहां सिर्फ 32.18 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा गढ़चिरौली में 50.89 फीसदी मतदान हुआ। दूसरी तरफ वोटिंग में मुंबई सिटी काफी पीछे रहा। यहां अब तक 27.73 फीसदी वोटिंग हुई।
महाराष्ट्र के नासिक में बुधवार को वोटिंग के दौरान शिवसेना के उम्मीदवार सुहास कांदे और निर्दलीय प्रत्याशी समीर भुजबल के बीच झड़प हो गई। दोनों के बीच कुछ वोटरों की पहचान को लेकर बहस हुई। इस दौरान पुलिस और चुनाव अधिकारियों की टीम पहुंची और दोनों को दूर किया। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में रही और मतदान पर असर नहीं पड़ा।
बताया गया है कि नंदगांव विधानसभा सीट पर यह पूरा मुद्दा कुछ वोटरों की पहचान की पुष्टि न होने को लेकर आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद उठा। हालांकि, दोनों उम्मीदवारों के बीच सिर्फ बहस हुई।
इसके अलावा अभिनेता कार्तिक आर्यन और सुनील शेट्टी भी वोट करने पहुंचे। कार्तिक आर्यन ने वोट डालने के बाद कहा, "कृपया अपना वोट डालें, यह बहुत महत्वपूर्ण है।"
वहीं, अभिनेता और निर्देशक अनुपम खेर ने वोट डालने के बाद कहा, "हर किसी को मतदान करना चाहिए। इससे बड़ा महोत्सव एक आज़ाद देश में कुछ और नहीं होता। इंफ्रास्ट्रक्चर, आसान जीवन बनाने के लिए वोट करें। जो आज मतदान में भाग नहीं लेगें, फिर उन्हें शिकायत करने का कोई हक नहीं है।"
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बॉलीवुड सेलिब्रिटी और कलाकार भी बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गीतकार गुलजार ने मतदान के बाद कहा कि उम्मीद है कि हमारा आम आदमी बहकेगा नहीं। हमारा आम आदमी सब जानता है और सब पहचानता है और वो किसी के बहकावे में ना आकर उसे ही वोट करेगा जो सही है। गुलजार के साथ उनकी बेटी लेखिका और निर्देशक मेघना गुलजार भी मतदान के लिए पहुंचीं।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और येओला विधानसभा सीट से NCP उम्मीदवार छगन भुजबल ने कहा, "बाबा साहेब अंबेडकर और भारत के सभी नेताओं ने हम सभी को इस देश का मालिक बनाया है। पहले ऐसा नहीं था, सभी को मतदान का अधिकार नहीं था। अगर हम अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हैं तो किसकी सरकार आनी चाहिए वो तय होता है। सभी लोगों को मतदान करना चाहिए, यही मेरी सबसे अपील है।"
महाराष्ट्र CM और कोपरी-पचपखड़ी विधानसभा सीट से शिवसेना उम्मीदवार एकनाथ शिंदे ने कहा, "आज लोकशाही का उत्सव है। सभी को वोट करना चाहिए। ये देश को मजबूत बनाएगा। लोगों ने हमारा ढाई साल का काम भी देखा है और उनका भी देखा है। उन्होंने जो विकास के काम को रोका था, हमने उसे शुरू किया।"
महाराष्ट्र में 11 बजे तक 18.14 फीसदी वोटिंग हुई है। राज्य में सबसे ज्यादा 30 फीसदी वोटिंग गढ़चिरौली में हुई है, जबकि सबसे कम नांदेड़ में 13.67 फीसदी वोटिंग हुई है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे वर्ली विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना-यूबीटी के उम्मीदवार आदित्य ठाकरे के लिए मतदान करने पहुंचे।
महाराष्ट्र CM और कोपरी-पचपखड़ी विधानसभा सीट से शिवसेना उम्मीदवार एकनाथ शिंदे अपने पूरे परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। मतदान के बाद शिंदे ने परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और नागपुर दक्षिण-पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव चल रहा है। महाराष्ट्र में मैंने अपने परिवार के साथ मतदान किया है। मैं महाराष्ट्र के अपने सभी भाई-बहनों खासकर हमारी लाडकी बहनों से ये अपील करता हूं कि बहुत बड़े पैमाने पर वोट करें क्योंकि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं है बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। लोकतंत्र में हम सरकार चुनते हैं और जिसको हम चुनते हैं उसी से हम अपेक्षा रखते हैं। अगर हम सरकार से अपेक्षा करते हैं तो मतदान करना भी बहुत आवश्यक है।"
अभिनेता रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए लातूर के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। वोट डालने के बाद अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने कहा, "हर किसी को वोट डालने का अधिकार है। लोगों को बाहर आकर अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। आज एक महत्वपूर्ण दिन है, आप एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं।"
बारामती में वोट डालने के बाद एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि महाराष्ट्र के लोग शांतिपूर्ण तरीके से बड़ी संख्या में मतदान करेंगे। 23 नवंबर के बाद यह देश के सामने आ जाएगा कि राज्य में सरकार बनाने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी।" सुप्रिया सुले पर लगे आरोपों पर उन्होंने कहा, "जिस व्यक्ति ने आरोप लगाए हैं, वह कई महीनों तक जेल में था, ऐसे लोगों को सामने लेकर झूठे आरोप लगाना, यह सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।"
राकांपा-एसपी के प्रमुख शरद पवार मतदान करने बारामती के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान में हिस्सा लिया।
बांद्रा ईस्ट से राकांपा उम्मीदवार और बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा, "आज मैंने मतदान किया और सभी युवाओं को मतदान करना चाहिए।"
दूसरी तरफ राकांपा के मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार नवाब मलिक ने मतदान करने के बाद कहा, "आज मैंने अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल किया। लोगों से विनती करता हूं कि अपने परिवार के साथ मतदान करें और अपनी मर्जी के विधायक चुनें।"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर और बेटी सारा तेंदुलकर के साथ मतदान किया। वोट डालने के बाद सचिन ने कहा, "मैं काफी समय से ECI (भारत के चुनाव आयोग) का चेहरा रहा हूं। मैं जो संदेश दे रहा हूं, वह है वोट देना। यह हमारी ज़िम्मेदारी है। मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि वे बाहर आकर वोट करें।"
पुणे की बारामती सीट पर राकांपा-शरद पवार की सांसद सुप्रिया सुले ने मतदान किया। जहां उनकी पार्टी से इस बार युगेंद्र पवार को खड़ा किया गया है, वहीं इस सीट पर अजित पवार महायुति के उम्मीदवार हैं। सुप्रिया सुले के कुछ देर बाद ही युगेंद्र भी वोट डालने पहुंचे।
रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में परिवार के साथ मतदान करने के बाद कहा, "व्यवस्था बहुत अच्छी थी। मैं भारतीय चुनाव आयोग और मुंबई के चुनाव अधिकारियों को बहुत ही सुचारू मतदान के लिए बधाई देना चाहता हूं। मुझे लगता है कि चुनाव सप्ताह के मध्य में हो रहे हैं इसलिए उम्मीदें हैं कि मतदान प्रतिशत अधिक होगा।"
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए जारी वोटिंग के बीच सुबह-सुबह अभिनेता अक्षय कुमार वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा, "मतदान केंद्र पर बहुत अच्छा इंतजाम किया है। सफाई रखी हुई है, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है।" इसके अलावा फिल्म निर्देशक कबीर खान ने भी मुंबई के एक मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।
अभिनेता राजकुमार राव ने वोट डालने के बाद कहा, "मतदान बहुत जरूरी है। महाराष्ट्र में सभी लोग जाएं और मतदान करें।"
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बारामती विधानसभा क्षेत्र से राकांपा उम्मीदवार अजित पवार ने अपना वोट डालने के बाद कहा, "यह चुनाव महाराष्ट्र की आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत जरूरी है। हम (महायुति सरकार) बहुत सारी योजनाएं लेकर आए हैं, हम काम कर रहे हैं और आगे भी हम काम करना चाहते हैं। मुझे बारामती के लोगों और मतदाताओं के ऊपर पूरा विश्वास है। वे मुझे अच्छे मतों से जिताकर आठवीं बार विधानसभा में भेजेंगे।"
पवार ने आगे कहा, "लोकसभा चुनाव के दौरान भी सभी ने देखा कि हमारे परिवार के लोग एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। हालांकि, अपने ही परिवार के सदस्यों के सामने चुनाव लड़ना हमेशा मुश्किल होता है।" गौरतलब है कि अजित पवार के सामने बारामती सीट से इस बार चुनाव में उनके भतीजे युगेंद्र चुनाव लड़ रहे हैं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने विधानसभा चुनाव के लिए एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यह हर नागरिक का मूल कर्तव्य है कि चुनावों में वे मतदान केंद्रों पर जाएं और वोट दें। अपने घर पर बैठकर इंतजार न करें। अपने सुविधाजनक समय पर आएं और वोट दें।"
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नागपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में मतदान करना नागरिक का कर्तव्य है। हर नागरिक को यह कर्तव्य निभाना चाहिए। मैं उत्तराखंड में था, लेकिन कल रात मैं अपना वोट डालने के लिए यहां आया। सभी को मतदान करना चाहिए।"
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। यहां महायुति-एमवीए के बीच टक्कर है।
लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाने के उत्साह और जोश की कई तस्वीरें सामने आई हैं। नागपुर में चुनावी ड्यूटी में तैनात युवती के चेहरे की खुशी देखते ही बनी।