फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BMC Election Voting Live: बीएमसी समेत सभी नगर निगमों पर खत्म हुआ मतदान, कल होगी मतगणना; पल-पल की अपडेट

Thu, 15 Jan 2026 05:41 PM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

Maharashtra BMC Election Voting Live Updates : महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के लिए मतदान समाप्त हो गया है। बीएमसी के 227 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। कल यानी शुक्रवार को मतगणना होगी और शाम तक नतीजे आने की संभावना है। चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मुंबई में ही 28 हजार के करीब सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जानिए मतदान से जुड़े सभी अपडेट्स....
विज्ञापन
महाराष्ट्र निकाय चुनाव लाइव अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:39 PM, 15-Jan-2026

मुंबई समेत सभी नगर निगमों पर खत्म हुआ मतदान

बीएमसी समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों पर मतदान की प्रक्रिया खत्म हो गई है। राजनीतिक पार्टियों को अब कल का इंतजार है। 

05:33 PM, 15-Jan-2026

मुंबई में 3.30 बजे तक 41.08% वोटिंग दर्ज

मुंबई में बीएमसी चुनाव 2026 के लिए 3.30 बजे तक कुल 41.08% मतदान हुआ। इसमें पुरुष मतदाता 23,27,033, महिला मतदाता 19,22,500 और अन्य 180 मतदाता शामिल हैं। कुल मिलाकर अब तक 42,49,713 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

04:13 PM, 15-Jan-2026

वोट डालने के बाद उंगली से स्याही मिटने के वायरल वीडियो की जांच

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव के दौरान वोट डालने के बाद उंगली पर लगी स्याही के आसानी से मिट जाने के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र के राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि इन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। चुनाव आयोग मामले की पूरी पड़ताल करेगा और अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
04:13 PM, 15-Jan-2026

पुणे नगर निगम चुनाव में कुछ EVM में आई तकनीकी दिक्कत

पुणे नगर निगम (PMC) चुनाव की वोटिंग शुरू होते ही गुरुवार सुबह कुछ जगहों पर EVM मशीनों में तकनीकी खराबी की खबरें आईं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जहां भी मशीनों में समस्या आई, वहां नियम के अनुसार तुरंत नई मशीनें लगाई गईं।

एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पुणे और पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम क्षेत्रों में कुछ EVM अचानक बंद हो गई थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मशीनों में समय करीब 15 मिनट पीछे चल रहा था। बता दें कि पुणे नगर निगम में कुल 41 वार्ड हैं और 165 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं।

03:10 PM, 15-Jan-2026

महाराष्ट्र निकाय चुनाव में अब तक 30 फीसदी के करीब मतदान

महाराष्ट्र निकाय चुनाव में अब तक 30 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ है। मतदान अभी भी जारी है और शाम 5.30 बजे तक वोट डाले जाएंगे। 

विज्ञापन
02:26 PM, 15-Jan-2026

कई फिल्मी सितारों ने किया मतदान

फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने BMC चुनाव में मतदान करने के बाद कहा, 'मैंने वोट डाला और मुझे महाराष्ट्र पर बहुत गर्व है... मैं जो भी हूं मंबई की वजह से हूं इसलिए मेरा कर्तव्य है और सबका कर्तव्य है कि वो वोट देने जरूर आएं।'

फिल्म अभिनेता आमिर खान और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने भी बीएमसी चुनाव के लिए वोट किया और लोगों से भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने की अपील की। 
 
 

01:50 PM, 15-Jan-2026

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने किया मतदान

शिवसेना प्रमुख और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा, 'लोगों में काफी उत्साह है। काफी लोग मतदान करने आए हैं...सभी को अपने शहर के विकास के लिए मतदान करना चाहिए...मुंबई में भी लोग बदलाव चाहते हैं, विकास चाहते हैं...हम विकास के एजेंडे पर ही चुनाव लड़ रहे हैं।'
 

01:30 PM, 15-Jan-2026

सुबह 11.30 बजे तक बीएमसी चुनाव में 17.73 प्रतिशत मतदान

बीएमसी चुनाव में मतदान की गति धीमी है और सुबह 11.30 बजे तक 17.73 फीसदी ही मतदान हुआ। बीएमसी के अधिकारी ने ये जानकारी दी। मतदान सुबह 7.30 बजे शुरू हुआ और ये शाम 5.30 बजे तक चलेगा। बीएमसी में 227 वार्डों के पार्षद पद के लिए मतदान हो रहा है। 

01:03 PM, 15-Jan-2026

सलीम खान ने भी डाला वोट

वेटरन एक्टर और फिल्म निर्माता सलीम खान भी बीएमसी चुनाव में वोट डालने पहुंचे। 

 

01:01 PM, 15-Jan-2026

गडकरी बोले- वोट करने की अपनी जिम्मेदारी निभाएं

वोट करने के बाद मीडिया से बात करते हुए गडकरी ने कहा, 'वोट करना लोकतंत्र में हमारा मौलिक अधिकार है। हम किसे वोट करें और किसे नहीं, ये हमारा अधिकार है, लेकिन अधिकार के साथ ही हमें अपना कर्तव्य भी निभाना चाहिए। वोट देना हम सभी का कर्तव्य भी है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाएं और वोट करें।'

12:43 PM, 15-Jan-2026

सुनील शेट्टी ने लोगों से की वोट देने की अपील

फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने बीएमसी चुनाव के लिए वोट किया। मतदान के बाद सुनील शेट्टी ने कहा, 'मुझे लगता है कि ये सबसे अहम चुनाव है और लोगों को भारी संख्या में आकर वोट करना चाहिए। हम बस शिकायतें करते रहते हैं कि बीएमसी काम नहीं करती, आज हमें कुछ काम करना चाहिए और बीएमसी के साथ आकर मुंबई को बेहतर बनाने की जरूरत है।'
 

12:28 PM, 15-Jan-2026

महाराष्ट्र के मंत्री भी नहीं कर सके मतदान

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गणेश नाइक भी नवी मुंबई निगम चुनाव में मतदान नहीं कर सके। गणेश नाइक का नाम भी मतदाता सूची से गायब था। इसे लेकर नाइक ने कहा कि वे बीते कई वर्षों से नवी मुंबई स्कूल नंबर 94 में मतदान करते आ रहे हैं, लेकिन इस बार उन्हें बताया गया कि उनका वोट सेंट मैरी हाई स्कूल केंद्र पर है। इसके बाद गणेश नाइक सेंट मैरी स्कूल अपना वोट डालने पहुंचे। नाइक ने बताया कि इस बार उनके परिवार के वोट तीन अलग-अलग केंद्रों पर डाले गए। जब नाइक से पूछा गया कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है तो उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग इसके लिए जिम्मेदार है। 

महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक ने नाराजगी जताते हुए ये भी कहा कि जब मेरे जैसे मंत्री को ये परेशानी उठानी पड़ रही है, तब आम आदमी की स्थिति का अंदाजा ही लगाया जा सकता है। 
 

12:12 PM, 15-Jan-2026

'उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे का साथ आना सौभाग्य की बात'

शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में मतदान करने के बाद कहा, 'मैं बहुत खुश हूं। आज सबसे बड़ी सौभाग्य की बात है कि पहली बार उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ आए हैं...हर मतदाता अपने मत के अधिकार का उपयोग जरूर करे।'

12:10 PM, 15-Jan-2026

एनसीपी-एसपी नेता रोहित पवार ने लगाए आरोप

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों पर एनसीपी-एसपी नेता रोहित पवार ने कहा, 'नाम जिस बूथ पर होना चाहिए उस बूथ पर ना रखते हुए बहुत दूर लेके गए हैं ताकि लोग मतदान ना कर सकें। मुंबई में एक मंत्री का ही नाम बूथ पर नहीं है। उनके घर के लोगों के नाम अलग-अलग बूथ पर दिए हैं। EVM मशीन पर समय 15 मिनट आगे का है। मशीनों का अनुक्रम गलत है। बूथ के 100 मीटर के दायरे में भाजपा के कार्यकर्ता हैं।

12:07 PM, 15-Jan-2026

पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने परिवार समेत किया वोट

शिवसेना UBT प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे और नेता आदित्य ठाकरे बीएमसी चुनावों के लिए वोट डालने मुंबई के एक पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे। उद्धव ठाकरे ने मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, 'सभी लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही ये भी पता लगाया जाना चाहिए कि चुनाव आयोग को किस तरह से भुगतान किया गया। मुंबई नगर निगम चुनाव नौ साल के अंतराल के बाद हो रहे हैं। इस दौरान चुनाव आयोग और उनका स्टाफ क्या कर रहा था? इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।'
 

12:02 PM, 15-Jan-2026

सीएम फडणवीस परिवार समेत वोट डालने पहुंचे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के लिए वोट डालने पहुंचे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नगर निगम चुनाव में मतदान करने के बाद कहा, 'नगर निगम का चुनाव हो रहा है। यह हमारे लोकतंत्र की एक ऐसी इकाई है, जिसे हम लोकतंत्र की मूलगामी आधारशीला कह सकते हैं इसलिए इसमें मतदान करना महत्वपूर्ण है। मेरी सभी से प्रार्थना है कि मतदान करें। मतदान करना सबका कर्तव्य है...मैंने भी मतदान किया है।

नागपुर में भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगणे पर हुए हमले पर उन्होंने कहा, 'इनपर कांग्रेस के लोगों ने जानलेवा हमला किया, उनका हाथ टूटा, पैर पर, सिर पर चोट आई है...जब चुनाव जीत नहीं सकते तो इस प्रकार से हमला करना, यह लोकतंत्र पर कालिख पोतने जैसा है...इसका जवाब जनता देगी।'
 

11:35 AM, 15-Jan-2026

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, 'चुनाव में मतदान करना हमारा मौलिक अधिकार है...यह अधिकार जो लोकतंत्र में मिला है, उसका पालन करना हर नागिरक का कर्तव्य है। मैं सभी से अपील करूंगा कि अपने अधिकार का उपयोग करें।'

11:34 AM, 15-Jan-2026

प्रियंका चतुर्वेदी ने लोगों से भारी संख्या में वोट देने की अपील

शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'जहां मैं हर बार मतदान करती हूं वहां पहुंचने पर पता चला कि मेरा नाम लिस्ट में नहीं है। मुझे दूसरी जगह भेजा गया जहां मैंने वोट किया। मैं सभी मुंबईकरों से कहूंगी की भारी संख्या में मतदान करें और जाने से पहले जांच लें कि कौन सा बूथ है। समय की मांग है कि ऐसी पार्टी को वोट करें जिस पर इतने वर्षों का भरोसा रहा है।'

11:20 AM, 15-Jan-2026

मनसे प्रमुख वोट डालने पहुंचे

MNS प्रमुख राज ठाकरे अपने परिवार के साथ BMC चुनावों में वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पहुंचे।
 

10:51 AM, 15-Jan-2026

नागपुर में झड़प

नागपुर में बीती रात दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें भाजपा उम्मीदवार चोटिल हो गए हैं। घटना बुधवार मध्य रात्रि की है, जब नागपुर के वार्ड 11 से भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगने गोरेवाड़ा इलाके में गए थे, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जब शिंगने मौके पर पहुंचे तो कथित तौर पर असामाजिक तत्वों के समूह ने भाजपा नेता पर हमला कर दिया। इस हमले में भाजपा नेता चोटिल हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। 

10:43 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी में सुबह 9.30 बजे तक कितना हुआ मतदान

बीएमसी चुनाव में सुबह 9.30 बजे तक 7.12 प्रतिशत हुआ मतदान हुआ है। 

10:07 AM, 15-Jan-2026
महाराष्ट्र निकाय चुनाव - फोटो : अमर उजाला

शिवसेना यूबीटी नेता की गड़बड़ी की शिकायत

शिवसेना यूबीटी नेता आनंद दुबे ने बीएमसी चुनाव के लिए मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हम चाहते हैं कि सभी लोग मतदान करें। मुझे थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन मुझे दूसरे बूथ पर मतदान करने का मौका मिल गया। चुनाव आयोग की वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही, उम्मीदवार, जिनके लिए मतदान हो रहा है, वे डिजिटल स्क्रीन पर नहीं दिख रहे हैं, ये दिखने चाहिए थे। पूरे शहर भर से लोग शिकायत कर रहे हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए था। लोगों को विकास पर वोट करना चाहिए।' 

09:50 AM, 15-Jan-2026

नाना पाटेकर ने किया बीएमसी के लिए मतदान

फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने बीएमसी चुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए नाना पाटेकर ने कहा, 'मैं पुणे से 3-4 घंटे की यात्रा करके यहां वोट देने आया हूं क्योंकि मैं इस वोट की अहमियत समझता हूं। अब मैं तुरंत वापस जा रहा हूं। सभी लोग वोट जरूर करें।'

09:33 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी चुनाव के लिए 28 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है

मुंबई में गुरुवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 227 वार्डों के लिए मतदान शुरू होते ही पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 28000 से अधिक पुलिसकर्मियों को अलग-अलग इलाकों और मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है।

09:26 AM, 15-Jan-2026

ट्विंकल खन्ना ने भी किया मतदान

फिल्म अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि मैं बड़ी उम्मीद से मतदान कर रही हूं।
 

09:25 AM, 15-Jan-2026

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी पत्नी सीमा गोयल के साथ बीएमसी चुनाव के लिए मतदान किया। 
 

09:17 AM, 15-Jan-2026

सचिन तेंदुलकर ने किया मतदान

मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी परिवार के साथ बीएमसी चुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद सचिन ने कहा कि 'ये बेहद अहम चुनाव है। ये हमें मौका देता है कि हम अपने विचार वोट के जरिए पेश करें। सभी को आकर वोट करना चाहिए।'
 
 

09:03 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी चुनाव के लिए मतदान जारी

मुंबई में बीएमसी चुनाव का उत्साह, सुबह-सुबह वोट डालने के लिए लोग अपने घरों से निकल रहे हैं। 
 

08:58 AM, 15-Jan-2026

कुछ मतदाताओं ने की शिकायत

बीएमसी चुनाव के लिए वोट डालने पहुंचे एक मतदाता ने शिकायत करते हुए बताया कि 'वे अपना वोट नहीं डाल सके हैं। दरअसल जो नंबर हमें दिया गया, वो मतदान केंद्र पर है ही नहीं। यहां से बताया जा रहा है कि आप दूसरे केंद्र जाइए, लेकिन मेरे पास इतना वक्त नहीं है। अगर ऐसा हो तो ये लोकतंत्र नहीं है ये बर्बादी है। मैं वोट दिए बगैर जा रहा हूं।' ऐसे ही कई अन्य मतदाता भी मीडिया के सामने आए, जिन्होंने उनका नाम मतदान केंद्र पर नहीं होने की शिकायत की, जिसके चलते वे भी वोट नहीं कर पाए।
 

08:48 AM, 15-Jan-2026
MAHARASHTRA LOCAL BODY ELECTION - फोटो : अमर उजाला

संघ नेता भैयाजी जोशी ने की मताधिकार की अपील

आरएसएस नेता सुरेश भैयाजी ने भी नागपुर में मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए भैयाजी जोशी ने कहा, 'हर नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। वे जिसे चाहेंगे उन्हें वोट करेंगे, ये उनकी इच्छा पर निर्भर है, लेकिन जो लोग चुने जाएंगे, ये उनका कर्तव्य है कि वे लोगों की उम्मीदों को पूरा करें।' 
 

08:40 AM, 15-Jan-2026

शिवसेना नेता शाइना एनसी ने किया मतदान

शिवसेना नेता शाइना एनसी ने बीएमसी चुनाव के लिए वोट डाला। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए शाइना एनसी ने कहा, 'मां मुंबा देवी और श्री सिद्धिविनायक की कृपा से मतदान शुरू हो गया है। मैं सभी मुंबईकर से अपील करती हूं कि वे मतदान जरूर करें। लोकतंत्र की यही खूबसूरती है कि ये आपकी आवाज को मजबूत करती है।' उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार के बहाने ढूंढ रहा है। मुंबई का मेयर मराठी और हिंदू होगा। 
 

07:44 AM, 15-Jan-2026

फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने किया मतदान

फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने भी मुंबई में निकाय चुनाव के लिए वोट डाला। अक्षय कुमार ने मतदान शुरू होते ही मुंबई के गांधी शिक्षण भवन में बने मतदान केंद्र में मतदान किया। मतदान के बाद अक्षय कुमार ने लोगों से मतदान की अपील की और कहा, 'आज बीएमसी चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। मुंबईकर होने के नाते आज के दिन रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में होता है। मैं सभी से अपील करता हूं कि बड़ी संख्या में वोट करें। अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है तो हमें डायलॉगबाजी नहीं करनी चाहिए और यहां आकर वोट करना चाहिए।'
 

07:35 AM, 15-Jan-2026
महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू

महाराष्ट्र निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मतदान शुरू होते ही नागपुर के महाल इलाके के भाउजी दपतारी एनएमसी स्कूल में बने मतदान केंद्र में वोट डाला। 
 
 

07:12 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी में एक वोट, बाकी नगर निकायों में तीन से पांच वोट डालेंगे मतदाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका में प्रत्येक वार्ड से केवल एक सदस्य चुना जाना है, इसलिए यहां हर मतदाता को सिर्फ एक वोट डालना होगा। वहीं, राज्य की अन्य 28 नगरपालिकाओं में बहु-सदस्यीय वार्ड प्रणाली लागू है। इन नगर निकायों में प्रत्येक वार्ड में तीन से पांच सीटें हैं, जिसके कारण मतदाताओं को तीन से पांच वोट डालने होंगे। इस व्यवस्था के चलते मतदान प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं को पहले से जागरूक किया गया है, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

06:48 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी चुनाव: महापौर पद को लेकर महायुति-ठाकरे भाईयों में सियासी वार-पलटवार

बीएमसी चुनाव में प्रचार के दौरान और उससे पहले महापौर पद को लेकर सियासी वार-पलटवार का दौर जमकर चला। भाजपा ने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) की जीत से एक मुस्लिम महापौर बन सकता है। हालांकि, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने मतदाताओं को एक मराठी महापौर का आश्वासन देकर इस दावे का खंडन किया। वहीं, फडणवीस ने आश्वासन दिया कि अगला महापौर हिंदू और मराठी होगा।

06:31 AM, 15-Jan-2026

मुंबई में 10,231 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे 1.03 करोड़ वोटर

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के चुनाव में 227 सीटों के लिए करीब 1,700 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू होगा और शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा।वहीं, वोटों की गिनती 16 जनवरी को मुंबई भर में 23 नामित केंद्रों पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) की देखरेख में की जाएगी। मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के चुनावों की निगरानी और मतगणना के लिए मुंबई भर में 25,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मुंबई भर में कुल 10,231 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं और 64,375 अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है।

06:14 AM, 15-Jan-2026
महाराष्ट्र निकाय चुनाव - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र में कहां-कहां होने हैं निकाय चुनाव?

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, मुंबई, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवाड़, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी में नगर निकाय चुनाव होने हैं।

06:11 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी चुनाव के लिए ठाकरे भाईयों ने मिलाए हाथ, कांग्रेस अकेले सियासी मैदान में

चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मोड़ में दो दशकों बाद बिछड़े हुए चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे मराठी वोटों को एकजुट करने के प्रयास में फिर से एक साथ आए है। कांग्रेस अपने महा विकास अघाड़ी के सहयोगी दलों - शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) की छाया से बाहर निकलकर मुंबई में अकेले दम पर सियासी मैदान में उतरी है। कांग्रेस ने मुंबई में प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) और राष्ट्रीय समाज पक्ष के साथ गठबंधन किया है।

06:08 AM, 15-Jan-2026

अविभाजित शिवसेना का बीएमसी में 25 वर्ष कायम रहा वर्चस्व

2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में कई विधायकों के बगावत से शिवसेना में हुए विभाजन के बाद ये पहले बीएमसी चुनाव हैं। अविभाजित शिवसेना ने भारत के सबसे धनी नगर निकाय पर 25 वर्षों (1997-2022) तक अपना वर्चस्व बनाए रखा था।

06:05 AM, 15-Jan-2026

ठाकरे भाईयों को मिलेगी बड़ी हार :देवेंद्र फडणवीस

भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति के लिए अभियान का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भविष्यवाणी की है कि एमएनएस नेता राज ठाकरे अपने चचेरे भाई और शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव के साथ गठबंधन में सबसे बड़े हारने वाले के तौर पर उभरेंगे।

05:59 AM, 15-Jan-2026

बीएमसी चुनाव के लिए मुंबई पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव से पहले गुरुवार को मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बीएमसी चुनाव के लिए सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। पुलिसकर्मियों ने चुनाव के मद्देनजर जगह-जगह बैरिकेड लगाए हैं और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। 

04:18 AM, 15-Jan-2026

BMC Election Voting Live: बीएमसी समेत सभी नगर निगमों पर खत्म हुआ मतदान, कल होगी मतगणना; पल-पल की अपडेट

महाराष्ट्र में गुरुवार यानी आज 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए मतदान होना है। बृहन्मुंबई नगर निगम सहित 29 नगरपालिकाओं के के चुनाव के लिए गुरुवार (15 जनवरी) को सुबह 7.30 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव एक ही चरण में होंगे। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति और उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के शरद पवार के साथ गठबंधन से होना है। 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए 3.48 करोड़ मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चार साल की देरी के बाद हो रहे बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के चुनावों में 227 सीटों के लिए 1,700 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बीएमसी का वार्षिक बजट 74,400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर राज्य में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव के नतीजे मतदान के अगले ही दिन शुक्रवार (16 जनवरी) को आएंगे। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव से जुड़े सभी अपडेट पढ़ने के लिए इस पेज पर बने रहें...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें