फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MLA Disqualification LIVE: शिंदे गुट की बड़ी जीत, 16 विधायकों के पक्ष में स्पीकर का फैसला; उद्धव को झटका

Wed, 10 Jan 2024 07:28 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

Maharashtra  महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित 16 विधायकों की अयोग्यता मामले में अपना फैसला सुना दिया है। अपने फैसले में विधानसभा अध्यक्ष ने जहां इन विधायकों को अयोग्य करार देने से इनकार कर दिया। वहीं, शिवसेना के शिंदे गुट को ही असली शिवसेना माना है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एकनाथ शिंदे पार्टी के संविधान के मुताबिक ही विधायक दल के नेता बने थे। 
विज्ञापन
विधायकों की अयोग्यता पर फैसला सुनाते हुए विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर। - फोटो : सोशल मीडिया।
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:28 PM, 10-Jan-2024

मामले में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष ने जो फैसला दिया है ये फैसला नियम और कानून के मुताबिक है। 2/3 बहुमत के माध्यम से एकनाथ शिंदे के पास 37 MLA हैं, इसलिए चुनाव आयोग ने भी शिंदे की शिवसेना को असली गुट माना। उद्धव ठाकरे को बहुत झटका लगा है।

07:27 PM, 10-Jan-2024

मुझे बिल्कुल भी आश्चर्य नहीं- प्रियंका चतुर्वेदी
शिव सेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मुझे बिल्कुल भी आश्चर्य नहीं है। हमने सुना था 'वही होता है जे मंजूर-ए-खुदा' होता है'... 2014 के बाद एक नई परंपरा शुरू हुई है, 'वही होता है' जो मंजूर-ए-नरेंद्र मोदी और अमित शाह होता है। यही हम महाराष्ट्र में होते हुए देख रहे हैं... यह नैतिकता का एक दुर्भाग्यपूर्ण समझौता है। कुछ ऐसा किया जा रहा है जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 'अवैध' और 'असंवैधानिक' करार दिया था 'कानूनी' हो गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

06:28 PM, 10-Jan-2024

भरत गोगावले की व्हिप के रूप में नियुक्ति वैध

इसके साथ ही स्पीकर ने भरत गोगावले की व्हिप के रूप में नियुक्ति को वैध ठहराया है। स्पीकर ने 1200 पन्नों के फैसले को पढ़ते हुए कहा कि सुनील प्रभु को जब चीफ व्हिप नियुक्त किया गया था, तब पार्टी का विभाजन हो चुका था। चूंकि चुनाव आयोग ने शिंदे गुट को ही असली शिवसेना माना है, ऐसे में चीफ व्हिप के रूप में भरत गोगावले की नियुक्ति सही है। सुनील प्रभू को विधायक दल की बैठक बुलाने का अधिकार नहीं था।

विज्ञापन
06:23 PM, 10-Jan-2024

स्पीकर ने खारिज की विधायकों की अयोग्यता की याचिका
विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने विधायकों की अयोग्यता की याचिका खारिज कर दी। उन्होंने कहा कि शिंदे गुट के विधायक अयोग्य नहीं हैं।  उन्होंने कहा कि उन्हें अयोग्य ठहराने का कोई वैध आधार नहीं है।

06:21 PM, 10-Jan-2024

एकनाथ शिंदे नियमानुसार पार्टी के नेता बने- स्पीकर नार्वेकर
स्पीकर राहुुल नार्वेकर ने विधायकों की अयोग्यता की याचिका खारिज कर दी। इस पर फैसला सुनाते हुए उन्होंने कहा कि जब पार्टी में बंटवारा हुआ था उस समय शिंदे के समर्थन में 37 विधायक थे। उन्होंने यह भी कहा कि एकनाथ शिंदे नियमानुसार पार्टी के नेता बने। 21 जून को ही एकनाथ शिंदे पार्टी के नेता बन गए थे।
 

विज्ञापन
06:12 PM, 10-Jan-2024

शिंदे गुट ही असली शिवसेना
विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने असली पार्टी की उद्धव की दलील को भी खारिज कर दिया। उन्होंने निष्कर्ष देते हुए कहा कि जब बागी गुट बना उस वक्त शिंदे गुट ही असली शिवसेना था।  22 जून के मुताबिक शिंदे गुट ही असली शिवसेना के रूप में मान्य है। स्पीकर के इस फैसले से उद्धव गुट को बड़ा झटका लगा है। 

06:07 PM, 10-Jan-2024

शिंदे को हटाने का फैसला राष्ट्रीय कार्यकारिणी का होना चाहिए था
विधानसभा स्पीकर ने आगे कहा कि पार्टी के संविधान के मुताबिक सीएम शिंदे को उद्धव गुट हटा नहीं सकते। संविधान में पक्ष प्रमुख का कोई पद नहीं है। साथ ही, विधायक दल के नेता को हटाने का कोई प्रावधान संविधान में नहीं है। उन्होंने कहा कि शिंदे को हटाने का फैसला राष्ट्रीय कार्यकारिणी का होना चाहिए था। राष्ट्रीय कार्यकारिणी पर उद्धव गुट का रुख साफ नहीं है। इसी के साथ 25 जून 2022 के कार्यकारिणी के प्रस्तावों को स्पीकर ने अमान्य करार दिया है। 

05:59 PM, 10-Jan-2024

 महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि मैं स्पीकर के रूप में 10वीं धारा के तहत अधिकार क्षेत्र का प्रयोग कर रहा हूं। अनुसूची का क्षेत्राधिकार सीमित है और यह वेबसाइट पर उपलब्ध ईसीआई के रिकॉर्ड से आगे नहीं जा सकता है और इसलिए मैंने प्रासंगिक नेतृत्व संरचना का निर्धारण करते समय इस पहलू पर विचार नहीं किया है। 

05:58 PM, 10-Jan-2024

महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि शिवसेना के 2018 संशोधित संविधान को वैध नहीं माना जा सकता क्योंकि यह भारत के चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है। रिकॉर्ड के अनुसार,  मैंने वैध संविधान के रूप में शिव सेना के 1999 के संविधान को ध्यान में रखा है। 

05:42 PM, 10-Jan-2024

शिवसेना का 1999 का संविधान की सर्वोपरि
16 विधायकों की अयोग्यता पर फैसला सुनाते हुए विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने कहा कि शिवसेना का 1999 का संविधान की सर्वोपरि है। हम उनका 2018 का संशोधित संविधान स्वीकार नहीं कर सकते। यह संसोधन चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है। उन्होंने इस दौरान शिवसेना के संगठन में चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि साल 2018 में संगठन में चुनाव नहीं है। हमें 2018 के संगठन नेतृत्व को भी ध्यान में रखना होगा। उन्होंने कहा कि मेरे पास सीमित मुद्दा है और वह यह है कि असली शिवसेना कौन है। दोनों ही गुट अपने असली होने का दावा कर रहे हैं। 

05:35 PM, 10-Jan-2024

चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में भी असली शिवसेना शिंदे गुट
उन्होंने आगे कहा कि मैनें चुनाव आयोग के फैसले को ध्यान में रखा है। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में भी असली शिवसेना शिंदे गुट ही है। उन्होंने फैसला सुनाते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने भी शिंदे गुट को ही असली शिवसेना कहा है। 

05:32 PM, 10-Jan-2024

शिवसेना का 2018 का संशोधित संविधान चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं- विधानसभा स्पीकर
शिवसेना विधायकों की अयोग्यता मामले में फैसला सुनाते हुए महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि दोनों धड़ों (शिवसेना के दो गुटों) द्वारा चुनाव आयोग को सौंपे गए संविधान पर कोई आम सहमति नहीं है। नेतृत्व संरचना पर दोनों पार्टियों के विचार अलग-अलग हैं। एकमात्र पहलू बहुमत का है।  मुझे विवाद से पहले मौजूद नेतृत्व संरचना को ध्यान में रखते हुए प्रासंगिक संविधान तय करना होगा। उन्होंने कहा कि 2018 का संशोधित संविधान चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है। शिवसेना का 1999 का संविधान ही मान्य है। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में भी शिंदे गुट ही असली शिवसेना है। 

05:26 PM, 10-Jan-2024

शिंदे गुट के चीफ व्हिप ने की भगवान राम की जयकार 
इस दौरान शिंदे गुट के चीफ व्हिप भरत भोगावले ने ‘जय श्रीराम’ की जयकार की। वहीं, इससे पहले शिंदे गुट के मंत्री दीपक केसरकर और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे (ठाकरे गुट) ने एक दूसरे का अभिवादन किया।

05:26 PM, 10-Jan-2024

स्पीकर नार्वेकर ने बताया फैसले का आधार
स्पीकर राहुल नार्वेकर ने 1200 पन्नों के आदेश को पढ़ते हुए कहा कि इस मामले में दाखिल याचिकाओं को छह समूहों में रखा गया। पहले ग्रुप वन के तहत सुभाष देसाई की याचिका पर वे फैसला पढ़ रहे हैं। 

05:20 PM, 10-Jan-2024

महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन अहम साबित हो सकता है। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित 16 विधायकों की अयोग्यता मामले में फैसला सुनाना शुरू कर दिया है। अभी वे 1200 पन्नों के आदेश के अहम बिंदु पढ़ रहे हैं। 

04:54 PM, 10-Jan-2024

सेंट्रल हॉल में सुनाया जाएगा फैसला
विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर 16 विधायकों की अयोग्यता को लेकर 34 अर्जियों पर फैसला सुनाएंगे। सेंट्रल हॉल में यह फैसला सुनाया जाएगा। हालांकि अभी  सेंट्रल हॉल में स्पीकर नार्वेकर नहीं पहुंचे हैं। स्पीकर अभी विधानसभा के अपने चैंबर में मौजूद हैं। 

04:35 PM, 10-Jan-2024

संजय शिरसाट ने साधा निशाना
इस बीच, शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट ने ठाकरे गुट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उद्धव गुट का कांग्रेस में विलय होगा। शिरसाट ने कहा कि हमने कोई गुट नहीं बनाया है। हम ही असली शिवसेना हैं। हमने नियम के मुताबिक फैसला लिया। चुनाव आयोग ने भी हमें ही शिवसेना माना। इतना ही नहीं, अदालत ने भी चुनाव आयोग के फैसले को स्टे नहीं दिया। जल्द ही ठाकरे गुट कांग्रेस में विलीन होगा।

04:23 PM, 10-Jan-2024

थोड़ी देर में आएगा फैसला

थोड़ी ही देर में महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर विधायकों की अयोग्यता के मामले में अपना फैसला सुनाएंगे। इसके लिए शिंदे और उद्धव गुट के नेता विधानसभा में पहुंच चुके हैं। 

04:21 PM, 10-Jan-2024

वहीं,  विधायक अयोग्यता के फैसले पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जज आरोपियों से मिलने जा रहे हैं, अगर संवैधानिक फैसला लिया गया तो 40 विधायक अयोग्य हो जाएंगे। सरकार उन लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है जो सत्ता में नहीं हैं।

03:44 PM, 10-Jan-2024

महाराष्ट्र में विधायकों की अयोग्यता से संबंधित मामले में स्पीकर का फैसला शाम 4:30 पर आएगा। स्पीकर इस मामले में अपना फैसला सुनाएंगे। खास बात है कि इस फैसले का लाइव प्रसारण किया जाएगा। 

03:42 PM, 10-Jan-2024

राजनीतिक भूचाल आ सकता है- पृथ्वीराज चव्हाण 
वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व CM और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भी अयोग्यता मसले पर स्पीकर के फैसले से पहले बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर 16 विधायक अयोग्य घोषित हो गए और शिंदे समर्थक विधायकों को अपना पद गंवाना पड़ा तो राजनीतिक भूचाल आ जाएगा। अभी हमें देखना होगा कि संवैधानिक प्रावधान क्या हैं। यह फैसला बेहद अहम राजनीतिक फैसला होगा।

03:38 PM, 10-Jan-2024

संजय राउत ने लगाया फिक्सिंग का आरोप
इस बीच, उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने स्पीकर पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि फैसले को लेकर पहले ही फिक्सिंग हो चुकी है। स्पीकर राहुल नार्वेकर दो बार आरोपियों से मिल चुके हैं।

01:09 PM, 10-Jan-2024

INDIA गठबंधन की सीट शेयरिंग पर उद्धव शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा, "कल दिल्ली में हुई बैठक में कांग्रेस, शिवसेना और NCP के नेता मौजूद रहे। लगभग 3 घंटे तक हमारी बातचीत हुई और बातचीत अच्छी रही। हमने तय किया है कि हमें एक साथ लड़ना है। हमने वन टू वन सीट पर भी चर्चा की है, कौन कहां लड़ेगा लगभग ये भी तय हो गया है। वंचित बहुजन आघाडी को साथ लेने का निर्णय हुआ।"

12:06 PM, 10-Jan-2024

शिवसेना विधायक की अयोग्यता पर आज होने वाले फैसले पर महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा, "अपात्रता की याचिका पर सुनवाई पूरी हो चुकी है... आज उस पर फैसला सुनाया जाएगा। यह निर्णय कानून में जो प्रावधान है, सर्वोच्च न्यायालय ने जो सिद्धांत स्थापित किए हैं उनके आधार पर ही लिया जाएगा..."

11:35 AM, 10-Jan-2024

नार्वेकर ने किया पलटवार
इसके अलावा, एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि जब किसी मामले की सुनवाई कर रहा कोई व्यक्ति उस व्यक्ति से मिलता है जिसके खिलाफ सुनवाई हो रही है, तो संदेह पैदा होता है। वहीं, नार्वेकर ने भी ठाकरे और पवार के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है कि किसी मामले की सुनवाई करते समय कोई स्पीकर अन्य महत्वपूर्ण काम नहीं कर सकता।

11:03 AM, 10-Jan-2024

संजय राउत बोले- नार्वेकर का शिंदे गुट के विधायकों से मिलना गलत

उद्धव शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा, "विधानसभा स्पीकर का एक प्रोटोकॉल होता है। अगर विधानसभा स्पीकर एक पीठासीन पद पर बैठे हैं तो अपनी कुर्सी छोड़कर जो आरोपी है जिनपर हमने याचिका दायर की है उनसे जाकर मुलाकात नहीं सकते। फिर वे कहते हैं कि वे फैसला देंगे, यह कौनसा फैसला है यह मैच फिक्सिंग है। PM मोदी महाराष्ट्र आने वाले हैं, क्या उन्हें पता नहीं है कि फैसला आने वाला है... दिल्ली से लेकर यहां तक इस मामले में मैच फिक्सिंग हो रही है..."

11:03 AM, 10-Jan-2024

मुलाकात पर बिफरे उद्धव ठाकरे
फैसले के दिन पहले नार्वेकर और शिंदे की मुलाकात पर बवाल शुरू हो गया है। उद्धव गुट के नेता उद्धव ठाकरे ने मातोश्री पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुलाकात पर कटाक्ष किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर न्यायाधीश ही आरोपी से मिलेंगे तो न्यायाधीश से क्या ही उम्मीद कर सकते हैं। ठाकरे ने कहा कि नार्वेकर की शिंदे से मुलाकात एक न्यायधीश की अपराधी से मुलाकात की तरह है। ऐसे में हम किस तरह के न्याय की उम्मीद करें। नार्वेकर का फैसला ही अब तय करेगा कि देश में लोकतंत्र है या नहीं। फैसले के बाद साफ हो जाएगा कि क्या दोनों नेता मिलकर लोकतंत्र की हत्या करेंगे या नहीं। 

10:45 AM, 10-Jan-2024

MLA Disqualification LIVE: शिंदे गुट की बड़ी जीत, 16 विधायकों के पक्ष में स्पीकर का फैसला; उद्धव को झटका

महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन अहम साबित हो सकता है। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित 16 विधायकों की अयोग्यता मामले में अपना फैसला सुनाएंगे। बता दें, सर्वोच्च अदालत ने 10 जनवरी तक फैसला सुनाने का निर्देश दिया था। मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है। ऐसे में उम्मीद है कि आज फैसला आ जाएगा। महाराष्ट्र विधानसभा के अनुसार, नार्वेकर शाम चार बजे फैसला सुनाएंगे, जो राजनीति के लिए अहम सबित होगी। हालांकि, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का दावा है कि सरकार स्थिर रहेगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें