फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election Result Live: खरगे के आवास पर जुटेंगे विपक्षी नेता, नीतीश-चंद्रबाबू से बातचीत पर होगा फैसला

Wed, 05 Jun 2024 01:20 AM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Chunav Results 2024 LIVE Updates: लोकसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए को झटका लगा है और चार सौ पार का नारा देने वाला एनडीए 300 पार के लिए तरस गया। नतीजों से स्पष्ट है कि देश में गठबंधन की सरकार बनेगी। भाजपा को उत्तर प्रदेश और बंगाल जैसे राज्यों में काफी नुकसान झेलना पड़ा, साथ ही महाराष्ट्र में भी विपक्षी गठबंधन का प्रदर्शन शानदार रहा है। कांग्रेस ने इसे जनता की जीत बताया। 
विज्ञापन
10.30 बजे तक मतदान के आंकड़े - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:16 AM, 05-Jun-2024

नेपाल के पीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी

नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने ट्वीट किया, 'लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार बीजेपी और एनडीए की चुनावी सफलता पर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई।’
 

12:15 AM, 05-Jun-2024

मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बुधवार को विपक्ष की बैठक

लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद, INDI गठबंधन के नेता बुधवार शाम को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक करेंगे। बैठक में INDI गठबंधन की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके अलावा  इस बैठक में नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू से संपर्क करने के बारे में भी फैसला होगा। 

 

12:14 AM, 05-Jun-2024

कन्नौज लोकसभा सीट से अखिलेश यादव की जीत

कन्नौज लोकसभा सीट से अखिलेश यादव की जीत हासिल की है।

विज्ञापन
12:13 AM, 05-Jun-2024

देश में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार- एस जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एनडीए की जीत पर कहा ‘चुनाव के बाद यह तय हो गया है कि देश में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार का गठन हो रहा है।’ उन्होंने जीत पर खुशी जताई है। 

 

10:33 PM, 04-Jun-2024

जिले के लोग मेरे साथ
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जिले के लोग मेरे साथ हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने प्रशासन का दुरुपयोग किया। लोगों से सामाजिक कल्याण की योजनाएं छीनने का डर दिखाया। जिस तरह से उन्होंने तुष्टीकरण की राजनीति की, मुस्लिम लीग भी ऐसी तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती।

विज्ञापन
10:20 PM, 04-Jun-2024

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि हमारे लिए तीसरी बार सरकार में आना बड़ी बात है। आज हमें 240 सीट मिली और हमारे निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस को सिर्फ 98। कांग्रेस और भाजपा के बीच 142 सीटों का अंतर है। यह बहुत बड़ी जीत है। हमें इसका जश्न मनाना चाहिए। 

10:09 PM, 04-Jun-2024

भूटान के पीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं हैं।
 

09:57 PM, 04-Jun-2024

चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी का आभार प्रकट किया

तेलगू देशम पार्टी (टीडीपी) अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी और अमित शाह का आभार प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘आज मेरा हृदय कृतज्ञता से भर गया है। मैं अपने राज्य के लोगों को उनकी सेवा के लिए टीडीपी-जेएसपी-बीजेपी गठबंधन को भारी जनादेश का आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। साथ मिलकर, हमने अपने राज्य को पुनः प्राप्त करने की लड़ाई जीती है, और साथ मिलकर, हम इसका पुनर्निर्माण करेंगे। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार प्रकट करता हूं। यह महत्वपूर्ण जीत हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने आखिरी वोट डाले जाने तक सभी बाधाओं के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। मैं उनमें से प्रत्येक को उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं और इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देता हूं।’
 

 

09:42 PM, 04-Jun-2024

महाराष्ट्र की अमरावती सीट से भाजपा प्रत्याशी नवनीत राणा की हार

महाराष्ट्र की अमरावती सीट से भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा को हार मली है। उनका मुकाबला महा विकास अघाड़ी (एमवीए) प्रत्याशी बलवंत वानखड़े से था। वानखेड़े को जीत मिली है। 

09:38 PM, 04-Jun-2024

मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से जीत हासिल की

चुनाव आयोग का कहना है कि भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को 1.38 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया। 

 

09:29 PM, 04-Jun-2024

अन्नामलाई ने अपनी हार स्वीकार की, प्रतिद्वंदी को दी बधाई

तमिलनाडु भाजपा प्रमुख और कोयंबटूर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार अन्नामलाई ने अपनी हार स्वीकार की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी डीएमके नेता गणपति राजकुमार पी को बधाई दी।
 

 

09:09 PM, 04-Jun-2024

एनडीए सरकार जोर भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने पर रहेगा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा 'तीसरे कार्यकाल में एनडीए सरकार का बहुत ज्यादा जोर हर तरह के भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने का होगा। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए हमेशा से दल से बड़ा देश रहा है। सेवा भाव से बड़ी राजनीति कोई नहीं हो सकती। इसलिए हमें सेवाभाव को सर्वोपरि रखने को निरंतर मजबूत रखना है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जनआकांक्षाओं, जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करना है। जरूरी है कि समाज के हर वर्ग से और हर व्यक्ति से निरंतर संवाद करते रहें।'

09:05 PM, 04-Jun-2024

आने वाला समय भारत का समय है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा 'हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा न हो जाए। अब देश सेमीकंडक्टर्स के क्षेत्र में और काम करेगा। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक देश का रक्षा सेक्टर आत्मनिर्भर नहीं बन जाता। हम युवाओं को हर क्षेत्र में सशक्त करेंगे। किसानों के लिए बीज से बाजार तक आधुनिक रीतियों को बनाने का काम प्राथमिकता पर होगा। हम हमारे किसानों को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करते रहेंगे। आने वाला समय भारत का समय है।'

09:02 PM, 04-Jun-2024

आप एक कदम चलेंगे, मैं चार कदम चलूंगा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा 'देश के कोने-कोने में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को कहूंगा कि आपकी मेहनत इतनी गर्मी में आपका बहाया पसीना ये मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। मैं देशवासियों से दोबारा दोहराना चाहता हूं कि 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। आप एक कदम चलेंगे, मोदी चार कदम चलेगा। तीसरे कार्यकाल में देश बडे़ फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा। ये मोदी की गारंटी है।'

09:00 PM, 04-Jun-2024

देश की कोटि-कोटि माताओं बहनों ने मुझे नई प्रेरणा दी- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा 'देश की कोटि-कोटि माताओं बहनों ने मुझे नई प्रेरणा दी है। पिछले 10 साल में देश ने बहुत बड़े फैसले लिए। राष्ट्रप्रथम की भावना हमें असामान्य लक्ष्य हासिल करने का हौसला देती है।'

08:59 PM, 04-Jun-2024

देश के इतिहास में महिलाओं द्वारा दिए गए वोटों से रिकॉर्ड टूट गया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा 'देश के इतिहास में महिलाओं द्वारा दिए गए वोटों से रिकॉर्ड टूट गया। इस प्यार अपनेपन को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। ये मेरे मन-मस्तिष्क के कोने-कोने में बसा है। देश की कोटि-कोटि माताओं-बहनों ने मुझे नई प्रेरणा दी है। राष्ट्र प्रथम की भावना हमें लक्ष्य हासिल करने का हौसला देती है। हमने दुनिया की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। आजादी के 70 साल बाद 12 करोड़ लोगों को नल से जल मिला है। आजादी के 70 साल बाद चार करोड़ जनधन खाते खुले हैं। अनुच्छेद 70 हटा, बैंकिंग रिफॉर्म हुए, जीएसटी आई। आप याद करिए कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, हमने हर दबाव से हटकर कदम उठाया और इसी का नतीजा है कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी इकोनॉमी है। राष्ट्र प्रथम की यही भावना भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी। साथियों हमारे सामने एक महान संकल्प है। विकसित भारत का संकल्प। 10 साल के बाद लगातार तीसरी बार जनता-जनार्दन का प्यार, उनका आशीर्वाद हमारा हौसला बढ़ाता है। हमारे संकल्प को नई मजबूती, ऊर्जा देता है। हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी इस लोकसभा चुनाव में अकेले भाजपा ने जीती हैं।'

08:54 PM, 04-Jun-2024

पीएम मोदी ने मंच से चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार का नाम लिया

पीएम मोदी ने कहा 'आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। दोस्तों 10 साल पहले देश ने हमें जनादेश दिया था। 2013-14 में देश एक निराशा की गर्त में डूब चुका था। हर दिन अखबारों की हेडलाइन ऐसी ही होती थीं। ऐसे समय में देश ने हमें निराशा के गहरे सागर से आशा के मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था।'

08:53 PM, 04-Jun-2024

तेलंगाना में हमारी संख्या दोगुना हो गई है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा 'तेलंगाना में हमारी संख्या दोगुना हो गई है। मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल और ऐसे कई राज्यों में हमारी पार्टी ने लगभग क्लीन स्वीप किया है। मैं इन सभी राज्यों और अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और सिक्किम विधानसभा के मतदाताओं का भी आभार व्यक्त करता हूं। मैं इन राज्यों की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि केंद्र सरकार आपके विकास के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।' 
 

08:52 PM, 04-Jun-2024

ओडिशा में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा 'इस बार चुनाव में कुछ और चीजें देखने को मिलीं। अरुणाचल हो या सिक्किम, आंध्र प्रदेश हो या ओडिशा, कांग्रेस को जमानत बचाना भी मुश्किल हो गया। ओडिशा में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। यह पहली बार होगा जब महाप्रभु जगन्नाथ की जमीन पर भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। पीढ़ियों से जिस क्षण का इंतजार किया, वह आज सफलता को चूमने लगी है।' 

08:41 PM, 04-Jun-2024

ये लोकतंत्र की जीत है- पीएम मोदी

भाजपा मुख्यालय में पीएम मोदी ने कहा कि ये लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा 'हम सभी जनता जनार्दन के हम सभी ऋणी हैं। जनता ने भाजपा पर एनडीए पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की यह विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। यह भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ, सबका विकास की जीत है। इस मंत्र की जीत है। ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करुंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता के साथ संपन्न कराया है। करीब 100 करोड़ मतदाता, 11 लाख पोलिंग स्टेशन, 1.5 करोड़ मतदान कर्मी, 55 लाख वोटिंग मशीनों के साथ काम किया। भारत की चुनाव प्रक्रिया, चुनाव के पूरे सिस्टम पर हर भारतीय को गर्व है। मैं इन्फ्लुएंसर्स को कहूंगा, ओपनियन मेकर्स को कहूंगा कि भारतीय लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की ताकत हैं। ये अपने आप में बहुत बड़ा गौरव का विषय है। इस चुनाव के, इस जनादेश के कई पहलू हैं। पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है।'
 

 

08:38 PM, 04-Jun-2024

'जहां हम दूर-दूर तक नहीं थे, उस केरल में कमल खिला'- जेपी नड्डा

जेपी नड्डा ने कहा ‘जहां हम दूर दूर तक नहीं थे, उस केरल में कमल खिला है।’ उन्होंने आगे कहा ‘मोदी सरकार गरीबों के लिए काम करती रहेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली और दुनिया ने भी इस बात की सराहना की। पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं और इसी के साथ भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगी।’

08:36 PM, 04-Jun-2024

जेपी नड्डा ने विपक्ष पर साधा निशाना

जेपी नड्डा ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा ‘विपक्ष नकारात्मक सोच के साथ काम करता है। चुनाव के दौरान इन्होंने झूठ फैलाया और फर्जी वीडियो फैलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। विपक्ष के नेताओं ने पीएम मोदी को अपशब्द कहे। यह विपक्ष की बौखलाहट है। लोगों ने इस अवसरवादी गठबंधन को बार बार खारिज किया है।’

08:26 PM, 04-Jun-2024

भाजपा अध्यक्ष जेपी ने नड्डा मतदाताओं का धन्यवाद प्रकट किया

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा ‘मैं भाजपा कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिनंदन करता हूं और हार्दिक धन्यवाद देता हूं। मतदाताओं ने देश को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने दिया और पीएम मोदी के नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया। ऐसे करोड़ों देशवासियों को मैं हार्दिक धन्यवाद देता हूं। 2014 के बाद मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार बनी। इस मजबूत सरकार को 2019 में फिर से जनता का आशीर्वाद मिला। अब 2024 में पीएम मोदी की नीतियों को जनता ने आशीर्वाद दिया।’ 

08:16 PM, 04-Jun-2024

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम का जोरदार स्वागत किया।
 

08:02 PM, 04-Jun-2024

कल दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हो सकती है

कल देश की राजधानी दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होने की संभावना है। 



 

 

07:44 PM, 04-Jun-2024

गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया 

गृहमंत्री अमित शाह ने चुनाव नतीजों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा  ‘भाजपा को तीसरी बार मिली यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और देश के हर भू-भाग में मेहनत करने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को मैं बधाई देता हूँ। भाजपा के लिए उनके कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी पूंजी हैं। आप सभी ने जिस परिश्रम से उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक गली-गली, घर-घर जाकर मोदी जी के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा है, वह सचमुच सराहनीय है। मैं आप सभी को इस भगीरथ प्रयास के लिए मनपूर्वक शुभकामनाएं देता हूँ। मुझमें पुनः अपना विश्वास प्रकट करने के लिए गाँधीनगर लोकसभा क्षेत्र की जनता को नमन करता हूँ। क्षेत्र के विकास व क्षेत्रवासियों की समृद्धि और उन्नति के लिए मैं निरंतर संकल्पित भाव से कार्य करता रहूँगा। विकसित भारत के निर्माण में गाँधीनगर की अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करने के लिए मैं कटिबद्ध हूं। मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक-एक व्यक्ति को मिले और गाँधीनगर देश के सबसे विकसित क्षेत्र में से एक बने, यह सदैव मेरी प्राथमिकता रहेगी।’ 

07:28 PM, 04-Jun-2024

पीएम मोदी ने जनता का आभार प्रकट किया

पीएम मोदी ने चुनाव नतीजों के बाद जनता का आभार प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ‘देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है।  भारत के इतिहास में ये एक अभूतपूर्व पल है। मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई उमंग, नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे। सभी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण भाव से अथक मेहनत की है, मैं इसके लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं।’
 

06:50 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: अयोध्या सीट की हार पर ममता बनर्जी का तंज

अयोध्या लोकसभा सीट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगी, चुनाव हो गए हैं। बात यह है कि देश के असली शंकराचार्य-संत उन्होंने इसके खिलाफ में कहा था और आपने अयोध्या के लोगों की भावना देख ली है, उन्होंने अपनी राय दे दी है। मुझसे ज़्यादा वे(अयोध्यावासी) कह सकते हैं।'
 

06:31 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live: ममता बनर्जी ने पीएम मोदी से मांगा इस्तीफा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री ने बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं किया। प्रधानमंत्री अपनी साख खो चुके हैं, उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि उन्होंने कहा था कि इस बार 400 पार। मैने आपसे कहा था कि 200 पार भी होगा या नहीं पता नहीं। अब उन्हें TDP और नीतीश कुमार के पैर पकड़ने होंगे।'
 

06:10 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Elections in India 2024 Results: अमेठी जीत पर ये बोले राहुल गांधी, यूपी की जनता को दिया धन्यवाद

अमेठी में कांग्रेस की जीत पर राहुल गांधी ने कहा 'भाजपा लोगों की इज्जत नहीं करती। तमीज से बात नहीं करती। किशोरी लाल शर्मा जी 40 साल से अमेठी में काम कर रहे थे। शायद भाजपा को यह बात समझ नहीं आई कि वह अमेठी की जमीन से जुड़े थे। उन्हें यह कहना कि वह पीए हैं, स्टेनो हैं। यह कहना गलत बात थी। यह नहीं कहना चाहिए था। यूपी की जनता से मैं कहना चाहता हूं कि आपसे ज्यादा राजनीतिक समझ। मतलब आपने कमाल कर के दिखा दिया। यूपी में हिंदुस्तान की राजनीतिक समझ का मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। कसम से संविधान की रक्षा के लिए मैं यूपी का धन्यवाद देना चाहता हूं। एक और बात यूपी के लिए कहना चाहता हूं कि इसमें मेरी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा का भी योगदान है, जो यहां छिपी बैठी हैं।'

06:06 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Counting Live: जदयू, तेदेपा से गठबंधन पर ये बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा 'अंत में मैं आपको कह दूं कि इस संविधान को बचाने का काम भारत के सबसे गरीब लोगों ने किया है। किसानों ने किया है, मजदूरों ने किया है, दलितों ने किया है, आदिवासियों ने किया है। बहुत सारे लोग इसे बचाने में चुप रह गए थे। लेकिन गरीब लोगोें ने इसे बचा लिया है। हम उनसे कहना चाहते हैं कि जो हमने आपसे वादे किए थे, वो हम पूरे करेंगे। जातिगत जनगणना, महालक्ष्मी योजना ये हमारे वादे थे। हम इन्हें पूरा करेंगे।'

तेदेपा और जदयू का साथ लेने के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा 'हमने पहले भी कहा है कि हम अपने साथियों के साथ बैठक करेंगे। कल वह बैठक होगी और इस पर जवाब दिया जाएगा। हम अपने साथियों की इज्जत करते हैं और इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।'

06:03 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Counting Live: 'देश की जनता संविधान से छेड़छाड़ नहीं चाहती'

राहुल गांधी ने कहा कि 'कांग्रेस पार्टी के हर नेता ने 2-3 सीटें कीं। सबसे पहले हमने इंडिया गठबंधन के साथियों का सम्मान किया और हम एक होकर लड़े। हमने हिंदुस्तान की जनता को एक नया विजन दे दिया है। इंडिया गठबंधन ने हिंदुस्तान को सांस दे दी है। जो आरक्षण पर,  संविधान पर भाजपा ने हमला किया। गरीबों पर, अदाणी जी के आपने स्टॉक देखे आज। मोदीजी की हार होती है तो स्टॉक मार्केट कहता है कि मोदीजी गए तो अदाणी गए। देश ने सीधे तौर पर कहा है कि हम पीएम मोदी और अमित शाह को इस देश को चलाते नहीं देखना चाहते। हम उन्हें संविधान से छेड़छाड़ करते नहीं देखना चाहते। मैं सभी का शुक्रिया करना चाहता हूं।'

06:01 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live Result: 'जनता ने हमारा साथ दिया'

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा 'जहां तक आप हमारी मदद कर सकते थे। वहां तक आपने की। यह चुनाव इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं लड़ी। ये चुनाव हम भाजपा, एक राजनीतिक दल, भारत के संस्थान, भारत का जो गवर्नेंस का स्ट्रक्चर है। ईडी, सीबीआई, आधी न्यायपालिका उन सबके खिलाफ लड़े। क्योंकि इन सभी संस्थाओं को नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने डराया धमकाया। प्रेस की तो मैं बात कहता रहा हूं। मैं हमेशा कहता हूं कि आपका रोल रहना चाहिए। आपनके इमोशंस कहां थे, हमें मालूम है। लड़ाई संविधान को बचाने की थी। मैं आपको सच बताऊं तो मेरे दिमाग में पहले से था कि जब इन्होंने हमारा मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला, बैंक अकाउंट सीज किया। मेरे दिमाग में था कि हिंदुस्तान की जनता अपने संविधान की रक्षा के लिए लड़ जाएगी। और वही हुआ। मैं अपने इंडिया गठबंधन के साथियों, कांग्रेस के बब्बर शेर कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं। आपने संविधान को बचाने का सबसे बड़ा कदम ले लिया है।'

05:55 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: खरगे ने गांधी परिवार को कहा धन्यवाद

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा 'लोगों को ये विश्वास हो गया था कि मोदीजी को एक मौका और मिला तो अगला हमला संविधान और लोकतंत्र पर होगा। खुशी इस बात की है कि भाजपा इस षड़यंत्र में सफल नहीं हो पाई। मैं इस मौके पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का धन्यवाद करना चाहता हूं। इन्होंने दिन रात देश में कैंपेन किया और हमें यहां तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।'

खरगे ने कहा कि 'भाजपा ने विपक्ष को दबाने की कोशिश की और जो नहीं दबे उन्हें तोड़ दिया। हम इंडिया गठबंधन के साथियों का धन्यवाद करना चाहते हैं। हमारे लाखों कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के लिए प्रचार किया और एक दूसरे की मदद की। हमें आने वाले दिनों में लोगों के अधिकारों और संविधान के बचाव के लिए सीमाओं को बचाने के लिए, लोगों के हितों के लिए यह अभियान जारी रखना होगा।'

05:53 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: 'भाजपा ने एक चेहरे और कांग्रेस ने मुद्दों पर चुनाव लड़ा'

खरगे ने कहा 'भाजपा ने एक व्यक्ति और एक चेहरे के नाम पर वोट मांगा। जो व्यक्ति बार बार अपने नाम से ही वोट मांगते थे, उनकी ये बहुत बड़ी हार है। ये उनको बड़ा नुकसान हुआ है। आप जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी और हमारे इंडिया गठबंधन ने प्रतिकूल माहौल में चुनाव लड़ा। सरकारी मशीनरी ने अवरोध डाला। फिर भी कांग्रेस पार्टी का सकारात्मक कैंपेन जारी रहा। हमने बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों की बदहाली और सरकारी संस्थाओं की बदहाली को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़े। लोगों ने हमारा समर्थन किया। प्रधानमंत्री ने जिस तरह का अभियान चलाया, वह इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। कांग्रेस ने जो हमारे घोषणापत्र को लेकर झूठ फैलाया, उसका जनता ने जवाब दिया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में लोगों की समस्याओं को सुना गया और उनके हल के लिए काम किया गया। हमने उन्हीं हल को पांच न्याय और 25 गारंटियों का नाम दिया और इसके जरिए हम लोगों तक पहुंचे।'

05:50 PM, 04-Jun-2024

Congress Press Conference: 'ये जनता के नतीजे, जनता की जीत'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'आज जो देश में चुनाव के नतीजे आए हैं। मैं ये कहूंगा कि ये जनता के नतीजे हैं। ये जनता की जीत है। लोकतंत्र की जीत है। हम पहले भी कह रहे थे कि यह लड़ाई मोदी वर्सेज जनता और मोदी वर्सेज आम लोग हैं। हम इस जनमत को विनम्रतसे स्वीकार करते हैं।'

05:49 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: दक्षिण का किला एक बार फिर भाजपा नहीं भेद पाई

इस बार भाजपा दक्षिण में काफी जोर लगाया था और पार्टी को उम्मीद थी कि इस बार दक्षिण के राज्यों में उसकी सीटों की संख्या बढ़ेगी। हालांकि पिछली बार की तरह इस बार भी भाजपा दक्षिण के पांच राज्यों में भाजपा 29 सीटें ही जीत सकी। भाजपा को इस बार उत्तर में भी नुकसान उठाना पड़ा। 

05:23 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live Result: कोटा सीट से जीते भाजपा नेता ओम बिरला

राजस्थान की कोटा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा नेता ओम बिरला को जीत का प्रमाण पत्र मिला। बोले, 'जनता ने मुझे जो आशीर्वाद दिया है उसके लिए मैं उनका ऋणी हूं, मेरी कोशिश होगी कि मैं जनता की अपेक्षाओं को पूरा करूं।'
 

05:20 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live Result: मुंबई दक्षिण मध्य सीट से शिवसेना यूबीटी के अनिल देसाई जीते

एनसीपी उम्मीदवार सुनील तटकरे रायगढ़ सीट से जीते। तटकरे ने शिवसेना यूबीटी के अनंत गीते को 82 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। 

टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा की बहन और भाजपा की उम्मीदवार कृति देवी देबबर्मन ने त्रिपुरा पूर्व सीट से 4.86 लाख वोटों से जीत हासिल की है। 

कर्नाटक में पूर्व सीएम बासवराज बोम्मई हावेरी और येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र शिमोगा सीट से जीत हासिल करने में सफल रहे। 

मुंबई दक्षिण मध्य सीट से शिवसेना यूबीटी के अनिल देसाई ने शिवसेना के राहुल शेवाले को 53 हजार से ज्यादा वोट से हराया। 

05:12 PM, 04-Jun-2024

Maharashtra Election Results: महाराष्ट्र सीएम बोले- जनता ने विकास को वोट दिया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'ठाणे से हमारे उम्मीदवार नरेश म्हस्के को भारी जीत हासिल हुई है, मैं इन्हें बधाई देता हूं... वे ठाणे लोकसभा का विकास करेंगे... मैं सभी का और PM मोदी का अभिनंदन करता हूं, वे तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे... PM मोदी विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ रहे थे... इस देश की जनता ने विकास को वोट दिया है... जिन लोगों ने कहा था कि PM मोदी को तड़ीपार करो, उन लोगों को सत्ता से दूर रखकर जनता ने तड़ीपार कर दिया है।'
 

05:08 PM, 04-Jun-2024

उमर अब्दुल्ला बोले- 'अब्दुल रशीद शेख से मुकाबला मुश्किल रहा'

JKNC उपाध्यक्ष और बारामु्ला लोकसभा सीट से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने हार के बाद कहा, 'जहां तक मेरे अपने सीट की बात है तो मैं ऐसे आपसे बात नहीं करना चाहता था... बारामुला के लोगों ने जो फैसला सुनाया है वह हमारे सिर-आंखों पर, मैं जानता था कि यह मुकाबला मुश्किल होगा। अब्दुल रशीद शेख जब मैदान में उतरे तो उनके खिलाफ मुकाबला करना थोड़ा मुश्किल रहा। चुनाव में हार जीत होती है।'
 

04:59 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: अक्षय यादव बोले- सपा को वो वोट मिला, जो 20-25 वर्षों से नहीं मिला

फिरोजाबाद लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अक्षय यादव ने कहा, 'मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझपर भरोसा जताया। मैं फिरोज़ाबाद की जनता का भी धन्यवाद करता हूं... हम पहले दिन से कह रहे थे कि समाजवादी पार्टी को इस बार वह वोट मिल रहा है जो 20-25 सालों में नहीं मिला और उसी की वजह से आज उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें समाजवादी पार्टी-INDIA गठबंधन को मिल रही है।'
 

04:57 PM, 04-Jun-2024

Jharkhand Election Results: झारखंड में भाजपा आठ सीटों पर आगे

झारखंड में भाजपा 8 सीटों पर आगे है। वहीं झामुमो तीन सीटों पर आगे है। कांग्रेस दो सीटों पर आगे चल रही है। 

04:51 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: कर्नाटक में कांग्रेस ने सुधारे अपने आंकड़े

कर्नाटक में कांग्रेस आठ सीटों पर आगे चल रही है। पिछले चुनाव में सिर्फ एक सीट जीतने वाली कांग्रेस ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में फंसे जेडीएस के प्रज्ज्वल रेवन्ना हार गए हैं और हासन से कांग्रेस उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 

04:47 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: 'हमने बहुत मेहनत की, लेकिन नतीजे निराशाजनक'

तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर ने कहा, 'देखिए, यह निश्चित रूप से निराशाजनक है, क्योंकि हमने बहुत मेहनत की है। हमने बहुत सकारात्मक अभियान चलाया। हमने लोगों के सामने आने वाले वास्तविक मुद्दों पर बात की। हम अपने प्रतिद्वंद्वियों की तरह विभाजन या झूठ के प्रलोभन में नहीं पड़े लेकिन, परिणाम यह है कि तिरुवनंतपुरम के 3.4 लाख लोगों ने हमारा समर्थन किया। हमें इतने वोट पहले कभी नहीं मिले और इस बार भाजपा को 35.7% वोट शेयर मिलें, जो फिर से रिकॉर्ड वोट शेयर हैं। इसलिए मेरा मानना है कि हम सही रास्ते पर हैं। हां, मैं निराश हूं कि मैं जीत नहीं सका। हां, मैं निराश हूं कितिरुवनंतपुरम के अधिकांश लोगों ने मेरी उम्मीदवारी का समर्थन नहीं किया लेकिन चुनावी राजनीति की यही प्रकृति है और मुझे इसमें बहुत अधिक निराशा नहीं दिखती... हमने बहुत मेहनत की... हम निश्चित रूप से इसका विश्लेषण करेंगे और पता लगाएंगे।'
 

04:35 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Live: 'मोदी जी की सरकार नहीं बन रही है'

शिवसेना(UBT) के नेता संजय राउत ने कहा, 'अयोध्या, फैज़ाबाद में भाजपा हार गई...देश की जनता ने नरेंद्र मोदी जी को नकारा है, उन्हें फेयरवेल दिया है... 2024 में भाजपा को बहुमत नहीं मिला है। राहुल गांधी का नेतृत्व और राज्यों का प्रदर्शन, चाहे ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, शरद पवार, अखिलेश यादव , तेजस्वी जी, सभी ने जी जान से मेहनत की और मोदी-शाह के अहंकार को खत्म किया। मैं दावे के साथ कहता हूं मोदी जी सरकार नहीं बन रही है। अब ये तोड़-फोड़ करके सरकार बनाने की कोशिश करेंगे तो सड़क पर उतरेंगे।'
 

04:31 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live: आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू के घर जश्न का माहौल

आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में TDP प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी की शानदार जीत के बाद परिवार के साथ जश्न मनाया।
 

04:27 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Live: मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से हारे भाजपा उम्मीदवार उज्जवल निकम

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भाजपा उम्मीदवार उज्जवल निकम को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ ने जीत हासिल की है। 

04:11 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: बिहार की काराकाट सीट से सीपीआईएमएल के राजा राम सिंह आगे

बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से सीपीआईएमएल के राजा राम सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा तीसरे नंबर पर हैं। निर्दलीय पवन सिंह दूसरे नंबर पर हैं। 

04:08 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live Result: आजमगढ़ लोकसभा सीट पर सपा के धर्मेंद्र यादव ने बनाई निर्णायक बढ़त

उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा के धर्मेंद्र यादव एक लाख से ज्यादा वोटों से ज्यादा की बढ़त बना ली है। भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ दूसरे नंबर पर हैं। 

04:05 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election 2024 Result Live: यूपी में कांग्रेस को मिली संजीवनी

उत्तर प्रदेश में हाशिए पर पहुंची कांग्रेस को इन चुनाव में संजीवनी मिली है और पार्टी सात लोकसभा सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस राज्य की सहारनपुर, अमरोहा, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, इलाहाबाद और बाराबंकी सीट से आगे चल रही है। 

03:58 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Live: लोजपा रामविलास के पांचों उम्मीदवार आगे

बिहार के पटना में LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के आवास पर जश्न मनाया गया। लोजपा के पांचों उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। 
 

03:50 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Counting Live: कोटा से ओम बिरला आगे

राजस्थान की कोटा सीट से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कांग्रेस के प्रहलाद गुंजल से आगे चल रहे हैं। 
 

03:43 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Counting Live: थरूर बोले- हमारे अनुमान के आसपास मिल रहे नतीजे

तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा, 'भाजपा को बहुत मजबूत संदेश मिला है कि केरल में सांप्रदायिक कैंपेन नहीं चलेगी...मैं पूरे भारत में कैंपेन के दौरान ज़मीनी स्तर पर जो देखा था,  मैंने पहले ही कहा था कि एग्जिट पोल उसके अनुरूप नहीं हैं। कैंपेन के दौरान हमने जो देखा था उसी के आस-पास नतीजे आज हमें मिल रहे हैं।'
 

03:26 PM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Counting Live: मणिपुर की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस आगे

मणिपुर की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। ये रुझान राज्य की सत्ताधारी भाजपा के लिए झटका है। 

12:47 AM, 04-Jun-2024

Lok Sabha Election Result Live: खरगे के आवास पर जुटेंगे विपक्षी नेता, नीतीश-चंद्रबाबू से बातचीत पर होगा फैसला

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनावी महोत्सव में जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, इसका फैसला आज हो जाएगा। इस लोकसभा चुनावों में देश की 543 सीटों पर 744 पार्टियों के 8360 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी और दोपहर तक साफ हो जाएगा कि देश में फिर मोदी सरकार बनेगी या विपक्षी गठबंधन सत्ता में आएगा। इसके साथ ही, 80 दिन लंबी चली चुनावी प्रक्रिया, पार्टियों के दावों-प्रतिदावों के बीच लोकतंत्र के महोत्सव का समापन हो जाएगा। देश के इतिहास में यह दूसरी सबसे लंबी चुनावी प्रक्रिया रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें