फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election 2024 Live: कांग्रेस-BJP के उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी, शोभा करंदलाजे पर चुनाव आयोग सख्त

Fri, 22 Mar 2024 12:01 AM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi : देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है। पहले चरण के मतदान के लिए अधिसूचना भी बीते दिन जारी हो चुकी है। अब तक भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दो-दो सूची जारी कर दी हैं। ऐसे में आज दोनों ही पार्टियों की ओर से तीसरी सूची जारी की जा सकती है।
विज्ञापन
Lok Sabha Elections 2024 - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:01 AM, 22-Mar-2024

कांग्रेस प्रचार अभियान समिति प्रमुख बने पृथ्वीराज चव्हाण

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 

10:01 PM, 21-Mar-2024

गुजरात में 6 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त
लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता को लागू करने के लिए चुनाव आयोग (ईसी) द्वारा तैनात किए गए फ्लाइंग स्क्वायर्ड ने गुजरात में शराब और कीमती धातुओं समेत 5.92 करोड़ रुपये के सामान और वाहन जब्त किए हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्रैल-मई चुनाव के लिए चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद 16 से 20 मार्च के बीच यह जब्ती की गई।

इन दस्तों ने 5.92 करोड़ रुपये मूल्य की वस्तुओं को रोका और जब्त किया है, जिसमें 1.35 करोड़ रुपये मूल्य की 39,584 लीटर शराब, 2.28 करोड़ रुपये मूल्य का 3.41 किलोग्राम सोना और चांदी, साथ ही मोटर वाहन, मोटरसाइकिल जैसी अन्य वस्तुएं शामिल हैं। चुनाव आयोग ने 16 मार्च को 19 अप्रैल से शुरू होने वाले सात चरण के आम चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की और 4 जून को मतगणना निर्धारित की। गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर मतदान 7 मई को एक ही चरण में होगा।

09:57 PM, 21-Mar-2024

कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी सूची
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की नामों की तीसरी सूची जारी की है। इस सूची में अरुणाचल प्रदेश से 2, गुजरात से 11, कर्नाटक से 17, महाराष्ट्र से 7, तेलंगाना से 5, पश्चिम बंगाल से 8, पुदुचेरी की एक सीट पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। राजस्थान से 5 सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि एक सीट सीपीआई(एम) को दी है।

विज्ञापन
09:55 PM, 21-Mar-2024

उद्धव बोले- शिवाजी के वंशज शाहू महाराज को हमारा समर्थन
शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज छत्रपति शाहू महाराज को लोकसभा चुनाव में विजयी बनाने के लिए रैली करेगी। हालांकि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने अप्रैल-मई चुनावों के लिए अपनी सीट-बंटवारे के समझौते को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया है, लेकिन ठाकरे ने कहा कि शाहू महाराज दक्षिण-पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर से विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। 

शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) एमवीए के घटक हैं, जो एक राज्य-स्तरीय समूह है जो इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है। कोल्हापुर में शाहू महाराज से मुलाकात के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा, 'ठाकरे परिवार और शाहू महाराज के बीच मेरे दादाजी के समय से गहरा संबंध रहा है। मुझे यकीन है कि यह रिश्ता वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों में भी बरकरार रहेगा।'
 

08:22 PM, 21-Mar-2024

एमपी, यूपी और जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर चर्चा
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की गुरुवार को बैठक हुई। यह पहली बार है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता वाले पैनल ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश के उम्मीदवारों पर चर्चा की।

यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी और जम्मू-कश्मीर इकाई प्रमुख विकार रसूल वानी अपने-अपने राज्यों के लिए आयोजित बैठकों में मौजूद थे। इसके अलावा, एआईसीसी के राज्य प्रभारी - अविनाश पांडे (यूपी), जितेंद्र सिंह (एमपी) और भरतसिंह सोलंकी भी मौजूद थे, जब उनके संबंधित राज्यों के उम्मीदवारों पर चर्चा की गई। कांग्रेस ने 19 अप्रैल से शुरू होने वाले सात चरण के लोकसभा चुनावों के लिए अब तक दो सूचियों में 82 उम्मीदवारों की घोषणा की है।

विज्ञापन
08:13 PM, 21-Mar-2024

कांग्रेस ने लालबियाकजामा को लोकसभा चुनाव का टिकट
कांग्रेस ने गुरुवार को मिजोरम पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी और राज्य के पूर्व गृह सचिव लालबियाकजामा को पूर्वोत्तर राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा। राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को मतदान होना है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख लाल थंजारा ने कांग्रेस भवन में पार्टी नेताओं और पत्रकारों की मौजूदगी में लालबियाकजमा के नाम की घोषणा की। लाल थंजारा ने कहा कि 28 मार्च से शुरू होने वाले अभियान के दौरान मिजो संस्कृति और धर्म की सुरक्षा और संरक्षण पार्टी का प्राथमिक फोकस होगा।

07:14 PM, 21-Mar-2024

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'भाजपा नेता सीटी रवि के खिलाफ चिक्कमगलूर डीईओ ने 20 मार्च को आईपीसी की धारा 153 ए और आरपी अधिनियम की धारा 126 के तहत चिक्कमगलूर टाउन पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

07:08 PM, 21-Mar-2024

डीएमके का घोषणा पत्र हास्यास्पद- सेलुर के राजू
एआईएडीएमके के पूर्व मंत्री सेलुर के राजू ने कहा कि डीएमके के चुनाव घोषणापत्र को पढ़ना हास्यास्पद है। डीएमके तमिल लोगों को कितने वर्षों तक धोखा देगी। डीएमके ने झूठे वादे किए हैं। एआईएडीएमके के सरवनन आगामी संसदीय चुनावों में मदुरै निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। एआईएडीएमके पार्टी में साधारण कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाता है। 
हमारी पार्टी में उत्तराधिकार की कोई राजनीति नहीं है। डीएमके ने पिछले कुछ वर्षों में तमिल लोगों के लिए क्या किया है। हमारा घोषणापत्र राज्य के लोगों से झूठे वादे नहीं करेगा जैसा कि द्रमुक का घोषणापत्र करता है। द्रमुक पहले ही विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।

07:06 PM, 21-Mar-2024

लोगों की सेवा में काम करने का प्रयास जारी- ज्योतिरादित्य
नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने फैसले लेते हैं। मेरा संकल्प गुना-शिवपुरी अशोकनगर के लोगों के प्रति है। मैंने लोगों की सेवा में काम करने का प्रयास किया है, उनके आशीर्वाद से आगे बढ़ रहा हूं और मैं ऐसा करना जारी ऱखूंगा।
 
 

07:03 PM, 21-Mar-2024

कूच बिहार लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि कूच बिहार के लोगों ने हमें पहले भी दोनों हाथों से आशीर्वाद दिया है, वे हमें फिर से आशीर्वाद देंगे। हम उस तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। 

07:02 PM, 21-Mar-2024

मैं अपनी जीत पर पूरी तरह आश्वस्त- पंकजा मुंडे
भाजपा नेता पंकजा गोपीनाथ मुंडे ने कहा कि मैं अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हूं। हम लोगों के बीच जाएंगे, राजनीति में अपने 22 साल के अनुभव और लोगों के साथ बनाए रिश्तों से मुझे पूरा भरोसा है। मैं बहुत सम्मानजनक जीत हासिल करूंगा।

07:00 PM, 21-Mar-2024

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता निसिथ प्रमाणिक ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया।

06:55 PM, 21-Mar-2024

मैं ममता दीदी का आभारी हूं- युसूफ पठान
पूर्व क्रिकेटर और बरहामपुर से टीएमसी के उम्मीदवार यूसुफ पठान ने कहा कि मुझे आपकी सेवा करने का मौका देने के लिए मैं ममता दीदी का आभारी हूं। पिछले कई सालों से जब मैं केकेआर के लिए खेलता था तो मुझे प्यार दिया, आज जब मैं यहां आया और आपको देखा, आज मैं उस प्यार को बहुत करीब से देख सकता हूं। मैं चाहता हूं कि यह प्यार हमेशा बना रहे।

06:47 PM, 21-Mar-2024

मोदी सरकार के विज्ञापनों के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार के लिए राज्य के संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को 'मोदी परिवार' और 'मोदी की गारंटी' विज्ञापनों के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद और सुप्रिया श्रीनेत समेत कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात की और लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन के बारे में शिकायतों का एक सेट सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
 

06:14 PM, 21-Mar-2024

भाजपा ने तीसरी लिस्ट जारी करते हुए नौ उम्मीदवारों की घोषणा की है। कोयंबटूर से अन्नामलाई को भाजपा ने चुनावी मैदानी में उतारा है। चेन्नई साउथ से तमिलिसाई सुंदरराजन को उम्मीदवार बनाया गया है। 
 

05:46 PM, 21-Mar-2024

टीएमसी ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा चार जिलाधिकारियों का स्थानांतरण उसके रुख की पुष्टि करता है कि भाजपा पिछले चुनावों में लोगों की अस्वीकृति का सामना करने के बाद चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही थी।

चुनाव आयोग ने गुरुवार को कई राज्यों के गैर-कैडर जिला मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधीक्षकों को इस आधार पर हटा दिया कि ये पद आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के लिए थे। सूची में पश्चिम बंगाल के पूर्ब मेदिनीपुर, झारग्राम, पूर्ब बर्धमान और बीरभूम जिलों के डीएम शामिल थे।

05:43 PM, 21-Mar-2024

कांग्रेस होली के बाद झारखंड लोकसभा सीटों के लिए नामों की घोषणा करेगी
होली के त्योहार के बाद कांग्रेस झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के सहयोगी अपने उम्मीदवारों की घोषणा अलग से करेंगे। जानकारी के मुताबिक, झारखंड लोकसभा सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होली के बाद 27 मार्च या 28 मार्च को की जाएगी। झारखंड में 'इंडिया' विपक्षी गठंबधन के नेताओं ने दावा किया है कि राज्य के सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों के लिए सीट-बंटवारे समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है।
 

05:33 PM, 21-Mar-2024

शोभा करंदलाजे के बयान पर चुनाव आयोग सख्त
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शोभा करंदलाजे पर तमिलनाडु के लोगों पर उनकी हालिया टिप्पणियों को लेकर कथित तौर पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी। यह कदम चुनाव आयोग द्वारा कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को करंदलाजे द्वारा उल्लंघन के संबंध में द्रमुक की शिकायत पर तत्काल और उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने के एक दिन बाद आया है। चुनाव आयोग ने 48 घंटे के भीतर मामले पर अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी।

04:48 PM, 21-Mar-2024

सीडब्ल्यूसी की बैठक में उठाए मुद्दे- पवन खेड़ा
जाति जनगणना पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के पत्र पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि आनंद शर्मा एक वरिष्ठ नेता हैं। वह सीडब्ल्यूसी के सदस्य भी हैं इसलिए अगर वह कुछ भी चर्चा करना चाहते हैं, तो कर सकते हैं।

04:45 PM, 21-Mar-2024

कांग्रेस खुद को ही बेनकाब कर रही- शहजाद
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में जाति जनगणना पर सवाल उठाने पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस खुद ही कांग्रेस को बेनकाब कर रही है और गांधी-वाड्रा को आईना दिखा रही है और उन्हें उनका असली चेहरा और पाखंड दिखा रही है। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना को पंडित नेहरू ने रोक दिया था और मंडल आयोग का इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने विरोध किया था। यहां तक कि अखिलेश यादव जैसे उनके सहयोगियों ने भी उनके पाखंड को बार-बार उजागर किया है।

04:36 PM, 21-Mar-2024

यह डीएमके का राजनीतिक एजेंडा- डीके शिवकुमार
डीएमके के घोषणापत्र में मेकेदातु परियोजना को रोकने के वादे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि यह डीएमके का रुख है, यह पूरी तरह से राजनीतिक एजेंडा है। मैं मेकेदातु के निर्माण के लिए सिंचाई मंत्री बना हूं। भले ही उन्होंने इसे घोषणा पत्र में शामिल किया हो, लेकिन हमने पहले ही कानूनी तौर पर अपना काम शुरू कर दिया है। मेकेदातु केवल कर्नाटक के लिए नहीं है, यह पूरे देश के लिए है। हम अदालत के आदेश के मुताबिक 177 टीएमसी पानी देंगे।

कर्नाटक के राज्यपाल द्वारा कर्नाटक धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती (संशोधन) विधेयक 2024 को लौटाने पर उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि यह भाजपा का दोहरा मापदंड है। बंदोबस्ती विधेयक छोटे मंदिरों और 'अर्चकों' के लिए है, बड़े मंदिरों के लिए नहीं। हम इसे अगले सत्र में फिर से पेश करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि यह पारित हो जाए।

04:32 PM, 21-Mar-2024

कांग्रेस से भाजपा डरी हुई है- रेणुका चौधरी
कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज होने पर पार्टी की नेता रेणुका चौधरी ने भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 10 साल से सत्ता में है। चुनाव से ठीक पहले वे कांग्रेस के काते देख रहे हैं। वे सोचते हैं कि पार्टी के खाते फ्रीज कर देने से हम डर जाएंगे। इस तरह की हरकत ने साबित कर दिया कि भाजपा ही कांग्रेस से डरी हुई है। 

03:49 PM, 21-Mar-2024

महाराष्ट्र में परभणी लोकसभा सीट पर भाजपा को लड़ना चाहिए
भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री बबनराव लोणीकर ने गुरुवार को कहा कि परभणी लोकसभा सीट पर उनकी पार्टी को चुनाव लड़ना चाहिए और विश्वास जताया कि वह इसे भारी बहुमत से जीतेगी। परभणी से शिवसेना (यूबीटी) के संजय जाधव मौजूदा सांसद हैं। उन्होंने 2019 और 2014 में यह सीट जीती। मैंने यह मांग मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने रखी है।

लोणीकर ने कहा कि परभणी लोकसभा सीट के अंतर्गत पार्टूर, जिंतुर और गंगाखेड़ विधानसभा क्षेत्र भाजपा के कब्जे में हैं। हमारे निर्वाचन क्षेत्र में 17 जिला परिषद सदस्य, 92 पंचायत समिति सदस्य भी हैं। यहां के मतदाता हमारी विचारधारा का समर्थन करते हैं उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा परभणी सीट दो लाख से ज्यादा वोटों से जीतेगी। गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर पांच चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

02:19 PM, 21-Mar-2024

‘विकसित भारत’ संदेश को साझा करने से तुरंत रोकने का निर्देश
निर्वाचन आयोग ने सरकार को व्हाट्सएप पर ‘विकसित भारत’ संदेश को साझा करने से तुरंत रोकने का निर्देश दिया।

01:16 PM, 21-Mar-2024

अन्नाद्रमुक ने जारी की 16 उम्मीदवारों की अंतिम सूची

तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने लोकसभा चुनाव के लिए 16 उम्मीदवारों की अपनी अंतिम सूची जारी कर दी। एकमात्र पुडुचेरी संसदीय क्षेत्र के लिए भी पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा की। अन्नाद्रमुक प्रमुख एके पलानीस्वामी ने जी प्रेमकुमार को श्रीपेरुमबुदूर लोकसभा सीट से और एस पशुपति को वेल्लोर सीट से अपनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। राज्य की 39 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को चुनाव होंगे।

12:51 PM, 21-Mar-2024

शरद पवार के घर पर एमवीए नेताओं की बैठक
विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) नेताओं की एक बैठक गुरुवार को शरद पवार के आवास पर चल रही है। इस दौरान सहयोगी दलों के आगामी सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप देने की संभावना है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता बालासाहेब थोराट बैठक के लिए मुंबई लौट आए। दोनों पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए दिल्ली में थे। एमवीए में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं। महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं, जो उत्तर प्रदेश में 80 के बाद देश में दूसरी सबसे अधिक सीटें हैं। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर पांच चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

12:46 PM, 21-Mar-2024

भाजपा ने की नई नियुक्ति
भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वरिष्ठ नेता विनय सहस्त्रबुद्धे को राजस्थान, सतीश पूनिया को हरियाणा और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को आंध्र प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया।

11:58 AM, 21-Mar-2024

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया और राहुल गांधी भी मौजूद रहे। खरगे ने केंद्र सरकार को केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और चुनावी चंदों के मुद्दों पर घेरा।

10:58 AM, 21-Mar-2024

कर्नाटक: कांग्रेस के निशाने पर भाजपा सांसद

रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे के विवादित बयान पर कांग्रेस ने जमकर निशाना साधा। उनके नेता प्रियंक खरगे ने कहा कि भाजपा झूठे आरोप लगाने में माहिर है। भाजपा हमेशा से समाज को बांटने और एक-दूसरे को लड़ाने का काम करती आई है। वे लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। केंद्रीय मंत्री दो राज्यों के रिश्तों में जहर घोलने की कोशिश कर रही थीं।

प्रियंक ने बंगलूरू में दुकानदार पर हुए हमले मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुकेश ने अपनी लिखित शिकायत में यह बात कही है कि उसे गाना बजाया था, न कि कोई धार्मिक गीत या हनुमान चालिसा। इसके बावजूद भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या यह कहते नजर आ रहे हैं कि उसने हनुमान चालिसा बजाई थी। भाजपा सांसद उदय गरुदाचार ने खुद यह बात कही थी कि मामला व्यक्तिगत विवाद का था।

10:51 AM, 21-Mar-2024

शीट शेयरिंग पर राउत का बड़ा बयान

शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में सिर्फ चार पार्टियों का दबदबा है। उदाहरण के तौर पर महाराष्ट्र के भिवंडी निर्वाचन क्षेत्र से NCP और कांग्रेस दोनों पार्टियां चुनाव लड़ना चाहती हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टियों के बीच चर्चा चल रही है।

10:50 AM, 21-Mar-2024

तमिलनाडु: छत्रपट्टी गांव में एक वाहन से 1.49 लाख रुपए नकद जब्त

जिला निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि चुनाव आयोग की एक फ्लाइंग स्क्वायड ने 20 मार्च को मदुरै जिले के छत्रपट्टी गांव में एक वाहन से 1.49 लाख रुपए नकद जब्त किए।

10:50 AM, 21-Mar-2024

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया नामांकन

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर की उधमपुर लोकसभा सीट से नामांकन भर दिया। इस सीट पर पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इस चरण में देश के 17 राज्यों की 102 सीटों पर लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

10:46 AM, 21-Mar-2024

Lok Sabha Election 2024 Live: कांग्रेस-BJP के उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी, शोभा करंदलाजे पर चुनाव आयोग सख्त

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi : देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है। पहले चरण के मतदान के लिए अधिसूचना भी बीते दिन जारी हो चुकी है। अब तक भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दो-दो सूची जारी कर दी हैं। ऐसे में आज दोनों ही पार्टियों की ओर से तीसरी सूची जारी की जा सकती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें