राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने गोवा में दो लोकसभा सीटों के लिए इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों की घोषणा में कांग्रेस द्वारा की जा रही देरी पर नाराजगी जताई। विपक्षी गठबंधन ने फैसला लिया था कि कांग्रेस उत्तरी गोवा और दक्षिण गोवा लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। एनसीपी (एसपी) की गोवा इकाई के प्रमुख जोस फिलिप डिसूजा ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों ने छह मार्च को गोवा के कांग्रेस प्रभारी माणिकराव ठाकरे के साथ बैठक थी। जिसमें दो दिन के अंदर समन्वय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई अमल नहीं हुआ है। उम्मीदवारों की घोषणा में भी देरी हो रही है। कांग्रेस को अब और इंतजार नहीं करना चाहिए। हम आधिकारिक उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने का इंतजार कर रहे हैं।
चुनाव आयोग ने कर्नाटक चुनाव आयुक्त को भाजपा नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे के खिलाफ डीएमके की शिकायत पर तत्काल उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। डीएमके ने अपनी शिकायत में कहा है कि बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते समय केंद्रीय मंत्री ने आचार संहिता का कथित तौर पर उल्लंघन किया है।
कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने वाले असम के बारपेटा से लोकसभा सांसद अब्दुल खालिक ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस को मजबूत करना समय की मांग है, इसलिए मैं अपना इस्तीफा वापस लेता हूं और आपके (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे) और राहुल गांधी के सक्षम नेतृत्व में काम करना चाहता हूं।
कर्नाटक में 5 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा उम्मीदवारों को लेकर येदियुरप्पा ने दी बड़ी जानकारी
कर्नाटक में पांच लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बुधवार को कहा कि इन सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची को 22 मार्च को अंतिम रूप दिया जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा ने पिछले सप्ताह कर्नाटक में आगामी चुनावों के लिए 20 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की थी। वहीं, कर्नाटक में भाजपा की गठबंधन सहयोगी जद (एस) ने पहले ही एलान कर रखा है कि वह राज्य की तीन सीटों हासन, मांड्या और कोलार पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि भाजपा ने इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। गौरतलब है कि राज्य में कुल 28 लोकसभा सीटें हैं।
कांग्रेस छोड़ने वाले अधिराज मोहन पाणिग्राही ने आज बीजद की सदस्यता ले ली। बीजद में शामिल होने के बाद पाणिग्राही ने कहा कि वह सीएम से बहुत प्रेरित हैं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे निभाएंगे।
भाजपा की राजस्थान सह-प्रभारी विजया राहतकर ने कहा है कि 'कांग्रेस नेताओं के भाजपा में आने की वजह ये है कि वे कांग्रेस में परेशान हो गए हैं। सत्ता में कई साल रहने के बावजूद कांग्रेस ने आम जनता के लिए कुछ नहीं किया। पीएम मोदी की नीतियां बहुत अच्छी हैं और आम जनता उनसे खुश है। हमें विश्वास है कि हम राजस्थान में सारी सीटें जीतेंगे।'
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अरुणाचल प्रदेश की इकाई ने राज्य की 60 विधानसभा सीटों पर 19 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की है। इसमें नौ उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। मंगलवार को नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के साथ पार्टी ने अब तक 60 सदस्यीय विधानसभा में 17 उम्मीदवार उतारे हैं। इससे पहले 11 मार्च को पार्टी ने आठ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी ने दूसरी सूची में याचुली सीट से टोको तातुंग, रमगोंग से ताहान मिबांग, टुटिंग-यिंगकिओंग से कबांग तारोन, पासीघाट पश्चिम से तापी गाओ, लेकांग से लिखा सोनी, बोरदुमसा-दियुन से निख कामिन, खोंसा पश्चिम से यांगसेन माटे, बोरदूरिया-बोगापानी से जोवांग होसाई और पोंगचौ-वक्का से होलाई वांगसा को उम्मीदवार बनाया है।
चिराग पासवान ने कहा है कि 'ये साफ है कि मैं हाजीपुर सीट से लोजपा (रामविलास) के उम्मीदवार और एनडीए उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ूंगा, लेकिन अगर वे (पशुपति कुमार पारस) भी वहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं तो उनका स्वागत है..मैं कभी भी किसी चुनौती से नहीं घबराया हूं और इस चुनौती को भी स्वीकार करता हूं। अब ये फैसला चाचा को करना है।'
तेलंगाना के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के दो दिन बाद तमिलसाई सुंदरराजन बुधवार को फिर से भाजपा में शामिल हो गईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि 'मैं चुनाव लड़ना चाहती हूं और मैंने पार्टी को भी अपनी इच्छा बता दी है। सदस्यता कार्ड पाकर मैं खुश हूं और यह मेरे लिए खुशी का दिन है।'
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए दिल्ली में चिराग पासवान के नेतृत्व में संसदीय दल की बैठक की।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, "हम बिहार कूच कर जाएंगे। उससे पहले केंद्रीय संसदीय दल की बैठक करके कई ऐसे प्रस्ताव पारित करेंगे जिसका पारित होना जरूरी है। कई ऐसे फैसले हैं जो लिए जाने जरूरी हैं उन्हीं तमाम बातों को मद्देनजर रखते हुए आज संसदीय दल की बैठक बुलाई गई है...4-5 दिनों के भीतर ही प्रत्याशियों की सूची सामने आ जाएगी।"
भाजपा नेता प्रकाश भाई पटेल ने रांची में कांग्रेस का दामन थामा।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा, "यह द्रमुक चुनाव से पहले जो अपने घोषणापत्र में कहती है, हम उसे ही करते हैं, हमारे नेताओं ने हमें यही सिखाया है। जैसा कि कनिमोझी ने कहा, हम पूरे राज्य में गए और विभिन्न लोगों की बातें सुनीं। यह न केवल DMK का घोषणापत्र है बल्कि लोगों का घोषणापत्र है। 2014 में जब भाजपा सत्ता में आई तो उन्होंने भारत को बर्बाद कर दिया। कोई भी चुनावी वादा पूरा नहीं हुआ। हमने INDIA गठबंधन बनाया है और हम 2024 में अपनी सरकार बनाएंगे। हमारे घोषणापत्र में हमने तमिलनाडु के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की है और इस घोषणापत्र में हर जिले के लिए योजनाएं दी गई हैं।"
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, डीएमके सांसद कनिमोझी और अन्य पार्टी नेताओं की मौजूदगी में डीएमके ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया।
तमिलनाडु: AIADMK महासचिव ई. पलानीस्वामी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि गठबंधन में तेनकासी निर्वाचन क्षेत्र से डीएमडीएमके को पांच सीटों पर, एसडीपीआई को एक सीट पर और पुथिया तमिलगम को एक सीट दी गई है।
तमिलनाडु: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए AIADMK ने 16 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए दिल्ली में चिराग पासवान के नेतृत्व में संसदीय दल की बैठक करेगी। गौरतलब है कि चिराग के चाचा पशुपति पारस ने एक दिन पहले ही एनडीए गठबंधन छोड़ने का एलान किया था।
दिल्ली में कुल 1,47,18,119 मतदाता हैं जिनमें से 40 वर्ष से कम आयु के मतदाताओं की संख्या 66,45,299 है। इस तरह से लगभग 45 फीसदी मतदाता युवा हैं। मतदाता सूची के अनुसार, राजधानी में 18 से 30 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 17.43 प्रतिशत है। इसके बाद सबसे ज्यादा मतदाता 30 से 39 वर्ष उम्र के हैं। इस उम्र वर्ग के 27.70 प्रतिशत मतदाता हैं। यदि 18 से 39 वर्ष की उम्र के सभी मतदाताओं को एक साथ मिला दें तो 18 से 39 वर्ष के उम्र के मतदाताओं की संख्या 45.15 प्रतिशत है। वहीं, वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में कुल 1,43,16,453 मतदाता थे, जिनमें 40 वर्ष से कम आयु वाले मतदाताओं की संख्या 75,51,416 थी। इस तरह से लगभग 53 फीसदी मतदाता युवा थे। इस बार 18-19 वर्ष और 20-29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या बीते लोकसभा चुनाव से काफी कम है। पढ़ें पूरी खबर...
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प से इलाके में तनाव फैल गया। उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने एक-दूसरे के समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राजनीतिक संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। साथ ही दिनहाटा के एसडीपीओ को भी चोट आई है। हालांकि बताया जा रहा है कि दोनों ही मंत्री सुरक्षित हैं। पढ़ें पूरी खबर...
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की आज फिर बैठक होगी, जिसमें मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात की 45 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर दोबारा विचार-विमर्श होगा। लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के मंथन में जुटी कांग्रेस की सीईसी ने मंगलवार को 11 राज्यों की करीब 85 लोकसभा सीटों पर चर्चा की, लेकिन केवल 40 सीटों पर ही बात बन पाई। पार्टी इन नामों की घोषणा आज कर सकती है। पढ़ें पूरी खबर...
देश के 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के उन 102 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी अधिसूचना बुधवार को जारी हुई। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है। हालांकि, बिहार में पहले चरण में जिन लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है, उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख एक त्योहार की वजह से बढ़ाकर 28 मार्च की गई है। बिहार की 40 में से चार लोकसभा सीट पर मतदान प्रथम चरण में होगा। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को की जाएगी। बिहार के लिए यह तारीख 30 मार्च है।
देश में लोकसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है। 19 अप्रैल से सात चरणों में मतदान होगा। नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। इस बीच चुनाव आयोग के आंकड़े सामने आए हैं जिनसे पता चलता है कि पिछले कुछ वर्षों में जमानत राशि खोने वाले उम्मीदवारों की संख्या काफी बढ़ी है। 1951-52 में पहले लोकसभा चुनाव के बाद से 71,000 से अधिक उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर...
जम्मू-कश्मीर में 2024 का लोकसभा चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण और दिलचस्प होगा। एक तो अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार बदले माहौल में अग्निपरीक्षा होगी। दूसरे पांच साल में सियासत काफी बदल गई है। परिवार वादी पार्टियों को चुनाव प्रचार के दौरान उनके शागिर्द ही चुनौती देते नजर आएंगे। जम्मू-कश्मीर में तीन पंजीकृत पार्टियों का उद्भव हुआ है, जो अपनी मूल पार्टियों को चुनौती देने के लिए तैयार हैं। कई नेता, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक बदले घर में राजनीति करते दिखेंगे। जम्मू और कश्मीर में तीन दर्जन से अधिक नेताओं, पूर्व मंत्रियों व विधायकों ने पाला बदला है। पढ़ें पूरी खबर...
तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन के सुप्रीम कोर्ट के निगरानी में चुनाव कराए जाने से जुड़ी मांग पर भाजपा भड़क गई है। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ''भारत के संविधान के शब्द हैं कि हर कोई भारत की संसद द्वारा अनुमोदित कानूनों के अनुसार चले। डेरेक ओ ब्रायन की पार्टी (टीएमसी) पश्चिम बंगाल में संविधान के चार स्तंभों को नष्ट कर चुकी है।”
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद की सिंगापुर में रहने वाली बेटी रोहिणी आचार्य को पार्टी सारण सीट से लोकसभा टिकट देने पर विचार कर रही है। इससे पहले खुद राजद सुप्रीमो लालू सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते थे।
राजद एमएलसी सुनील कुमार ने मंगलवार को यहां कहा, ‘‘पार्टी नेतृत्व को सारण में भारी जनभावना से अवगत कराया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ मेरा विचार नहीं है। सारण में हमारे सभी मौजूदा और पूर्व विधायकों का विचार है कि रोहिणी को राजद का उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और तेजस्वी यादव को अपनी भावना से अवगत करा दिया है। इस पर उन्हें निर्णय लेना है।’’
Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: लोकसभा चुनाव-2024 के पहले चरण के नामांकन के लिए आज अधिसूचना जारी होगी। इस चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होगा। इन सीटों पर उम्मीदवार 27 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी और 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। बिहार में होली के चलते नामांकन पत्र 28 मार्च तक दाखिल किए जा सकेंगे। यहां पढ़ें लोकसभा चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स...