मुंबई उत्तर से टिकट कटने पर भाजपा सांसद की प्रतिक्रिया
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी हो गई है। मुंबई उत्तर से मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी का टिकट काट दिया गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें इस फैसले की जानकारी मिली है। वह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। शेट्टी ने कहा, मैंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है, मैं पार्टी में पद या पैसे के लिए शामिल नहीं हुआ। आज मैं सुकून महसूस कर रहा हूं। पहले मुझे सांसद के तौर पर पार्टी की सीमा में रहकर काम करना पड़ता था।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी आम चुनावों के लिए केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अभियान समिति के अध्यक्ष के रूप में रमेश चेन्निथला की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
पूर्व पीएम देवेगौड़ा के दामाद मंजूनाथ येदियुरप्पा से करेंगे मुलाकात
पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के दामाद डॉ सी एन मंजूनाथ आज शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा से मुलाकात करेंगे। उनकी ये मुलाकात इन अटकलों के बीच होगी कि वह आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होकर बेंगलुरु ग्रामीण क्षेत्र ले चुनाव लड़ सकते हैं।
गौरतलब है कि निवर्तमान सांसद और उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के भाई डी के सुरेश को कांग्रेस ने एक बार फिर बेंगलुरु ग्रामीण से मैदान में उतारा है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'चुनाव के समय कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार द्वारा दी गई सभी गारंटी फेल हो गई हैं। अब लोगों का भरोसा सिर्फ पीएम मोदी की गारंटी पर टिका है। लोगों का मानना है कि पीएम मोदी की गारंटी का मतलब है 'गारंटी की गारंटी'। पूरा कर्नाटक पीएम मोदी के साथ खड़ा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व जीत मिलेगी। हम यहां रिकॉर्ड जीत के साथ जीतेंगे।'