जितेंद्र रेड्डी ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का थामा दामन
भाजपा नेता और पूर्व सांसद एपी जितेंद्र रेड्डी अपने बेटे के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हुई। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और एआईसीसी राज्य प्रभारी दीपा दास मुंशी मौजूद रहे। तेलंगाना सरकार ने एपी जितेंद्र रेड्डी को नई दिल्ली में तेलंगाना सरकार के विशेष प्रतिनिधि और सरकार के सलाहकार (खेल मामले) नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने नियुक्त करने का आदेश जारी किया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ईश्वरप्पा लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव
भाजपा के वरिष्ठ नेता के एस ईश्वरप्पा ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में शिवमोगा सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। अपने बेटे कांतेश को हावेरी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा का टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। येदियुरप्पा के बेटे और मौजूदा सांसद बी वाई राघवेंद्र शिवमोगा से पार्टी के उम्मीदवार हैं, जहां कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा की बेटी गीता शिवराजकुमार, कन्नड़ फिल्म स्टार शिवराजकुमार की पत्नी और दिवंगत अभिनेता डॉ. राजकुमार की बहू को मैदान में उतारा है।
असम की डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट पर एजेपी के लुरिनज्योति गोगोई विपक्षी उम्मीदवार
यूनाइटेड अपोजिशन फोरम असम (यूओएफए) ने शुक्रवार को असम जातीय परिषद (एजेपी) के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई को डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया। वे यहां भाजपा उम्मीदवार सर्बानंद सोनोवाल को टक्कर देंगे। एजेपी के महासचिव जगदीश भुइयां ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गोगोई डिब्रूगढ़ में 16-पार्टी यूओएफए के सर्वसम्मति से उम्मीदवार होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि गोगोई ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (एएएसयू) के पूर्व महासचिव भी रहे हैं।
अर्धसैनिक बलों की 75 कंपनियां तैनात
लोकसभा चुनाव और ओडिशा चुनाव के मद्देनजर आईजी सीआरपीएफ अर्चना शिवहरे ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में अर्धसैनिक बलों की 75 कंपनियां तैनात की हैं। गृह मंत्रालय की ओर से आईजी-सीआरपीएफ को राज्य बल समन्वयक के रूप में नामित किया गया है। हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं। सीआरपीएफ ने नक्सल विरोधी अभियानों को तेज करने के लिए मुख्य क्षेत्रों में चार नए शिविर भी स्थापित किए हैं ताकि चुनाव से पहले हम राज्य से नक्सली गतिविधियों को खत्म कर सकें और चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए जा सकें।
अरिंदम रॉय ने बीजेडी छोड़ी, बीजेपी में शामिल हुए
अभिनेता अरिंदम रॉय ने शुक्रवार को बीजू जनता दल (बीजेडी) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सत्ताधारी पार्टी ने दरकिनार कर दिया है। गौरतलब है कि अरिंदम रॉय बीजेडी के आयोजन सचिव पीपी दास के करीबी रिश्तेदार भी हैं।
पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होने के बाद अरिंदम रॉय ने कहा कि बीजेडी का कोई भविष्य नहीं है क्योंकि पार्टी में भीड़ है। लोगों की सेवा करने का अवसर मुश्किल से मिल सकता है जिसके लिए मैंने पार्टी छोड़ी है। अरिंदम रॉय ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आप मेरी स्थिति को समझेंगे और मेरे खिलाफ कोई शिकायत नहीं रखेंगे।"
कांग्रेस ने कृषि ऋण माफी, 3,000 रुपये बेरोजगारी भत्ते का किया वादा
लोकसभा और ओडिशा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणापत्र और 10 सूत्री गारंटी कार्ड जारी किया, जिसमें राज्य के लोगों के लिए कई प्रमुख पहलों का वादा किया गया है। पार्टी ने एआईसीसी ओडिशा प्रभारी अजॉय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष शरत पटनायक और ओपीसीसी घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष पंचानन कानूनगो की उपस्थिति में अपना घोषणापत्र और गारंटी कार्ड जारी किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए अजॉय कुमार ने कहा कि अगर पार्टी सत्ता में आती है, तो वे बोनस प्रदान करके धान का एमएसपी 3,000 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ा देंगे। पार्टी ने कृषि ऋण माफ करने, 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों और खेतिहर मजदूरों को 2,000 रुपये प्रति माह की पेंशन प्रदान करने और तीन साल के लिए 3,000 रुपये प्रति माह के बेरोजगारी भत्ते के साथ पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का भी वादा किया।
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने अपने उम्मीदवारों की सूची की घोषणा कर दी है। धुबरी से मौलाना बदरुद्दीन अजमल, करीमगंज से सहाबुल इस्लाम और नागांव से अमीनुल इस्लाम को चुनावी मैदान में उतारा है।
आम आदमी पार्टी के नेतृत्व का धन्यवाद- भूपेन कुमार बोरा
असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और असम नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। भाजपा को हराने के लिए इंडिया गठबंधन के प्रयास को ध्यान में रखते हुए, 'आप' ने गुवाहाटी लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार वापस ले लिया है। तेजपुर में हमने एक युवा नेता को नेतृत्व सौंपा है इसलिए आम आदमी पार्टी को इसका समर्थन करना चाहिए। हम प्रेम लाल गंजू को वापस लेने के बारे में सोच भी नहीं सकते इसलिए, मैं 'आप' से अनुरोध करता हूं कि जैसे उन्होंने गुवाहाटी में बलिदान दिया, उन्हें उसी तर्ज पर सोचना चाहिए तेजपुर में।
संदेशखाली का मुद्दा सिर्फ राज्य का नहीं देश का मुद्दा- दिब्येंदु
टीएमसी छोड़ भाजपा में शामिल होने के बाद दिब्येंदु अधिकारी ने कहा कि यह मेरे लिए अच्छा दिन हैं क्योंकि मैं आज भाजपा परिवार में शामिल हुआ हूं संदेशखाली में जो हुआ, खासकर महिलाओं के खिलाफ, वह अकेले बंगाल का नहीं बल्कि पूरे देश का मुद्दा है। भाजपा पीड़ितों तक सबसे पहले पहुंची। अन्य कोई राजनीतिक दल ऐसा करने में विफल रहा। लोगों को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से बेहद उम्मीद थी, लेकिन महिला होने के बावजूद उन्होंने मुद्दे में गंभीरता नहीं दिखाई।
राज्य के विकास के लिए करेंगे काम- दिब्येंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल में महिलाओं को वह सम्मान नहीं मिलता जो मिलना चाहिए। राज्य में कानून का कोई शासन नहीं है। हमारा काम एक कार्यकर्ता के रूप में काम करना होगा। हमारा मकसद भाजपा को राज्य में आगे ले जाना है। पीएम मोदी के लिए 400 से अधिक सीटें लाने के लिए जमीन पर काम करना होगा।
गुजरात ने हमें राष्ट्रीय पार्टी बनाया- अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें पिछले चुनाव में गुजरात के लोगों से बहुत समर्थन मिला। हमें 14 प्रतिशत वोट मिले और गुजरात की वजह से हम राष्ट्रीय पार्टी बन गए। हमारे पास बहुत मजबूत उम्मीदवार हैं और हमें यकीन है कि गुजरात के लोग हमें दोनों सीटों पर जीत दिलाएंगे। भाजपा के 26 सांसदों ने गुजरात के लोगों के लिए कोई काम नहीं किया है। हमारे नेता राज्य के लोगों के लिए काम करेंगे और उनकी आवाज भी उठाएंगे।
टीएमसी के दो सांसदों ने थामा भाजपा का दामन
पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह और टीएमसी के तमलुक से सांसद दिब्येंदु अधिकारी ने भाजपा का दामन थामा है। गौरतलब है कि अर्जुन सिंह टीएमसी को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वहीं सुवेंदु अधिकारी के भाई दिब्येंदु अधिकारी ने भी टीएमसी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं।
पार्टी के सामने मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और आरएलजेपी के अध्यक्ष पशुपति पारस के आवास पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक चल रही है।
आम आदमी पार्टी ने गुवाहाटी लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार का नाम वापस ले लिया है। साथ ही आप ने कांग्रेस से मांग की है कि पार्टी सोनितपुर और डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम वापस ले। इससे पहले कांग्रेस ने असम की 11 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया था। आप ने कांग्रेस के इस कदम को हैरानी भरा बताया और कहा कि गठबंधन धर्म के तहत वह गुवाहाटी सीट पर अपने उम्मीदवार का नाम वापस ले रहे हैं, लेकिन गठबंधन को बनाए रखने के लिए कांग्रेस को भी सोनितपुर और डिब्रूगढ़ सीट पर अपने-अपने उम्मीदवार का नाम वापस लेना चाहिए।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बताया है कि आम चुनाव के साथ ही कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान भी शनिवार दोपहर करीब 3 बजे किया जाएगा। चुनाव तारीखों के एलान के साथ ही देश में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार से गांधीनगर लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। भाजपा ने गांधीनगर लोकसभा सीट पर अमित शाह को फिर से उम्मीदवार बनाया है। प्रचार अभियान की शुरुआत करने से पहले अमित शाह ने आज सुबह अहमदाबाद के हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। इसके बाद अमित शाह ने सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि वे हर मतदाता के पास जाएं और ये सुनिश्चित करें कि वे भाजपा को वोट देने के लिए बूथ जरूर आएं। अमित शाह ने 2019 में गांधीनगर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी। 2019 में अमित शाह ने कांग्रेस उम्मीदवार सीजे चावड़ा को 5 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था।
ओडिशा में सत्ताधारी बीजू जनता दल ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। बीजद के उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने ओडिशा सीएम और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के साथ आज बैठक की। बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि सीएम पटनायक ने बैठक के दौरान पार्टी पर्यवेक्षकों को कुछ सुझाव दिए हैं।
आम चुनाव की तारीखों का एलान होते ही देश में चुनावी आचार संहिता लागू हो जाएगी। बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जम्मू कश्मीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। राजनीतिक दलों ने जम्मू कश्मीर में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव कराने की मांग की।