महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो साझा करने के आरोप में महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मुंबई बीजेपी नेता प्रतीक करपे ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
भाजपा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के फर्जी मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की। भाजपा ने आयोग से कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी सहित अन्य नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के खिलाफ भी शिकायत की। टीएमसी के खिलाफ आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि टीएमसी भाजपा नेताओं के खिलाफ हिंसा को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
पूर्व सीएम केसीआर का रोड शो
तेलंगाना में तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों का अभिवादन किया।
लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर कसा तंज
कोटा से भाजपा उम्मीदवार और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं हैं। उनके पास न कोई नेतृत्व है और न ही प्रधानमंत्री का कोई उम्मीदवार। वे सिर्फ मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। झूठे प्रचार, झूठे वीडियो, गलत तथ्यों के माध्यम से जनता को भ्रमित करते हैं। चुनाव मुद्दों पर लड़ना चाहिए। उनके पास सिर्फ झूठ है। झूठ के आधार पर वे चुनाव लड़ना चाहते हैं।
पश्चिम बंगाल में रचेंगे इतिहास: भजनलाल शर्मा
पश्चिम बंगाल के हुगली में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि इस बार पश्चिम बंगाल के लोकसभा चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव में हम इतिहास रचेंगे। इस बार हम पश्चिम बंगाल की 33 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। पूरे देश में एनडीए 400 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। राजस्थान में हमने 2014 और 2019 में 25 सीटें जीती थीं। इस बार भी हम सभी 25 सीटें जीतेंगे।
पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
महाराष्ट्र के पुणे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे की बातें खतरनाक हैं। खुद कांग्रेस के नेता इनके वजह से कांग्रेस छोड़ रहे हैं। कांग्रेस से वे नेता निकल रहे हैं, जिन्होंने जिंदगी के महत्वपूर्ण 15-20 साल कांग्रेस को दिए वे भी कांग्रेस छोड़ रहे हैं।
गुवाहाटी में शाह का रोड शो
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह असम के गुवाहाटी में आयोजित विशाल रोड शो में शामिल हुए। 7 मई को गुवाहाटी सहित धुबरी, कोकराझार और बारपेटा सीट पर मतदान होगा।
जेजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा की पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है।
सतारा में कांग्रेस पर बरसे प्रधानमंत्री मोदी
महाराष्ट्र के सतारा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्व में जब भी नौसेना की चर्चा होती है तो छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम लिया जाता है लेकिन इतने सालों तक आजाद भारत के नौसेना के झंडे में अंग्रेजों का निशान था। भाजपा सरकार ने उस निशान को हटाया। हमने छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतीक को स्थान दिया।
राहुल गांधी ने की महालक्ष्मी योजना की तारीफ
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अब एक नई योजना लाई है- महालक्ष्मी योजना। हम हिंदुस्तान के गरीब परिवारों की लिस्ट बनाएंगे। हर परिवार में से एक महिला का नाम चुनेंगे। उस महिला के बैंक अकाउंट में कांग्रेस पार्टी हर साल एक लाख रुपये देगी। हमारी सरकार हर महीने की पहली तारीख को 8,500 रुपये उनके बैंक अकाउंट में डालेगी। दुनिया में किसी सरकार ने ऐसा काम नहीं किया है। हिंदुस्तान की सरकार पहली सरकार होगी जो ये काम करेगी।
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की कर्नाटक में रैली
कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं साफ करना चाहता हूं कि हम किसी का मंगलसूत्र छीनने वाले नहीं हैं। हमने अपने लोगों को खोया है।
फर्जी वायरल वीडियो के मामले में अदालत जाएंगे
गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वायरल वीडियो पर तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कहा कि मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। आरक्षण के नाम पर लोगों के बीच दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। हम इस मामले पर कोर्ट जाएंगे। हम सीएम और उनकी पार्टी को अदालत में ले जाएंगे।