फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon Session Live: राज्यसभा से आप सांसद राघव चड्डा निलंबित, कांग्रेस बोली- यह कार्रवाई अनुचित

Fri, 11 Aug 2023 11:13 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Monsoon Session 2023 Live News in Hindi: संसद का मानसून सत्र तीन सप्ताह के बाद आज समाप्त होने वाला है। विपक्ष अधीर रंजन चौधरी के निलंबन पर सदन में हंगामा कर रहा है। वहीं, सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगाने संबंधी विधेयकों को पेश किया।
विज्ञापन
राघव चड्डा - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 11-Aug-2023

राज्यसभा ने सेवानिवृत्त हो रहे नौ सदस्यों में से पांच को दी विदाई 
नई दिल्ली। राज्यसभा ने शुक्रवार को भाजपा सांसद जुगलसिंह लोखंडवाला समेत सेवानिवृत्त हो रहे पांच सदस्यों को विदाई दी। सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, सेवानिवृत्त होने वाले नौ सदस्यों में से चार वापस चुनकर आए हैं। अन्य पांच सांसदों के योगदान को सदन याद रखेगा।

सभापति जगदीप धनखड़ ने इन सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन से सेवानिवृत्त होने के बावजूद वे समाज व देश की सेवा में अपना योगदान जारी रखेंगे। सदन के नेता पीयूष गोयल ने भी सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। वहीं, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, राजनीति में सेवानिवृत्ति नहीं होती, यह जीवनभर की सेवा है। उन्होंने कहा, मैं अपेक्षा करता हूं कि वे समाज की सेवा करते रहेंगे, जिस विचारधारा को अपनाया है, उसी को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक कार्यों में लगे रहेंगे। इससे समाज को फायदा होगा। 

10:43 PM, 11-Aug-2023

डीएमके ने बिरला से मंत्री वेलु पर पीएम मोदी, ईरानी की टिप्पणी को हटाने का आग्रह किया
 डीएमके नेता और सांसद टीआर बालू ने तमिलनाडु के मंत्री वेलु पर पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री ईरानी की टिप्पणी को अपमानजनक और भ्रामक बताया। उन्होंने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि उनकी टिप्पणियों को हटा दिया जाए।
बालू ने लोकसभा में क्रमश: 9 और 10 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा में ईरानी और पीएम मोदी के जवाबों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने तमिलनाडु के लोक निर्माण मंत्री वेलु के भाषण को गलत तरीके से उद्धृत किया है।
 5 अगस्त को यहां एक सरकारी पुस्तकालय में आयोजित एक समारोह में वेलु के संबोधन की एक वीडियो क्लिप संलग्न करते हुए, द्रमुक संसदीय दल के नेता ने कहा कि ईरानी और मोदी दोनों ने सदन को 'गुमराह' किया है।  

08:06 PM, 11-Aug-2023

कांग्रेस बोली- राघव चड्ढा का राज्यसभा से निलंबन अनुचित
आप नेता राघव चड्ढा ने निलंबन को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और इसे अनुचित करार दिया है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि राघव चड्ढा पर झूठा आरोप लगाया गया है। संजय सिंह और चड्ढा को अगले सत्र तक निलंबित करने का फैसला गलत है। विपक्ष के नेता उनके पक्ष में पत्र लिखेंगे। मैं भी उनका समर्थन करूंगा।

विज्ञापन
08:01 PM, 11-Aug-2023

भाजपा ने लोकसभा में अमित शाह द्वारा पेश किए गए विधेयकों की सराहना की
भाजपा ने शुक्रवार को लोकसभा में पेश किए गए तीन विधेयकों की सराहना की, जिनका उद्देश्य आपराधिक न्याय प्रणाली में आमूल-चूल परिवर्तन करना है। उन्होंने कहा कि वे अतीत की औपनिवेशिक विरासत को हटाते हैं और पथप्रदर्शक और जन-समर्थक हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पेश किए गए प्रस्तावित कानूनों में निर्धारित बदलाव लंबे समय से लंबित थे।

07:56 PM, 11-Aug-2023

डीएमके ने आईपीसी, सीआरपीसी से जुड़े विधेयकों पर केंद्र पर बोला हमला
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक ने शुक्रवार को मौजूदा आपराधिक कानूनों को बदलने के लिए लाए गए तीन विधेयकों के नामकरण पर एनडीए सरकार की आलोचना की और कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा इंडिया गठबंधन से कितना डरती है। 

द्रमुक के वरिष्ठ नेता और पार्टी प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि विधेयकों में इंडिया के बजाय 'भारतीय' शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है क्योंकि "वे इस शब्द से डरते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में विधेयक पेश करते हुए कहा कि यह औपनिवेशिक युग के कानूनों की जगह लेगा, और जोर देकर कहा कि प्रस्तावित कानून देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को बदल देंगे और भारतीय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करेंगे।

विज्ञापन
07:06 PM, 11-Aug-2023

राज्यसभा से निलंबन के बाद बोले राघव चड्डा
राज्यसभा से निलंबन के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्डा ने बयान जारी कर कहा कि इस सप्ताह मुझे विशेषाधिकार समिति से दो नोटिस मिले। विपक्ष को संसद में बोलने का मौका नहीं दिया गया। भाजपा मुझ पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप लगा रही है लेकिन सच्चाई यह है कि कोई भी सांसद किसी भी समिति के गठन के लिए नाम प्रस्तावित कर सकता है और जिस व्यक्ति का नाम प्रस्तावित है उसके हस्ताक्षर या लिखित सहमति की आवश्यकता नहीं है।

02:54 PM, 11-Aug-2023

संसद ने ‘केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2023’ और ‘एकीकृत वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2023’ को शुक्रवार को मंजूरी दे दी । इसके माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग, कसीनो और घुड़दौड़ क्लबों में दांव पर लगाई जाने वाली पूरी राशि पर 28 प्रतिशत कर लगाने के लिए जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) कानूनों में बदलाव का प्रस्ताव किया गया है।

02:32 PM, 11-Aug-2023

आप सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। विशेषाधिकारी समिति की रिपोर्ट आने तक राघव चड्ढा राज्यसभा से निलंबित रहेंगे। वहीं, संजय सिह भी फिलहाल निलंबित रहेंगे।

01:55 PM, 11-Aug-2023

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे (भाजपा) लोकतंत्र को दबाना चाहते हैं और संविधान के तहत चलना नहीं करना चाहते। इसलिए सभी दलों (I.N.D.I.A गठबंधन) के लोग यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हम उनके गैरकानूनी काम के खिलाफ लड़ते रहेंगे...लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए हम संसद के अंदर और बाहर हर जगह लड़ेंगे।

 

01:52 PM, 11-Aug-2023

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई।

01:51 PM, 11-Aug-2023

लोकसभा से अधीर रंजन चौधरी के निलंबन के खिलाफ विपक्षी दलों के I.N.D.I.A. गठबंधन के सांसदों ने लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया और संसद में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च किया।

01:22 PM, 11-Aug-2023

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में भारतीय न्याय संहिता विधेयक, 2023 भारतीय साक्ष्य विधेयक, 2023 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता विधेयक पर बोले। उन्होंने कहा कि 1860 से 2023 तक देश की आपराधिक न्याय प्रणाली अंग्रेजों द्वारा बनाए गए कानूनों के अनुसार कार्य करती रही। तीन कानून बदल जाएंगे और देश में आपराधिक न्याय प्रणाली में बड़ा बदलाव होगा। इस विधेयक के तहत हमने लक्ष्य रखा है कि सजा का अनुपात 90% से ऊपर ले जाना है। इसीलिए, हम एक महत्वपूर्ण प्रावधान लाए हैं कि जिन धाराओं में 7 साल या उससे अधिक जेल की सजा का प्रावधान है, उन सभी मामलों में फॉरेंसिक टीम का अपराध स्थल पर जाना अनिवार्य कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत हम राजद्रोह जैसे कानूनों को निरस्त कर रहे हैं।

01:18 PM, 11-Aug-2023

केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद किरण रिजिजू ने कहा कि विपक्षी दलों ने पिछले कई दिनों से मणिपुर का बहाना करके संसद को चलने नहीं दिया। कल जब प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर और पूरे पूर्वोत्तर पर बहुत अच्छी तरह से अपनी बात रखी तब विपक्ष ने वॉकआउट किया। पूर्वोत्तर के सभी एनडीए सांसद प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखने जा रहे हैं कि उन्होंने कल मणिपुर और पूर्वोत्तर पर विस्तार से अपनी बात रखी।

12:54 PM, 11-Aug-2023

अमित शाह ने कहा कि दाऊद इब्राहिम काफी समय से भगोड़ा है। अब हमने तय किया है कि सत्र न्यायालय के जज जिसे भगोड़ा घोषित करेंगे, उसके अनुपस्थित रहने पर भी उसके मामले में सुनवाई होगी और उसे सजा होगी। उसे सजा से बचना हो तो भारत आए और केस लड़े।

12:46 PM, 11-Aug-2023

शाह ने कहा कि इन तीनों कानूनों को रिप्लेस कर के इनकी जगह तीन नए कानून जो बनेंगे, उनकी भावना होगी भारतीयों को अधिकार देने की। इन कानूनों का उद्देश्य किसी को दंड देना नहीं होगा। इसका उद्देश्य होगा लोगों को न्याय देना। उन्होंने कहा कि 18 राज्यों, छह यूटी, भारत की सुप्रीम कोर्ट, 22 हाईकोर्ट, न्यायिक संस्थाओं, 142 सासंद और 270 विधायकों के अलावा जनता ने भी इन विधेयकों को लेकर सुझाव दिए हैं। चार साल तक इस पर काफी चर्चा हुई है। हमने इस पर 158 बैठकें की हैं।

 

12:37 PM, 11-Aug-2023

लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज मैं जो तीन विधेयक एक साथ लेकर आया हूं, वे सभी पीएम मोदी के पांच प्रणों में से एक को पूरा करने वाले हैं। इन तीन विधेयक में एक है इंडियन पीनल कोड, एक है क्रिमिनल प्रोसीजर कोड, तीसरा है इंडियन एविडेंस कोड। इंडियन पीनल कोड 1860 की जगह, अब भारतीय न्याय संहिता 2023 होगा। क्रिमिनल प्रोसीजर कोड की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 प्रस्थापित होगी और इंडियन एविडेंट एक्ट, 1872 की जगह भारतीय साक्ष्य अधिनियम प्रस्थापित होगा।

12:08 PM, 11-Aug-2023

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुबह मानसून सत्र के आखिरी दिन संसद पहुंचे।

12:08 PM, 11-Aug-2023

अधीर रंजन चौधरी के निलंबन पर CPI सांसद बिनॉय विश्वम ने कहा कि संसद में किसी को भी किसी भी वक्त निलंबित किया जा सकता है, वही आज की संसद है। यह संसद में सत्तारूढ़ पीठों की इच्छाओं को एकतरफा थोपने का स्थान बन गया है।

12:07 PM, 11-Aug-2023

NC सांसद फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे अफसोस है कि उन्होंने एक अच्छे सदस्य को निलंबित किया।

12:06 PM, 11-Aug-2023

लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण और अधीर रंजन चौधरी के निलंबन पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मैं मोदी जी को मणिपुर के बारे में बोलने के लिए मजबूर करने के लिए कांग्रेस को बधाई देना चाहता हूं। मैंने पीएम मोदी को कई बार बोलते हुए सुना है, लेकिन कल उनके वाक्य और उच्चारण कहीं और जा रहे थे और उनके चेहरे से लग रहा था कि वे हार रहे हैं। अधीर रंजन चौधरी का निलंबन संसद में तानाशाही और संख्या का दुरुपयोग है।

11:14 AM, 11-Aug-2023

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के निलंबन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि चौधरी को मामूली आधार पर निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने सिर्फ 'नीरव मोदी' कहा था। नीरव का मतलब शांत, मौन है। आपने उन्हें इस बात पर निलंबित कर दिया?

11:02 AM, 11-Aug-2023

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई।

11:00 AM, 11-Aug-2023

अधीर रंजन चौधरी को लोकसभा से निलंबित करने पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि संविधान की धारा 105(1) के तहत, हर सांसद को संसद में बोलने की स्वतंत्रता है। यदि बहुमत की शक्ति का दुरुपयोग करके किसी भी सांसद को इस प्रकार निलंबित किया जाए, तो यह लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए उपयुक्त मामला है।

10:58 AM, 11-Aug-2023

एनसीपी सांसद वंदना चव्हाण ने कहा कि संसद सत्र के पहले दिन भी पीएम ने ऐसा कहा था, लेकिन जिस तरह की घटनाएं मणिपुर में हो रही हैं, मुझे लगता है कि उन्हें और अधिक बोलना चाहिए था और अधिक काम करना चाहिए था। आज भी मणिपुर में घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में अगर PM वहां गए होते या दोनों पक्षों की बैठक बुलाई होती या शांति वार्ता शुरू हुई होती तो हम कहते कि वे जो कहते हैं, वही करते हैं। अभी तो ऐसा नहीं लगता। 

10:57 AM, 11-Aug-2023

लोकसभा में अधीर चौधरी के निलंबन पर भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि संसद में उच्च पद पर बैठे नेताओं पर अशोभनीय टिप्पणी करना और चेतावनी के बाद भी माफी नहीं मांगना ठीक नहीं है। सरकारें आएंगी और जाएंगी, लेकिन भारत का संविधान रहेगा। देश में गरिमा और दूसरे नागरिक के प्रति प्रेम और सम्मान ही लोकतांत्रिक देश की पहचान है।

10:49 AM, 11-Aug-2023

शोभा करंदलाजे ने रंजन चौधरी के निलंबन पर कहा कि अधीर रंजन चौधरी ने कल जो किया वह बहुत गलत था। वह क्या कहना चाहते थे? देश की 140 करोड़ जनता आपको देख रही थी। यह भाजपा या सरकार का अपमान नहीं था। वह संसद का अपमान करने की कोशिश कर रहे थे। इससे सबको सबक मिलेगा कि सदन में कैसा व्यवहार किया जाना चाहिए। वहीं, उन्होंने फ्लाइंग किस विवाद पर कहा कि संसद और देश का अपमान करना कांग्रेस की आदत है। राहुल गांधी ने फ्लाइंग किस देकर संसद का अपमान किया। पहले उन्होंने संसद में पीएम मोदी को गले लगाया और आंख मारी और अब उन्होंने फ्लाइंग किस किया।

10:47 AM, 11-Aug-2023

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के सदन से निलंबन को लेकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कार्रवाई सदन के नियमों के अनुसार की जाती है। इस बारे में टिप्पणी करना ठीक नहीं है।

10:41 AM, 11-Aug-2023

इस बीच, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, जो लोकसभा में विपक्ष के नेता भी हैं, के निलंबन का असर निचले सदन की कार्यवाही पर पड़ने की संभावना है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चौधरी के निलंबन पर चर्चा के लिए आज सुबह पार्टी के लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई है। 

10:36 AM, 11-Aug-2023

Monsoon Session Live: राज्यसभा से आप सांसद राघव चड्डा निलंबित, कांग्रेस बोली- यह कार्रवाई अनुचित

संसद का मानसून सत्र तीन सप्ताह के हंगामे के बाद आज समाप्त होने वाला है। मणिपुर में जातीय हिंसा के मुद्दे पर विपक्ष और सत्ता पक्ष आमने-सामने थे। आखिरकार गुरुवार को सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव असफल रहा। वहीं, आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय वस्तु और सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2023 पेश करेंगी। इसके अलावा, केंद्र सरकार ऑनलाइन गेमिंग, कैसिनो और घुड़दौड़ पर 28 फीसदी वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लगाने के लिए लोकसभा में कानून लाने जा रही है। दोनों विधेयकों पर विचार और पारित करने के लिए चर्चा की जाएगी।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें