फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Wayanad Landslide Live: 'अब तक कुल 167 लोगों की मौत', वायनाड जिला प्रशासन ने दी जानकारी; राहत-बचाव कार्य जारी

Wed, 31 Jul 2024 07:48 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वायनाड (केरल)

खास बातें

Kerala Wayanad Landslide Live Updates in Hindi: केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को मेप्पाडी के पास विभिन्न पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अबतक 158 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 128 घायल है। वहीं सेना का राहत व बचाव कार्य जारी है।
विज्ञापन
वायनाड में भूस्खलन - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:47 PM, 31-Jul-2024

मौत का आंकड़ा बढ़कर 167 पहुंचा, 219 लोग घायल 

केरल के वायनाड जिले में आए भूस्खलन की वजह से अब तक कुल 167 लोगों की मौत हो गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस आपदा में 219 लोग घायल हुए हैं। यह आंकड़ा अभी और भी अधिक बढ़ सकता है। 

05:38 PM, 31-Jul-2024

अब तक कुल 158 लोगों की मौत

वायनाड जिला प्रशासन का कहना है कि भूस्खलन में अबत कुल 158 लोग मारे गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का कार्य लगातार जारी है। 

05:14 PM, 31-Jul-2024

अब तक कुल 144 शव बरामद हुए- सीएम पिनरई विजयन

केरल की मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने कहा कि वायनाड में राहत एवं बचाव कार्य पूरे जोर शोर से चल रहे हैं। सीएम विजयन ने इसे अकल्पनीय और दर्दनाक आपदा करार दिया। उन्होंने कहा, ‘अब तक कुल 144 शवों को बरामद कर लिया गया है, जिनमें 79 पुरुष और 64 महिलाएं हैं। अभी भी कुल 191 लोग लापता हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को बचाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। जिन लोगों को बचाया गया है कि, उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।’

विज्ञापन
05:14 PM, 31-Jul-2024

वायनाड में मौजूदा हालातों को लेकर मंत्रिमंडल की बैठक

केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने वायनाड में मौजूदा हालातों को लेकर मंत्रिमंडल के साथ बैठक की। विजय ने कहा, ‘हम आपदा प्रभावित उन जनजातीय लोगों को विस्थापित कर रहे हैं, जो वहां से हटने से मना कर रहे थे। उन सभी को पर्याप्त भोजना की सुविधा पहुंचाई जा रही है। अब तक कुल मिलाकर 1,592 को अलग-अलग राहत अभियानों के तहत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वायनाड जिले में कुल मिलाकर 82 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें 2.017 लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा मेप्पाडी में 421 परिवारों के 1,486 लोगों को आठ राहत शिविरों में ठहराया गया है। मुंडक्कई में राहत कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जा रही है और अत्तामला और चूरलमला में राहत एवं बचाव के प्रयास जारी हैं। आज राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए सेना के 132 जवान भी पहुंच गए हैं। राहत कार्यों में दो हेलीकॉप्टर पहले से काम कर रहे हैं।’

 

05:03 PM, 31-Jul-2024

वायनाड में भूस्खलन पर मालदीव के राष्ट्रपति ने संवेदना व्यक्त की

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जु ने केरल के वायनाड में भूस्खलन पर संवेदना व्यक्त दी। उन्होंने भारत के पीएम मोदी को शोक संदेश भेजा।

विज्ञापन
05:01 PM, 31-Jul-2024

केरल के लोगों के साथ खड़ी है केंद्र सरकार- अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में वायनाड भूस्खलन पर दुख प्रकट किया। अमित शाह ने कहा, ‘मैं सभी राज्य सरकारों से निवेदन करता हूं कि उन्हें शुरुआत में दी जाने वाली चेतावनियों के संबंध में उपाय कार्रवाईयों पर ध्यान देना चाहिए। मैं केरल के लोगों से कहना चाहता हूं कि भारत सरकार, राज्य सरकार के साथ खड़ी है और राहत और पुनर्वासन कार्यों में कोई कमी नहीं की जाएगी।’

04:54 PM, 31-Jul-2024

वायनाड आपदा पीड़ितों के लिए अदाणी समूह ने दिए पांच करोड़ रुपये

अदाणी समूह के प्रमुख गौतम अदाणी ने वायनाड में प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने आपदा पीड़ितों के परिवारों के लिए पांच करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘हम केरल के मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में पांच करोड़ रुपये की मदद के साथ अपना समर्थन देते हैं। वायनाड में हुई लोगों की मौत पर हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस मुश्किल समय में अदाणी समूह केरल के साथ खड़ा है।’

03:09 PM, 31-Jul-2024

लोग भी बचाव अभियानों में दे रहे साथ: रियास

वायनाड में मंत्री पीए मोहम्मद रियास ने कहा, 'हम जो कुछ भी कर सकते हैं, हमने वह सब कुछ किया है। न केवल सरकारी बल बल्कि लोग भी इन जोखिम भरे अभियानों में भाग ले रहे हैं। यह एक प्रमुख शिविर है। 500 से अधिक लोग यहां हैं। हम अलग-अलग उप-समितियों में विभाजित हैं, अधिकारियों को व्यक्तिगत जिम्मेदारियां दी गई हैं।'
 

02:17 PM, 31-Jul-2024

भारत सरकार के सिस्टम पर उठाए सवाल

अमित शाह ने कहा, 'मैं इसपर कुछ बोलना नहीं चाहता था, मगर भारत सरकार के अर्ली वॉर्निंग सिस्टम पर सवाल उठाए गए, इसलिए मैं कहता हूं कि कृपया हमें सुनें। मत चिल्लाईये, कृपया इसे पढ़ें, जो चेतावनी भेजी गई है, उसे पढ़िए जरा। इस देश में कई राज्य सरकारें ऐसी हैं, जिन्होंने इस प्रकार की चेतावनी का उपयोग करके हताहत होने से बचाया है। ओडिशा में जब नवीन बाबू की सरकार थी, तो हमने 7 दिन पहले साइक्लोन का अलर्ट भेजा, सिर्फ एक व्यक्ति की मृत्यु हुई, वो भी गलती से। गुजरात सरकार को हमने तीन दिन पहले साइक्लोन का अलर्ट भेजा, एक पशु भी नहीं मरा।'

02:17 PM, 31-Jul-2024

सरकार को पहले ही दी थी चेतावनी: शाह

वायनाड भूस्खलन पर लोकसभा में गृह मंत्री शाह ने कहा, 'मैं सदन के सामने स्पष्ट करना चाहता हूं कि 23 जुलाई को केरल सरकार को पहले ही चेतावनी भारत सरकार की ओर से दी गई थी, फिर 24 को, 25 को भी गई थी। 26 जुलाई को बताया गया कि 20 सेमी से ज्यादा वर्षा होगी, लैंडस्लाइड होने की संभावना है, कीचड़ भी आ सकता है और लोग इसमें दब कर मर भी सकते हैं।
 

02:04 PM, 31-Jul-2024

अमित शाह ने जताया दुख

अमित शाह ने कहा कि वायनाड भूस्खलन में जितने भी लोग हताहत हुए हैं और घायल हुए हैं, उन सभी के परिवारजनों के साथ मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। 

01:52 PM, 31-Jul-2024

कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पथनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम और कोल्लम में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।

01:51 PM, 31-Jul-2024

आपदाओं को रोकने के लिए रणनीतियों की आवश्यकता: वेणुगोपाल

वायनाड भूस्खलन पर कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, 'वायनाड त्रासदी के बारे में कहने के लिए एक शब्द भी नहीं है। बहुत सारे शव बरामद हुए हैं और बहुत से लोग लापता हैं... हमें इस प्रकार की आपदाओं को रोकने के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक रणनीतियों की आवश्यकता है।'
 

01:13 PM, 31-Jul-2024

इस तरह के हादसे सीख देते हैं: मनोज झा

वायनाड भूस्खलन पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा, 'इस तरह के हादसे सीख भी देते हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार को बेहतर समन्वय के साथ युद्ध स्तर पर बचाव और राहत अभियान चलाना चाहिए।'

12:13 PM, 31-Jul-2024

पीड़ितों से बात करने का मिला अवसर: राज्यपाल

बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, 'मुझे राहत शिविरों का दौरा करने और वहां रह रहे पीड़ितों से विस्तार से बात करने का अवसर मिला। यह हाल ही में हुई सबसे बुरी आपदाओं में से एक है। मैंने केरल के मुख्यमंत्री से बात की, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के संज्ञान में यह मामला लाया। प्रधानमंत्री बचाव और राहत कार्यों के लिए जो भी आवश्यक है, उसे करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम पीड़ितों के साथ हैं।'

12:13 PM, 31-Jul-2024

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने दौरा किया

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया, जहां शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। उन्होंने मेप्पाडी सामुदायिक भवन का भी दौरा किया, जिसे अस्थायी शवगृह में बदल दिया गया है।

11:42 AM, 31-Jul-2024

मरने वालों का आंकड़ा डेढ़ सौ के पार

राज्य राजस्व विभाग ने बताया कि वायनाड भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 158 हो गई है:

11:37 AM, 31-Jul-2024

मंत्रियों ने बचाव कार्यों का आकलन किया

केरल के मंत्रियों ने वायनाड में बचाव कार्यों का आकलन किया। मरने वालों की संख्या फिलहाल 148 है।

10:55 AM, 31-Jul-2024

नौसेना अकादमी की 60 टीमें चूरलमाला पहुंचीं

केरल पीआरडी (जनसंपर्क विभाग) ने कहा कि बचाव अभियान के लिए एझिमाला नौसेना अकादमी की 60 टीमें चूरलमाला पहुंचीं। लेफ्टिनेंट कमांडेंट आशीर्वाद के नेतृत्व में एक टीम पहुंच गई है। समूह में 45 नाविक, पांच अधिकारी, छह फायर गार्ड और एक डॉक्टर हैं।

10:41 AM, 31-Jul-2024

मृतकों की संख्या 150 के पार: सेगन

वायनाड में खोज और बचाव अभियान पर ब्रिगेडियर अर्जुन सेगन ने कहा, 'कल सुबह से ही यहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया है। कल मौसम खराब होने की वजह से हम गति से काम नहीं कर पाए। आज मौसम काफी बेहतर है। बारिश नहीं हो रही है। सेना, एनडीआरएफ, नौसेना, राज्य पुलिस और वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय स्वयंसेवकों से लगभग 500 से 600 बचावकर्मी काम कर रहे हैं। मृतकों की संख्या 150 को पार कर गई है और करीब 200 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।'

10:38 AM, 31-Jul-2024

करीब 150 हुआ मौत का आंकड़ा

राज्य राजस्व विभाग ने बताया कि मरने वालों की संख्या 148 हो गई है। 

09:57 AM, 31-Jul-2024

राहुल और प्रियंका जाएंगे वायनाड: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'हम सबने वायनाड की स्थिति को गंभीरता से लिया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा वहां जाने वाले हैं। हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ता वहां पुनर्वास के लिए जुटे हुए हैं। यह बहुत बड़ी दुखद घटना है। यह राष्ट्रीय आपदा है और इसपर सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए...हमने यह मुद्दा कल राज्यसभा में भी उठाया था।'

09:57 AM, 31-Jul-2024

चूरालमाला में बचाव और तलाशी अभियान जारी

वायनाड के चूरालमाला में कल सुबह भूस्खलन के बाद बचाव और तलाशी अभियान जारी है।

09:56 AM, 31-Jul-2024

पीड़ितों के लिए आवश्यक सामान एकत्र किया जा रहा

वीडियो मेप्पाडी में एक राहत शिविर से है, जहां वायनाड भूस्खलन के पीड़ितों के लिए आवश्यक सामान एकत्र किया जा रहा है।

09:12 AM, 31-Jul-2024

यहां चल रहा घायलों का इलाज

वायनाड के WIMS अस्पताल में भूस्खलन में घायल हुए लोगों का इलाज चल रहा है।

09:11 AM, 31-Jul-2024

केरल सरकार सचिवालय का वीडियो

वायनाड भूस्खलन में 143 लोगों की मौत के बाद राज्य में दो दिवसीय शोक के मद्देनजर केरल सरकार सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका हुआ है।
 

08:24 AM, 31-Jul-2024

स्वास्थ्य मंत्री जॉर्ज की गाड़ी दुर्घटना का शिकार हुई

राज्य स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस ने बताया कि केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज की गाड़ी मलप्पुरम जिले के मंजेरी के पास एक दुर्घटना का शिकार हो गई। वह वायनाड की यात्रा कर रही थी। उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज मंजेरी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।

08:23 AM, 31-Jul-2024

शोक के मद्देनजर विधानसभा में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका

वायनाड भूस्खलन में 143 लोगों की मौत के बाद केरल में दो दिवसीय शोक के मद्देनजर राज्य विधानसभा में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका हुआ है।
 

07:51 AM, 31-Jul-2024

बचाव अभियान की तैयारी में जुटे सैनिक

प्रादेशिक सेना की 122वीं इन्फैंट्री बटालियन के सैनिक बचाव अभियान के दूसरे दिन की तैयारी कर रहे हैं। आज लोगों को अस्थायी आश्रय से निकालकर एक स्थानीय स्कूल में ले जाया जाएगा। 
 

07:42 AM, 31-Jul-2024

भारी बारिश का रेड अलर्ट
वहीं मौसम विभाग के अनुसार वायनाड में आने वाले कुछ दिन और खराब हो सकते हैं। मौसम विभाग ने वायनाड के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जबकि पड़ोसी मलप्पुरम, कोझिकोड और कनूर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश के कारण बचाव अभियान प्रभावित हो सकता है।

07:42 AM, 31-Jul-2024

राहुल-प्रियंका का वायनाड दौरा टला
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का वायनाड दौरा टल गया है। उन्होंने जानकारी दी थी कि वे कल यानी मंगलवार को ही वायनाड जाना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण दौरा नहीं कर पाएं। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को अपने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, 'वायनाड में मेरे भाइयों और बहनों, भले ही हम कल वायनाड नहीं आ सके, लेकिन इस दुखद घड़ी में हमारा दिल आपके साथ है और हम आप सभी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।' 

07:39 AM, 31-Jul-2024

Wayanad Landslide Live: 'अब तक कुल 167 लोगों की मौत', वायनाड जिला प्रशासन ने दी जानकारी; राहत-बचाव कार्य जारी

केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को मेप्पाडी के पास विभिन्न पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अबतक 143 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 128 घायल है। वहीं सेना का राहत व बचाव कार्य जारी है।   

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें