कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद पर फैसले से पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। वह पटाखे फोड़कर जश्न मना रहे हैं।
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार राहुल गांधी से मिलने के बाद अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पास पहुंचे हैं।
राहुल गांधी और डीके शिवकुमार के बीच करीब डेढ़ घंटे चली बैठक खत्म हो गई है। वह 10 जनपथ से निकल गए है। रिपोर्ट के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान शिवकुमार को लगातार डिप्टी सीएम के लिए मनाया जा रहा था।
डीके शिवकुमार के साथ ही अब उनके भाई डीके सुरेश भी राहुल गांधी से मिलने पहुंचे हैं।
सिद्धरमैया के बाद अब डीके शिवकुमार राहुल गांधी से मिलने पहुंचे हैं। दोनों नेताओं में बातचीत जारी है। मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि राहुल गांधी ने शिवकुमार को डिप्टी सीएम के पद के लिए चुना है। हालांकि, शिवकुमार ने साफ इनकार कर दिया है कि वह डिप्टी सीएम नहीं बनेंगे।
सीएम पद को लेकर गहमागहमी के बीच कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंडारे ने कहा कि उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और कर्नाटक में हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा की। केवल आलाकमान ही तय करेंगे। उन्होंने कहा कि हम 100 फीसदी एकजुट हैं।
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया दिल्ली में पार्टी नेता राहुल गांधी से मिलने के बाद जनपथ से रवाना हुए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिद्धरमैया को कर्नाटक का सीएम चुन लिया गया है। हालांकि, इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सिद्धरमैया 10 जनपथ मिलने पहुंचे हैं। इस दौरान उनके साथ विधायक भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है थोड़ी देर में उनकी मुलाकात राहुल से होगी।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा पर कांग्रेस पार्टी में लगातार बातचीत चल रही है। इस बीच कर्नाटक के नवनिर्वाचित विधायक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचे है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने के चार दिन बाद भी कांग्रेस सरकार नहीं बना सकी है। मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी के दो दिग्गजों सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार के बीच चल रहे शह और मात के खेल ने आलाकमान के सामने असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। बुधवार सुबह होते ही एक बार फिर ‘कर्नाटक का सीएम कौन बनेगा’ इस पर चर्चा होने लगी है।
बता दें, शिवकुमार मंगलवार सुबह राजधानी पहुंचे थे। शाम को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से करीब आधे घंटे तक मुलाकात की थी। वहीं, सिद्धरमैया और राहुल की भी खरगे से मुलाकात हुई थी। खरगे ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला से भी लंबी बातचीत की। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष खरगे ने कर्नाटक में सीएम पद को लेकर सभी पक्षों के साथ बैठकें की है। अब वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ बातचीत के बाद अंतिम फैसला लेंगे। कहा जा रहा है कि जल्द ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।