डाक मतों के सहारे जयनगर में 16 वोट से जीती भाजपा
जयनगर सीट से भाजपा के सीके राममूर्ति सिर्फ 16 वोट से जीते। दरअसल कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से करीब 300 वोटों के अंतर से हार रहे राममूर्ति ने दोबारा मतगणना की मांग की थी। दोबारा मतों की गिनती के अलावा डाक मतों को जोड़ा गया तो राममूर्ति ने सौम्या रेड्डी को मात दे दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और कार्यकारी अध्यक्ष रामलिंगा रेड्डी समेत पार्टी के कई नेताओं ने दोबारा मतगणना का विरोध किया।
Karnataka Election Result: जयनगर में डाक मतपत्रों की होगी दोबारा गिनती
चुनाव आयोग ने कर्नाटक की जयनगर सीट पर करीबी मुकाबले को देखते हुए डाक मतपत्रों की दोबारा गिनती के आदेश दिए। बता दें, इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सौम्या रेड्डी 294 वोटों से आगे चल रही थीं।
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि राममूर्ति की अपील के बाद डाक मतपत्रों की दोबारा गिनती का आदेश दिया गया था। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रामलिंगा रेड्डी सहित अन्य पदाधिकारियों ने चुनावी निकाय के आदेश के विरोध में प्रदर्शन किया। कर्नाटक की कुल 224 सीटों में से जयनगर इकलौता ऐसा क्षेत्र है, जहां का नतीजा अब तक नहीं निकला है।
Karnataka Election Result: कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल (CLP) की पहली बैठक कल शाम 5:30 बजे बुलाई गई है। इससे पहले कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ है, मोहब्बत की दुकान खुली है। कर्नाटक की जनता से हमने 5 वादे किए थे, हम इन वादों को पहले दिन पहली कैबिनेट में पूरा करेंगे।
Karnataka Chunav Result: कर्नाटक के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक चुनाव में भाजपा की हार के बाद राज्यपाल थावर चंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने कहा कि मैंने राज्यपाल से समय मांगा और अपना इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।
बोम्मई सरकार के 14 मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष हारे
बोम्मई सरकार में 31 में से 25 मंत्री मैदान में थे। सत्ता विरोधी लहर में इनमें से 14 मंत्रियों की नैया डूब गई। गोविंदा करजोला, श्रीरामुलु, वी सोमन्ना, जेसी मधुस्वामी, मुरुगेश निरानी, बीसी पाटिल, डॉ के सुधाकर, एमटीवी नागराज, नारायणगौड़ा, बीसी नागेश, हलप्पा अचार और शंकर मुनेकोप्पा हार गए।
Karnataka Chunav Result: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है। मैं कर्नाटक भाजपा के मेहनती कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों और हमारी दृष्टि में विश्वास दिखाने वाले लोगों के लिए धन्यवाद देता हूं। PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी और सक्रिय रूप से रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए उनकी आवाज बुलंद करेगी।
Karnataka Election Result: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह एक बड़ी जीत है। इससे पूरे देश में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भाजपा हमें ताना मारती थी और कहती थी कि हम 'कांग्रेस मुक्त भारत' बनाएंगे। अब सच्चाई यह है कि यह 'भाजपा मुक्त दक्षिण भारत' है।
कांग्रेस के आठ बागी हारे : 2019 में कांग्रेस से बगावत कर भाजपा सरकार बनाने में मदद करने वाले आठ विधायक हार गए हैं। कांग्रेस के 13 व जदएस के तीन विधायकों के इस्तीफे से एचडी कुमारस्वामी की गठबंधन सरकार गिर गई थी। स्पीकर ने विधायकों को अयोग्य घोषित किया, तो वे भाजपा में शामिल हो गए थे। इनमें से ज्यादातर उपचुनाव में फिर जीते और भाजपा सरकार में मंत्री बने थे।
Karnataka Chunav Result: कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आज का दिन एक ऐतिहासिक अवसर है। कर्नाटक ने इतिहास रच दिया है। कर्नाटक ने न केवल लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए, लोकतंत्र के लिए एक नया जीवन दिखाया है। प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं लेकिन कर्नाटक के लोगों ने सुनिश्चित किया कि 'भाजपा मुक्त दक्षिण भारत'। लोगों ने दिखा दिया है कि कर्नाटक में केवल मोहब्बत की दुकान खुलेगी, नफरत की दुकान पर उन्होंने ताला लगा दिया।
Karnataka Election Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राज्य पार्टी प्रमुख डी.के. शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित कांग्रेस नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया।
Karnataka Election Result: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह 2024 की शुरूआत है, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार है। उत्तर प्रदेश में भाजपा है लेकिन अखिलेश अच्छा करेंगे मैं उनके साथ हूं। अगर आप साउथ से शुरूआत करें तो कर्नाटक, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश उसके बाद बंगाल, बिहार, झारखंड फिर महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली इन राज्यों में पहले इनकी सरकार बनने का पीक टाइम रहा लेकिन अब वे(भाजपा) 100 सीटें बी नहीं पार कर पाएंगे। इसका कारण है कि हर कोई एजेंसी का सामना कर रहा है। जो मुजरिम है उन्हें आप उनके ख़िलाफ एक्शन लें।
Karnataka Chunav Result: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता को बधाई देती हूं। उन्होंने पूरे देश में आज ये संदेश दिया है कि वो अपनी समस्याओं की राजनीति चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक ने देश को साबित कर दिया है कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी।
Karnataka Election Result: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, "लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
Karnataka Election Result: कर्नाटक में कांग्रेस की बंपर जीत के बाद पार्टी नेता राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात की। उन्होने जीत के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। राहुल ने कहा कि इन चुनावों में हमें जीत दिलाने के लिए कर्नाटक की जनता को शुक्रिया। कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ।
Karnataka Election Result: चल्लकेरे सीट पर कांग्रेस जीती। कर्नाटक में कांग्रेस 128 सीटों पर आगे है। भाजपा 67 और जनता दल (सेक्युलर) 22 सीटों पर आगे चल रही है।
Karnataka Chunav Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है। इस मौके पर कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने अपने आवास से लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार को कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र से 71.63% से ज्यादा मत मिले। उन्होंने भाजपा के आर. अशोक को हराया।
Karnataka Chunav Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिल रहा है। कांग्रेस-124, भाजपा-70 और जेडी(एस)-23 सीटों पर आगे चल रही है।
Karnataka Chunav Result: कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक कल सुबह बेंगलुरु में बुलाई गई। पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करते दिखाई दे रही है। कर्नाटक चुनाव परिणामों में कांग्रेस 125 सीटों पर आगे है।
Karnataka Election Result: कर्नाटक CM बसवराज बोम्मई ने कहा कि सभी परिणाम आने के बाद हम विस्तृत विश्लेषण करेंगे और एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के रूप में हम विभिन्न स्तरों पर अपनी कमियों को देखेंगे उसमें सुधार करेंगे और इसे पुनर्गठित कर लोकसभा चुनाव में वापसी करेंगे।
Karnataka Election Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है, रुझानों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत होती जा रही है। कांग्रेस 121, भाजपा 72, जेडीएस 24 पर आगे चल रही है।
Karnataka Election Result: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अभी तक जो खबर है कांग्रेस का बहुत अच्छा प्रदर्शन है। निश्चित तौर पर कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा का प्रयास रहेगा कि अन्य पार्टियों से मिलकर खरीद फरोख्त करें।
Karnataka Election Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है, रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। पार्टी कार्यालय के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया।
Karnataka Election Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। कांग्रेस-114, भाजपा-71 और जेडी(एस)-32 सीटों पर आगे चल रही है।
Karnataka Election Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, कांग्रेस-110, भाजपा-71 और जेडी(एस)-23 सीटों पर आगे चल रही है।
Karnataka Election Result: रुझानों में कांग्रेस ने बढ़त बना रखी है। पार्टी बार बहुमत के जादुई आंकड़े को पार कर रही है। पार्टी की बढ़त 110 से 116 के बीच बनी हुई है। भाजपा और जेडीएस को नुकसान होता दिख रहा है। भाजपा 78 और जेडीएस 26 सीटों पर आगे चल रही है। अन्य के खाते में पांच सीटें आती दिख रही हैं।
Karnataka Chunav Result: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिमला के जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना की।
Karnataka Election Result: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने श्री बसवेश्वर उमा महेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
जगदीश शेट्टार हुबली-धारवाड़-मध्य सीट से पीछे चल रहे हैं
कांग्रेस नेता जगदीश शेट्टार हुबली-धारवाड़-मध्य सीट से पीछे चल रहे हैं, वहीं राज्य के मंत्री सी.एन. अश्वथ नारायण मालेश्वरम से आगे चल रहे हैं।
यूपी निकाय चुनाव के नतीजों के रुझान भी देखिए...
Karnataka Election Result: रुझानों में कांग्रेस बड़ी बढ़त बनाते दिख रही है। फिलहाल कांग्रेस 137, भाजपा 68, जेडीएस 17 और अन्य दो सीटों पर आगे चल रही है।
रुझानों में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। भाजपा 116, कांग्रेस 96 और जेडीएस 12 पर आगे चल रही है।
सुबह नौ बजे तक आए रुझानों में कांग्रेस बहुमत से पिछड़ती दिख रही है। कांग्रेस फिलहाल 112, भाजपा 90, जेडीएस को 19 सीटें मिल रही हैं।
कर्नाटक में कांटे की टक्कर चल रही है। कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा आगे निकलती दिख रही है।
सुबह आठ बजकर 36 मिनट तक रुझानों में कांग्रेस को 113, भाजपा 83, जेडीएस को 15 और अन्य को दो सीटें मिल रही हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हुई। तस्वीरें मंगलुरु में मतगणना केंद्र के बाहर की हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई हुबली में मतगणना शुरू होने के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि आज का दिन बड़ा है, क्योंकि कर्नाटक की जनता अगले 5 साल का फैसला करेगी। मुझे विश्वास है कि लोगों ने भाजपा को वोट दिया है और मैं लोगों को बहुत शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हुई। थोड़ी देर में पहले रुझान आएंगे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय में ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मतगणना से पहले अपने पत्ते खोलने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि 2-3 घंटे और नतीजों का इंतजार करते हैं...हमें अच्छी चीजों की उम्मीद हैं। मेरी कोई मांग नहीं है, मेरी एक छोटी पार्टी है, मैं कैसे मांग कर सकता हूं?
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणामों के मद्देनजर हुबली में राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के आवास के बाहर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले- लोग बदलाव चाहते हैं
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के रहमान खान ने कहा कि आज बहुत बड़ा दिन है। हमें उम्मीद है कि कांग्रेस विजयी होगी। हमें 120 से अधिक सीटों के साथ पर्याप्त बहुमत मिलना चाहिए। केवल एग्जिट पोल ही नहीं जो कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी करते हैं, वही जमीनी स्तर पर भी दिखाई दे रहा है, लोग बदलाव चाहते हैं।
भाजपा जीती तो खुलेंगे दक्षिण के द्वार
जीत से भाजपा के लिए दक्षिण के राज्यों में संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और केरल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना में उसकी विस्तार योजना को मजबूती मिलेगी। इसके उलट दक्षिण में अपना इकलौता किला खोने की स्थिति में दक्षिण भारत में पार्टी की विस्तार की योजना को धक्का लगेगा।
भाजपा जीती तो मजबूत होगी अजय की छवि
भाजपा अगर राज्य में सत्ता बरकरार रखती है तो पार्टी की अजेय छवि और मजबूत होगी। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होगा और प्रधानमंत्री मोदी का दक्षिण के राज्यों में प्रभाव मजबूत होगा।
2615 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए 36 केंद्रों पर मतगणना
कर्नाटक विधानसभा के 224 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के तीन दिन बाद शनिवार को कर्नाटक चुनाव परिणाम 2023 की घोषणा की जाएगी। रिकॉर्ड मतदान कर्नाटक में 73.19 प्रतिशत मतदान के साथ शांतिपूर्ण मतदान हुआ, जो 2018 में दर्ज 72.36 प्रतिशत से अधिक था। युवा मतदाताओं को लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के लिए भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) की पहल के हिस्से के रूप में स्थापित 286 मतदान केंद्रों का प्रबंधन सबसे कम उम्र के कर्मचारियों द्वारा किया गया था। राज्य में पहली बार पंजीकृत 11.71 लाख से अधिक मतदाता थे।
अमर उजाला मोबाइल App नहीं, तो अभी करें डाउनलोड
यहां देखें सबसे पहले परिणाम
कर्नाटक चुनाव के सबसे तेज नतीजे आपको अमर उजाला App और amarujala.com पर मिलेंगे। किस पार्टी को कितनी सीटें मिल रही हैं, बड़ी सीटों पर कौन आगे-कौन पीछे, किसके गढ़ में किसने सेंध लगाई, इन नतीजों का देश की सियासत पर क्या असर होगा? यह सब कुछ सबसे तेज, सबसे पहले आपको अमर उजाला App और amarujala.com पर मिलेगा।
13 मई यानी शनिवार को दिनभर आप जहां भी रहें, अपने मोबाइल पर अमर उजाला App खोलिए या फिर amarujala.com पर विजिट कीजिए। कुछ ही सेकेंड में आप जान सकेंगे तीनों राज्यों के विधानसभा चुनवों के रुझान और नतीजे। अमर उजाला के यूट्यूब चैनल पर विशेषज्ञ आपको नतीजों का एनालिसिस भी बताएंगे।
सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी
कर्नाटक में सत्ता की जंग का आज फैसला हो जाएगा। सुबह आठ बजे से विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। करीब एक घंटे बाद यानी नौ बजे से ही शुरूआती रूझान भी आने शुरू हो जाएंगे। दोपहर बाद तक स्थिति काफी हद तक साफ हो जाएगी।
मतदान के बाद 10 अलग-अलग एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए थे। इनमें से पांच ने कांग्रेस की जीत का दावा किया है, तो दो ने भाजपा की फिर से सत्ता में वापसी की संभावना जताई है। तीन अन्य एग्जिट पोल ने त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति होने का दावा किया है। ऐसी स्थिति में जेडीएस किंगमेकर साबित हो सकती है। अभी सूबे में भाजपा की सरकार है। सत्ता में दोबारा आने के लिए भाजपा को 113 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी।