फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Japan PM India Visit LIVE: दोनों देशों के बीच MoU, पीएम मोदी बोले- कई कंपनियों से नाता 100 साल से अधिक पुराना

Thu, 02 Jul 2026 08:41 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

Japan PM India Visit LIVE: पीएम मोदी ने आज जापानी समकक्ष ताकाइची से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में जापानी प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। सैनिकों की टुकड़ी ने जापानी प्रधानमंत्री के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर भी पेश किया। औपचारिक स्वागत के दौरान सैनिकों के दल ने संगीत की प्रस्तुति भी दी। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पीएम ताकाइची के भारत दौरे से जुड़े तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
भारत दौरे पर जापान की प्रधानमंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:41 PM, 02-Jul-2026

महासागर और एफओआईपी पहल का मकसद सहयोग को बढ़ावा देना: जापान

जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के प्रेस सचिव तोशिहिरो कितामुरा ने कहा, जापान के लिए बहुस्तरीय सहयोग एक अहम स्तंभ है। उन्होंने कहा कि महासागर और मुक्त एवं खुला हिंद-प्रशांत (एफओआईपी) पहल का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि फिलीपींस भी एक समुद्री देश है। इस संदर्भ में एफओआईपी पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह केवल सरकारी (जी2जी) स्तर की बातचीत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें शैक्षणिक जगत के विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाएगा।

08:36 PM, 02-Jul-2026

'भारत भविष्य की आर्थिक महाशक्ति'

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के प्रेस सचिव और प्रवक्ता तोशिहिरो कितामुरा ने कहा कि भारत-जापान की 2+2 मंत्री स्तरीय बैठक इस वर्ष के अंत तक आयोजित की जाएगी। कितामुरा ने कहा, भारत भविष्य की आर्थिक महाशक्ति है और इस वर्ष या अगले वर्ष जापान की अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ देगा।

08:33 PM, 02-Jul-2026

रक्षा तकनीक का हस्तांतरण करेंगे: कितामुरा

जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ आए प्रेस सचिव तोशिहिरो कितामुरा ने कहा, यूनिकॉर्न (यूनिफाइड कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना) परियोजना के तहत दोनों देशों की कंपनियों के बीच रक्षा तकनीक के हस्तांतरण को लेकर व्यापक समझौता हुआ है। उन्होंने कहा, रक्षा उपकरणों में सहयोग और रक्षा प्रौद्योगिकी पर भी चर्चा हुई। यूनिकॉर्न इस दिशा की पहली प्रमुख परियोजना है। फिलहाल हमारा फोकस यूनिकॉर्न तकनीक को भारत को हस्तांतरित करने पर है।

विज्ञापन
08:11 PM, 02-Jul-2026

आईईए की सदस्यता हासिल कर भारत का समर्थन करेगा जापान

जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ आए उनके प्रेस सचिव और आधिकारिक प्रवक्ता तोशिहिरो कितामुरा ने कहा, जापान अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) की सदस्यता हासिल करने की भारत की कोशिशों का समर्थन करेगा।

06:18 PM, 02-Jul-2026

आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत: विदेश सचिव

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति में हमारे दोनों देश यह स्वीकार करते हैं और दोहराते हैं कि आर्थिक सुरक्षा हमारे संबंधों का एक मूलभूत स्तंभ है। उन्होंने कहा, चर्चाओं के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि दोनों नेता इस बात पर एकमत थे कि आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी चुनौतियां दोनों देशों में एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं और इसलिए सुरक्षित तथा बिना बाधा वाली आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित करने के लिए साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता है। 

विज्ञापन
06:17 PM, 02-Jul-2026

एआई क्षेत्र में सहयोग पर संयुक्त बयान जारी किया

उन्होंने कहा, आज चर्चाओं का तीसरा बड़ा विषय उन्नत तकनीक और नवाचार था। भारत-जापान कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहयोग पहल के आधार पर आगे बढ़ते हुए दोनों नेताओं ने एआई के क्षेत्र में सहयोग पर एक संयुक्त बयान जारी किया है। जापान ने भारत के एआई प्रभाव शिखर सम्मेलन के प्रमुख परिणामों के समर्थन की भी फिर से पुष्टि की है। 
 

06:16 PM, 02-Jul-2026

1,000 जैव-गैस संयंत्र स्थापित करने में भारत के साथ साझेदारी करेगा जापान: विदेश सचिव

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, हमने आज भारत-जापान सहकारी जैव-गैस विकास पहल की भी घोषणा की है। इसके तहत जापान भारत में पहले से मौजूद दुग्ध सहकारी समितियों के विशाल नेटवर्क का उपयोग करते हुए पूरे भारत में 1,000 जैव-गैस संयंत्र स्थापित करने में भारत के साथ साझेदारी करेगा। 

05:50 PM, 02-Jul-2026

भारत-जापान संबंधों की मजबूत नींव पर चर्चा हुई: विदेश सचिव

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर कल शाम नई दिल्ली पहुंचीं। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है।हालांकि दोनों प्रधानमंत्री इससे पहले दो बार मिल चुके हैं। 

उन्होंने आगे कहा कि दोनों नेताओं की बातचीत के दौरान भारत-जापान संबंधों की मजबूत नींव पर चर्चा हुई, जिसमें व्यापार और निवेश, आर्थिक सुरक्षा, रक्षा, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच संबंध जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं। मिस्री ने कहा, दोनों नेताओं ने इस बात को भी माना कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उससे आगे शांति, समृद्धि और स्थिरता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है।

04:51 PM, 02-Jul-2026

निजी क्षेत्र के लगभग 129 सहयोग समझौते हुए : जापानी पीएम

भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच में जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने कहा, हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि निजी क्षेत्र के लगभग 129 सहयोग समझौते हुए हैं और 2 ट्रिलियन जापानी येन से अधिक के निवेश किए गए हैं। आज बड़ी संख्या में जापानी कंपनियां भारत को आधार बनाकर अफ्रीका के साथ अपने जुड़ाव का विस्तार कर रही हैं। 
 

04:42 PM, 02-Jul-2026

दुनिया नई चुनौतियों के दौर में, क्षेत्रीय मजबूती जरूरी: जापानी पीएम

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने कहा,  आज दुनिया ऐसे दौर में प्रवेश कर रही है, जहां संरक्षणवाद (प्रोटेक्शनिज्म), आर्थिक दबाव और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव जैसी नई चुनौतियां सामने हैं। ऐसे समय में क्षेत्र को अधिक स्वायत्त और मजबूत बनाना जरूरी है। इसी सोच के साथ मैं इस वर्ष 'साथ मिलकर और अधिक मजबूत तथा समृद्ध बनने' के सिद्धांत पर आधारित एक नए बदलाव का प्रस्ताव रखती हूं। आत्मनिर्भरता और मजबूती पर आधारित यह सोच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'महासागर' पहल से भी गहराई से मेल खाती है।"

04:38 PM, 02-Jul-2026

जापान की पूंजी और भारत की महत्वाकांक्षा मिलकर तैयार करे नया नेतृत्व: पीएम मोदी

भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं आपके सामने एक दृष्टिकोण रखना चाहता हूं। मैं एक ऐसी दुनिया देखता हूं, जहां जापान की तकनीकी और भारत की मार्केट क्षमता मिलकर सेमीकंडक्टर, फार्मा और जरूरी मिनरल्स के क्षेत्र में दुनिया को एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला दें; जहां जापान की पूंजी और भारत की महत्वाकांक्षा मिलकर शिपबिल्डिंग, मोबिलिटी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नया वैश्विक नेतृत्व तैयार करें; जहां भारत और जापान के स्टार्टअप एआई, क्वांटम और बायोटेक के क्षेत्र में दुनिया के लिए अगली पीढ़ी के समाधान लाएं।  एयरोस्पेस और रक्षा में अभूतपूर्व सहयोग के साथ हम वैश्विक सुरक्षा में अपना योगदान मजबूत करेंगे। 

04:03 PM, 02-Jul-2026

इंडिया-जापान जॉइंट इकोनॉमिक फोरम में क्या बोले पीएम मोदी?

द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया-जापान संयुक्त आर्थिक मंच को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'यहां कई कंपनियों के भारत के साथ लंबे समय से संबंध रहे हैं, कुछ संबंध तो 100 साल से भी अधिक समय से। मैं इंडिया-जापान की सफलता की कहानी का हिस्सा बनने के लिए इस मंच से जुड़ने वाले नए दोस्तों का दिल से स्वागत करता हूं। 

02:05 PM, 02-Jul-2026

जापानी प्रधानमंत्री पीएम मोदी से क्या बोलीं?

प्रधानमंत्री मोदी के बयान के बाद जापानी समकक्ष ताकाइची ने कहा, आप मुझे छोटी बहन कहते हैं... हम दोनों की सोच एक जैसी है। इस रिश्ते को मजबूत करना अब और भी महत्वपूर्ण हो गया है। जापान और भारत के बीच रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने के लिए मैंने हाल ही में स्वतंत्र और खुली हिंद प्रशांत नीति की घोषणा की है। दोनों देश सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।

ये भी पढ़ें- India-Japan Summit Highlights: पीएम मोदी बोले- ताकाइची छोटी बहन और दूरदर्शी, जापानी प्रधानमंत्री क्या बोलीं?

01:48 PM, 02-Jul-2026

भारत-जापान के बीच 120 नए कारोबारी समझौते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और जापान की निवेश साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में दोनों देशों के बीच करीब 120 नए बिजनेस एग्रीमेंट हुए हैं, जिनके जरिए भारत में 10 अरब डॉलर से अधिक का जापानी निवेश आएगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की विशाल क्षमता और जापान की गुणवत्ता को मिलाकर दुनिया को सस्ती, भरोसेमंद और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे। उन्होंने इसे भारत-जापान संबंधों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

01:48 PM, 02-Jul-2026

10 साल में जापान से 10 ट्रिलियन निवेश लाने का लक्ष्य, बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का लक्ष्य अगले 10 वर्षों में जापान से 10 ट्रिलियन येन का निवेश आकर्षित करना है। इसके साथ ही भारत में काम करने वाली जापानी कंपनियों की संख्या को दोगुना करने का भी लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि भारत में लगातार हो रहे आर्थिक सुधारों से कारोबार करना पहले की तुलना में अधिक आसान हुआ है। पीएम मोदी ने जापानी कंपनियों को भारत में निवेश बढ़ाने का निमंत्रण देते हुए कहा कि दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी।

01:48 PM, 02-Jul-2026

भारत में लगेंगे 1000 बायोगैस प्लांट, गांवों को मिलेगा बड़ा फायदा- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भारत और जापान ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि भारत जापान बायो गैस इनीशिएटिव के तहत भारत में एक हजार बायोगैस और ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर प्लांट लगाए जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि इस पहल से गांवों में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण रोजगार के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल भारत के ग्रामीण विकास के लिए अहम साबित होगी।

01:47 PM, 02-Jul-2026

भारत-जापान ने आर्थिक सुरक्षा के लिए बनाया साझा रोडमैप- पीएम मोदी

भारत-जापान ने आर्थिक सुरक्षा के लिए बनाया साझा रोडमैप- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और जापान ने आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक संयुक्त रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम तकनीक और एडवांस्ड मैटेरियल्स जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सप्लाई चेन को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश भविष्य की तकनीकों में सहयोग बढ़ाकर वैश्विक चुनौतियों का मिलकर सामना करेंगे। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगी और हाई-टेक सेक्टर में नए अवसर भी पैदा करेगी।

01:37 PM, 02-Jul-2026

प्रधानमंत्री तकाईची का भारत में अपनी पहली यात्रा पर स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही- प्रधानमंत्री

भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री तकाईची का भारत में अपनी पहली यात्रा पर स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। वे जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं और एक दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता भी हैं। मुझे गर्व है कि भारत-जापान की साझेदारी इस कसौटी पर खरी उतरती है।

01:34 PM, 02-Jul-2026

भारत-जापान संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के बीच गुरुवार को होने वाली द्विपक्षीय वार्ता से पहले विदेश मंत्रालय ने भारत-जापान संबंधों को भरोसे और साझा मूल्यों पर आधारित विशेष साझेदारी बताया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है। 

01:31 PM, 02-Jul-2026

भारत-जापान के बीच सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की मौजूदगी में गुरुवार को हैदराबाद हाउस में भारत और जापान के बीच मेमोरेंडम ऑफ कोऑपरेशन (MoC) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। 

12:08 PM, 02-Jul-2026

2024 से अब तक पूर्वोत्तर क्षेत्र और जापान के बीच कैसे संबंध

दरअसल, जापान और उत्तर पूर्वी राज्यों के लोगों ने संस्कृति और खानपान में समानता के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग की संभावनाओं को भी स्वीकार किया है। यही कारण है कि विगत कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच कई उच्च स्तरीय दौरे हो चुके हैं। ऐसे ही कुछ अहम घटनाक्रमों पर एक नजर:

  • इस वर्ष फरवरी में जापान के विदेश मामलों के राज्य मंत्री इवाओ होरी की यात्रा हुई थी।
  • होरी ने मेघालय और असम के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की थी।
  • मेघालय के मुख्यमंत्री ने इस वर्ष अप्रैल में जापान का दौरा किया।
  • जापान में 5,000 युवाओं को मिलेगी ट्रेनिंग। कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर कर चुके हैं दोनों पक्ष।
  • पिछले साल जनवरी में असम के मुख्यमंत्री ने किया था जापान दौरा। 
  • असम और आसियान वन के बीच पांच वर्षों की अवधि में 20,000 युवाओं के प्रशिक्षण के लिए हुआ है समझौता।
  • 2024 में मेघालय सरकार ने शिलांग के चेरी ब्लॉसम महोत्सव में भागीदार देश जापान के साथ सहयोग का करार किया।

11:57 AM, 02-Jul-2026

मौजूदा समय में किन क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग कर रहे भारत और जापान?

  • पूर्वोत्तर भारत में कनेक्टिविटी और विकास के लिए साझेदारी।
  • बुनियादी ढांचा, शहरी नवीकरण, ऊर्जा, कृषि, पर्यटन और कौशल विकास से संबंधित परियोजनाओं पर मिलकर काम कर रहे दोनों देश।
  • पूर्वोत्तर जापान के मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण के अनुकूल।
  • दक्षिण एशिया को दक्षिणपूर्व एशिया से जोड़ने वाले सेतु का काम करता है पूर्वोत्तर।

11:41 AM, 02-Jul-2026

भारत-जापान शिखर सम्मेलन के दौरान खास क्या?

  • पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद।
  • द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे दोनों देश।
  • पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।

11:25 AM, 02-Jul-2026

इस मामले में जापान एकमात्र देश

भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक पीएम ताकाइची का यह दौरा भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जापान एकमात्र ऐसा देश है जिसके साथ भारत ने पूर्वोत्तर के विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत तंत्र- 'भारत-जापान एक्ट ईस्ट फोरम' बनाया है।

10:50 AM, 02-Jul-2026

15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन समेत कई अहम कार्यक्रम

प्रधानमंत्री ताकाइची की इस यात्रा के दौरान 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन समेत कई अहम कार्यक्रम आयोजित होंगे। दोनों देशों के बीच लगातार मजबूत हो रही रणनीतिक साझेदारी के बीच इस यात्रा को बेहद अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी के निमंत्रण पर 1 से 3 जुलाई तक भारत दौरे पर आईं ताकाइची हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगी।

10:34 AM, 02-Jul-2026

आज किन कार्यक्रमों में शरीक होंगी पीएम ताकाइची?

भारत में पीएम ताकाइची के कार्यक्रम पर विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों शीर्ष नेताओं के बीच आज अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से संवाद होगा।बातचीत का मुख्य फोकस आर्थिक सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा रहेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए दोनों देश अपने रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं। साथ ही, जापान और भारत के बीच 'विशेष रणनीतिक वैश्विक साझेदारी' को और आगे बढ़ाने तथा आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

भारत क्यों जापान के लिए जरूरी? 
इससे पहले खुद पीएम ताकाइची ने कहा था कि भारत, जापान की तरह एशिया का एक प्रमुख लोकतांत्रिक देश है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ 'फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक' (एफओआईपी) की दिशा में प्रयासों पर भी चर्चा होगी। इस दौरान जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के ढांचे से जुड़े सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

10:15 AM, 02-Jul-2026

Japan PM India Visit LIVE: दोनों देशों के बीच MoU, पीएम मोदी बोले- कई कंपनियों से नाता 100 साल से अधिक पुराना

तीन दिवसीय भारत दौरे पर आईं जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का आज राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री का खुद स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में ताकाइची को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। प्रधानमंत्री ने ताकाइची को भारतीय प्रतिनिधिमंडल से भी मिलवाया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी पीएम ताकाइची के साथ आए शिष्टमंडल से मुलाकात की। गौरतलब है कि भारत पहुंचने से पहले पीएम ताकाइची ने इस दौरे को अहम बताया था। उन्होंने कहा था कि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितताओं के बीच भारत के साथ सहयोग का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के साझा मूल्यों तथा रणनीतिक हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें