महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि तनाव और जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए योग को जन आंदोलन में बदलना आज समय की जरूरत है। शिंदे ने गेटवे ऑफ इंडिया, राज्य सचिवालय और यहां विधान भवन पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद कहा कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कम से कम 3,000 दिव्यांग जनों ने विश्व रिकॉर्ड कायम करने की कोशिशों के तहत एक साथ योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने भी हिस्सा लिया। पढ़ें पूरी खबर...
विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र की यह एजेंसी भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों का समर्थन करती है क्योंकि संस्कृति से समृद्ध इस देश में पर्यटन के क्षेत्र में अधिक निवेश आकर्षित करने की ‘विशाल क्षमता’ है। यूएनडब्ल्यूटीओ के महासचिव जुराब पोलोलिकाशविली ने मंगलवार को यह बात कही। यूएनडब्ल्यूटीओ, संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी है, जिसका उद्देश्य जिम्मेदार, टिकाऊ और सार्वभौमिक रूप से सुलभ पर्यटन को बढ़ावा देना है। पोलोलिकाशविली जी-20 देशों की मंत्रीस्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए इन दिनों गोवा में हैं। उन्होंने पीटीआई-भाषा से इस संयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की कि बैठक के दौरान ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हो रहा है। इस अवसर पर कई देशों के जी-20 प्रतिनिधियों ने बुधवार को गोवा में राजभवन परिसर में योगासन किया।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने बुधवार को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि योग स्वस्थ जीवन के लिए विज्ञान की एक कला है जो मन तथा शरीर के बीच सामंजस्य बनाने पर ध्यान केंद्रित करती है। राज्यपाल ने राज भवन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया और कहा कि योग तनाव कम करता है। राज भवन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नजीर ने कहा, ‘‘योग मन तथा शरीर के बीच सामंजस्य बनाने, शरीर को चुस्त बनाए रखने तथा तनाव कम करने में मदद करने पर ध्यान केंद्रित करता है।’’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में योग किया। उन्होंने कहा, "योग हमारी सभ्यता की महान उपलब्धियों में से एक है और दुनिया के बाकी हिस्सों के लिए भारत का महान उपहार है। योग शरीर और मन को एक साथ लाता है और यह जीवन के लिए एक समग्र दृष्टिकोण है। योग हम सभी को बेहतर स्थिति में रहने में मदद करता है। इस दिन, मैं सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और इसकी परिवर्तनकारी शक्ति का अनुभव करने का आग्रह करती हूं।"
मध्य प्रदेश: इंदौर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय कारागार में कैदियों और जेल स्टाफ ने योग किया।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता में योगा किया।
गुजरात: सुरत में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जम्मू-कश्मीर: पुंछ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय सेना की पुंछ ब्रिगेड ने योग किया। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में तैनात सेना के जवानों का भी योग करने का वीडियो सामने आया है। पैंगोंग सो से पुंछ तक, कुछ इस तरह भारतीय सेना ने मनाया योग दिवस
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों के साथ योग अभ्यास किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दिल्ली में योग दिवस के अवसर पर योग किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि दुनिया में योग के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी योग होता है तो योग करने वाले लोगों के मन में हिंदूस्तान का नाम आता है क्योंकि यह हमारी विरासत है।
दिल्ली: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया।
तमिलनाडु: रामेश्वरम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों ने पानी के अंदर योग किया।
महाराष्ट्र: राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई में योग किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जी-20 प्रतिनिधियों ने सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में योग किया।
हरियाणा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग किया।
ओडिशा: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बालासोर में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतररार्ष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर INS विक्रांत पर योग दिया।
पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "हमारे ऋषियों ने योग को परिभाषित करते हुए कहा है कि जो जोड़ता है वो योग है। इसलिए योग का ये प्रसार उस विचार का विस्तार है जो पूरे संसार को एक परिवार के रूप में समाहित करता है। योग के विस्तार का अर्थ है वसुधैव कुटुंबकम की भावना का विस्तार। इसलिए इस साल भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी20 समिट की थीम भी वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर रखी गई है। आज दुनिया में करोड़ो लोग योगा फॉर वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर एक साथ योग कर रहे हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क से एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, "आज शाम को भारतीय समय के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में जो योग कार्यक्रम हो रहा है, मैं उसमें शामिल होऊंगा। भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना, ऐतिहासिक है। 2014 में जब संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव आया तब रिकॉर्ड देशों ने इसका समर्थन किया था। तभी से लेकर आज तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जरिए योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है। इस साल योग दिवस के कार्यक्रमों को 'ओशन रिंग ऑफ योगा' ने और विशेष बना दिया है। इसका विचार, योग के विचार और समुद्र के विस्तार के पारस्परिक संबंध पर आधारित है।"
देश और दुनिया में आज योग दिवस की धूम है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इतना ही नहीं केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने भी योग दिवस पर अलग-अलग जगह जाकर योग से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक शामिल हैं। यहां पढ़ें योग दिवस से जुड़े सभी अपडेट्स..