ट्रंप का भारत-पाकिस्तान से पहले सीजफायर की घोषणा करना चौंकाने वाला
भारत-पाकिस्तान तनाव पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कर्ण सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बलों को खुली छूट देकर बहुत अच्छा किया... सशस्त्र बलों ने पेशेवर तरीके से संयम और परिपक्वता के साथ काम किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर उन्होंने कहा, यह पहली बार नहीं है जब किसी तीसरे पक्ष ने हस्तक्षेप किया है। उदाहरण के लिए, 1965 के युद्ध के बाद, हम ताशकंद गए और तीसरे पक्ष की भागीदारी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। उस समय सोवियत संघ ने किया था। इस बार दिलचस्प बात यह थी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने किसी और से पहले (भारत-पाकिस्तान) इसकी घोषणा की, जिसे टाला जा सकता था। तनाव बढ़ने से दोनों पक्षों को भारी नुकसान होता इसलिए इसे टाला गया।
यात्रियों को सलाह, समय से पहले पहुंचने की अपील
दिल्ली हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। रविवार रात 23.17 बजे जारी एडवाइजरी के मुताबिक नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो ने कहा, सुरक्षा उपायों के कारण, कुछ उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। सुरक्षा प्रक्रिया के कारण समय लंबा हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइनों से अपडेट हासिल करने के बाद ही यात्रा करें। हैंड बैगेज और चेक-इन बैगेज नियमों का पालन करें। यात्रियों से समय से पहले पहुंचने की अपील की गई है।
सैन्य अधिकारियों ने क्या प्रमुख बातें बताईं
डीजीएमओ की प्रेस वार्ता में जो मुख्य बातें सामने आईं उसमें पाकिस्तानी ठिकानों पर हमले और 100 से अधिक आतंकियों को ढेर किए जाने जैसे बिंदु प्रमुख रहे। भारतीय सेना ने बताया-
पीएम के निर्देश पर सेना ने मरकज को मिट्टी में मिलाया
सूत्रों ने कहा है कि पीएम मोदी के निर्देश पर सेना ने मरकज को मिट्टी में मिला दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से कहा कि कई और भी आतंकी ठिकाने सुरक्षाबलों के निशाने पर हैं।
राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में एहतियातन ब्लैकआउट
पाकिस्तान रात में हमला करता रहा है... हिमाकत पर दोगुनी ताकत से मिलेगा जवाब
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा, कार्रवाई रात में होती है। आज सुबह 5 बजे से शांतिपूर्ण माहौल है, लेकिन पाकिस्तान के बारे में भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। वे रात में हमला करते रहे हैं। अगर वे हमला करते हैं, तो भारत दोगुनी ताकत से जवाबी कार्रवाई करेगा। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि "मिट्टी में मिला देंगे" का उद्देश्य पूरा हो गया है। बहावलपुर या मुरीदके की तस्वीरें देखने से साफ है कि भारत ने सांप के सिर पर वार किया है। भारत पर आतंकी हमलों को अंजाम देने के तीन दशक बीत चुके हैं। अब यह उनका SoP (मानक संचालन प्रक्रिया) नहीं हो सकता।
ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है
सरकारी सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया, भारत ने आतंकवादियों और उनके समर्थकों को संदेश दिया है कि पाकिस्तान में कोई भी जगह उनके लिए सुरक्षित नहीं है। वे एक जगह से प्रशिक्षण हासिल कर हमले नहीं कर सकते। आतंकी वारदात को अंजाम देने के बाद वे दूसरी जगह जाकर चार मंजिला बंगले में रह कर नहीं सोच सकते हैं कि वे सुरक्षित हैं। हम पलटवार करेंगे। 10 मई को सीजफायर समझौते पर सहमत होने के बावजूद, उन्होंने ड्रोन और मिसाइलें भेजीं। उन्हें जान लेना चाहिए कि उल्लंघन के गंभीर परिणाम होंगे। ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है।
पाकिस्तान के इन ठिकानों पर हमले किए
एयर मार्शल एके भारती ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई ठिकानों पर हमले किए। उन्होंने भारत के सैन्य अभियानों के असर की विस्तृत वीडियो भी दिखाई। जिन ठिकानों पर हमले किए, उनके नाम पर एक नजर:
पाकिस्तान ने भारतीय सीमा और हवाई क्षेत्र में ड्रोन-विमान भेजे
DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा 8-9 मई की रात को, पाकिस्तान ने सीमाओं के पार हमारे हवाई क्षेत्र में ड्रोन और विमान भेजने की हिमाकत की। बड़े पैमाने पर बुनियादी सैन्य ढांचे को निशाना बनाने के कई असफल प्रयास किए गए। पाकिस्तान ने जब नियंत्रण रेखा पर फिर से उल्लंघन किया तो भारत ने आर्टिलरी फायरिंग से मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारत ने पाकिस्तान के कई अत्याधुनिक विमानों को मार गिराया
डीजीएमओ ने बताया कि भारतीय सेना ने किसी भी पाकिस्तानी विमान को भारतीय सीमा में नहीं घुसने दिया, लेकिन इस समय इतना जरूर कह सकते हैं कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई अत्याधुनिक विमानों को मार गिराया।
भारत की गोलाबारी में पाकिस्तान की सेना के 35-40 जवान भी मारे गए
9 और 10 मई की रात को भी पाकिस्तान ने एयरफील्ड और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की। थलसेना और वायुसेना की समेकित वायु रक्षा प्रणाली की वजह से हर हमले को नाकाम कर दिया गया। भारत की गोलाबारी में पाकिस्तान की सेना के 35-40 जवान मारे गए।
केवल आतंकवादियों को ही निशाना बनाने की रणनीति
डीजीएमओ राजीव घई ने बताया, सेना ने सीमा पार के आतंकी परिदृश्य को समझने के लिए बहुत मेहनत की। सुरक्षाबलों ने सूक्ष्मता से काम किया और आतंकी शिविरों और प्रशिक्षण स्थलों की पहचान की। कार्रवाई करने के लिए कई जगहें सामने आईं, लेकिन हमने गहन विचार-विमर्श किया, हमें एहसास हुआ कि इनमें से कुछ आतंकी केंद्र अब मौजूद नहीं हैं। हमने तय किया था कि हम केवल आतंकवादियों को ही निशाना बनाएंगे और आम नागरिकों के साथ-साथ दूसरे नुकसान को रोका जाएगा। खुफिया एजेंसियों ने नौ आतंकी शिविरों के बारे में पुष्टि की। इनमें से कुछ पाकिस्तानी कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में थे, जबकि कुछ अन्य पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में थे। मुरीदके लश्कर-ए-तैयबा का केंद्र है। पिछले कई वर्षों में यहां अजमल कसाब और डेविड हेडली जैसे कुख्यात लोगों को ट्रेनिंग मिली है।
नौ आतंकी शिविरों को हमले के लिए चुना गया, 100 से अधिक आतंकी ढेर
सेना के अधिकारयों ने तस्वीरों के साथ विस्तार से बताया कि स्ट्राइक से पहले के हालात कैसे थे और सेना की कार्रवाई के बाद का मंजर कैसा है। उन्होंने बताया कि भारत की जवाबी कार्रवाई के डर से कुछ आतंकी ठिकाने खाली हो गए। ऑपरेशन सिंदूर के लिए सोच-विचार कर नौ आतंकी शिविरों को हमले के लिए चुना गया। 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। कंधार विमान अपहरण में शामिल रऊफ अजहर जैसे हाई वैल्यू टारगेट यानी वांटेड आतंकी को भी खत्म कर दिया।
भारतीय सेना का स्पष्ट संदेश, शिव तांडव स्तोत्र के संगीत से दृढ़ मानसिकता दिखाई
तीनों सेनाओं के अधिकारी जब प्रेस ब्रीफिंग करने पहुंचे तो ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति चलाई गई। इसके माध्यम से भी भारतीय सेना ने स्पष्ट संदेश दिया। ऐसा इसलिए क्योंकि जिस बैकग्राउंड संगीत का इस्तेमाल किया गया वह- शिव तांडव स्तोत्र का है। एयरमार्शल एके भारती, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, वाइस एडमिरल एएन प्रमोद और मेजर जनरल एसएस शारदा ने भारतीय सेना की कार्रवाई पर जानकारी दी।
पहलगाम के बाद आया दमदार बयान देने का समय
डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा, आप सभी अब तक उस क्रूरता और नृशंस तरीके से परिचित हो चुके हैं, जिसमें 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई। पहलगाम के भयावह दृश्यों और परिवारों के दर्द को देखने के बाद निहत्थे नागरिकों पर हाल ही में हुए कई अन्य आतंकवादी हमलों की याद भी आई। सेना जानती थी कि एक राष्ट्र के रूप में हमारे संकल्प को दिखाने और एक दमदार बयान देने का समय आ गया है। ऑपरेशन सिंदूर की अवधारणा आतंक के अपराधियों और साजिश रचने वाले लोगों को दंडित करने और उनके आतंकी ढांचे को नष्ट करने के स्पष्ट सैन्य उद्देश्य के साथ की गई थी। भारत आतंक को नहीं सहने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
सुप्रीम कोर्ट के अगले चीफ जस्टिस ने कहा- जब देश खतरे में हो...
भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई ने पहलगाम आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, जब देश खतरे में हो तो सुप्रीम कोर्ट अलग नहीं रह सकता, हम भी इसी देश का हिस्सा हैं। जब हमने इस घटना के बारे में सुना तो हम स्तब्ध रह गए। न्यायमूर्ति गवई ने कहा, चीफ जस्टिस संजीव खन्ना उस समय देश में नहीं थे, इसलिए मैंने उनसे अनुमति लेकर पूरी अदालत की बैठक बुलाई। बैठक के बाद हमने तुरंत हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दो मिनट का मौन रखने की घोषणा की।
शाम साढ़े छह बजे मीडिया ब्रीफिंग
भारत की थल सेना, नौसेना और वायुसेना के सैन्य महानिदेशक (डीजीएमओ) अब से थोड़ी ही देर बाद मीडिया ब्रीफिंग करेंगे।
जैसलमेर में सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय की मिसाइल
राजस्थान के जैसलमेर में एक खेत में गिरी एक मिसाइल को सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, इस मिसाइल को कल बरामद किया गया था।
सरहद के इस पार और उस पार करेंगे कार्रवाई- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर को पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ढांचा ढहाने के उद्देश्य से लॉन्च किया था। हमने उनके आम नागरिकों को कभी निशाना नहीं बनाया था। मगर पाकिस्तान ने न केवल भारत के नागरिक इलाकों को निशाना बनाया बल्कि मंदिर, गुरुद्वारा और गिरिजाघर पर भी हमले करने का प्रयास किया। भारतीय सेना ने शौर्य और पराक्रम के साथ-साथ संयम का भी परिचय देते हुए पाकिस्तान के अनेक सैन्य ठिकानों पर प्रहार करके करारा जवाब दिया है। हमने केवल सीमा से सटे सैन्य ठिकानों पर ही नहीं कार्रवाई की बल्कि भारत की सेनाओं की धमक उस रावलपिंडी तक सुनी गई जहां पाकिस्तानी फौज का हेडक्वार्टर मौजूद है...आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि यह नया भारत है जो आतंकवाद के खिलाफ सरहद के इस पार और उस पार दोनों तरफ प्रभावी कारवाई करेगा'।
पाकिस्तान अगर भारत से लडे़गा तो हार जाएगा- शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत के डीजीएमओ से बात करके संघर्ष विराम की पहल की थी...भारत हमेशा अपनी प्रतिबद्धता पूरी करता है। लेकिन पाकिस्तान ने बेईमानी की...पीएम मोदी ने पाकिस्तान को खुद में सुधार करने के लिए शांति वार्ता के तौर पर संघर्ष विराम पर सहमति जताई थी...पीएम नरेंद्र मोदी जानते थे कि ये पाकिस्तानी ऐसा कुछ करेंगे। इसीलिए उन्होंने संघर्ष विराम का जिक्र तक नहीं किया...पाकिस्तान जानता है कि अगर वे भारत से लड़ेंगे तो हार जाएंगे'।
ऑपरेशन अभी भी जारी है- भारतीय वायुसेना
भारतीय वायुसेना ने किया ट्वीट, 'चूंकि ऑपरेशन अभी भी जारी है, इसलिए समय आने पर विस्तृत ब्रीफिंग की जाएगी। भारतीय वायुसेना सभी से अटकलों और असत्यापित सूचनाओं के प्रसार से बचने का आग्रह करती है।'
एनडीए ने पीएम मोदी की तारीफ की
भाजपा-नीत एनडीए ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान के साथ संबंधों के नियमों को फिर से लिखा है। पार्टी की यह टिप्पणी शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद तत्काल प्रभाव से जमीन, हवा और समुद्र पर सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के समझौते के बाद आई है।
एक्स पर एक पोस्ट में, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि पाकिस्तान ने 'विनाशकारी नुकसान' झेलने के बाद समझौते की गुहार लगाई, उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में, केवल 72 घंटों में, भारत ने पाकिस्तान के साथ संबंधों के नियमों को फिर से लिखा है।' भंडारी ने कहा कि भारत ने रणनीतिक संकल्प के साथ पाकिस्तान के "परमाणु झांसे" को खारिज कर दिया, लाहौर से रावलपिंडी तक पाकिस्तानी सैन्य क्षेत्रों में अंदर तक हमला किया और मुनिरके और बहावलपुर में जैश और लश्कर के आतंकी मुख्यालयों को नष्ट कर दिया।
ट्रंप के पोस्ट पर कपिल सिब्बल ने उठाए सवाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पोस्ट पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, 'इस ट्वीट पर भी कई सवाल उठेंगे... क्या हुआ, कैसे और क्यों, इस बारे में हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है... इसलिए हम आज कोई आलोचना नहीं करेंगे। हम सिर्फ यह चाहते हैं कि संसद का विशेष सत्र हो और सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। मैं सभी राजनीतिक दलों से अपील करना चाहता हूं कि जब तक सरकार उन्हें यह आश्वासन नहीं देती कि प्रधानमंत्री भी बैठक में मौजूद रहेंगे, तब तक वे बैठक में शामिल न हों... मुझे पूरा भरोसा है कि अगर आज डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री होते तो वे सर्वदलीय बैठक में मौजूद होते और विशेष सत्र भी बुलाया जाता।'
श्रेय लेने में जुटे ट्रंप, RJD ने जताया ऐतराज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पोस्ट पर राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा, 'हमारी प्रेस वार्ता से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति ने घोषणा की। शिमला समझौते के तहत भी ये कतई उचित नहीं था। जो अपने आप को दुनिया के सरपंच समझते हैं उनका बयान हमारे जैसे विशाल देश के लिए सही नहीं है... हमारी सरकार की ओर से इसका सख्त प्रतिकार होना चाहिए। सवाल किसी पार्टी का नहीं है सवाल इस देश के मिजाज का है'।
कल रात में सीजफायर के उल्लंघन के बाद से अमृतसर में स्थिति सामान्य
अमृतसर में स्थिति सामान्य है। लोग अपने रोजमर्रा के काम कर रहे हैं। रविवार को दफ्तर नहीं खुले, लेकिन बाजार खुले हैं और जनजीवन सामान्य है। वहीं अमृतसर के डीसी ने लोगों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी जताया है।
पीएम मोदी की CDS और सेना प्रमुखों के साथ बैठक
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल, सीडीएस अनिल चौहान और तीनों सेना प्रमुखों के साथ बैठक कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, तीनों सेना प्रमुख प्रधानमंत्री को संघर्ष और संघर्ष विराम के बाद की स्थिति से अवगत कराया है।
भारत के सीमावर्ती जिलों में फिलहाल स्थिति सामान्य
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थिति सामान्य दिख रही है। रात भर ड्रोन, गोलीबारी या गोलाबारी की कोई खबर नहीं मिली।
उरी, जम्मू-कश्मीर
पुंछ, जम्मू-कश्मीर
राजौरी, जम्मू-कश्मीर
अखनूर, जम्मू-कश्मीर
जम्मू शहर, जम्मू-कश्मीर
बाड़मेर, राजस्थान
पठानकोट, पंजाब
फिरोजपुर, पंजाब
पंजाब में भी फिलहाल स्थिति समान्य
वहीं दूसरी ओर बढ़ते तनाव के बीच पंजाब के भी कई जगहों पर स्थिति सामान्य दिखाई दी। जिसमें फिरोजपुर, पठानकोट जैसे स्थान शामिल है। बीते रात से इन स्थानों पर किसी ड्रोन, गोलीबारी या गोलाबारी की खबर नहीं मिली है।
जम्मू-कश्मीर में फिलहाल स्थिति समान्य
संघर्ष विराम उल्लंघन के बाद जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर, पुंछ, रजौरी, अखनूर में स्थिति सामान्य दिखाई दी। रात में किसी ड्रोन, गोलीबारी या गोलाबारी की खबर नहीं मिली।
कठुआ में ब्लैकआउट, अरनिया और उधमपुर में फायरिंग
अरनिया व कानाचक में कम से कम तीन-तीन ड्रोन देखे गए। बीएसएफ ने दोनों जगह ड्रोनों को नष्ट करने के लिए फायरिंग की। सांबा में भी ड्रोन देखे गए। सांबा के साथ ही कठुआ में भी ब्लैकआउट कर दिया गया। सायरन की आवाज भी गूंज उठी। आरएसपुरा सेक्टर में भी धमाके शुरू होते ही प्रशासन ने सायरन बजाकर अलर्ट किया। जम्मू में लोगों ने खुद ही ब्लैकआउट कर दिया। जहां लाइटें जलती दिखीं वहीं पुलिस ने बंद कर दी। बीएसएप और सेना की तरफ से पाकिस्तान के दुस्साहस का मजबूती से जवाब दिया जा रहा है।
पाकिस्तानी ड्रोन के टुकड़े की चपेट में आकर सैनिक बलिदान
शनिवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक वायुसेना अड्डे पर सेना के वायु रक्षा बल ने एक पाकिस्तानी ड्रोन के टुकड़े की चपेट में आकर एक सैनिक की मौत हो गई।
शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ जहर उगला
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के साथ संघर्षविराम समझौते के बाद देश को संबोधित किया। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और तुर्किये का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि तुर्किये ने पाकिस्तान का साथ दिया, जिसके लिए वे दिल से शुक्रगुजार हैं। उन्होंने चीन को भी धन्यवाद दिया।
चीनी विदेश मंत्री का फोन आया, NSA डोभाल ने दिया दो टूक संदेश
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से फोन पर बातचीत की। चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, डोभाल ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले में नागरिकों के हताहत होने की वजह से भारत को आतंकवाद विरोधी कार्रवाई करने की आवश्यकता है। डोभाल ने साफ किया कि युद्ध भारत की पसंद नहीं थी और यह किसी भी पक्ष के हित में नहीं। उन्होंने कहा, उन्हें उम्मीद है कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्हें जल्द से जल्द क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बहाल करने की उम्मीद है।
गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्यों के हालात की समीक्षा की
केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने पाकिस्तान की सीमा से सटे राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बात की। उन्होंने शनिवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस कर राज्यों के हालात जाने। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान गृह सचिव ने मुख्य सचिवों को सतर्क रहने और सीमा पार से किसी भी गोलीबारी या हमले की स्थिति में अपने-अपने राज्यों के नागरिक सुरक्षा तंत्र को सक्रिय करने को कहा। गौरतलब है कि वीडियो कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान और भारत के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयों को तुरंत रोकने की सहमति बनी। बता दें कि शनिवार देर शाम जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की खबर आने के बाद विदेश मंत्रालय ने भी पाकिस्तान को दो टूक संदेश दिया और कहा कि सेना को सख्ती से निपटने के संदेश दिए गए हैं।
पाकिस्तान ने संघर्ष विराम उल्लंघन किया, सरकार ने सख्ती से निपटने के निर्देश दिए
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि संघर्ष विराम लागू करने को लेकर DGMO स्तर पर बनी सहमति का पाकिस्तान की ओर से बीते कुछ घंटे से उल्लंघन किया जा रहा है। पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया। भारत मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। सरकार ने सशस्त्र बलों ठोस और सख्त कदम उठाने के आदेश दे दिए हैं।
एजेंसी ने नगरोटा मुठभेड़ की खबर वापस ली
शनिवार रात संघर्षविराम उल्लंघन की खबरों के बीच जब नगरोटा में आतंकी हमले की खबर आई तो थोड़ी ही देर के बाद समाचार एजेंसी एएनआई ने नगरोटा की ये खबर वापस ले ली। सूचना में सुधार करते हुए जारी नए एक्स पोस्ट में एएनआई ने लिखा, 'हम और अधिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। नगरोटा में सेना की एक यूनिट पर गोलीबारी की घटना पर संतरी ने बताया कि संदिग्ध हरकत देखे जाने के बाद फायरिंग की गई। शुरुआती मुठभेड़ के बाद दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। घटना की जांच जारी है। अधिक जानकारी का इंतजार है।'
नगरोटा में आतंकी हमले की खबर
जम्मू के पास नगरोटा में एक सैन्य इकाई पर आतंकवादी हमले की खबर है।
पंजाब के फजिल्का में भी ब्लैकआउट।
पड़ोसी देश ने सीजफायर का उल्लंघन किया
पाकिस्तान ने सीजफायर को लेकर आज दोपहर 03:35 बजे, शाम पांच बजे से संघर्ष विराम लागू करने को लेकर बनी द्विपक्षीय सहमति का उल्लंघन किया है। सरकारी सूत्र के हवाले से पीटीआई ने ये जानकारी दी है।
नगरोटा में रोका गया ड्रोन
जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका। लाल धारियां दिखीं और विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
अमृतसर में ब्लैकआउट, पटाखे नहीं जलाने की अपील
पंजाब के 10 जिलों में ब्लैकआउट की खबर है। अमृतसर के उपायुक्त (डीसी) ने कहा, संघर्ष विराम उल्लंघन की खबरों के कारण हम आज अलर्ट पर रहेंगे। जरूरत पड़ने पर ब्लैकआउट का पालन किया जाएगा। ब्लैकआउट लागू होने के लिए तैयार रहें और घरों के अंदर ही रहें। उन्होंने पटाखे नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम कई बार अभ्यास कर चुके हैं। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है। ब्लैकआउट अत्यधिक सावधानी के तौर पर है।
कच्छ में कई ड्रोन देखे गए, ब्लैकआउट लागू
गुजरात के गृहमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा है कि कच्छ में कई ड्रोन देखे गए हैं। पूरे शहर में ब्लैकआउट लागू है। उन्होंने नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।
जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोके। ड्रोन को रोकने पर लाल धारियां दिखीं और विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
पंजाब के फिरोजपुर और पटानकोट में ब्लैकआउट की खबर है।
बाड़मेर में ब्लैक आउट
राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में ब्लैक आउट हो गया है।
जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया कि संघर्ष विराम को क्या हो गया? श्रीनगर में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
श्रीनगर में विस्फोटों की आवाज गूंजी। जोरदार धमाके सुनाई दिए।
उधमपुर में ब्लैकआउट के बीच भारत की वायु रक्षा ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका। यहां आसमान में लाल धारियां दिखीं और विस्फोटों की आवाज़ सुनाई दी।
चार घंटे में ही टूटा संघर्षविराम, पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी
शाम पांच बजे से भारत पाकिस्तान के बीच लागू हुआ संघर्ष विराम कुछ ही घंटों में टूट गया। पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर फायरिंग की गई है। बताया जा रहा है कि कुछ इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन भी देखे गए हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि संघर्ष विराम स्वागत योग्य है। दोनों देशों के बीच जो वैमन्यसता पैदा हुई है, वह इसलिए है क्योंकि पाकिस्तान खुलेआम आतंकवादियों को पनाह देता है। हम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से अपील करना चाहेंगे कि वे आतंकवादियों को पनाह देना बंद करें क्योंकि अगर आप आतंकवाद को जन्म देंगे तो वही होगा जो अभी हुआ है। मैं भारतीय सेना और खुफिया तंत्र को बधाई देना चाहूंगा जिसने आतंकवादी ट्रेनिंग केंद्र की पहचान की और वहां सीधा हमला किया। भारतीय सेना ने नागरिक क्षेत्रों को निशाना नहीं बनाया बल्कि केवल आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया, इसके लिए उन्हें बधाई।
सीजफायर के बाद पीएम मोदी ने उच्चस्तरीय बैठक की।
प्रधानमंत्री आवास (एलकेएम) पर आयोजित इस बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे।
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मैं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद देना चाहूंगी और इसके साथ ही मैं अपने देश के नेतृत्व और पाकिस्तान को भी बधाई देना चाहूंगी। दोनों देश संघर्ष विराम पर सहमत हुए। क्योंकि जब हमारे देश और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो सबसे ज्यादा नुकसान जम्मू-कश्मीर के लोगों को होता है। उन्होंने कहा कि इतने सारे लोग मारे गए और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा, ऐसे समय में यह हुआ है। इतने दिनों के बाद आज लोग चैन की नींद सोएंगे। सैन्य समाधान कोई समाधान नहीं है, राजनीतिक हस्तक्षेप की हमेशा ज़रूरत होती है। हमें मध्यस्थ की ज़रूरत नहीं होनी चाहिए। हमारे देश को सभी देशों का बड़ा भाई बनना चाहिए और मुद्दों को सुलझाना चाहिए।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ट्वीट किया कि भारत और पाकिस्तान के नेताओं के कठिन परिश्रम और इस संघर्ष विराम में शामिल होने की इच्छा के लिए मैं उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
संघर्ष विराम के बाद पाकिस्तान ने भारत के लिए अपना एयर स्पेस खोला। पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि युद्ध विराम की कोई पूर्व या पश्चात शर्त नहीं है। यह आह्वान पाकिस्तान की ओर से किया गया था। सिंधु जल संधि स्थगित रहेगी।
कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने अपने JF 17 से हमारे S400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया है, जो पूरी तरह से गलत है। दूसरे, उसने यह भी गलत सूचना अभियान चलाया कि सिरसा, जम्मू, पठानकोट, भटिंडा, नलिया और भुज में हमारे एयरबेस को नुकसान पहुंचाया गया है और उसकी यह गलत सूचना भी पूरी तरह से गलत है। तीसरा पाकिस्तान के गलत सूचना अभियान के अनुसार, चंडीगढ़ और व्यास में हमारे गोला-बारूद डिपो को नुकसान पहुंचाया गया है, जो भी पूरी तरह से गलत है। पाकिस्तान ने झूठे आरोप लगाए कि भारतीय सेना ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और हमारी सेना भारत के संवैधानिक मूल्यों का एक बहुत ही सुंदर झलक है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया। सेना ने उसके एयरबेस को नुकसान पहुंचाया। उसके एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह किया। भारतीय सेना सतर्क है, तैयार है और भारत की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए तत्पर है।
कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि भारतीय सेना पूरी तरह से सतर्क है। तैयार है। कमोडोर रघु नायर ने कहा कि जैसा कि विदेश सचिव ने कहा था, समुद्र, हवा और ज़मीन पर सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने के लिए एक सहमति बन गई है। भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना को इस सहमति का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
रक्षा मंत्रालय की प्रेसवार्ता में कॉमेडोर रघु नायर ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम हो गया है। कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने कई झूठ बोले हैं। पाकिस्तान झूठी खबरें फैला रहा है। उनके वरिष्ठ सेना अधिकारी ने झूठा आरोप लगाया कि भारतीय सेना ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। लेकिन भारतीय सेना ने ऐसा कुछ नहीं किया। सशस्त्र बलों ने सैन्य ठिकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया।
कांग्रेस ने की सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि अमेरिका की ओर से किए गए एलान के मद्देनजर अब पहले से कहीं अधिक जरूरत है कि प्रधानमंत्री एक सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करें और राजनीतिक दलों को विश्वास में लें। संसद का एक विशेष सत्र बुलाएं जिसमें पिछले अठारह दिनों की घटनाओं पर चर्चा हो, जिसमें क्रूर पहलगाम आतंकी हमलों और आगे की रणनीति शामिल हो तथा सामूहिक संकल्प प्रदर्शित हो।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ 12 मई को दोपहर 12 बजे एक बार फिर बात करेंगे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान ने आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनाई है। भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख अपनाया है। वह ऐसा करना जारी रखेगा।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि पिछले 48 घंटों में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, सेना प्रमुख असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और असीम मलिक सहित वरिष्ठ भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों से बातचीत की है। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्ध विराम और तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गई हैं। हम शांति का मार्ग चुनने में प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ की बुद्धिमत्ता, विवेक और नेतृत्व की सराहना करते हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने आज दोपहर 15:35 बजे भारत के डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष शाम पांच बजे से जमीन, हवा और समुद्र पर सभी गोलाबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि भारत पाकिस्तान संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आज शाम पांच बजे से संघर्षविराम लागू कर दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर बातचीत हुई। पाक डीजीएमओ ने बातचीत की पहल की। जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी। किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है।
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने ट्वीट किया, पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है।
गुजरात सरकार ने मछली पकड़ने पर लगाई पाबंदी
गुजरात सरकार ने अरब सागर में मछली पकड़ने की गतिविधियों पर पाबंदी लगाई है। अधिकारियों ने कहा कि नावें वापस बुला ली गईं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।
पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी के बाद पुंछ में मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सुरक्षा बलों और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) के बम निरोधक दस्ते ने पाकिस्तान की ओर दागे गए ड्रोन को नष्ट कर दिया। यह ड्रोन जम्मू के पास एक गांव में मिला।
भारत सरकार के शीर्ष सूत्रों ने बताया कि भारत ने निर्णय लिया है कि भविष्य में किसी भी आतंकी कार्रवाई को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और उसी के अनुसार जवाब दिया जाएगा।
रक्षा अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र के आरएसपुरा में पाकिस्तान की गोलाबारी में बीएसएफ के आठ जवान घायल हो गए।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'पाकिस्तान यह आसानी से भूल जाता है कि भारत में 23 करोड़ से अधिक मुसलमान रहते हैं और हमारे पूर्वजों ने जिन्ना द्वारा प्रस्तावित 'टू नेशन थ्योरी' को खारिज कर दिया और हमने भारत को अपने देश के रूप में स्वीकार किया और हम यहीं रहेंगे। पाकिस्तान धर्म के नाम पर भारत का विभाजन करना चाहता है, वे भारतीय मुसलमानों, हिंदुओं और अन्य समुदायों के बीच तनाव पैदा करना चाहते हैं। जब वे 'टू नेशन थ्योरी' के बारे में बात करते हैं तो वे अफगानिस्तान सीमा चौकी पर बमबारी क्यों कर रहे हैं, वे ईरानी सीमा चौकी पर बमबारी क्यों कर रहे हैं? पाकिस्तान का डीप स्टेट अपनी सभी अवैध गतिविधियों को छिपाने के लिए इस्लाम को एक मुखौटा के रूप में उपयोग करता आया है।'
जम्मू-कश्मीर के नौशेरा इलाके के एक गांव में तुर्की का कामिकेज़ ड्रोन बरामद हुआ। पाकिस्तान नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बढ़ने के बीच चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। सीडीएस ने आज सुबह रक्षा मंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की। भारत ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान ने गुरुवार रात भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की और लेह से लेकर सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300 से 400 तुर्किए के ड्रोन दागे। बैठक में उभरती सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ संघर्ष और उससे उत्पन्न हालात का जायजा लिया। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, तीनों सेनाओं के प्रमुख और सीडीएस अनिल चौहान भी मौजूद रहे। इस बैठक में सुरक्षा परिस्थिति और आगे की रणनीति की समीक्षा की गई। पाकिस्तान के साथ संघर्ष बढ़ता जा रहा है। दरअसल पाकिस्तान ने भारत के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। हालांकि भारत ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान के एयर बेस पर हमला बोला। आज हुई प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया ने बताया कि पाकिस्तान एलओसी पर अपने सैनिकों की तैनाती बढ़ा रहा है।
राजस्थान के बाड़मेर में पुलिस ने पाकिस्तानी मिसाइल का मलबा बरामद किया। जैसलमेर और पोखरण से भी इसी तरह के टुकड़े और मलबा बरामद किया गया है।
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना ने आतंकवादी लॉन्चपैड्स को नष्ट कर दिया। 08 और 09 मई 2025 की रात को पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर और पंजाब के कई शहरों में ड्रोन हमलों की कोशिश करने के बाद पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने आतंकवादी लॉन्चपैड्स को निशाना बनाया और उन्हें तबाह कर दिया। नियंत्रण रेखा के करीब स्थित आतंकवादी लॉन्चपैड अतीत में भारतीय नागरिकों और सुरक्षा बलों के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने का केंद्र थे। भारतीय सेना की कार्रवाई ने आतंकवादी बुनियादी ढांचे और क्षमताओं को एक बड़ा झटका दिया है।
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में कहा कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष में भारत का व्यवहार संयमित और जिम्मेदारी भरा है। दोनों नेताओं की फोन पर बातचीत ऐसे समय हुई जब पाकिस्तान द्वारा भारत के सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की गई, जिन्हें भारत ने नाकाम कर दिया। बातचीत में अमेरिकी विदेश मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों पक्षों को तनाव कम करने और बातचीत शुरू करने की जरूरत है। रुबियो ने बातचीत में अमेरिका की मदद की पेशकश भी की।
पठानकोट- हिमाचल प्रदेश की सीमा पर बसे डमटाल में पाकिस्तान द्बारा निशाना बनाने की कोशिश की गई। हमले वाली जगह पर धुआं निकलता देखा गया है।
भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से फोन पर बात की। अमेरिकी विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के बातचीत के लिए मदद की पेशकश की। अमेरिकी विदेश मंत्री ने आज ही पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार से भी बात की और तनाव को कम करने की अपील की।
चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा अपील के बाद सिविल डिफेंस वॉलंटियर के लिए युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान युवाओं ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाए।
CDS जनरल अनिल चौहान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास से रवाना हुए। CDS ने रक्षा मंत्री को जानकारी दी।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि पाकिस्तान झूठ और प्रोपेगैंडा फैला रहा है और यह पाकिस्तानी सरकारी एजेंसियों द्वारा फैलाया जा रहा है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि हमारे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, ये सरासर झूठ है। सिरसा, आदमपुर एयरबेस को नुकसान के दावे पूरी तरह से गलत हैं। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इन एयरबेस की तस्वीरें भी दिखाई गईं जिनमें भारतीय एयरबेस पूरी तरह से सामान्य दिखाई दिए।
विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है और खासकर जम्मू और पंजाब में हमले किए गए हैं। आज सुबह भी पाकिस्तान ने राजौरी में गोलीबारी की, जिसमें एक प्रशासनिक अधिकारी की मौत हो गई। साथ ही जालंधर और फिरोजपुर में भी हमले हुए हैं। पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत की तरफ से श्री अमृतसर साहिब की तरफ मिसाइल हमले किए गए, ये बचकाने आरोप हैं और ये देश को बांटने की साजिश है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तानी उकसावे और संघर्ष को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। भारत द्वारा पाकिस्तान की कार्रवाई का संयमित तरीके से पूरी सटीकता से जवाब दिया जा रहा है। कर्नल कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने पूरे पश्चिमी सीमा पर लड़ाकू विमानों, लॉन्ग रेंज म्यूनिशन और ड्रोन्स से हमला किया। पाकिस्तान ने 26 से अधिक स्थानों पर घुसपैठ की कोशिश की गई, भारतीय सेना ने अधिकतर को ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान ने सुबह हाई स्पीड मिसाइल का इस्तेमाल करके पंजाब के एयरबेस स्टेशन पर हमले की कोशिश की। पाकिस्तान द्वारा नागरिक ठिकानों पर हमले की कोशिश की गई। श्रीनगर, अवंतीपोरा में भी चिकित्सीय और स्कूलों को निशाना बनाने की कोशिश की गई। पाकिस्तान द्वारा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के हथियार भंडार गृह, तकनीकी इंफ्रास्टक्चर, कमांड सेंटर को निशाना बनाया और पाकिस्तानी सेना को काफी क्षति पहुंचाई।
कर्नल कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने नागरिक विमानों की आड़ लेकर हमला किया। ऐसे में भारत ने नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सटीकता से कार्रवाई की। पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को तबाह करने के झूठे दावे फैलाए। कुपवाड़ा बारामूल, राजौरी और पुंछ में तोप मोर्टार से भीषण गोलीबारी की और भारत ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना को काफी नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान की मंशा संघर्ष को भड़काने की है। भारतीय सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार हैं। भारतीय सशस्त्र बल संघर्ष को बढ़ाना नहीं चाहते, लेकिन पाकिस्तान की यही मंशा है।
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने आदमपुर में एस-400 सिस्टम के तबाह होने का झूठा दावा किया है। भारत इन झूठे दावों को सिरे से खारिज करता है। पाकिस्तान सीमा पर अपने सैनिकों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रही है ताकि संघर्ष को बढ़ाया जाए। भारतीय सेना संयमित तरीके से जवाब दे रही है।
पंजाब में वायु रक्षा प्रणाली ने पठानकोट के ऊपर एक ड्रोन को नष्ट कर दिया, ड्रोन को निष्क्रिय करने की आवाज़ वीडियो में सुनी जा सकती है।
एनएसए अजीत डोभाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे हैं।
अखनूर क्षेत्र के सामने पाकिस्तान के सियालकोट जिले के लूनी में आतंकवादी लॉन्च पैड को BSF ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया।
गुजरात के कच्छ सेक्टर में एल-70 एयर डिफेंस गन का इस्तेमाल कर भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के एक हथियारबंद ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया। वहीं जालंधर ग्रामीण के एक गांव के खेत में मिसाइल के टुकड़े मिले। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
BRS MLC के. कविता ने कहा, 'तेलंगाना सरकार द्वारा राज्य में विश्वसुंदरी की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है और पूरी दुनिया इसे देखेगी...जो भारत-पाकिस्तान के बीच में तनाव चल रहा है, ऐसे माहौल में इस इवेंट का आयोजन करने से दुनिया के सामने हमारी छवि अच्छी नहीं जाएगी....हम कार्यक्रम को रद्द करने की मांग नहीं कर रहे हैं...जिस तरीके से आईपीएल ने पुनर्निर्धारित किया है, उसी तरह से विश्वसुंदरी की प्रतियोगिता को पुनर्निर्धारित करने का अनुरोध करती हूं।'
अमेरिका के विदेश विभाग ने एक बयान जारी कर बताया है कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आज पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर से बात की है। रुबियो ने दोनों पक्षों से संघर्ष समाप्त करने की अपील की और इसमें अमेरिकी द्वारा मदद की पेशकश भी की।
बीएसफ ने बताया कि 09 मई 2025 को लगभग 2100 बजे, पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के जम्मू सेक्टर में BSF चौकियों पर गोलीबारी की। BSF ने उचित तरीके से जवाब दिया है, जिससे अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अडिग है।
पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों और अन्य हथियारों के साथ हमारी पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले जारी हैं। ऐसी ही एक घटना में, आज सुबह लगभग 5 बजे, अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर दुश्मन के कई हथियारबंद ड्रोन उड़ते देखे गए। हमारी वायु रक्षा इकाइयों ने तुरंत ही दुश्मन के ड्रोनों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया।
शनिवार सुबह 10.30 बजे भारतीय विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय ब्रीफिंग करेंगे। इस बैठक में पाकिस्तान के साथ संघर्ष को लेकर जानकारी दी जाएगी।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर बताया, 'राजौरी में पाकिस्तानी गोलीबारी में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थप्पा की मृत्यु हो गई।'
मुगलानी कोट गांव के एक खेत से ड्रोन का मलबा बरामद किया गया। साथ ही राजस्थान के बाड़मेर में एक प्रोजेक्टाइल का मलबा मिला, पाकिस्तान नागरिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा है।
पाकिस्तानी हमले में नागरिक घायल, अस्पताल में
पाकिस्तानी हमले में राजोरी का एक नागरिक घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। अस्पताल के सुरक्षा प्रभारी फारुख अहमद वानी ने बताया कि एक घायल व्यक्ति को यहां लाया गया है। डॉक्टर और पूरी टीम तैयार है। उसका इलाज तुरंत शुरू हो गया।