फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus India Live: महाराष्ट्र में 48401 नए मामले, ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए बनी राष्ट्रीय टास्क फोर्स ने की पहली बैठक

Mon, 10 May 2021 01:19 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बरपा रही है लेकिन इसी बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने थोड़ी राहत की खबर सुनाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 180 जिलों में पिछले एक सप्ताह से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। वहीं 18 जिलों में 14 और 54 जिलों में 21 दिन से नए मामले सामने नहीं आए हैं। गोवा में आज से 15 दिन का कोरोना कर्फ्यू लगा दिया है। वहीं ब्रिटेन से ऑक्सीजन जनरेटर और वेंटिलेटर भारत पहुंचे हैं। कोरोना से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
कोरोना जांच - फोटो : पीटीआई (फाइल)
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:07 AM, 10-May-2021

देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 17 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं: सरकार

भारत में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शुरुआत से लेकर अब तक टीके की 17 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को देश के 30 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में 18-44 साल आयु वर्ग के 2,43,958 लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी गई। अब तक इस आयु वर्ग के 20,29,395 लोगों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है।

मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना टीकों की कुल 17,01,53,432 खुराक दी जा चुकी हैं।

इनमें 95,46,871 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली जबकि 64,71,090 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। वहीं, अग्रिम मोर्चे पर तैनात 1,39,71,341 कर्मचारी टीके की पहली खुराक ले चुके हैं, जबकि 77,54,283 कर्मचारियों को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। अठारह से 44 साल के 20,29,395 लोग टीके की पहली खुराक ले चुके हैं।

11:59 PM, 09-May-2021

स्पुतनिक-5 वैक्सीन की 1.5 लाख डोज भारत पहुंची

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- स्पुतनिक-5 वैक्सीन की 1.5 लाख डोज भारत पहुंची, सरकार ने कई देशी कंपनियों के साथ वैक्सीन उत्पादन के लिए समझौता किया।  
 

11:07 PM, 09-May-2021

टास्क फोर्स ने की पहली बैठक

देश में ऑक्सीजन वितरण को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से बनाई गई 12 सदस्यों वाली टास्क फोर्स की पहली बैठक रविवार को हुई।

विज्ञापन
10:40 PM, 09-May-2021

लखनऊ: थाईलैंड की युवती की मौत की होगी जांच

लखनऊ में थाईलैंड की एक युवती की कोरोना संक्रमण से मौत के मामले में पुलिस कमिश्नरेट ने डीसीपी (पूर्व) के तहत जांच टीम गठित की है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि मामले से संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच से प्राप्त तथ्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।

10:27 PM, 09-May-2021

सिंगापुर से राहत सामग्री ला रहा आईएनएस ऐरावत

भारतीय नौसेना का टैंकर पोत आईएनएस ऐरावत सोमवार को विशाखापत्तनम पहुंचेगा। नौसेना अधिरकारियों ने बताया कि यह पोत सिंगापुर से 20 टन खाली क्रायोजेनिक ऑक्सीजन सिलिंडर, 3150 ऑक्सीजन सिलिंडर, 500 भरे ऑक्सीजन सिलिंडर, 10 हजार रैपिड एंटीजन जांच किट और 450 पीपीई किट लेकर आ रहा है।

विज्ञापन
10:18 PM, 09-May-2021

हिमाचल: सरकार ने कोरोना प्रतिबंधों को और बढ़ाया 

हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकार ने कोरोना प्रतिबंधों को और बढ़ा दिया है। कांगड़ा के जिलाधिकारी राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि नए नियम 10 मई से सुबह छह बजे से लागू होंगे। इस दौरान सिनेमा हॉल, मॉल, मार्केट कॉम्प्लेक्स, जिम बंद रहेंगे। कांगड़ा में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक प्रतिबंधों में जरूरी चीजों की खरीदारी के लिए छूट दी जाएगी। इस दौरान जरूरी चीजों की दुकानें खुली रहेंगी बाकी सभी दुकानें बंद रहेंगी।

09:56 PM, 09-May-2021

तेलंगाना: स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेगी राहत

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कोरोना के मामलों में हालिया तेजी के बीच अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के तौर पर कार्य कर रहे मेडिकल और हेल्थ स्टाफ का बोझ कम करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि उन्होंने ऐसे 50 हजार मेडिरल छात्रों से आवेदन मंगाने का फैसला किया है जो एमबीबीएस पूरा कर चुके हैं और योग्य हैं।

09:47 PM, 09-May-2021

छत्तीसगढ़: ऑक्सीजन कन्संट्रेटर लेकर पहुंचा वायुसेना का विमान

भारतीय वायुसेना का विमान एंतोनोव एएन32 रविवार रात छत्तीसगढ़ के लिए 300 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर लेकर रायपुर हवाई अड्डे पर उतरा। एयरपोर्ट डायरेक्टर राकेश रंजन सहाय ने यह जानकारी दी।
 

09:44 PM, 09-May-2021

मदद के लिए इस्रायल से आ रहीं विशेषज्ञों की टीम

भारत में इस्रायल के राजदूत रॉन मालका ने कहा कि हम विशेषज्ञों की टीम भारत भेज रहे हैं। उदारहण के लिए हम एक टीम रैपिड टेस्टिंग के लिए और एक टीम आसानी से उत्पादित किए जाने वाले ऑक्सीजन कन्संट्रेट विकसित करने के लिए है। उन्होंने कहा कि भारत की उत्पादन क्षमता कमाल की है।

09:40 PM, 09-May-2021

उत्तराखंड: 11 से 18 मई तक कोविड कर्फ्यू

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार ने 11 मई की सुबह छह बजे से 18 मई की सुबह छह बजे कर कोविड कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इश दौरान आवश्यक सेवाओं को संचालन की अनुमति रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार को 18 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों के लिए टीकाकरण अभियान का उद्घाटन करेंगे। उनियाल ने कहा कि अंतरराज्यीय यात्रियों को अब निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट दिखानी होगी, जो 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।

09:35 PM, 09-May-2021

पुणे: अस्पताल में कोविड मरीज फंदे से लटका मिला, जांच जारी

पुणे के तालेगांव दाभाडे स्थित एक अस्पताल में कोविड-19 संक्रमित 44 साल का एक मरीज रविवार सुबह फांसी के फंदे से लटका मिला। यह जानकारी पुलिस ने दी। एक अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति को एक मई को अस्पताल के आईसीयू सेक्शन में भर्ती कराया गया था और वह उससे जुड़े एक स्टोर रूम में मृत पाया गया।

09:27 PM, 09-May-2021

ओडिशा: सीएम बघेल ने बताया कौन है फ्रंटलाइन वर्कर

ओडिशा के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को उस श्रेणी की घोषणा की जिसमें शामिल लोग फ्रंट लाइन वर्कर (अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी) माने जाएंगे। इसी के आधार पर कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण में उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इस श्रेणी में पत्रकार, वकील और उनके परिजनों को भी शामिल किया गया है।

09:06 PM, 09-May-2021

10 से 17 मई तक 'सुरक्षित हरियाणा'

हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 13,548 नए मामले सामने आए। इस दौरान यहां 12,639 लोग ठीक हुए और 151 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या छह लाख 15 हजार 897 हो गई है। इनमें से एक लाख 16 हजार 867 सक्रिय मामले हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि 10 मई से 17 मई तक सुरक्षित हरियाणा की घोषणा की गई है। इस दौरान राज्य में कोविड के प्रसार को रोकने के लिए सख्त मानक लागू किए जाएंगे। इस संबंध में जल्द ही विस्तृत आदेश जारी किया जाएगा।

09:04 PM, 09-May-2021

मध्यप्रदेश: मोइल स्थापित करेगी 350 कोविड केयर सेंटर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर जंग लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मोइल कंपनी राज्य में विभिन्न स्थानों पर 350 कोविड केयर सेंटर (ऑक्सीजन) स्थापित करेगी। कंपनी राज्य को 350 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर और 50 वेंटिलेटर भी उपलब्ध करवाएगी।

09:01 PM, 09-May-2021

पंजाब: 8531 नए मामले, 191 की मौत

पंजाब में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8531 नए मामले मिले, 191 की मौत हुई और 5850 ठीक हुए। अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या चार लाख 42 हजार 125 हो गई है। इनमें से तीन लाख 57 हजार 276 ठीक हो चुके हैं और 74,343 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कोरोना के चलते 10,506 लोगों की जान जा चुकी है।

08:52 PM, 09-May-2021

तेलंगाना: 24 घंटों में मिले 4976 नए मामले

तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 4976 नए मामले सामने आए। इसी दौरान राज्य में 7646 लोग ठीक हुए और 35 की मौत हुई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले चार लाख 97 हजार 361 हो गए हैं। इनमें से चार लाख 28 हजार 865 ठीक हो चुके हैं और 65,757 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक 2739 लोगों की मौत हुई है।

08:50 PM, 09-May-2021

बंगाल में 19441 नए मामले, 18454 ठीक हुए

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 19,441 नए मामले सामने आए, 18,454 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली और 124 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा एक लाख 26 हजार 27 पर पहुंच गया है।

08:45 PM, 09-May-2021

महाराष्ट्र: 48401 नए मामले, 60226 ठीक हुए

देश में कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 48,401 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इसी अवधि में यहां 60,226 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई और 572 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या छह लाख 15 हजार 783 हो गई है। इसके अलावा यहां कोरोना के चलते अब तक 75,849 लोगों की जान जा चुकी है।

08:26 PM, 09-May-2021

लालू यादव ने की पार्टी विधायकों के साथ बैठक

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने राज्य में कोरोना के हालात को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक बैठक की। इस बैठक में पार्टी के विधायक शामिल हुए।
 

08:15 PM, 09-May-2021

दिल्ली: 13336 नए मामले, 14738 ठीक हुए

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 13,336 नए मामले सामने आए। इस दौरान 14,738 मरीज ठीक हुए और 273 की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 13 लाख 23 हजार 567 हो गई है। इनमें से 12 लाख 17 हजार 991 ठीक हो चुके हैं और 86,232 सक्रिय मामले हैं। दिल्ली में कोरोना के चलते अब तक 19,344 लोगों की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभी तक 18 से 44 वर्ष की आयु के दो लाख 75 हजार 540 लोगों को टीका लग चुका है और इस आयु वर्ग के लिए अभी दो लाख 74 हजार 460 टीके बचे हुए हैं।

08:07 PM, 09-May-2021

दिल्ली: लापता कोरोना मरीजों के मामले की जांच का आदेश

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हिंदूराव अस्पताल से लापता हुए 23 कोरोना मरीजों के मामले में जांच का आदेश जारी किया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि वह इस मामले में अपनी रिपोर्ट 10 मई तक पेश करे।

07:56 PM, 09-May-2021

गुजरात: 11084 नए मामले, 14770 ठीक हुए

गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 11084 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 14,770 लोग ठीक हुए और 121 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब छह लाख 81 हजार 12 हो गई है। इनमें से पांच लाख 33 हजार से ज्यादा ठीक हो चुके हैं और एक लाख 39 हजार 614 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कोरोना से 8394 लोगों की जान जा चुकी है।

07:45 PM, 09-May-2021

जम्मू-कश्मीर में 17 तक बढ़ा कर्फ्यू

जम्मू-कश्मीर सरकार ने राज्य में 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ाने का फैसला किया है। इस दौरान कुछ आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी और शादियों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या सीमित कर 25 कर दी गई है।

07:41 PM, 09-May-2021

एएमयू के कुलपति ने आईसीएमआर के महानिदेशक को लिखा पत्र

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की कोविड-19 और उसके लक्षणों से होने वाली मौतों से चिंतित कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय और उसके आसपास के वातावरण में वायरस के स्वरूपों की जांच कराने का अनुरोध किया है।

07:37 PM, 09-May-2021

मणिपुर में मिले 579 नए मामले, 15 की मौत

मणिपुर में रविवार को कोरोना के 579 नए ममले सामने आए, 135 मरीज ठीक हुए और 15 की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 4280 हो गई है।

07:36 PM, 09-May-2021

आंध्र प्रदेश: 22164 नए मामले, 92 की मौत

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड के 22164 नए मामले सामने आए। इसके अलावा इसी अवधि में 18,832 लोग ठीक हुए और 92 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 12 लाख 87 हजार 603 हो गई है। इनमें से 10 लाख 88 हजार 264 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 90 हजार 632 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना की वजह से अब तक 8707 लोगों की मौत हो चुकी है।

07:34 PM, 09-May-2021

दक्षिण कोरिया से भारत पहुंची मदद

दक्षिण कोरिया से मेडिकल सप्लाई लेकर आ रही एक उड़ान रविवार को भारत पहुंच गई। दक्षिण कोरिया के राजदूत शिन बॉन्ग-किल ने कहा कि मुझे उम्मीद है यह आपूर्ति भारत में बनी कोविड-19 की आपात स्थिति में राहत देने में मददगार साबित होगी। कोविड महामारी के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए कोरियाई सरकार भारत सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
 

07:31 PM, 09-May-2021

कर्नाटक: 47930 नए मामले, 490 की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 47,930 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इसी अवधि में 31,796 लोग ठीक हुए और 490 की मौत हो गई। राज्य में अब कोविड के कुल मामलों की संख्या 19 लाख 34 हजार 378 हो गई है। इनमें से 13 लाख 51 हजार 97 लोग ठीक हो चुके हैं और पांच लाख 64 हजार 485 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 18,776 लोगों की मौत हो चुकी है।

07:24 PM, 09-May-2021

24 घंटों में लगे 20 लाख से ज्यादा टीके

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने रविवार की शाम को कहा कि अभी तक देश भर में कोरोना वैक्सीन की कुल 16 करोड़, 94 लाख 39 हजार 663 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में देश में टीके की 20 लाख 23 हजार 532 खुराक दी गई हैं।

07:19 PM, 09-May-2021

उत्तर प्रदेश: 23333 नए मामले, 296 की मौत

देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 23,333 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में यहां 34,636 मरीज ठीक हुए और 296 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 15 लाख तीन हजार 490 हो गई है। इनमें से दो लाख 33 हजार 981 सक्रिय केस हैं।

07:17 PM, 09-May-2021

जम्मू-कश्मीर: 5190 नए मामले, 54 की मौत 

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 5190 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 2423 लोग ठीक हुए और 54 की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले अब 49,248 हो गए हैं।

07:11 PM, 09-May-2021

तमिलनाडु: 28897 नए मामले, 236 की मौत

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना के नए मामलों का आंकड़ा 28,897 रहा। इस दौरान 23,515 मरीज ठीक हुए और 236 की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामले 13 लाख 80 हजार 259 हो गए हैं। इनमें से एक लाख 44 हजार 547 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते 15,648 लोगों की जान जा चुकी है।

07:09 PM, 09-May-2021

राजस्थान: 17291 नए केस, 159 की मौत

राजस्थान में रविवार को कोरोना संक्रमण के 17,921 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस दौरान 16,880 मरीज ठीक हुए और 159 की मौत हो गई। यहां अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 56 हजार 707 हो गई है। इनमें से पांच लाख 50 हजार 853 ठीक हो चुके हैं और दो लाख 189 सक्रिय मरीज हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक कुल 5665 लोगों की जान जा चुकी है।

07:07 PM, 09-May-2021

गोवा: 2633 नए मामले, 3078 ठीक हुए

तटीय राज्य गोवा में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2633 नए मामले सामने आए। इस दौरान 3078 मरीज ठीक हुए और 67 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 18 हजार 846 हो गई है। इनमें से 31,875 सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना से अब तक 1679 लोगों की जान जा चुकी है।

07:05 PM, 09-May-2021

उत्तराखंड: 5890 नए मामले, 180 की मौत

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5890 नए मामले दर्ज किए गए, 2731 लोग ठीक हुए और 180 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 74,114 हो गई है।

06:58 PM, 09-May-2021

मुंबई: 2403 नए मामले, 3375 ठीक हुए

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 2403 नए मामले दर्ज किए गए, 3375 लोग ठीक हुए और 68 की मौत हो गई। शहर में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या छह लाख 76 हजार 475 हो गई है। इनमें से छह लाख 13 हजार 418 लोग ठीक हो चुके हैं। यहां कोरोना के चलते अब तक 47,416 लोगों की जान जा चुकी है।

06:43 PM, 09-May-2021

विदेशों से आई इतनी मदद

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को कोविड की दूसरी लहर के दौरान विदेश से आई मदद की जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि 27 अप्रैल से आठ मई के बीच अंतरराष्ट्रीय दान और मदद के दौर पर 6738 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर, 3856 ऑक्सीजन सिलिंडर, 16 ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट, 4668 वेंटिलेटर/बाई-पैप और रेमडेसिविर की करीब तीन लाख शीशियां प्राप्त हुई हैं।

06:36 PM, 09-May-2021

मूर्तिकार रघुनाथ मोहपात्रा का निधन

राज्यसभा सांसद और प्रख्यात मूर्तिकार रघुनाथ महापात्रा का शनिवार को ओडिशा के एक अस्पताल में निधन हो गया। मोहपात्रा पिछले सप्ताह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
 

06:24 PM, 09-May-2021

बिहार: सुपौल में कोविड मरीज की ऑक्सीजन की अनुपलब्धता से मौत का आरोप

बिहार के सुपौल में कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि यहां कोरोना वायरस से संक्रमित उनके एक परिजन की ऑक्सीजन और एंबुलेंस की कमी के चलते मौत हो गई। सहायक सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट ने इस संबंध में कहा है कि मरीज को गंभीर अवस्था में लाया गया था और उसका ऑक्सीजन सैचुरेशन स्तर 60 था, उसकी मौत ऑक्सीजन और एंबुलेंस की अनुपलब्धता से नहीं हुई है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

06:07 PM, 09-May-2021

केरल: 35801 नए मामले, 29318 ठीक हुए

केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 35,801 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इसी अवधि में राज्य में 29,318 लोग ठीक हुए और 68 की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब चार लाख 23 हजार 514 हो गई है। इसके अलावा 14 लाख 72 हजार 951 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक 5814 लोगों की जान जा चुकी है।

05:53 PM, 09-May-2021

मोदी ने पंजाब के सीएम से की फोन पर बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से फोन पर बात की। पंजाब सरकार ने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम से राज्य को आवंटित ऑक्सीजन कोटा बढ़ाकर 300 मीट्रिक टन करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही सीएम ने राज्य के लिए वैक्सीन आपूर्ति बढ़ाने का भी आग्रह किया।

05:49 PM, 09-May-2021

जम्मू-कश्मीर: बारामुला में सेना ने बनाई एचडीयू

जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में भारतीय सेना ने 20 बेड की हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) स्थापित की है। कर्नल, चिकित्सा टीम, पॉल एम वर्गीज ने कहा कि यहां पांच क्रिटिकल केयर बेड हैं और बाकी मध्यम लक्षण वाले मरीजों के लिए हैं। एक 20 बेड वाली यूनिट उरी में भी शुरू की गई है। 
 

05:27 PM, 09-May-2021

केजरीवाल का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि सीरम संस्थान और भारत बायोटेक को निर्देश दिया जाए कि वे मई से जुलाई के दौरान दिल्ली को टीके की मासिक आपूर्ति बढ़ाकर 60 लाख खुराक करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्यों को टीकाकरण के लिए अपना खुद का तंत्र और एप विकसित करने की मंजूरी दी जानी चाहिए। 

05:24 PM, 09-May-2021

वित्त मंत्री सीतारमण का ममता बनर्जी को जवाब

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे गए एक पत्र को लेकर कहा कि तीन मई को जारी एक आदेश में कोविड राहत सामग्रियों की एक सूची को आईजीएसटी से राहत दी जा चुकी है। इन्हें इससे पहले ही सीमा शुल्क या स्वास्थ्य कर से भी राहत दी जा चुकी है। सीतारमण ने कहा कि बनर्जी को देखना चाहिए कि आपकी सूची में जो वस्तुएं हैं वो पहले ही इसमें शामिल हैं। बता दें कि बनर्जी ने पीएम को लिखे पत्र में कुछ कोविड राहत सामग्रियों पर से जीएसटी और सीमा शुल्क जैसे अन्य करों को हटाने की मांग की थी।

05:10 PM, 09-May-2021

हिमाचल: लाहौल-स्पीति में 17 तक बढ़े प्रतिबंध

हिमाचल प्रदेश में लाहौल एवं स्पीति जिला प्रशासन ने 17 मई की सुबह छह बजे तक प्रतिबंधों को बढ़ाने की घोषणा की है। जिला प्रशासन ने कहा कि इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं और दुकानों को खुलने की अनुमति होगी। निजी वाहनों को लेकर चिकित्सा संबंधी स्थितियों में निकलने की अनुमति दी जाएगी।

04:59 PM, 09-May-2021

टीका निर्यात पर सिसोदिया ने उठाए सवाल

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि भारत सरकार ने पिछले तीन महीनों में 93 देशों को कोविड टीके भेजे हैं। सरकार ने उन्हें 6.5 करोड़ खुराकें दी हैं। सिसोदिया ने कहा कि भारत में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान करीब एक लाख लोगों की मौत हो गई। अगर टीकों का निर्यात नहीं किया जाता तो ये टीके इन लोगों की जान बचा सकते थे। सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार में कुछ लोग कहेंगे कि वह अंतरराष्ट्रीय संधियों से बंधे हुए थे। अमेरिका, फ्रांस और यूरोपीय संघ के देश भी इन संधियों का पालन करते हैं लेकिन किसी ने भी अन्य देश को प्राथमिकता नहीं दी। मनीष सिसोदिया ने कहा कि केवल हमने दूसरों को टीके दिए वो भी तब जब हमारे खुद के लोग मर रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या यह (विदेशों को वैक्सीन का निर्यात) केवल केंद्र सरकार की छवि सुधारने के लिए और कुछ अन्य देशों से वाहवाही सुनने के लए किया गया था? मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि टीकों का निर्यात करने से पहले देश में सभी का टीकाकरण किया जाए।

04:55 PM, 09-May-2021

एमपी को रोज मिलेगा 25 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भारत ओमान रिफाइनरी लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्गोंने 1000 बिस्तरों वाली अस्थायी कोविड फैसिलिटी की जानकारी भी ली। प्रधान ने कहा, आने वाले दिनों में बीना रिफाइनरी मध्यप्रदेश को रोज 25 मीट्रिक टन ऑक्सीजन उपलब्ध कराएगी।

04:52 PM, 09-May-2021

राज्यों को पहुंचाई 4200 मीट्रिक टन ऑक्सीजन: केंद्र

केंद्र सरकार ने कहा है कि आज की तारीख तक तक महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में 268 से अधिक टैंकरों में करीब 4200 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा चुकी है।

04:41 PM, 09-May-2021

वायुसेना चला रही कोविड एयर सपोर्ट सेल

भारतीय वायुसेना ने कहा कि वह पालम एयरबेस पर 27 अप्रैल से एक कोविड एयर सपोर्ट मैनेजमेंट सेल का संचालन कर रही है। इस सेल का प्रमुख कार्य विदेशों से आ रही मदद के वितरण के लिए प्रभावी रूप से समन्वय करना है। वायुसेना ने बताया कि एक सी-130 और दो एएन-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट पालम से 28 अप्रैल से काम कर रहे हैं। 

04:20 PM, 09-May-2021

यूपी में सुधर रहे हालात: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति धीरे धीरे सुधर रही है। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं, वाराणसी में डीआरडीओ ने अस्पताल बनाया। उन्होंने जनता से कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि बेवजह घर से कतई न निकलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण कल (सोमवार) से राज्य के 11 और जिलों में शुरू हो जाएगा, सात जिलों में पहले ही काम शुरू हो चुका है।

04:16 PM, 09-May-2021

दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कोवि-वैन

दिल्ली में ग्रेटर कैलाश पुलिस स्टेशन ने कोविड महामारी के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए कोवि-वैन सेवा की शुरुआत की है। एसएचओ रितेश कुमार ने कहा, 'वरिष्ठ नागरिक इस सुविधा का उपयोग टीकाकरण केंद्र, अस्पताल और अन्य स्थानों पर जाने के लिए कर सकते हैं। हम चाहते हैं कि वह हमारी सैनिटाइज वैन का उपयोग करें।' उन्होंने कहा कि हमने बीट अधिकारियों के माध्यम से और मुनादी वाहनों के जरिए सभी वरिष्ठ नागरिकों के साथ इसके नंबर साझा कर चुके हैं। फोन करने के पांच मिनट के अंदर बीट अधिकारी और कोवि-वैन मदद के लिए हाजिर होंगे।
 

04:08 PM, 09-May-2021

लुधियाना: स्टील कंपनी कर रही मदद

लुधियाना की एक स्टील कंपनी कोविड संकट के दौरान ऑक्सीजन सिलिंडरों के साथ सरकार और जनता की मदद कर रही है। वर्धमान स्टील्स लिमिटेड के वाइस चेयरमैन ने कहा कि ऑक्सीजन का उत्पादन काफी बढ़ाया गया है, जिसके चलते यहां ऑक्सीजन की कमी नहीं रह गई है। जरूरतमंदों के लिए इम्यूनिटी किट्स और टीकों की व्यवस्था भी की जा रही है।

04:04 PM, 09-May-2021

हिमाचल: दो ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को दो पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स का उद्घाटन किया। इनमें से एक प्लांट हमीरपुर में डॉ. राधाकृष्णन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में स्थित है और दूसरा चंबा में पंडित जवाहर लाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में स्थित है। मुख्यमंत्री ने यह उद्घाटन शिमला से वर्चुअल माध्यम से किया।
 

04:01 PM, 09-May-2021

केरल: कोविड मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए दिशानिर्देश

केरल सरकार ने कोविड महामारी के दौरान मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार सभी अस्पतालों में कोविड इलाज के प्रोटोकॉल्स के तहत फीवर क्लिनिक को कोविड क्लिनिक में बदलने को कहा गया है।

03:42 PM, 09-May-2021

कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल के पिता का कोविड से निधन

गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल के पिता का अहमदाबाद के एक अस्पताल में कोविड-19 के कारण रविवार को निधन हो गया। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी है। एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाद में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पटेल से फोन पर बात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं।

03:32 PM, 09-May-2021

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का आरोप, कालाबाजारी में लिप्त हैं आप सरकार के नेता

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि ऐसे समय में जब दिल्ली के लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और भाजपा, आरएसएस और अन्य संगठन लोगों की मदद कर रहे हैं, दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक दवाओं व ऑक्सीजन की कालाबाजारी और उनका भंडार करने में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि इस संकट के लिए दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी जिम्मेदार है।
 

03:13 PM, 09-May-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में सामने आए 13,336 मामले

दिल्ली में कोरोना के दैनिक मामलों में बड़ी कमी देखी गई। बीते 24 घंटे में दिल्ली में 13,336 नए मामले सामने आए और 273 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ दिया। 
 

02:41 PM, 09-May-2021

बीएचयू में बने कोविड अस्पताल का सीएम योगी ने लिया जायजा

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के परिसर में बना कोविड अस्पताल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जायजा लिया। इस अस्पताल को डीआरडीओ ने बनाया है।
 

02:22 PM, 09-May-2021

जम्मू-कश्मीर में 17 मई तक बढ़ा कोरोना कर्फ्यू

जम्मू-कश्मीर में कोरोना कर्फ्यू की अवधि 17 मई तक बढ़ा दी गई है। इस बीच जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी और शादी-समारोह में केवल 25 लोगों के आने की अनुमति होगी।
 

01:56 PM, 09-May-2021

1000 बिस्तर वाले अस्पताल का सीएम शिवराज और केंद्रीय मंत्री ने लिया जायजा

मध्यप्रदेश में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले में बीना रिफाइनरी के पास बन रहे 1000 बेड के कोविड अस्पताल का जायजा लिया और अधिकारियों से मुलाकात की।
 

01:34 PM, 09-May-2021

वैश्विक सहातया के तहत भारत आए मेडिकल उपकरणों को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिया गया

भारत सरकार ने जानकारी दी कि कोरोना को हराने के लिए विश्व से आई सहायता में से 6,608 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3,856 ऑक्सीजन सिलिंडर, 14 ऑक्सीजन प्लांट, 4,330 वेंटिलेटर और तीन लाख से ज्यादा रेमडेसिविर वायल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजी जा चुकी हैं। 
 

01:16 PM, 09-May-2021

मुंबई से छत्तीसगढ़ पहुंचे कोविशील्ड की खेप

मुंबई से कोविशील्ड वैक्सीन के 25 डिब्बे रायपुर पहुंचे।
 

01:01 PM, 09-May-2021

मध्यप्रदेश: सागर जिले में 1000 बिस्तरों का अस्पताल बनाया जा रहा है

मध्यप्रदेश के सागर जिले में कोरोना मरीजों के लिए 1000 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने बताया कि काम बहुत तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि अगले 2 सप्ताह में हम सिविल वर्क पूरा कर लेंगे। उसके अगले एक सप्ताह में व्यवस्थाएं करके हम अस्पताल शुरू कर देंगे।
 

12:58 PM, 09-May-2021

ओडिशा: 132 मीट्रिक टन ऑक्सीजन के सात टैंकर को ट्रेन पर चढ़ाया गया

ओ़डिशा पुलिस ने जानकारी दी कि रात भर चले लंबे अभियान के बाद 132 मीट्रिक टन ऑक्सीजन के सात टैंकरों को ऑक्सीजन एक्सप्रेस पर चढ़ाया गया। 
 

12:41 PM, 09-May-2021

तमिलनाडु: सीएम एमके स्टालिन ने अधिकारियों के साथ की बैठक

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद संभालते ही एमके स्टालिन ने कोविड-19 की स्थिति और ऑक्सीजन की कमी को लेकर बैठक की।
 

12:34 PM, 09-May-2021

दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 35 फीसदी से गिरकर 23 फीसदी हुआ- मुख्यमंत्री

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पिछले दो से तीन दिनों में दिल्ली में पॉजिटिविट दर 35 फीसदी से गिरकर 23 फीसदी हो गई है। वहीं लॉकडाउन की अवधि बढ़ाकर 17 मई कर दी गई है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों से अब एसओएस मैसेज नहीं आ रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान हमने मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर जोर दिया। 
 

12:25 PM, 09-May-2021

हमीरपुर में ऑक्सीजन प्लांट लगे, अगले 10-15 दिनों में काम करना शुरू कर देंगे - वित्त राज्यमंत्री

वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने जानकारी दी कि हम हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में ऑक्सीजन प्लांट लगा रहे हैं। अगले 10-15 दिनों में वो काम करने शुरू कर देंगे। 
 

12:03 PM, 09-May-2021

महाराष्ट्र: नागपुर में लोगो की भीड़ जुटी

महामारी के बीच महाराष्ट्र के नागपुर में लोगों की भीड़ जुटी हुई दिखाई दी। बता दें कि 15 मई तक यहां लॉकडाउन लगा हुआ है और कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भारी भीड़ देखी जा रही है।
 

11:55 AM, 09-May-2021

उत्तर प्रदेश: 17 मई तक बढ़ी कोरोना कर्फ्यू की अवधि

उत्तर प्रदेश में आंशिक कोरोना कर्फ्यू की अवधि बढ़ी। अब 17 मई तक लगा रहेगा कोरोना कर्फ्यू।
 

11:28 AM, 09-May-2021

दक्षिण कोरिया से भारत पहुंचे ऑक्सीजन सिलिंडर, कंसंट्रेटर

दक्षिण कोरिया से पहली बार भारत के लिए मदद आई है। दक्षिण कोरिया से मदद के तौर पर ऑक्सीजन सिलिंडर, कंसंट्रेटर और कई मेडिकल उपकरण भारत पहुंचे हैं। 
 

10:57 AM, 09-May-2021

केरल: लॉकडाउन के दौरान बाहर निकलने वाली गाड़ियों की चेकिंग

केरल में लॉकडाउन की वजह से सभी गाड़ियों की सख्ती से चेकिंग हो रही है।
 

10:40 AM, 09-May-2021

मेरठ: तीन ऑक्सीजन केंद्र खोले गए

उत्तर प्रदेश के मेरठ के नगर निगम के अधिकारी ने जानकारी दी कि हमने क्षेत्र में तीन ऑक्सीजन केंद्र खोले हैं। जहां लोग अपने खाली सिलिंडर भर सकते हैं और 24-48 घंटों के अंदर उसे भरवाकर ले जा सकते हैं। इसके लिए परिजन को साथ में अपना आधार कार्ड, मरीज का आधार कार्ड और डॉक्टर का प्रिसक्रिप्शन लाना होगा।
 

10:25 AM, 09-May-2021

ब्रिटेन से भारत आए एक हजार वेंटिलेटर और ऑक्सीजन जनरेटर

ब्रिटेन से भारत की मदद के सिलसिले में एक हजार वेंटिलेटर और कई ऑक्सीजन जनरेटर आए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि एक ऑक्सीजन जनरेटर से एक मिनट में 500 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा और इससे तकरीबन 50 मरीजों का इलाज होगा।
 

09:54 AM, 09-May-2021

गोवा: आज से 15 दिन के लिए लागू हुआ कोरोना कर्फ्यू

गोवा में आज से 15 दिन के लिए कोरोना कर्फ्यू लगा दिया गया है। कर्फ्यू के दौरान केवल जरूरी सेवाओं को ही अनुमति मिली है। खाने-पीने के सामान की दुकानें सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक खुली रहेंगी।
 

09:43 AM, 09-May-2021

कोरोना: बीते 24 घंटे में सामने आए 4,03,738 मामले, 4,092 मौतें

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के दैनिक मामले एक बार फिर चार लाख के पार आए हैं। बीते 24 घंटे में 4,03,738 नए मामले सामने आए, जबकि 4,092 मरीजों की मौत हो गई है। वहीं ठीक हुए मरीजों की बात करें तो बीते 24 घंटे में 3,86,444 मरीज ठीक होकर घर वापस लौटे।
 

09:31 AM, 09-May-2021

ओडिशा: बीते 24 घंटे में सामने आए 10,635 मामले

ओडिशा में बीते 24 घंटे में 10,635 नए मामले सामने आए हैं वहीं 7,664 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस को मात दी है। 
 

09:16 AM, 09-May-2021

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कोरोना कर्फ्यू जारी

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मुरादाबाद में कोरोना कर्फ्यू लागू है।
 

09:08 AM, 09-May-2021

तेलंगाना: कालवेरी मंदिर चर्च को कोविड केयर में बदला

तेलंगाना में कालवेरी मंदिर चर्च को 300 बिस्तरों के साथ कोविड केयर अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है.
 

08:59 AM, 09-May-2021

मिजोरम में बीते 24 घंटे में सामने आए 169 मामले

मिजोरम राज्य में पिछले 24 घंटे में सामने आए 169 नए मामले और कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,951 हुई।
 

08:39 AM, 09-May-2021

हल्द्वानी और ऋषिकेश में डीआरडीओ बना रहा कोविड केयर अस्पताल

देश का रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन उत्तराखंड के हल्द्वानी और ऋषिकेश में दो कोविड केयर अस्पताल बना रहा है। हल्द्वानी में बनने वाले अस्पताल में 500 बिस्तर होंगे, जिसमें 375 ऑक्सीजन बिस्तर और 125 वेंटिलेटर होंगे। इसके अलावा ऋषिकेश वाले अस्पताल में 400 बिस्तर और 100 वेंटिलेटर वाले बिस्तर होंगे। 
 

08:25 AM, 09-May-2021

Corona Live: महाराष्ट्र में 48401 नए मामले, ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए बनी राष्ट्रीय टास्क फोर्स ने की पहली बैठक

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बरपा रही है लेकिन इसी बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने थोड़ी राहत की खबर सुनाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 180 जिलों में पिछले एक सप्ताह से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। वहीं 18 जिलों में 14 और 54 जिलों में 21 दिन से नए मामले सामने नहीं आए हैं। हालांकि कई ऐसे जिले हैं जो अभी भी रेड जोन में हैं। पिछले कई दिनों से देश में कोरोना वायरस के चार लाख से ज्यादा दैनिक मामले सामने आ रहे हैं और अब मौत के आंकड़ों ने भी चिंता बढ़ा दी है। इधर विदेश से आ रही मदद जारी है। हालांकि कई विदेशी संस्थान भारत को टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें