फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: राजस्थान में लगा संपूर्ण लॉकडाउन, आंध्र से दिल्ली आने वालों के लिए 14 दिन का क्वारंटीन जरूरी

Thu, 06 May 2021 11:59 PM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से हाहाकार मचा हुआ है। कोरोना मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। इसके बावजूद कोरोना संक्रमण के मामलों में मामूली गिरावट के बाद गुरुवार को एक बार फिर रिकॉर्ड 4.12 लाख नए मरीज मिले हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 3,982 की जान चली गई है। यहां पढ़ें कोरोना महामारी से जुड़ी देश दुनिया की पल पल की अपडेट...
विज्ञापन
अशोक गहलोत - फोटो : social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:57 PM, 06-May-2021

आंध्र से दिल्ली आने वालों को रहना होगा 14 दिन के क्वारंटीन में

आंध्र प्रदेश से बस, ट्रेन, हवाई जहाज द्वारा दिल्ली आने वाले सभी लोगों के लिए 14 दिन के लिए सरकारी संस्थागत क्वारंटीन में रहनाआवश्यक होगा। बता दें कि आंध्र में कोरोना वायरस का नया स्वरूप मिला है जिसे बेहद खतरनाक माना जा रहा है। 

 
 

11:13 PM, 06-May-2021

राजस्थान में लगा संपूर्ण लॉकडाउन

राजस्थान सरकार ने बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए पूरे राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। इसके तहत 10 मई की सुबह 5 बजे से 24 मई की सुबह 5 बजे तक कड़ी पाबंदी रहेगी।

 

11:03 PM, 06-May-2021

छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 13,486 मामले 

छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 13,486 मामले सामने आए हैं और 212 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 377 लोग स्वस्थ भी हुए।

विज्ञापन
10:55 PM, 06-May-2021

18-44 आयु वर्ग के 2.62 लाख से अधिक लोगों को लगाई गई वैक्सीन

देश में अब तक कोरोना की 16,48,76,248 करोड़ वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। वहीं आज शाम 8 बजे तक 18-44 आयु वर्ग के 2.62 लाख से अधिक लाभार्थियों को वैक्सीन की खुराक लगाई गई है।

10:30 PM, 06-May-2021

 महाराष्ट्र में 24 घंटे में 62194 नए मामले

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 62,194 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 63,842 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इस दौरान 853 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कोरोना के कुल 49,42,736 मामले सामने आ चुके हैं। कुल 42,27,940 लोग ठीक हुए हैं और कुल 73,515 लोगों की मौत हुई है। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 6,39,075 है।

विज्ञापन
09:25 PM, 06-May-2021

ओलंपिक एथलीटों को मुफ्त में वैक्सीन लगाएगी फाइजर और बायोएनटेक

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि वैक्सीन निर्माणा कंपनी फाइजर और बायोएनटेक टोक्यो ओलंपिक्स की तैयारी कर रहे एथलीटों को मुफ्त में वैक्सीन देंगी। आईओसी ने कहा कि वैक्सीन की खुराक का वितरण इस महीने से शुरू हो जाएगा ताकि ओलंपिक प्रतिनिधिमंडल के पास ओलिंपिक शुरू होने से पहले दोनों टीके लगाने के लिए पर्याप्त समय हो। ओलंपिक्स जापान के टोक्यों में 23 जुलाई से होगा।

08:04 PM, 06-May-2021

गुजरात में बीते 24 घंटे में 12,545 मामले 

गुजरात में बीते 24 घंटे में 12,545 मामले सामने आए हैं और 123 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 13,021 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

07:50 PM, 06-May-2021

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 49,058 नए मामले

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 49,058 नए मामले सामने आए हैं और 328 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 18,943 लोग स्वस्थ भी हो गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बंगलूरू में स्थिति ऐसी हो गई है कि यहां हर दूसरा शख्स कोरोना पॉजिटिव निकल रहा है और संक्रमण की दर 55 फीसदी तक पहुंच गई है जो कि सबसे अधिक है।

07:46 PM, 06-May-2021

मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3056 नए मामले

मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3056 नए मामले सामने आए हैं और 69 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 3,838 लोग स्वस्थ भी हुए।


 

07:43 PM, 06-May-2021

गोवा सरकार ने रद्द की फिल्म और धारावाहिक शूटिंग की अनुमति

राज्य में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए गोवा सरकार ने फिल्म और धारावाहिक शूटिंग की अनुमति रद्द कर दी है।

07:29 PM, 06-May-2021

उत्तराखंड में बीते 24 घंटों में कोरोना के 8517 नए मामले

उत्तराखंड में बीते 24 घंटों में कोरोना के 8517 नए मामले सामने आए हैं और 151 लोगों की मौत हो गई।

 

07:19 PM, 06-May-2021

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 17,532 नए मामले

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 17,532 नए मामले सामने आए हैं और 161 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 16,044 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

07:15 PM, 06-May-2021

चीन ने की भारत की मदद

स्पाइस एक्सप्रेस ने  गुरुवार को चीन के नानजिंग से 1,100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स समेत कोरोना संक्रमण से संबंधित अन्य चिकित्सा उपकरणों को दिल्ली पहुंचाया। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘कंसंट्रेटर्स समेत अन्य उपकरणों को ए-330 विमान से नयी दिल्ली लाया गया। मालवाहक कंपनी स्पाइसएक्सप्रेस ने अमेरिका, हांगकांग, सिंगापूर और चीन से देश में अबतक 11,050 ओक्सीजन कंसंट्रेटर्स को पहुंचाया है।

इन कंसंट्रेटर्स का आर्डर स्पाइसहेल्थ और अन्य संस्थानों द्वारा किया गया था। स्पाइसएक्सप्रेस 63 घरेलू, 50 अंतर्राष्ट्रीय स्थानों और 19 कार्गो विमानों के बेड़े के बड़े नेटवर्क के साथ रोजाना घरेलू और अंतरराष्ट्रीय से 600 टन से अधिक कार्गो उड़ान भरने में सक्षम है।

07:05 PM, 06-May-2021

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 12,421 नए मामले सा

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 12,421 नए मामले सामने आए हैं और 86 लोगों की मौत दर्ज की गई है। वहीं इस दौरान 12,965 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

07:03 PM, 06-May-2021

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 21,954 मामले 

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 21,954 मामले सामने आए हैं और 72 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 10,141 लोग स्वस्थ भी हुए।

06:35 PM, 06-May-2021

यूपी में कोरोना का कहर

उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटों में 26780 नए मामले सामने आए हैं और 353 लोगों की मौत हुई है।

06:11 PM, 06-May-2021

केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 42,464 नए मामले 

केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 42,464 नए मामले सामने आए हैं और 63 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 27,152 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

05:37 PM, 06-May-2021

मध्यप्रदेश में बढ़ते हुए मामलों की संख्या अब थम गई है: शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते हुए मामलों की संख्या अब थम गई है। 12,000 के आसपास मामले प्रतिदिन आ रहे हैं जबकि टेस्टिंग हम लगातार बढ़ा रहे हैं। रिकवरी रेट 85.13 फीसदी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता कर्फ्यू लगाया गया। सभी के सहयोग से अब हम सक्रिय मामलों में बड़े राज्यों में सबसे पीछे हैं। हमारा पॉजिटिविटी रेट लगातार गिरता जा रहा है। यह 25 फीसदी से घटकर 18.5 फीसदी तक पहुंच गया है। 

04:56 PM, 06-May-2021

दिल्ली हाईकोर्ट ने लगाई केजरीवाल सरकार को फटकार

केजरीवाल सरकार ने जब हाईकोर्ट से कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचा जर्जर नहीं है तब हाईकोर्ट ने फटकार लगाते हुए कहा कि आप उस शुतुरमुर्ग की तरह व्यवहार कर रहे है जो अपना सिर रेत में डाले हुए है।

04:46 PM, 06-May-2021

मंत्रियों को भी दिखानी होगी कोरोना जांच की रिपोर्ट :ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर होगा इसलिए बाहर से आने वाले मंत्रियों या नेता को कोरोना जांच की रिपोर्ट दिखानी होगी तब ही वे राज्य में प्रवेश कर सकेंगे।

04:26 PM, 06-May-2021

दिल्ली में 35 लाख 74 हजार वैक्सीन की खुराक दी गई: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हम 35,74,000 वैक्सीन डोज दे चुके हैं। लगभग 28 लाख लोगों ने पहली डोज़ ली है, इनमें से 7,76,000 लोगों ने दोनों डोज़ ली हैं। 18-45 आयु वर्ग में 3 दिन के अंदर दिल्ली में लगभग 1,30,000 लोगों को वैक्सीन लगी है।

04:18 PM, 06-May-2021

सभी अस्पताल अब अपने बेड की संख्या बढ़ा लें : केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी थी तो बहुत से अस्पतालों ने बेड की संख्या कम कर दी थी। सभी अस्पतालों से निवेदन है कि वे अपने बेड की संख्या बढ़ा लें और पहले जितने बेड थे, उतने बेड उपलब्ध कराएं। उम्मीद करते हैं कि अब हमें प्रतिदिन 700 टन ऑक्सीजन मिलेगी।

04:15 PM, 06-May-2021

हमें प्रतिदिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन चाहिए: अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को प्रतिदिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत है, कल पहली बार दिल्ली को 730 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मिली है। लेकिन 1 दिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन से काम नहीं चलेगा, जब तक कोरोना के मामले कम नहीं हो जाते, हमें प्रतिदिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन चाहिए।

03:37 PM, 06-May-2021

पीएम मोदी ने कोरोना की स्थिति पर की समीक्षा

प्रधानमंत्री मोदी ने आज देश में कोरोना की स्थिति की व्यापक समीक्षा की। उन्हें जिन 12 राज्यों में 1 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं, उनकी विस्तृत जानकारी दी गई। जिन जिलों में बिमारी के चलते अधिक मृत्यु दर्ज़ की जा रही हैं, उससे भी उन्हें अवगत कराया गया। 

03:11 PM, 06-May-2021

नैतिक तानाबाना बहुत हद तक विखंडित हुआ

दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोगों का नैतिक तानाबाना बहुत हद तक ‘‘विखंडित’’ हो गया है, क्योंकि कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए एकसाथ आने की बजाय वे ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाओं और सांद्रकों की जमाखोरी और कालाबाजारी में लिप्त हैं।

03:10 PM, 06-May-2021

भारत में यदि स्थिति भयावह रहती है तो दुनिया की भी यही स्थिति होगी

भारत में यदि स्थिति खौफनाक बनी रहती है तो फिर दुनिया की स्थिति भी भयावह बनी रहेगी। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार बढ़ाने की वकालत करने वाले एक प्रमुख समूह ने यह बात कही है। समूह ने यह बात ऐसे समय कही है जब अमेरिका का कंपनी जगत कोविड- महामारी से पार पाने के लिये पूरी तरह से भारत के प्रयासों में मदद कर रहा है।

02:09 PM, 06-May-2021

उच्च न्यायालय ने बंद पड़े 150 बिस्तरों वाले निजी अस्पताल को नहीं खोलने के तर्क पर उठाया सवाल

दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिवालिया प्रक्रिया की वजह से बंद 150 बिस्तरों वाले मल्टी स्पैश्यिलिटी अस्पताल का इस्तेमाल नहीं करने के दिल्ली सरकार के तर्क पर बृहस्पतिवार को सवाल उठाया जबकि इस अस्पताल की स्थापना करने वाले डॉक्टर ने इसके लिये अपनी मेडिकल टीम भेजने की पेशकश भी की है। उच्च न्यायालय ने कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर दिल्ली सरकार से लीक से हटकर सोचने के लिए कहा। अदालत ने कहा कि हम सामान्य परिस्थिति में नहीं है और राष्ट्रीय राजधानी में मरीजों के लिए अस्पतालों में बिस्तरों की कमी है।

01:33 PM, 06-May-2021

रैपिड एंटीजन टेस्ट आरटी-पीसीआर का पूरक, निगरानी व नियंत्रण गतिविधियों के लिए उपयोगी: सरकार

सरकार ने कहा है कि रैपिड एंटीजन टेस्ट (आरएटी) आरटी-पीसीआर का पूरक है और कोविड निगरानी और गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए काफी उपयोगी है। सरकार ने बुधवार को यह जानकारी दी है। इससे एक दिन पहले भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने सिफारिश की थी कि प्रयोगशालाओं पर बोझ कम करने के लिए अंतरराज्यीय यात्रा कर रहे स्वस्थ व्यक्ति आरटी पीसीआर जांच न कराएं।

01:32 PM, 06-May-2021

राज्यों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 89 लाख से ज्यादा खुराकें हैं उपलब्ध : केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 रोधी टीके की 89 लाख से ज्यादा खुराकें हैं और अगले तीन दिनों में उन्हें 28 लाख और खुराकें दी जाएंगी। सुबह आठ बजे तक के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक केंद्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 17.15 करोड़ (17,15,42,410) से ज्यादा खुराकें दी हैं। इनमें से बर्बाद हो गयी खुराकों समेत 16,26,10,905 खुराकों का इस्तेमाल हो चुका है।

12:28 PM, 06-May-2021

उत्तराखंड : रेमडेसिविर की आपूर्ति और बिक्री पर कडी नजर रखेंगे ड्रग इंस्पेक्टर

कोविड 19 के इलाज में प्रयुक्त होने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति और बिक्री पर कड़ी नजर रखने के लिए उत्तराखंड सरकार ने ड्रग इंस्पेक्टरों (औषधि निरीक्षकों)को अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं।सचिव, पंकज कुमार पाण्डेय द्वारा राज्य के औषधि नियंत्रक को जारी एक आदेश में कहा गया कि हाल में उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा इस इंजेक्शन की आपूर्ति और बिक्री की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए थे।

12:03 PM, 06-May-2021

कोविड-19 : देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर में 10 मई तक कर्फ्यू

उत्तराखंड में बेकाबू होते जा रहे कोरोना वायरस को देखते हुए सरकार ने देहरादून समेत सर्वाधिक प्रभावित तीन जिलों में बृहस्पतिवार से 10 मई तक कर्फ्यू लगा दिया है तथा बाकी जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में स्थिति का आकलन कर इस बारे में फैसला लेने को कहा है।

11:24 AM, 06-May-2021

केरल में भी लॉकडाउन

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केरल में लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत 8 मई से 16 मई तक राज्य में पाबंदियां लागू रहेंगी।

11:08 AM, 06-May-2021

भारत में कोविड-19 के 4.12 लाख नए मामले, 3980 लोगों की मौत

भारत में कोरोना वायरस के मामले हर दिन एक नया रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं और बृहस्पतिवार को संक्रमण के 4,12,262 नए मामले दर्ज किए गए तथा 3,980 लोगों ने जान गंवाई। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले 2,10,77,410 हो गए और मृतकों की संख्या 2,30,168 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 35,66,398 है जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.92 प्रतिशत है। कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर गिरकर 81.99 प्रतिशत हो गई है।

10:50 AM, 06-May-2021

रालोद नेता अजित सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रालोद प्रमुख अजीत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख अजीत सिंह का बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण के कारण गुरूग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है।

10:26 AM, 06-May-2021

तमिलनाडु में खुलेंगी शराब की दुकानें

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते तमिलनाडु में भी पाबंदियां लागू की गई हैं। इस बीच सरकार ने शराब की दुकानें खोलने का फैसला लिया। हालांकि, ये दुकानें सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही खोली जा सकेंगी।
 

10:21 AM, 06-May-2021

कोविड-19 : अमेरिका के रक्षा मंत्री ने भारत की मदद करने वालों की प्रशंसा की

कोविड-19 महामारी के बीच मदद के लिए अमेरिका से आवश्यक जीवनरक्षक चिकित्सकीय सामग्री के साथ चौथा विमान भारत पहुंच गया। अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने इस पूरी प्रक्रिया में शामिल लोगों की प्रशंसा करते हुए इसे वीरतापूर्ण प्रयास बताया है।

09:10 AM, 06-May-2021

जम्मू कश्मीर के अलगाववादी नेता अशरफ सहराई का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार

तहरीक-ए-हुर्रियत के अध्यक्ष मोहम्मद अशरफ सहराई का बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में उनके पैतृक गांव में कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए अंतिम संस्कार किया गया। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। सहराई को पिछले साल जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया था। हिरासत में रहने के दौरान बुधवार को जम्मू के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया।

08:11 AM, 06-May-2021

Corona Live: राजस्थान में लगा संपूर्ण लॉकडाउन, आंध्र से दिल्ली आने वालों के लिए 14 दिन का क्वारंटीन जरूरी

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से हाहाकार मचा हुआ है। कोरोना मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। इसके बावजूद कोरोना संक्रमण के मामलों में मामूली गिरावट के बाद गुरुवार को एक बार फिर रिकॉर्ड 4.12 लाख नए मरीज मिले हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 3,982 की जान चली गई है। यहां पढ़ें कोरोना महामारी से जुड़ी देश दुनिया की पल पल की अपडेट...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें