फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 62919 लोग हुए संक्रमित, 828 लोगों की मौत

Fri, 30 Apr 2021 11:15 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। बीते 24 घंटे में देश में 3.86 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 3500 से ज्यादा लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। ऑक्सीजन की कमी से कई जिलों में मरीजों की मौतों का आंकड़ा सामने आया लेकिन भारत में आपदा फैलने के बाद से कई देश मदद के लिए सामने आए हैं। सिंगापुर, सऊदी अरब, अमेरिका, कनाडा समेत कई देशों की ओर से भारत की मदद की घोषणा की जा चुकी है। इधर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर सुझाव दिया है कि वो 18-44 साल के बीच प्राथमिकता तय करें। इधर त्रिपुरा सरकार ने एलान किया है कि अगरतला में 31 मई तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। कोरोना से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
कोरोना के कारण निधन(फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:14 PM, 30-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में अंत्योदय कार्ड वाले गरीबों को लगेगी वैक्सीन

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में वैक्सीन की कमी है इसलिए हम अपने राज्य के सबसे गरीब लोगों जिनके पास अंत्योदय कार्ड है, से वैक्सीनेशन की शुरुआत करेंगे। 

10:52 PM, 30-Apr-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में 27,047 नए मामले

दिल्ली में बीते 24 घंटे में 27,047 नए मामले सामने आए हैं और 375 लोगों की मौत हुई है। वहीं 25,288 लोग स्वस्थ भी हुए।



 

09:50 PM, 30-Apr-2021

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 62919 लोग संक्रमित

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 62919 लोग संक्रमित हो गए हैं और 828 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 69,710 लोग स्वस्थ भी हुए।


 

विज्ञापन
08:58 PM, 30-Apr-2021

कांग्रेस सांसद राजीव सातव की हालत स्थिर

कांग्रेस नेता राजीव सातव की हालत स्थिर बनी हुई है जिनका शहर के एक अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमण का उपचार चल रहा है ।

08:57 PM, 30-Apr-2021

पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल कोरोना वायरस से संक्रमित

पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार के एक सदस्य ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विज्ञापन
08:54 PM, 30-Apr-2021

महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या घटने लगी है

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी सख्ती और कड़े प्रतिबंध की वजह से संक्रमण की रफ्तार घटने लगी है और फिलहाल संपूर्ण लॉकडाउन की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में जिस तरह से कोरोना के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हो रही थी उससे लग रहा था कि अप्रैल अंत तक 10 लाख लोग संक्रमित हो जाएंगे लेकिन राहत की बात है कि 7 लाख लोग संक्रमित हुए। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह ही इस बार भी कोरोना से एकजुट होकर मुकाबला करेंगे।

 

08:37 PM, 30-Apr-2021

मुंबई में कोरोना के 3925 मामले

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में  3925 मामले सामने आए हैं और 89 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 6380 लोग स्वस्थ भी हुए।

08:32 PM, 30-Apr-2021

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 14,605 मामले

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 14,605 मामले सामने आए हैं और 173 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 10,180 लोग स्वस्थ भी हुए।


 

08:04 PM, 30-Apr-2021

अपोलो और मैक्स अस्पताल में 18+ को कल से लगेगी वैक्सीन

अपोलो और मैक्स अस्पताल में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 1 मई से वैक्सीन लगाई जाएगी।

07:57 PM, 30-Apr-2021

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 18,692 मामले 

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 18,692 मामले सामने आए हैं और 113 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस दौरान 16,007 लोग स्वस्थ भी हुए।


 

07:43 PM, 30-Apr-2021

राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 17,155 नए मामले

राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 17,155 नए मामले सामने आए हैं और 155 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 10,034 लोग स्वस्थ भी हुए।


 

07:39 PM, 30-Apr-2021

बिहार के विश्वविद्यालयों में एक से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश

बिहार के विश्वविद्यालयों में एक से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है।

07:33 PM, 30-Apr-2021

कोरोना का कहर- पश्चिम बंगाल सरकार ने लगाया प्रतिबंध

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, ब्यूटी पार्लर, सिनेमा हॉल, रेस्तरां और बार, जिम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बंद करने के आदेश दिए गए हैं। बाजार और हाट सुबह 7 से लेकर 10 बजे फिर तीन से लेकर शाम के पांच बजे तक खुला रखने का आदेश दिया गया है। 

07:24 PM, 30-Apr-2021

कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 48,296 नए मामले

कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 48,296 नए मामले सामने आए हैं और 217  लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 14,884 लोग स्वस्थ भी हुए।  
 

07:19 PM, 30-Apr-2021

मई के पहले हफ्ते में आ सकती है स्पुतनिक वैक्सीन की पहली खेप

भारत में कोरोना संकट के बीच एक राहत की खबर आ रही है कि स्पुतनिक वैक्सीन की पहली खेप मई के पहले हफ्ते तक आ जाएगी। जानकारी के मुताबिक मई के पहले हफ्ते में डेढ़ लाख से दो लाख खुराक आएगी वहीं मई के मध्य और अंतिम तक 30 लाख खुराक आएगी। जून तक 50 लाख खुराक आएंगी। 

06:33 PM, 30-Apr-2021

चीनी राष्ट्रपति ने दिया पीएम मोदी को मदद का भरोसा

बड़े अरसे बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पीएम नरेंद्र मोदी को संदेश भेजा और महामारी को लेकर संवेदना प्रकट की। उन्होंने दूसरी लहर से निपटने के लिए चीन की ओर से मदद की पेशकश भी की। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, राष्ट्रपति जिनपिंग ने पीएम मोदी को भारत में महामारी को लेकर भेजे संदेश में कहा है कि चीन महामारी के खिलाफ भारत को मजबूती देने के लिए समर्थन और मदद देना चाहता है। 

 

06:25 PM, 30-Apr-2021

चंडीगढ में 18 से 45 आयु वर्ग का टीकाकरण 1 मई से शुरू नहीं होगा

चंडीगढ में 18 से 45 आयु वर्ग का टीकाकरण 1 मई से शुरू नहीं होगा। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए टीकाकरण वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति के बाद ही शुरू होगा।   

06:06 PM, 30-Apr-2021

फाइजर और बायोएनटेक ने बच्चों के लिए टीके की मंजूरी मांगी

फाइजर और बायोएनटेक ने यूरोपीय संघ के दवा नियामकों से 12 से 15 साल की उम्र के बच्चों के लिए कंपनियों के कोरोना वायरस टीके को मंजूरी देने का अनुरोध किया है। यह कदम यूरोप में युवा और कम जोखिम वाली आबादी को टीके तक पहुंच मुहैया करा सकता है।

06:03 PM, 30-Apr-2021

महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले 24 घंटे में 6,461 मामले सामने आए

महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले 24 घंटे में 6,461 मामले सामने आए हैं और 88 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 7294 लोग स्वस्थ भी हुए।

05:57 PM, 30-Apr-2021

तेलंगाना ने नाइट कर्फ्यू आठ मई तक बढ़ाया

तेलंगाना सरकार ने शुक्रवार को रात का कर्फ्यू (रात 9 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक) आठ मई तक बढ़ा दिया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। राज्य सरकार ने इससे पहले कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए 20 अप्रैल से 1 मई (सुबह पांच बजे) तक पाबंदी लगायी थी। सरकार ने रात के कर्फ्यू के मद्देनजर फिल्मों की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने का भी आदेश जारी किया।

05:52 PM, 30-Apr-2021

विश्व मुक्केबाजी परिषद चैम्पियनशिप अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

विश्व मुक्केबाजी परिषद (डब्ल्यूबीसी) भारत चैम्पियनशिप भारत में कोरोना संकट के कारण अनिश्चित काल के लिये स्थगित कर दी गई जो शनिवार से जालंधर में होनी थी । पहली डब्ल्यूबीसी भारत चैम्पियनशिप एक मई को जालंधर की ग्रेट खली अकादमी में होनी थी । इसमें महिला मुक्केबाज चांदनी मेहरा और सुमन कुमारी का सामना होना था ।

05:36 PM, 30-Apr-2021

कोरोना की दूसरी लहर कई राज्यों के लिए घातक

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना की दूसरी लहर कई राज्यों में घातक साबित हो रही है। जहां यूपी और राजस्थान में पहली लहर की तुलना में पांच गुना मामले बढ़ गए हैं वहीं छत्तीसगढ़ में 4.5 गुना और दिल्ली में 3.3 गुना है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना के मामले में इस तरह की बेतहाशा वृद्धि ने स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे पर भारी दबाव डाल दिया है।

05:34 PM, 30-Apr-2021

गुरुवार को 3390 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति: इस्पात मंत्रालय

इस्पात मंत्रालय के अनुसार देश भर के इस्पात संयंत्रों ने गुरुवार को 3390 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की।

05:01 PM, 30-Apr-2021

8593 मीट्रिक टन ऑक्सीजन 23 राज्यों को उपलब्ध कराई: स्वास्थ्य मंत्रालय

ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हम मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता और सप्लाई पर काम कर रहे हैं। हमने 8593 मीट्रिक टन ऑक्सीजन 23 राज्यों को उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही 1,27,000 नए ऑक्सीजन सिलेंडरों का ऑर्डर किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आगे कहा कि अप्रैल में देश में मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, झारखंड, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में थोड़ी अधिक संख्या में मौत दर्ज़ की जा रही हैं। इसके चलते हम इन राज्यों के साथ संपर्क कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निजी अस्पतालों सहित सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन की खपत का ऑडिट करने की भी सलाह दी है।

04:51 PM, 30-Apr-2021

स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस वार्ता यहां देखें

04:38 PM, 30-Apr-2021

कोरोना महामारी से संबंधित नीतियों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 10 मई को

सुप्रीम कोर्ट में कोरोना महामारी के संबंध में ऑक्सीजन की आपूर्ति, दवा की आपूर्ति और अन्य नीतियों से संबंधित मामले की सुनवाई अब 10 मई को होगी।

04:32 PM, 30-Apr-2021

हरियाणा के 9 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच हरियाणा के 9 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन (weekend  लगा दिया गया है। इन शहरों में पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद शामिल है। यह लॉकडाउन शुक्रवार(30 अप्रैल) रात 10 बजे से 3 मई की सुबह पांच बजे तक रहेगा।


 

04:08 PM, 30-Apr-2021

तेलंगाना : ड्रोन से वैक्सीन भेजने की सशर्त अनुमति मिली

नागर विमानन मंत्रालय और डीजीसीए ने तेलंगाना सरकार को ड्रोन की तैनाती के लिए सशर्त छूट दी है। ड्रोन के उपयोग की अनुमति विजुअल लाइन ऑफ साइट के भीतर कोविड-19 टीकों की प्रायोगिक डिलीवरी के लिए दी गई है।

04:06 PM, 30-Apr-2021

यूपी: अब तक 10149,009 लोगों को मिली पहली डोज

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में अब तक 1,01,49,009 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। इसमें से 22,33,929 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी है।

04:05 PM, 30-Apr-2021

मेडिकल कॉलेज में अस्पताल तैयार : सावंत

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि गोवा मेडिकल कॉलेज के परीक्षा भवन को ऑक्सीजन बेड वाले अस्पताल के रूप में तैयार किया है। इसमें 150 लोगों को आज शात तक यहां दाखिल कर सकते हैं। इसके अलावा भी दूसरी जगह भी बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है।

03:50 PM, 30-Apr-2021

ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं : दिल्ली हाईकोर्ट

दिल्ली उच्च न्यायालय ने ऑक्सीजन आपूर्तिकर्ताओं और उनसे जुड़े अस्पतालों के बीच संचार के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया है, जो पारदर्शिता और जवाबदेही रखने में मदद करेगा।

03:37 PM, 30-Apr-2021

फुटकर व्यापारियों के खाते में डाले 1000 रुपये : शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फुटकर व्यापारियों के खाते में 1,000 रुपए की राशि डाली है। उन्होंने कहा कि 3 महीने तक मुफ्त राशन गरीबों को दिया जाएगा। एक परिवर के एक सदस्य को हर महीने 10 किलो अनाज फ्री में मिलेगा। फुटकर व्यापारियों के खाते में 61 करोड़ रुपए की राशि डाली गई है।

03:17 PM, 30-Apr-2021

बंगलूरू: सीसीबी ने कोविड निगेटिव रिपोर्ट के साथ दो लोगों को पकड़ा

कर्नाटक के बंगलूरू में सीसीबी ने दो लोगों को कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट संदीप पाटिल ने बताया कि दोनो ने कोई स्वैब टेस्ट नहीं करवाया था और ना ही कोई टेस्टिंग करवाई थी लेकिन उन्होंने एक हजार रुपये में कोरोना निगेटिव रिपोर्ट तैयार करवाई थी।
 

03:15 PM, 30-Apr-2021

तेलंगाना में आठ मई तक जारी रहेगा नाइट कर्फ्यू

तेलंगाना में आठ मई तक नाइट कर्फ्यू की अवधि बढ़ी। तेलंगाना में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा।
 

03:13 PM, 30-Apr-2021

दिल्ली के एलजी अनिल बैजल कोरोना संक्रमित

दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर अनिल बैजल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और कहा कि उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण दिखे हैं। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। 
 

03:10 PM, 30-Apr-2021

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने डीआरडीओ अस्पताल का किया दौरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी कोविड अस्पताल में 500 बेड के डीआरडीओ अस्पताल का दौरा किया।
 

03:06 PM, 30-Apr-2021

बिहार के पूर्व मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का निधन

बिहार के पूर्व मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह का कोविड-19 के इलाज के दौरान निधन हो गया। बता दें कि पटना के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 
 

03:04 PM, 30-Apr-2021

अगरतला में 31 मई तक नाइट कर्फ्यू

अगरतला में नाइट कर्फ्यू की अवधि बढ़ाकर 31 मई तक कर दी है। रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक अगरतला में नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। 
 

02:05 PM, 30-Apr-2021

मनोहर लाल खट्टर ने ली कोरोना की पहली खुराक

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली।
 

01:59 PM, 30-Apr-2021

वड़ोदरा: पुलिस ने रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी कर रहे एक गिरोह को पकड़ा

गुजरात के वड़ोदरा में पुलिस ने एक रेमडेसिविर की कालाबाजारी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। इस गिरोह में शामिल लोग निमोनिया में इस्तेमाल हुए एंटीबायोटिक इजेक्शन को खरीदते थे और उसे रेमडेसिविर इंजेक्शन के तौर पर बेचते थे। पुलिस ने इनके पास से 1200 फर्जी रेमडेसिविर इंजेक्शन बरामद किए हैं। 
 

01:51 PM, 30-Apr-2021

दिल्ली बार काउंसिल के चेयरमैन हाईकोर्ट में रो पड़े, कहा- ऑक्सीजन, दवाई और बिस्तरों की कमी है

दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील रमेश गुप्ता रो पड़े। उन्होंने कहा कि हमारे पास कई वकीलों के फोन आते हैं, जो ऑक्सीजन, दवाई और बिस्तरों की मांग करते हैं। रमेश गुप्ता ने कहा कि अगर हम मदद नहीं करेंगे तो वो मर जाएंगे।रमेश गुप्ता ने आईसीयू बिस्तरों से लैस एक अस्पताल दिल्ली बार काउंसिल के लिए संलग्न किया जाए। 
 

01:20 PM, 30-Apr-2021

मुंबई: मंडप तैयार करने वाले पास्कल लोगों को मुफ्त में बांट रहे ऑक्सीजन सिलिंडर

मुंबई में एक मंडप तैयार करने वाले शख्स पास्कल सल्धान मुफ्त में लोगों को ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई कर रहे हैं। पास्कल की पत्नी पिछले पांच सालों से डायलिसिस पर है, क्योकि उनकी दोनों किडनी ने काम करना बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि वो 18 अप्रैल से ये काम कर रहे हैं।
 

01:12 PM, 30-Apr-2021

सुप्रीम कोर्ट में कोरोना संकट से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई जारी

सुप्रीम कोर्ट में कोरोना संकट को लेकर दायर कई याचिकाओं पर सुनवाई जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकारते हुए कहा कि कोरोना मरीजों के दाखिले के लिए केंद्र किस राष्ट्रीय नीति पर काम कर रही है। वहीं कोर्ट ने पूछा कि राज्यों और केंद्र सरकार को दी जाने वाली वैक्सीन के दाम में अंतर क्यों है?
 

12:25 PM, 30-Apr-2021

आज भारत पहुंचे 75 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन की पहली खेप - भारत सरकार

भारत सरकार की ओर से जारी बयान में जानकारी दी गई है कि रेमडेसिविर की कमी को खत्म करने और लोगों के पास इसकी उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने दूसरे देशों से भी रेमडेसिविर इंजेक्शन का आयात करना शुरू कर दिया है। 75 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन की पहली खेप आज भारत पहुंच जाएगी।
 

12:20 PM, 30-Apr-2021

दिल्ली में अभी तक नहीं मिली वैक्सीन, कल और परसो तक आने की संभावना - सीएम

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें अभी तक वैक्सीन नहीं मिली है। निर्माता कंपनी ने आश्वासन दिया है कि कल या परसो तक वैक्सीन मिल जाएंगी। सीएम केजरीवाल ने लोगों से अपील की है कि वो वैक्सीनेशन केंद्र के बाहर आकर लाइन ना लगाएं, जैसे ही वैक्सीन मिल जाएंगी, हम एक औपचारिक एलान कर देंगे।
 

12:13 PM, 30-Apr-2021

ऑक्सीजन की तत्काल आपूर्ति के लिए डीआरडीओ ने उपलब्ध कराए बड़े आकार के सिलिंडर

रक्षा मंत्रालय के कार्यालय ने जानकारी दी कि देश के अलग-अलग हिस्सों में ऑक्सीजन की तत्काल आपूर्ति के लिए डीआरडीओ ने बड़े आकार के सिलिंडर उपलब्ध करा रहा है। कल दिल्ली सरकार को इस तरह के 75 सिलिंडर दिए गए। ये सिलिंडर इतने बड़े हैं कि इसमें दस हजार लीटर ऑक्सीजन आ सकती है।
 

11:36 AM, 30-Apr-2021

भोपाल: एंबुलेंस की कमी को देखते हुए अपने ऑटो को एंबुलेंस में बदला

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऑटो चालक ने अपने ऑटो को एंबुलेंस में तब्दील कर दिया। ऑटो चालक जावेद खाना का कहना है कि मैंने देखा कि एंबुलेंस की कमी से मरीजों के परिजनों को कितनी परेशानी हो रही है। इसलिए मैं मुफ्त में अपने ऑटो एंबुलेंस में मरीजों को अस्पताल ले जा रहा हूं।
 

11:18 AM, 30-Apr-2021

अहमदाबाद: अडाणी विद्या मंदिर स्कूल परिसर में कोविड केयर सेंटर खोलोगा अडाणी ग्रुप

अडाणी समूह ने एक बयान जारी कर जानकारी दी है कि गुजरात में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए, अडाणी ग्रुप अडाणी विद्या मंदिर स्कूल परिसर में एक कोविड केयर सेंटर खोलेगा। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों के बोझ को कम करने के लिए इसे खोला जा रहा है। 
 

11:15 AM, 30-Apr-2021

कोरोना की फर्जी रिपोर्ट बनाने वाले पांच लोग गिरफ्तार

दिल्ली में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो कोरोना की फर्जी रिपोर्ट तैयार कर रहे थे। इनमें से दो लैब टेक्नीशियंस हैं और एक डॉक्टर है। ये सैंपल इकट्ठा किया करते थे, बिना किसी एंट्री के लैब में टेस्ट किया करते थे और लैब के फर्जी लेटरपैड पर रिपोर्ट को छापते थे।
 

10:44 AM, 30-Apr-2021

मुंबई के नेस्को केंद्र में वैक्सीन खत्म, दो मई तक रहेगा बंद

मुंबई के नेस्को में वैक्सीन खत्म हो जाने की वजह से वैक्सीनेशन केंद्र बंद रहा। केंद्र के बाहर एक बोर्ड लगा है, जिस पर लिखा है कि 30 अप्रैल से दो मई तक यहां वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। 
 

10:42 AM, 30-Apr-2021

गोवा में तीन मई तक लॉकडाउन

गोवा में तीन मई तक लॉकडाउन लगाने का एलान किया गया है। सार्वजनिक परिवहन बंद रहेगा और जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी।
 

10:39 AM, 30-Apr-2021

दुबई से भारत आए 157 वेंटिलेटर

दिल्ली कस्टम ने बताया कि दुबई से एयर कार्गो के जरिए भारत आए 157 वेंटिलेटर, 480 BiPAPs और दूसरे मेडिकल उपकरणों को क्लियरंस मिल गई है। 
 

10:36 AM, 30-Apr-2021

कर्नाटक में एक मई को नहीं होगा वैक्सीनेशन

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर के सुधाकर ने जानकारी दी कि उन्होंने सीरम इंस्टीट्यूट को एक करोड़ खुराकें देने का ऑर्डर किया लेकिन उन्होंने कल तक वैक्सीन देने से मना कर दिया। कल से 18-44 साल के उम्र वाले लोगों को वैक्सीन मिलना मुश्किल है।
 

10:31 AM, 30-Apr-2021

मुंबई में बीकेसी जंबो वैक्सीनेशन सेंटर बंद, वैक्सीन खत्म

वैक्सीन की खुराकें खत्म हो जाने के बाद मुंबई के बीकेसी जंबो वैक्सीनेशन केंद्र को एक बार फिर बंद कर दिया गया है। 
 

10:20 AM, 30-Apr-2021

रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने वाले दो लोग गिरफ्तार

दिल्ली में रेमडेसिविर दवा की कालाबाजारी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से दस वायल मिली हैं। ये दोनों रेमडेसिविर इंजेक्शन को 35,000 से 50,000 के बीच बेचते थे। 
 

09:57 AM, 30-Apr-2021

लुधियाना के होजरी उद्योग के मजदूर कर रहे पलायन

कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से लुधियाना के होजरी उद्योग के मजदूर अपने घर जा रहे हैं। निटवियर के अध्यक्ष ने बताया, ''लुधियाना में 14-15 हजार इकाइयां हैं जिनमें 4-5 लाख लोगों को रोजगार मिलता है। हमारे 40 फीसदी मजदूर चले गए हैं। हमने उन्हें रोकने की बहुत कोशिश की।''
 

09:50 AM, 30-Apr-2021

कोरोना: बीते 24 घंटे में सामने आए 3.86 लाख मामले

भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना मरीजों के 3.86 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं तीन लाख के करीब लोग इस वायरस से रिकवर भी हुए हैं। इतना ही नहीं कोरोना के इस प्रकोप में एक दिन करीब 3,500 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। अबतक 2,08,330 लोगों की इस वायरस की वजह से मौत हो गई है।
 

09:38 AM, 30-Apr-2021

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर सुझाव दिया कि 18-44 साल की उम्र के बीच किसको प्राथमिकता मिले, इसे लेकर एक आदेश जारी होना चाहिए। यही नहीं सामाजिक और मानसिक तौर पर कमजोर लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। 
 

09:35 AM, 30-Apr-2021

बीते 24 घंटे में 19.20 लाख से ज्यादा लोगों का हुआ टेस्ट - आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 19,20,107 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। अबतक कुल 28,63,92,086 लोगों का टेस्ट किया जा चुका है। 
 

09:18 AM, 30-Apr-2021

15 मई तक बढ़ा कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र में 15 मई तक सख्ती को बढ़ा दिया गया है। 
 

08:33 AM, 30-Apr-2021

ऑक्सीजन सिलिंडर फटने से एक कर्मचारी की मौत

कानपुर में एक ऑक्सीजन प्लांट में ऑक्सीजन सिलिंडर फटने की वजह से एक कर्मचारी की मौत हो गई। ऑक्सीजन सिलिंडर को दोबारा भरा जा रहा था, जिस समय ये घटना हुई।
 

08:20 AM, 30-Apr-2021

रोमानिया से 75 ऑक्सीजन सिलिंडर भारत को मिले

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता अरिंदम बागची ने जानकारी दी कि रोमानिया से भारत को मदद मिली है। रोमानिया से 80 ऑक्सीजन कंसट्रेटर और 75 ऑक्सीजन सिलिंडर भारत पहुंचे हैं।
 

08:11 AM, 30-Apr-2021

अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ

कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने में अमेरिका से भारत आए कई मेडिकल उपकरण। अमेरिका के वायुसेना विमान में ऑक्सीजन सपोर्ट, ऑक्सीजन कंसट्रेटर, पीपीई किट, रैपिड किट, ऑक्सीजन जनरेशन यूनिट. वैक्सीन मैन्यूफैक्चरिंग सप्लाई समेत कई उपकरण भारत पहुंचे।
 

07:57 AM, 30-Apr-2021

Corona Live: महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 62919 लोग हुए संक्रमित, 828 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। बीते 24 घंटे में देश में 3.86 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 3500 से ज्यादा लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। ऑक्सीजन की कमी से कई जिलों में मरीजों की मौतों का आंकड़ा सामने आया लेकिन भारत में आपदा फैलने के बाद से कई देश मदद के लिए सामने आए हैं। सिंगापुर, सऊदी अरब, अमेरिका, कनाडा समेत कई देशों से भारत की मदद की घोषणा की जा चुकी है। वहीं देश में भी ऑक्सीजन के ज्यादा से ज्यादा उत्पादन को लेकर सरकार सख्त हो गई है और इसी बीच तुतीकोरिन के प्लांट को भी ऑक्सीजन पैदा करने के लिए दोबारा खोला गया है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें