फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 29911 नए मामले, 738 की मौत

Fri, 21 May 2021 12:19 AM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। पिछले 24 घंटे में 2.76 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,874 की जान चली गई है। यहां पढ़ें कोरोना महामारी से जुड़ी देश दुनिया की पल पल की अपडेट...
 
विज्ञापन
कोरोना का कहर - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:19 AM, 21-May-2021

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 29911 नए मामले, 738 की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 29,911 नए मरीजों की पुष्टि हुई है और 738 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद बृहस्पतिवार को कुल मामले 54,97,448 पहुंच गए हैं जबकि 85,355 लोगों की महामारी के कारण जान जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी ।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुधवार की तुलना में 4120 मामलों की कमी आई है जब 34,031 मामले आए थे। विभाग के मुताबिक, 47,371 मरीजों को दिन में अस्पतालों से छुट्टी दी गई जिसके बाद प्रदेश में संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 50,26,308 पर पहुंच गई है।

राज्य में संक्रमण से मुक्ति की दर 91.43 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.55 फीसदी और संक्रमण दर 17.09 प्रतिशत है। विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि राज्य में 3,83,253 मरीज संक्रमण का इलाज करा रहे हैं।

मुंबई शहर में 1433 मामले आए और 59 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद कुल मामले 6,92,785 हो गए हैं जबकि मृतक संख्या 14,410 हो गई है।

11:46 PM, 20-May-2021

ओडिशा सरकार का फैसला

ओडिशा सरकार ने म्यूकरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) को महामारी एक्ट 1897 के तहत अधिसूचित बीमारी माना। 


 

11:39 PM, 20-May-2021

गुजरात के 36 शहरों में नाइट कर्फ्यू बढ़ाया

गुजरात के सीएम विजय रुपाणी ने कहा- 36 शहरों में 28 मई तक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। कर्फ्यू और सात दिनों के लिए बढ़ाया गया। इस दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। 

 

विज्ञापन
09:52 PM, 20-May-2021

बंगाल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 19091 मामले

बंगाल में बीते 24 घंटे में कोरोना के 19091 नए मामले मिले हैं और 162 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अब तक कुल मृतकों की संख्या की बात करें तो यह 13,895 पहुंच गई है। 

 

09:17 PM, 20-May-2021

पीएम मोदी कल वाराणसी के डॉक्टर और फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों से करेंगे बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल वाराणसी के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके दी हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में कोविड की दूसरी लहर से निपटने के लिए चल रहे प्रयासों और भविष्य की तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे।


 

विज्ञापन
09:07 PM, 20-May-2021

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 4,952 मामले

मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 4,952 मामले सामने आए वहीं 88 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 9746 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

09:03 PM, 20-May-2021

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 28,869 नए मामले

कर्नाटक में बीते 24 घंटे में कोरोना के 28,869 नए मामले सामने आए हैं और 548 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 52,257 लोग स्वस्थ भी हुए। 


 

09:00 PM, 20-May-2021

भारत बायोटेक ने विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाने की घोषणा की 

भारत बायोटेक ने गुजरात के अंकलेश्वर में चिरोन बेहरिंग वैक्सीन (भारत बायोटेक की पूर्ण स्वामित्व सहायक कंपनी में कोवाक्सिन के लिए अतिरिक्त विनिर्माण क्षमताओं को तुरंत बढ़ाने की घोषणा की।

08:55 PM, 20-May-2021

मध्यप्रदेश में कोरोना से जान गंवाने वाले मृतकों के परिवार को मिलेगा 1 लाख रुपये का मुआवजा

कोरोना महामारी से उत्पन्न संकट के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि कोरोना से जान गंवाने वाले मृतकों के परिवार को मिलेगा 1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

 

08:31 PM, 20-May-2021

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 29911 नए मामले

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 29,911 नए मामले सामने आए हैं और 738 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 47,371 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

 

08:15 PM, 20-May-2021

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 7680 नए मामले

राजस्थान में बीते 24 घंटे में कोरोना के 7680 नए मामले सामने आए हैं और 127 लोगों की मौत हो गई है। 

 

07:40 PM, 20-May-2021

कोरोना महामारी के दौरान डब्ल्यूएचओ की अहम भूमिका: हर्षवर्धन

33 वीं राष्ट्रमंडल स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि इस दिशा में डब्ल्यूएचओ की नेतृत्व वाली पहल एक महत्वपूर्ण वैश्विक सहयोग साबित हुई है जो विकास, उत्पादन, उपचार और टीकों के उत्पादन में समानता ला रही है।  उन्होंने कहा कि भारत ने 'वसुधैव कुटुम्बकम' के अपने लंबे समय से विश्वास के अनुरूप अपनी 'वैक्सीन मैत्री' पहल के तहत 90 से अधिक देशों को कोविड 19 के टीके प्रदान किए हैं ।

07:23 PM, 20-May-2021

33 वीं राष्ट्रमंडल स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि महामारी को प्रभावी ढंग से समाप्त करने के लिए कोरोना के अधिक से अधिक टीकों को विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एक बार वायरस के खिलाफ सुरक्षित और प्रभावकारी साबित होने के बाद इसे वैश्विक स्तर पर अभियान के रूप में चलाने की आवश्कता होगी।

07:09 PM, 20-May-2021

तमिलनाडु में ब्लैक फंगस अधिसूचित रोग  घोषित

तमिलनाडु सरकार ने म्यूकोर्माइकोसिस (ब्लैक फंगस) को अधिसूचित रोग  घोषित कर दिया है।

06:20 PM, 20-May-2021

बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने आईसीएमआर को लिखा पत्र

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ बलराम भार्गव को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि कोरोना पॉजिटिव बच्चों के उपचार और क्लिनिकल मैनेजमैंट के लिए आईसीएमआर द्वारा विकसित प्रोटोकॉल / दिशानिर्देशों को साझा करें। इसके साथ ही आयोग ने सभी राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के प्रधान सचिवों / सचिवों (स्वास्थ्य) को भी पत्र लिखते हुए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का अनुरोध किया है जो इस उद्देश्य के लिए एनसीपीसीआर द्वारा विकसित ऑनलाइन फॉर्म पर राज्य का डेटा प्रदान करने के लिए जिम्मेदार होगा।

05:42 PM, 20-May-2021

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,610 नए मामले

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 22,610 नए मामले सामने आए हैं और 114 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 23,098 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

05:23 PM, 20-May-2021

जरूरत पड़ेगी तो हम दिल्ली में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करेंगे : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो हम दिल्ली में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करेंगे। हम अब दिल्ली में अपने ऑक्सीजन प्लांट लगाने के बारे में सोच रहे हैं। दिल्ली के अंदर अब 1-2 दिन की वैक्सीन बची है।

04:28 PM, 20-May-2021

18-44 साल के बीच के लोगों को अब तक लगभग 70 लाख डोज दी गई

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने अब तक पूरे देश में करीब 18 करोड़ कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई है। इसमें 18-44 साल के बीच के लोगों को अब तक लगभग 70 लाख डोज दी गई है। 

04:22 PM, 20-May-2021

देश के आठ राज्यों में 69 फीसदी मरीज

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश के कुल सक्रिय मामलों का 69% सिर्फ 8 राज्यों में हैं। 21 राज्य ऐसे हैं जहां रोजाना रिकवर मामलों की संख्या नए मामलों से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि देशभर में 3 मई को सक्रिय मामले 17.13 फीसदी थे, वे अब 12.1 फीसदी रह गए हैं। रिकवरी रेट 81.7 फीसदी से बढ़कर 86.7 फीसदी हो गई है। पिछले 10 दिनों में सक्रिय मामलों और रिकवर मामलों की तुलना करें तो 10 में से 9 दिनों को रिकवर मामले ज्यादा दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में देशभर में 2,76,000 मामले दर्ज किए गए हैं। 

03:42 PM, 20-May-2021

केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाए सरकार : ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, डिफेंस, बैंकों, बीमा, पोस्ट और टेलीग्राफ, कोयला जैसे अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों के लिए वैक्सीन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया।  

03:14 PM, 20-May-2021

दिल्ली में 3,846 नए कोरोना केस

दिल्ली में कोरोना के नए केसों की संख्या लगातार कम हो रही है। पिछले 24 घंटों में देश की राजधानी में 3,846 नए कोरोना केस रिकॉर्ड हुए हैं, पांच अप्रैल के बाद एक दिन में केसों की यह सबसे कम संख्या है।

03:01 PM, 20-May-2021

केंद्र का निर्देश, ब्लैक फंगस को घोषित करें महामारी

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत देश भर के कई राज्यों में ब्लैक फंगस (म्यूकोर्मिकोसिस) का कहर बढ़ता जा रहा है। इन राज्यों में ब्लैक फंगस के केस काफी तेजी से बढ़ रहे है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे महामारी रोग अधिनियम 1897 के तहत म्यूकोर्मिकोसिस को महामारी घोषित करने की अपील की है। साथ ही इससे निपटने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में सभी सुविधाएं मजबूत करने की अपील की है। तेलंगाना और राजस्थान ने तो इसे महामारी घोषित कर दिया है।

01:55 PM, 20-May-2021

कोरोना: दूसरी लहर के दौरान 329 डॉक्टरों की गई जान

भारतीय मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा जारी किया है। आईएमए के मुताबिक, कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अबतक 329 डॉक्टरों की जान जा चुकी है। इसमें सबसे अधिक 80 डॉक्टर बिहार में मरे हैं। आईएमए ने सभी राज्यों का आंकड़ा जारी किया है। हालांकि, पहली लहर की तुलना में दूसरी लहर में डॉक्टरों की हुई मौत का आंकड़ा कम है। बता दें कि कोरोना की पहली लहर के दौरान 748 डॉक्टरों की जान गई थी।
 

 

01:33 PM, 20-May-2021

टीकाकरण पर राज्यों से मिले सुझावों को आगे बढ़ा रहा है केंद्र: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को को कहा कि टीकाकरण की रणनीति को लेकर केंद्र सरकार, राज्यों से मिले सभी सुझावों को आगे बढ़ा रही है और इसे ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय राज्यों को अगले 15 दिनों की, टीकों की खुराक की सूचना उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में टीकों की आपूर्ति आसान होगी और इससे टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया को भी आसान बनाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से छत्तीसगढ़, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और आंध्रप्रदेश के जिला अधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों से संवाद कर रहे थे।

12:34 PM, 20-May-2021

अब तक इतने नमूनों की हुई जांच

देश में कोरोना महामारी का कहर जारी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, भारत में कल यानी बुधवार तक कोरोना वायरस के लिए कुल 32,23,56,187 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। इनमें से 20,55,010 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
 

 

12:31 PM, 20-May-2021

मप्र: किसानों का राहत, डीएपी खाद पर बढ़ाई सब्सिडी

मध्यप्रदेश के किसानों की तरफ से किसान हितैषी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं। किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसला किया गया है। डीएपी खाद पर सब्सिडी बढ़ाकर 1200 रुपये प्रति बोरी कर दी गई है। 24,00 रुपये की बोरी किसान को 1200 रुपये में मिलेगी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इसकी जानकारी दी।

12:27 PM, 20-May-2021

तेलंगाना: ब्लैक फंगस महामारी कानून के तहत अधिसूच्य रोग घोषित 

तेलंगाना सरकार ने मुख्यत: कोविड-19 से उबरे मरीजों को निशाना बना रहे ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) को महामारी रोग कानून 1897 के तहत एक अधिसूच्य रोग घोषित किया है। एक आधिकारिक अधिसूचना में गुरुवार को कहा गया कि सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्र, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा ब्लैक फंगस की जांच, निदान तथा प्रबंधन के लिए तय दिशा निर्देशों का पालन करें।

12:21 PM, 20-May-2021

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गंगा में बहते शव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ''गंगा मां की रेत से दिखता हर शव का कपड़ा कहता है, कि उसी रेत में सर दफनाए मोदी सिस्टम रहता है!''
 
 

11:23 AM, 20-May-2021

कोरोना: लगातार सातवें दिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या में उतार चढ़ाव जारी हैं। राहत की बात यह है कि देश में बीते 24 घंटे में 3.69 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 2.76 लाख नए मरीज मिले हैं। यह लगातार सातवां दिन था, जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों का आंकड़ा रहा है। इसी के साथ राष्ट्रीय रिकवरी दर बढ़कर 86.74 प्रतिशत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। 
 
 

11:14 AM, 20-May-2021

प्रियंका ने आदित्यनाथ को लिखा पत्र

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कोरोना महामारी के कारण उत्तर प्रदेश की जनता को पेश आ रही दिक्कतों पर चिंता प्रकट करते हुए गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि वह निजी अस्पतालों में उपचार की कीमतें तय करने, महंगाई पर रोक लगाने और बिजली की दर न बढ़ाने समेत कई जनकल्याणकारी कदम उठाएं। उन्होंने योगी को पत्र लिखकर यह भी कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर से जो हालात पैदा हुए हैं, उनसे स्पष्ट है कि सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं थी।

10:07 AM, 20-May-2021

राहत संग आफत: बीते 24 घंटे में मिले 2.76 लाख मरीज, 3874 की मौत

भारत में कोरोना के नए मामलों और मौतों के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव जारी है। देश में बुधवार को भले ही एक दिन में कोरोना से होने वाली मौतों के मामलों ने दुनियाभर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन आज यानी गुरुवार को इसमें राहत देखने को मिली। देश में गुरुवार को कोरोना से होने वाली मौतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और बीते 24 घंटे में 3,874 लोगों की जानें गईं हैं। जबकि बुधवार को 24 घंटों में यही आंकड़ा 4,529 था, जो दुनियाभर में इस अवधि की सर्वाधिक संख्या है। 
 
 

09:31 AM, 20-May-2021

पीएम मोदी आज जिलाधिकारियों से करेंगे बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना के हालात को लेकर देश के 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उन राज्यों के 54 जिलाधिकारियों से बात करेंगे। आज पश्चिम बंगाल समेत उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुड्डुचेरी, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, उड़ीसा, केरल और हरियाणा के जिलाधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने 18 मई को 9 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के 46 जिलाधिकारियों के साथ बात की थी।

09:00 AM, 20-May-2021

पीएम मोदी आज डीएम से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली और मुरादाबाद जिलों के जिलाधिकारियों से संवाद करेंगे। दूसरे राज्यों के डीएम से पहले ही संवाद कर चुके हैं। बताया जा रहा है जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में उपाय को लेकर संवाद होगा।

08:54 AM, 20-May-2021

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
 

08:42 AM, 20-May-2021

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री पहाड़िया का निधन

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का बुधवार की देर रात निधन हो गया। राज्य सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित थे।

08:10 AM, 20-May-2021

रेमडेसिविर की काला बाजारी करने वाले गिरोह का सरगना पकड़ा गया

महाराष्ट्र पुलिस ने नासिक जिले से रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 63 शीशियां बरामद की हैं जिसकी कीमत 1.63 लाख रुपये है।

07:38 AM, 20-May-2021

Corona Live : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 29911 नए मामले, 738 की मौत

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में तमाम पाबंदियां लागू हैं। पिछले 24 घंटे में 2.76 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और3,874 की जान चली गई है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें