नए साल पर केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों को कई अहम सौगातें दीं। इस दौरान किसानों के लिए डीएपी पर सब्सिडी बढ़ाने का एलान किया गया। इसके अलावा पीएम फसल बीमा योजना की बजट भी बढ़ाया गया। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह एलान किया गया।
ओडिशा: ड्रोन वीडियो पुरी के जगन्नाथ मंदिर से है, जहां वर्ष 2025 के पहले दिन भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
तेलंगाना: वर्ष 2025 के पहले दिन श्रद्धालुओं ने हैदराबाद के शिवालयम हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
जम्मू-कश्मीर: डोडा में वर्ष 2025 का पहला सूर्योदय देखा गया। वीडियो भद्रवाह घाटी से है।
RJD प्रमुख लालू यादव ने कहा, "सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं, सभी सुखी रहें, समृद्ध रहें, सबका मंगल हो, भेदभाव मिटाकर काम करें।"
उधमपुर में वर्ष 2025 का पहला सूर्योदय देखा गया। वीडियो पटनीटॉप से है।
तमिलनाडु: मदुरै में वर्ष 2025 का पहला सूर्योदय देखा गया। ड्रोन वीडियो मीनाक्षी मंदिर के पास से है।
पश्चिम बंगाल: बीरभूम में वर्ष 2025 का पहला सूर्योदय देखा गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दीं देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पर कहा, '2025 की शुभकामनाएं! यह वर्ष सभी के लिए नए अवसर, सफलता और अनंत खुशियां लेकर आए। सभी को अद्भुत स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती की गई। असम में साल का पहला सूर्योदय भी देखा गया।
स्वर्ण मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब: नव वर्ष के स्वागत में दुनियाभर में उत्साह और उमंग देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के िसडनी हॉर्बर से लेकर थाईलैंड की राजधानी बैंकाक तक में जमकर आतिशबाजी हुई। वहीं, भारत में भी लोगों ने जमकर जश्न मनाया। देशभर के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। तस्वीर स्वर्ण मंदिर की।
नववर्ष 2025 के स्वागत में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी आकर्षक आतिशबाजी देखी गई। इसके अलावा न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में नए साल के स्वागत में लोगों ने देश के सबसे ऊंचे स्काई टॉवर से रंग-बिरंगी आतिशबाजी व अन्य स्थान पर आयोजित लाइट शो का लुत्फ उठाया। भारतीय समयानुसार 31 दिसंबर को शाम साढ़े 6 बजे ऑस्ट्रेलिया के सिडनी, मेलबर्न और कैनबरा में भी नए साल पर भव्य आतिशबाजी हुई। वहीं जापान, दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया रात के 8 बजे से अपना जश्न शुरू हुआ। धरती पर नए साल का स्वागत करने के लिए आखिरी जगह हवाई के दक्षिण-पश्चिम में स्थित बेकर और हाउलैंड के निर्जन द्वीप होते हैं। यहां भारतीय समयानुसार 1 जनवरी की शाम साढ़े 5 बजे नए साल की शुरुआत होती है।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भी पहली जनवरी को विशेष पूजा की गई। एक जनवरी को भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
नए साल पर पश्चिम बंगाल के बीरभूम में भी जमकर आतिशबाजी हुई।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि हुसैन सागर झील के किनारों पर आतिशबाजी की गई। नववर्ष 2025 के मौके पर यहां भी लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी।
गोवा में नववर्ष के मौके पर लोगों ने जमकर डांस किया। इसके बाद एक जनवरी की तारीख आते ही हैप्पी न्यू ईयर की गूंज के बीच केक काटा गया। इसी के साथ लोग जश्न-ए-नववर्ष में सराबोर हो गए।
चेन्नई में पुलिसकर्मियों ने केक काटकर नए साल का जश्न मनाया। इस दौरान एक-दूसरे को केक खिलाकर नववर्ष 2025 की शुभकामनाएं दीं
नव वर्ष 2025 के स्वागत में श्रद्धालुओं ने महाराष्ट्र के शिरडी में साई बाबा के मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिए।
केरल के तिरुवनंतपुरम में पटाखे जलाकर नए साल 2025 का स्वागत किया गया।
तमिलनाडु के कोयम्बतूर में लोगों ने खास अंदाज में नए साल का जश्न मनाया। नए साल के स्वागत में लोग डफली जैसा वाद्ययंत्र बजाते दिखाई दिए।
विशाखापट्टनम में केक काटकर नए साल 2025 का स्वागत किया गया। इस मौके पर लोग जश्न मनाते दिखे।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर 38 के पास नए साल 2025 का स्वागत करने के लिए लोग घरों से बाहर निकले। जश्न मनाने के लिए एकत्र हुए लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी नववर्ष 2025 के स्वागत में डांस करते दिखे।
उत्तर प्रदेश में भी नववर्ष का स्वागत किया गया। राजधानी लखनऊ में लोग बड़ी संख्या में जश्न मनाते दिखे।
हिमाचल प्रदेश में भी नववर्ष का स्वागत किया गया। स्वागत में लोग घरों से बाहर निकले, छोटी बच्चियों के साथ-साथ हर उम्र के लोग उत्सव में शरीक हुए।
पंजाब की धर्मनगरी अमृतसर में भी नववर्ष का आगाज हुआ। बड़ी संख्या में लोग स्वर्णमंदिर पहुंचे और एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी।
सिटी ऑफ जॉय कोलकाता में भी नववर्ष 2025 का जश्न शुरू हो चुका है।
भारत में भी नए साल का जश्न शुरू हो चुका है। झारखंड की राजधानी रांची में लोग घरों से बाहर निकले और मध्यरात्रि में ही एक-दूसरे को नववर्ष 2025 की बधाई दी।
अबू धाबी में भी नए साल के स्वागत में आकर्षक आतिशबाजी की गई।
फिलीपींस और ताइवान में भी नए साल का स्वागत
फिलीपींस और ताइवान में भी अतिशबाजी के साथ नव वर्ष 2025 का स्वागत किया गया।
संविधान निर्माताओं के दृष्टिकोण को साकार करने का समय: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को नववर्ष की पूर्व संध्या पर देश के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह समय है जब नागरिकों को अपने संविधान निर्माताओं के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए फिर से समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा, आने वाला वर्ष हमारे संविधान की शताब्दी के अंतिम चरण की शुरुआत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधानिक मूल्यों के प्रति स्थायी प्रतिबद्धता भारत के वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में उभरने का संकेत है।
उप राष्ट्रपति ने कहा, यह समय है जब हमें संविधान निर्माताओं के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में फिर से समर्पित होना चाहिए और 2047 में विकसित भारत की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि देशवासियों लोकतांत्रिक मूल्यों को संजोकर दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ते हुए यह सुनश्चित करना चाहिए राष्ट्र हमेशा पहले रहे।
सिंगापुर में भी अतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया गया।
नववर्ष की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दीं शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को नववर्ष की पूर्व संध्या पर देशवासियों को को शुभकामनाएं दीं और सभी अपील की कि अपने समाज और देश को एकता और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करें। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि नए साल का आगमन नई उम्मीदों, सपनों और आकांक्षाओं का प्रतीक है। यह अवसर हमें अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए नए उत्साह के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा, आइए, हम नए साल का स्वागत खुशी और जोश के साथ करें और अपने समाज व देश को एकता और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाएं।
राहुल गांधी ने दी देशवासियोंं को नववर्ष की शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भारत यात्रा से जुड़ी एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा- उम्मीद है 2025 में हर गली, हर गांव, हर शहर में खुलेगी मोहब्बत की दुकान, सभी को नए वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष का हर पल न्याय की स्थापना, संविधान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। हमें भारत के हर वर्ग के लिए अधिकार और हिस्सेदारी के लक्ष्य को पाना है। हमें इस संकल्प को अगले वर्ष भी पूरी शक्ति से आगे बढ़ाना है। गौरतलब है कि राहुल गांधी नए साल के जश्न के लिए वियतनाम के दौरे पर हैं।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में नए साल की पूर्व संध्या पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश: नए साल की पूर्व संध्या पर मथुरा के वृंदावन के प्रेम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सिडनी में नववर्ष 2025 का अतिशबाजी के साथ स्वागत
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में अतिशबाजी के साथ नववर्ष 2025 के आगमन का जश्न मनाया गया।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर साल 2024 की आखिरी गंगा आरती की गई।
लाल चौक पर एकत्र हुए लोग
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लाल चौक में लोग नववर्ष 2025 की पूर्व संध्या पर एकत्र हुए।
न्यूजीलैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया में भी अतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में शानदार अतिशबाजी के साथ नववर्ष 2025 का स्वागत किया गया।
मुंबई के मरीन ड्राइव से 2024 के अंतिम सूर्यास्त की मन मोह लेने वाली तस्वीर-
पश्चिम बंगाल: कोलकाता की हूगली नदी पर अंतिम सूर्यास्त का नजारा-
जैसे-जैसे साल 2024 अपने अंत की ओर बढ़ रहा है। देश के कोने-कोने से आखिरी सूर्यास्त की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। ये सूर्यास्त इस बात के प्रतीक हैं कि अब यह वक्त कभी दोबारा लौटकर नहीं आएगा। देखिए अंतिम सूर्यास्त की तस्वीरें-
दिल्ली के अक्षरधाम से आखिरी सूर्यास्त का नजारा
सेंट्रल दिल्ली से अंतिम सूर्यास्त की तस्वीर
भारत से पहले 41 देश मनाएंगे नए साल का जश्न
आज रात जैसे ही घड़ी में 12 बजेंगे वैसे ही भारतवासी 2024 को विदाई देंगे और साल 2025 का स्वागत करेंगे। अलग-अलग टाइम जोन के कारण दुनिया के देशों में अलग-अलग समय पर नए साल का जश्न मनाया जाता है। भारत से पहले 41 देश ऐसे हैं, जहां नया साल मनाया जाता है।
न्यूजीलैंड में सबसे पहले नए साल का आगाज
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में सबसे पहले नए साल 2025 का आगाज हुआ है। ऑकलैंड में लोगों ने पटाखे फोड़कर नए साल का जश्न मनाया। भारत से पहले इंडोनेशिया, थाईलैंड और म्यांमार नए साल का जश्न मनाएंगे। उसके बाद बांग्लादेश और नेपाल का नंबर आएगा।
सबसे पहले नए साल का स्वागत करने वाले देश किरिबाती, समोआ, और टोंगा हैं, जहां भारतीय समयानुसार नया साल 31 दिसंबर की शाम 3:30 बजे शुरू होता है। इसके बाद न्यूजीलैंड में नए साल का स्वागत शुरू होगा।
साल 2025 की शुरूआत होने में अब सिर्फ कुछ घंटे बाकी हैं। नए साल के जश्न की तैयारियां दुनियाभर में चल रही हैं। अलग-अलग टाइम जोन के कारण विभिन्न देश अलग-अलग समय पर नए साल का स्वागत किया जाएगा। दुनिया में नए साल के जश्न की शुरुआत किरिबाती द्वीप से होती है।