12:59 PM, 12-Jan-2026
आज भारत में 2000 से ज्यादा जर्मन कंपनियां- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच द्विपक्षीय व्यापार अब अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है, जो 50 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है। उन्होंने बताया कि भारत में 2,000 से ज्यादा जर्मन कंपनियां लंबे समय से काम कर रही हैं, जो भारत पर उनके मजबूत भरोसे और यहां मौजूद अवसरों को दर्शाता है। इसका साफ उदाहरण इंडिया-जर्मनी CEO फोरम में देखने को मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच तकनीकी सहयोग हर साल मजबूत हुआ है, जिसका असर आज जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोनों देशों की नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में समान प्राथमिकताएं हैं। इस सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए भारत-जर्मनी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का फैसला लिया गया है, जो ज्ञान, तकनीक और नवाचार का साझा मंच बनेगा। प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि भारत और जर्मनी मिलकर जलवायु, ऊर्जा, शहरी विकास और शहरी परिवहन जैसे क्षेत्रों में नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़ा दोनों देशों की कंपनियों का नया मेगा-प्रोजेक्ट भविष्य की ऊर्जा के लिए गेम चेंजर साबित होगा।