गुजरात में दूसरे और आखिरी चरण का मतदान खत्म हो चुका है। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम पांच बजे तक कुल 60.03 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। हालांकि, अभी ये फाइनल आंकड़े नहीं हैं।
ममता बनर्जी ने पीएम पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुजरात में चल रही दूसरे फेज की वोटिंग को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'मतदान के दिन रोड शो की अनुमति नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और उनकी पार्टी वीवीआईपी हैं। वे कुछ भी कर सकते हैं और उन्हें कोई कुछ नहीं करेगा।'
गुजरात में दूसरे चरण का मतदान जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर तीन बजे तक कुल 50.51 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अहमदाबाद में 44.672%, आणंद में 53.75%, अरावली 54.19%, बनासकांठा में 55.52%, छोटा उदयपुर में 54.40%, दाहोद में 46.17%, गांधीनगर में 52.05%, खेड़ा में 53.94% मेहसाणा में 51.33%, महिसागर में 48.54%, पंच महल 53.84%, पाटन में 50.97%, साबरकांठा में 57.23%, वड़ोदरा में 49.69% लोगों ने वोट डाला।
इरफान और यूसुफ पठान ने डाला वोट
पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और यूसुफ पठान ने परिवार के साथ वडोदरा में वोट डाला। यूसुफ ने लोगों से भी बढ़चढ़कर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अपील की। वहीं, इरफान पठान ने कहा, 'मतदान करना हमारा अधिकार और जिम्मेदारी है। मुझे पता चला है कि अब तक केवल 60% मतदान हुआ है, इसलिए मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे आएं और इसे बढ़ाएं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में हमारा देश एक महाशक्ति बन सकता है। हमारे पास युवा और क्षमता है।'
कांग्रेस ने चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दांता विधानसभा क्षेत्र का मामला भी उठाया। कहा, 'कल हमारे आदिवासी नेता और दांता के विधायक (कांति खराड़ी) ने चुनाव आयोग को सुरक्षा की मांग करते हुए लिखा, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया और बाद में उन पर भाजपा के 24 गुंडों ने हमला किया। भाजपा ने गुजरात में भी शराब बांटी, हालांकि वहां शराब पर प्रतिबंध है, चुनाव आयोग उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की।'
कांग्रेस ने पीएम मोदी पर किया हमला
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मतदान के दिन रोड शो करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, 'मतदान के दिन पीएम मोदी ने वोट डालने के लिए जाते समय ढाई घंटे का रोड शो किया। इसके खिलाफ चुनाव आयोग से अपील करेंगे, ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग स्वेच्छा से दबाव में है।'
दिव्यांग मतदाता ने डाला वोट
खेड़ा के नडियाद में दिव्यांग अंकित सोनी ने वोट डाला। अंकित ने कहा, 'मैंने 20 साल पहले एक दुर्घटना में अपने दोनों हाथ खो दिए थे, लेकिन इसने मुझे वोट डालने से कभी नहीं रोका। मैं अब वोट देने के लिए अपने पैरों का इस्तेमाल करता हूं।'
आणंद में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हाथापाई
गुजरात के आणंद के अंकलाव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण किया।
चुनाव आयोग के अनुसार,दोपहर एक बजे तक अहमदाबाद में 30.82%, आणंद में 37.06%, अरावली 37.12%, बनासकांठा में 37.48%, छोटा उदयपुर में 38.18%, दाहोद में 34.46%, गांधीनगर में 36.49%, खेड़ा में 36.03% मेहसाणा में 35.35%, महिसागर में 29.72%, पंच महल 37.09%, पाटन में 34.74%, साबरकांठा में 39.73%, वड़ोदरा में 34.07% वोटिंग हुई है।
चुनाव आयोग के अनुसार, गुजरात में दोपहर एक बजे तक कुल 34.74 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
पूर्व क्रिकेटर नयन मोंगिया ने वडोदरा में वोट डाला।
आप अध्यक्ष का दावा
आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी ने अहमदाबाद में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की। गढ़वी ने कहा, 'मैं लोगों से अपील करता हूं कि मतदान केंद्रों पर जाएं और मतदान करें। आप जिसे चाहें चुन लें लेकिन आप राजनीतिक नेताओं से जवाब तभी मांग पाएंगे जब आप वोट देंगे। मुझे उम्मीद है कि आप पहले चरण की 89 सीटों में से 51 से ज्यादा और दूसरे चरण की 52 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
हीरा बा ने डाला वोट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बा ने आज गांधीनगर में वोट डाला। हीरा बा व्हील चेयर पर मतदान केंद्र तक पहुंचीं।
पीएम मोदी के भाई हुए भावुक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई सोमाभाई मोदी ने आज अहमदाबाद के निशान पब्लिक स्कूल में वोट डाला। इसके पहले उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात भी की थी। मीडिया से बातचीत करते हुए सोमाभाई ने कहा, '2014 के बाद केंद्र ने जिस तरह का काम किया है, उसे लोग नजरअंदाज नहीं कर सकते। मैंने उनसे (पीएम मोदी) कहा कि वह देश के लिए बहुत काम करते हैं, उन्हें थोड़ा आराम भी करना चाहिए।'
11 बजे तक 19.17 प्रतिशत लोगों ने डाला वोट
चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक गुजरात में 19.17% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अभी छोटा उदयपुर जिले में सबसे ज्यादा 23.35 फीसदी लोगों ने वोट किया है। सबसे कम अहमदाबाद में 16.95 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
हार्दिक बोले- भाजपा 150 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी
भाजपा उम्मीदवार हार्दिक पटेल ने अहमदाबाद के चंद्रनगर प्राथमिक विद्यालय में अपना वोट डाला है। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा 150 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के बाद भी हमारा फोकस सुरक्षा और गुड गवर्नेंस पर होगा।
वाघेला का दावा- गुजरात में बदलाव होगा
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने दावा किया है कि इस बार गुजरात में बदलाव होगा। भाजपा के 27 साल के राज को लोग बदलना चाहते हैं। कांग्रेस ने ओबीसी मुख्यमंत्री का कार्ड खेलकर पासा अपने पाले में कर लिया है।
शाह ने परिवार के साथ डाला वोट
गृहमंत्री अमित शाह परिवार के साथ अहमदाबाद में वोट डालने पहुंचे। उनके साथ पत्नी सोनल शाह, बेटे और बीसीसीआई के सचिव जय शाह भी मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने लोगों से बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने की अपील की। बोले कि गुजरात के लोगों का विश्वास भाजपा पर बना हुआ है और भाजपा प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष का भाजपा पर बड़ा आरोप
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। खरगे ने ट्विट कर दांता विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले का आरोप लगाया है। खरगे ने लिखा, 'हमारे विधायक व गुजरात की दांता विधानसभा से आदिवासी प्रत्याशी, श्री कांतिभाई खराडी जी पर कल देर रात भाजपा के गुंडों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। मजबूरन उन्हें जान बचाने के लिये जंगलों में छिपना पड़ा। क्या EC को इसपर कार्रवाई नहीं करनी चाहिए ? हार के डर से भाजपा बौखला गई है।'
गृहमंत्री अमित शाह ने लोगों से वोट डालने की अपील की
गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात चुनाव को लेकर लोगों से वोटिंग की अपील की है। शाह ने ट्विट कर लिखा, 'आज गुजरात में दूसरे व अंतिम चरण का मतदान है। इस चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर युवाओं से अपील करता हूँ कि गुजरात में शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने वाली सरकार को प्रचंड बहुमत से चुनने के लिये अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। आपके एक वोट में गुजरात का सुनहरा भविष्य निहित है।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया ट्विट
गुजरात चुनाव के दूसरे चरण को देखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विट किया है। उन्होंने लिखा, 'युवाओं, किसानों, महिलाओं और हर नागरिक को दिया हुआ वचन हम निभाएंगे, गुजरात में परिवर्तन लाएंगे। गुजरात की जनता से अपील है, भारी संख्या में मतदान करें। अपने अधिकार का वहन कर, प्रदेश की प्रगति और उन्नति के लिए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएं।'
सुबह नौ बजे तक किस जिले में कितना मतदान?
जिला मतदान
अहमदाबाद 4.20%
आणंद 4.92%
अरावली 4.99%
बनासकांठा 5.36%
छोटा उदयपुर 4.54%
दाहोद 4.35%
गांधीनगर 7.04%
खेड़ा 4.50%
मेहसाणा 5.44 %
महिसागर 3.76%
पंच महल 4.06%
पाटन 4.34%
साबरकांठा 5.26%
वडोदरा 4.68%
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल दूसरे चरण में अहमदाबाद में वोट डालने पहुंचे। उन्होंने यहां शिलाज अनुपम स्कूल में बनाए गए बूथ में वोट डाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के दूसरे चरण में मतदात के लिए अपने घर से निकले। वे रानिप के निशान पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र में जाकर वोट डालेंगे।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। तस्वीरें वडोदरा के जेतालपुर की हैं।
गुजरात: भाजपा उम्मीदवार हार्दिक पटेल ने मतदान करने से पहले अहमदाबाद में अपने घर पर पूजा की। उन्होंने इस मौके पर कहा- मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वो मतदान जरूर करें। बीजेपी ने जो गुजरात के लिए काम किया है तो सभी गुजराती बीजेपी को वोट दें।
गुजरात की 93 विधानसभा सीटो पर सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया। इससे पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि ये चुनाव गुजरात की नई उम्मीदों और आकांक्षाओं का चुनाव है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर गुजरात की जनता से बड़ी संख्या में मतदान करने का अपील की है। उन्होंने ट्वीट में बताया- मैं सुबह करीब 9 बजे अहमदाबाद में वोट डालूंगा।
विपक्ष के नेता कांग्रेस के सुखराम राठवा छोटा उदयपुर से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि विरमगाम, वडगाम और घाटलोडिया सीटों से लखाभाई भारवाड़, जिग्नेश मेवाणी और अमी याज्ञनिक जैसे प्रमुख कांग्रेसी नेता चुनावी मैदान में हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) से देवगढ़बरिया से भरत वाखला, दियोदर से भीमा चौधरी, गांधीनगर दक्षिण से दौलत पटेल, विरमगाम से कुंवरजी ठाकोर और घाटलोडिया से विजय पटेल अंतिम चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
घाटलोडिया गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का विधानसभा क्षेत्र है, विरमगाम से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और गांधीनगर दक्षिण से भगवा पार्टी ने अल्पेश ठाकोर को मैदान में उतारा है।
दूसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान अहमदाबाद, गांधीनगर, मेहसाणा, पाटन, बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, महिसागर, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, आणंद, खेड़ा और छोटा उदयपुर जिलों में होगा। अंतिम चरण के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में घाटलोडिया, विरमगाम और गांधीनगर दक्षिण सबसे ज्यादा चर्चित है।
गुजरात विधानसभा के दूसरे चरण के मतदान की तैयारी चल रही है, निशान पब्लिक स्कूल, रानिप का नजारा जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना वोट डालेंगे।
गुजरात चुनाव के दूसरे चरण में 61 दलों के 833 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 2.51 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। चुनाव आयोग ने 26,409 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं और लगभग 36,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का मतदान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। सुविधापूर्वक चुनाव कराने के लिए 14 जिलों में लगभग 29,000 पीठासीन अधिकारियों और 84,000 से अधिक मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है।
नरेंद्र मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। 2017 के गुजरात चुनावों में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कुल 182 सीटों में से 99 सीटें मिली थीं। पार्टी पिछले 27 वर्षों से सत्ता में है।
गुजरात में अंतिम चरण में मतदान करने वाले अन्य प्रमुख लोगों में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेवार इसुदन गढ़वी, गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर, क्रिकेटर इरफान पठान, हार्दिक पांड्या और क्रुनाल पांड्या शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के नारनपुरा के अंकुर में कामेश्वर मंदिर के पास, नगर निगम उप क्षेत्रीय कार्यालय में अपना वोट डालेंगे। शाह के सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मतदान केंद्र पर पहुंचने की संभावना है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी सोमवार को अहमदाबाद के बूथ संख्या 95, शिलाज प्राइमरी स्कूल में वोट डालेंगे।
इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में अपना वोट डालेंगे। अपने पैतृक राज्य के दौरे पर आए पीएम मोदी सोमवार सुबह अहमदाबाद के रानिप स्थित निशान स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री ने अपनी मां हीराबेन मोदी से गांधीनगर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। एक तस्वीर में पीएम मोदी मां हीराबेन के पैर छूते नजर आ रहे हैं। पीएम ने अपनी मां के पास बैठकर शाम की चाय भी पी।
घाटलोडिया विधानसभा सीट से गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल भाजपा के उम्मीदवार हैं। इससे पहले घाटलोडिया से राज्य की पू्र्व मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल विधायक चुनी गईं थीं। साल 2012 के गुजरात चुनाव में आनंदीबेन पटेल ने कांग्रेस के रमेशभाई पटेल को एक लाख 10 हजार वोट से हराया था।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 14 जिलों की 93 सीटों पर मतदान होगा। इनमें एक बड़ा हिस्सा मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा से लगने वाली सीटों का भी है, जिसमें आदिवासी बहुल पंचमहल भी है। इन क्षेत्रों में गुजरात की राजधानी गांधीनगर, अहमदाबाद, वडोदरा और दूध उत्पादन के लिए विश्व प्रसिद्ध आणंद भी शामिल है।
गृहमंत्री शाह भी देंगे वोट
केंद्रीय गृह मंत्री और गांधीनगर से बीजेपी सांसद अमित शाह भी आज अहमदाबाद के नारणपुरा में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। एक अधिकारी के अनुसार, अमित शाह नगर निगम के एक कार्यालय में स्थापित केंद्र में मतदान करेंगे।
पीएम मोदी भी डालेंगे वोट
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में मतदान देने के लिए रविवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे। यहां से वह सीधे गांधीनगर गए और अपनी मां से मुलाकात की। इसके बाद गांधीनगर में ही प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। आज सुबह प्रधानमंत्री अहमदाबाद शहर के रानिप इलाके के एक स्कूल में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डालेंगे।
आठ बजे से शुरू हो जाएगी वोटिंग
चुनाव आयोग के अनुसार, गुजरात में दूसरे चरण का मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। शाम पांच बजे तक जो लोग वोटिंग के लाइन में लग जाएंगे, उन्हें भी मतदान करने की अनुमति होगी। इसके अलावा अगर कहीं किसी तकनीकी कारण से मतदान प्रक्रिया में देरी होती है तो भी मतदाताओं को अधिक समय दिया जा सकता है।