गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने के मामले में गिरफ्तार किए गए ओरेवा ग्रुप के दो प्रबंधकों समेत चार आरोपियों को एक स्थानीय अदालत ने मंगलवार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया सरकारी अभियोजक एच एस पांचाल ने कहा कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एम जे खान ने गिरफ्तार पांच अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने रविवार को पुल के टूटने की घटना के सिलसिले में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुल के टूटने की घटना में 135 लोगों की जान चली गई है।
सिंगापुर के पीएम ली सीन लूंग ने गुजरात के मोरबी में पुल ढहने पर शोक जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने ये जानकारी दी।
पीएम मोदी ने मोरबी हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।
अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को बचाव अभियान और प्रभावित लोगों को दी जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी। पीएम ने कहा कि समय की मांग है कि एक विस्तृत और व्यापक जांच की जाए जो इस दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की पहचान करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस दुखद घड़ी में उन्हें हर संभव मदद मिले।
मोरबी पुल हादसे को लेकर गुजरात की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने मंगलवार को सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात की निंदा करेंगे, जैसे कि उन्होंने 2016 में पश्चिम बंगाल में हुई इसी तरह की घटना को लेकर की थी। टीएमसी ने मार्च 2016 में बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मध्य कोलकाता में निर्माणाधीन विवेकानंद रोड फ्लाईओवर का एक हिस्सा ढह जाने का स्पष्ट रूप से हवाला देते हुए यह कहा था। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गये थे।
टीएमसी महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि 2016 के विधानसभा चुनाव के दौरान कोलकाता में जब एक पुल गिर गया था, प्रधानमंत्री ने अपनी पार्टी (भाजपा) के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए इसके लिए भ्रष्टाचार को मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराया था। अब उन्हें गुजरात में हुई घटना के बारे में ऐसा ही कहना चाहिए। टीएमसी ने एक वीडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल में 2016 में पुल गिरने के लिए राज्य की ममता बनर्जी नीत सरकार की आलोचना करते देखे जा सकते हैं।
मोरबी में पुल गिरने की घटना पर पीएम मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।
पीएम मोदी ने की अस्पताल में घायलों से मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिवार के 26 सदस्यों से मुलाकात करेंगे।
घटनास्थल का दौरा करने और घायलों से मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोरबी में एसपी कार्यालय पहुंचे।
पीएम मोदी ने मोरबी सिविल अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल लिया ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ मोरबी हादसे में घायलों से मिलने के लिए मोरबी के सिविल अस्पताल पहुंचे।
राहत और बचाव कार्य में लगे कर्मचारियों से मिले पीएम मोदी।
मोरबी में घटनास्थल पर पीएम मोदी और गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल।
पीएम मोदी मोरबी में घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की जगह का मुआयना किया। उनके साथ सीएम भूपेंद्र पटेल भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मोरबी में घटनास्थल की तरफ जा रहे हैं। माच्छू नदी में खोज और बचाव अभियान जारी है। इस घटना में अब तक मरने वालों की संख्या 135 हो गई है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी को मोरबी पुल हादसे पर शोक संदेश भेजा। समाचार एजेंसी रायटर्स ने चीनी प्रसारक सीसीटीवी का हवाला देते हुए ये रिपोर्ट दी है।
गुजरात आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक मृतक के परिवारों को 4 लाख रुपये और पीएमएनआरएफ से प्रत्येक को दो लाख रुपये, प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। 17 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जबकि दो लोग लापता हैं।