फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election Result Live: NDA को जनादेश, भाजपा मुख्यालय से बोले पीएम मोदी- बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया...

Sat, 15 Nov 2025 02:19 AM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Election Result 2025, By Election Vote Counting Live: बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए बंपर जीत की तरफ बढ़ रहा है। राजद के नेतृत्व में महागठबंधन का बुरा हाल है। साफ है कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर विश्वास जताया है। जानिए राजद, कांग्रेस और लोजपा रामविलास के खाते में कितनी सीटें आई हैं? जानें चुनाव परिणाम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...   








 
विज्ञापन
बिहार चुनाव परिणाम 2025 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:09 AM, 15-Nov-2025

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल बिहार चुनाव 2025 में NDA की शानदार जीत के बाद गांधीनगर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के जश्न में शामिल हुए।

01:18 AM, 15-Nov-2025

लखीसराय से भाजपा के उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपनी जीत का जश्न मनाने के लिए रोड शो किया और अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

12:59 AM, 15-Nov-2025

बिहार चुनाव नतीजे: एनडीए की बड़ी जीत, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम नतीजे शुक्रवार को चुनाव आयोग ने जारी कर दिए। इस बार भी सत्ता पर काबिज एनडीए ने शानदार जीत दर्ज की है। गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने सबसे ज्यादा सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी जदयू दूसरे नंबर पर रही।

  • भारतीय जनता पार्टी- 89
  • जनता दल (यूनाइटेड)- 85
  • राष्ट्रीय जनता दल- 25
  • लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)– 19
  • भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस– 6
  • एआईएमआईएम– 5
  • हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.)– 5
  • राष्ट्रीय लोक मोर्चा– 4
  • सीपीआई (एमएल) (लिबरेशन)– 2
  • इंडियन इंक्लूसिव पार्टी– 1
  • सीपीआई (एम)– 1
  • बीएसपी– 1

विज्ञापन
11:15 PM, 15-Nov-2025

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बिहार में एनडीए की जीत पर कहा, "बिहार के नतीजे हमारी उम्मीद से भी बेहतर हैं। पहले बिहार में चुनाव जाति के आधार पर होते थे, लेकिन अब ये खत्म हो गया। प्रधानमंत्री महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को सशक्त बनाना चाहते हैं। अगर ये चारों सशक्त होंगे, तो बिहार भी शक्तिशाली होगा, देश भी शक्तिशाली होगा। जो ये यात्रा शुरू हुई है, उसे कोई नहीं रोक सकता, ये बंगाल पहुंचकर ही रुकेगी।"

10:43 PM, 15-Nov-2025

धर्मेंद्र प्रधान बोले- हमें अपने विजन को बंगाल ले जाना है

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बिहार में एनडीए की जीत पर कहा, "जिस तरह से विपक्ष प्रचार कर रहा था, हम समझ गए थे कि जनता इस नकारात्मकता को नकार देगी और हम एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं... प्रधानमंत्री कहते हैं कि जब तक पूर्वोदय का विकास नहीं होगा, तब तक विकसित भारत नहीं होगा, बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड ये सब हमारे पूर्वोत्तर का हिस्सा हैं, आज देश में जो कुछ भी हो रहा है, हमें उस विजन को बंगाल तक ले जाना है।"

विज्ञापन
10:02 PM, 15-Nov-2025

शिवसेना यूबीटी ने लगाए बिहार में वोट चोरी के आरोप

शिवसेना (उद्धव-बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने बिहार में एनडीए की जीत पर कहा, "मैं सबसे पहले चुनाव आयोग का अभिनंदन करना चाहूंगा कि उन्होंने भाजपा के लिए जो प्रयोग किया है, वह यशस्वी दिख रहा है... महिलाएं बहुत विचार करके मतदान करती हैं... महिलाएं कभी भी पैसों के लिए वोट नहीं देती हैं। ये लोग वोट चोरी को न्यायोचित ठहराने के लिए महिलाओं को आगे ला रहे हैं... वोट चोरी हुई है।"

09:22 PM, 15-Nov-2025

बिहार चुनाव पर राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को बेहद चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन जीत हासिल नहीं कर सका क्योंकि चुनाव की प्रक्रिया शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं थी। राहुल गांधी के अनुसार, यह नतीजे चुनाव की उस स्थिति को दर्शाते हैं, जहां बराबरी की लड़ाई संभव ही नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को जनता का व्यापक समर्थन मिला, लेकिन चुनाव में निष्पक्षता की कमी ने नतीजों को प्रभावित किया। 

08:54 PM, 15-Nov-2025

एनडीए की जीत पर पप्पू यादव का कटाक्ष

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार में एनडीए की जीत पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मैं बिहार की जनता के निर्णय का सम्मान करता हूं। क्या 20 हजार करोड़ रुपए में बिहार के वोट खरीदे जा सकते हैं?... क्या अब रोजगार का मुद्दा बचेगा?... क्या जनता का यह जनादेश था?... यह हम सभी की जिम्मेदारी थी... नीतीश कुमार के विचारों का भाजपा के विचारों के साथ कोई मेल नहीं है।"

08:18 PM, 15-Nov-2025

पीयूष गोयल बोले- बिहार के लिए नए अवसर खुलेंगे

बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "मैं समझता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA ने बिहार चुनाव में एक अद्भुत विजय प्राप्त की है। यह भारत के लोगों के दिल की आवाज है। बिहार के लोगों ने सुशासन और विकास के लिए अपना मत दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आने वाले वर्ष बिहार के सुनहरे वर्ष होंगे। बिहार की जनता के लिए नए अवसर और नए मौके खुलेंगे।"

07:49 PM, 14-Nov-2025

मैंने कहा था 80 से ज्यादा सीट मिलेगी- केसी त्यागी

जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा, मैंने कहा था कि जदयू 80 से ज्यादा सीट जीतेगी। पिछली बार आपसी तालमेल के अभाव में हम नहीं कर पाए थे। मुझे प्रसन्नता है कि जदयू ने दोबारा नीतीश कुमार के नेतृत्व में अपनी उसी संख्या को प्राप्त किया है... हमारे बीच एक लंबा और पुराना ऐतिहासिक रिश्ता है। सुशासन का मतलब है नीतीश कुमार और नीतीश कुमार का मतलब है बिहार की एनडीए सरकार। 

07:46 PM, 14-Nov-2025

माओवाद प्रभावित इलाकों में तीन बजे तक होता था मतदान- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यह वही बिहार है जहां कभी माओवादी आतंक हुआ करता था, जहां नक्सल प्रभावित इलाकों में दोपहर तीन बजे मतदान समाप्त हो जाता था, लेकिन इस बार लोगों ने बिना किसी डर के पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान किया है। आप जानते हैं कि जंगलराज के दौरान बिहार में क्या होता था। मतपेटियों को खुलेआम लूटा जाता था। आज उसी बिहार में रिकॉर्ड मतदान हो रहा है।

07:42 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: लोकतंत्र पर हमला करने वालों को धूल चटाई- पीएम मोदी

भाजपा मुख्यालय पर अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा,  बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, 'झूठ हारता है - जनविश्वास जीतता है'। बिहार ने डंके की चोट पर कह दिया है, जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी।

07:41 PM, 14-Nov-2025

सीमांचल की जनता का धन्यवाद- असदुद्दीन ओवैसी

एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन औवेसी ने कहा, मैं सीमांचल की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे पांच विधायकों को जिताया। हम आज भी सीमांचल के इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह बिहार की जनता का फैसला है और हमें इसे इज्जत की निगाहों से स्वीकार करना है। 

07:38 PM, 14-Nov-2025

बिहार के युवाओं ने किया एसआईआर का जबरदस्त समर्थन- पीएम मोदी

भाजपा मुख्यालय पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, 'मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण (एसआईआर) का जबरदस्त तरीके से समर्थन किया है। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो सके।

07:37 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: सही समय पर लिया गया सही फैसला: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, मैं बिहार की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह सही समय पर लिया गया सही फैसला है। हमारी डबल इंजन की सरकार एक ईमानदार प्रयास के साथ बिहार में आगे बढ़ रही है। जनता के बीच एक विश्वास बना कि जहां एक तरफ हमारा गठबंधन विकास की बात करता है तो वहीं दूसरी ओर एक ऐसा गठबंधन है जो अहंकार में डूबा हुआ है। 
 

07:34 PM, 14-Nov-2025

केवल एनडीए नहीं, लोकतंत्र में भरोसा रखने वालों की जीत-पीएम नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज सिर्फ एनडीए की जीत नहीं हुई है, यह लोकतंत्र में, भारत के लोकतंत्र में विश्वास रखने वालों की जीत है। इस चुनाव ने चुनाव आयोग में जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। पिछले कुछ वर्षों में उच्च मतदान प्रतिशत चुनाव आयोग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

07:32 PM, 14-Nov-2025

अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बिहार के चुनाव में जब मैं जंगलराज की बात करता था, कट्टा सरकार की बात करता था तो राजद के लोग विरोध नहीं करते थे लेकिन कांग्रेस को बहुत चुभता था। लेकिन आज मैं फिर कहता हूं कि 'अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार'।

07:31 PM, 14-Nov-2025

आज की जीत ने एक नया सकारात्मक 'MY' फॉर्मूला दिया- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बिहार में कुछ दलों ने 'MY' तुष्टिकरण का फॉर्मूला बनाया था, लेकिन आज की जीत ने एक नया सकारात्मक 'MY' फॉर्मूला दिया है और वो है महिला और युवा। आज बिहार देश के उन राज्यों में है जहां युवाओं की संख्या सबसे ज़्यादा है, और इसमें हर धर्म और जाति के युवा शामिल हैं। उनकी इच्छाओं, आकांक्षाओं और सपनों ने जंगलराज वालों के पुराने 'MY' फॉर्मूले को ध्वस्त कर दिया है।

07:28 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए-पीएम मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है।  बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड मतदान का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना। प्रधानमंत्री ने कहा, बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है। मैं बहुत विनम्रता से एनडीए के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। मैं बिहार की महान जनता को आदरपूर्वक नमन करता हूं।
 

07:17 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: हम जनता जनार्दन का दिल चुराकर बैठे हैं- पीएम नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास... बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम एनडीए के लोग, हम तो जनता जनार्दन के सेवक हैं।  हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं, और हम तो जनता जनार्दन का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं, इसलिए आज बिहार ने बता दिया है- फिर एक बाद एनडीए सरकार।

07:09 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: चुनाव स्पष्ट रूप से विकास बनाम जंगलराज के बीच था: जेपी नड्डा

भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, यह जनादेश, यह नतीजे दिखाते हैं कि यह सुनामी है। इस सुनामी ने स्पष्ट कर दिया है कि चाहे बिहार की जनता हो या देश की जनता, उन्होंने प्रधानमंत्री पर अपना विश्वास जताया है और विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है। यह चुनाव स्पष्ट रूप से विकास बनाम जंगलराज के बीच था। लोगों ने विकास पर मुहर लगाई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक सक्रिय सरकार है। डबल इंजन सरकार को स्पष्ट जनादेश देकर बिहार की जनता ये सुनामी लाई है।  

नड्डा ने कहा, आदरणीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की राजनीति और डबल इंजन की सरकार को बिहार की जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर आशीर्वाद दिया है। विकास के रोडमैप ने बिहार की धरती पर जंगलराज को नो एंट्री का स्पष्ट संदेश दे दिया है। 

07:03 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: जेपी नड्डा ने जताया बिहार की जनता का आभार

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार की जनता ने जो प्रचंड जनादेश दिया है, उसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से बिहार की जनता का हार्दिक अभिनंदन करता हूं, स्वागत करता हूं, धन्यवाद करता हूं। इस तरह के नतीजे बताते हैं कि यह सुनामी है। 

06:51 PM, 14-Nov-2025

पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे

बिहार चुनाव में एनडीए ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं। यहां थोड़ी देर में वह पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

06:32 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: अपने आवास से पार्टी मुख्यालय के लिए निकले लालू यादव

राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव अपने आवास से निकलते हुए। चुनाव आयोग ने अब तक 99 सीट के नतीजे घोषित किए हैं, जिनमें से एनडीए ने 85 और महागठबंधन ने 10 सीट पर जीत हासिल की है। 

06:26 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: भाजपा मुख्यालय पहुंचे राजनाथ सिंह और अमित शाह

बिहार चुनाव में एनडीए ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहा है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं।

06:20 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी और राज्यवासियों का जताया आभार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर कहा, चुनाव में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। एनडीए ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों चिराग पासवान, जीतन राम मांझी एवं उपेन्द्र कुशवाहा को भी धन्यवाद एवं आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

06:13 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: कांग्रेस नेता निखिल कुमार बोले- हमने सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों का चयन नहीं किया

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए की बढ़त पर कांग्रेस नेता निखिल कुमार ने कहा, हम इससे बहुत परेशान हैं। हम जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों, उसकी विचारधारा और उसकी नीतियों ने 47 वर्षों तक इस देश को आकार दिया है। यह दिखाता है कि यह वह पार्टी है जो सच्चे लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्ष तरीके से सरकार चला सकती है। हमारे उम्मीदवारों के चयन में कुछ मतभेद थे और शायद हमने सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों का चयन नहीं किया। लेकिन यह केवल एक आशंका है।  

06:05 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: अमित शाह के आवास से रवाना हुए जेपी नड्डा

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास से पार्टी मुख्यालय रवाना हुए। एनडीए बिहार में ऐतिहासिक जीत की ओर आगे बढ़ रही है। 

06:02 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Results LIVE: जनता ने वंशवादी राजनीति से ऊपर उठकर वोट दिया- गौरव वल्लभ

बिहार के चुनाव परिणामों में एनडीए की बढ़त पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, यह जीत पीएम मोदी की विकास की राजनीति और प्रदर्शन की जीत है। यह नीतीश कुमार के प्रयासों और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के समर्पण की जीत है। यह अमित शाह के सूक्ष्म स्तर के प्रबंधन की जीत है। बिहार के लोगों ने वंशवादी राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के विकास और वृद्धि के लिए वोट दिया है।

05:49 PM, 14-Nov-2025
पटना में जश्न मनाते भाजपा कार्यकर्ता - फोटो : एएनआई

Bihar Election Results LIVE: महागठबंधन का सूपड़ा साफ, NDA का दोहरा शतक

बिहार का जनादेश लगभग स्पष्ट है। एनडीए 204 सीटों पर ठोस बढ़त मिली है। नतीजों में महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो चुका है। राजद नीत महागठबंधन की झोली में महज 34 सीटें दिख रही हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और एनडीए में शामिल दलों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बिहार में जश्न शुरू हो चुका है। 

05:11 PM, 14-Nov-2025

पीएम मोदी ने बिहार चुनाव को लेकर दी पहली प्रतिक्रिया

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर बिहार चुनाव के नतीजों पर लिखा कि 'सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।'

'मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं!'

ये भी पढ़ें- PM Modi on Bihar Result: बिहार की बंपर जीत पर पीएम मोदी बोले- हमारा विजन देख जनता ने हमें भारी बहुमत दिया


पीएम मोदी ने लिखा कि 'आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।'

04:44 PM, 14-Nov-2025

Tarn Taran By Poll Election Results Live: आम आदमी पार्टी ने जीती तरनतारन सीट

पंजाब की तरनतारन सीट पर आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधु ने जीत दर्ज की है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की नेता सुखविंदर कौर को 12 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। 

04:32 PM, 14-Nov-2025

अमित शाह बोले- 'यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत'

बिहार के नतीजों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ प्रदर्शन की राजनीति के आधार पर जनादेश देती है। नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी व एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ देने वाले बूथ कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं।'

अमित शाह ने कहा कि 'बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।'

04:27 PM, 14-Nov-2025

Budgam By Poll Election Results Live:बडगाम सीट पर चुनाव नतीजे घोषित

बडगाम सीट पर हुए उपचुनाव में पीडीपी के आगा सैयद मुंतजिर महदी जीत गए हैं। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सैयद महमूद अल मोसावी को हराया है। 

पंजाब की तरनतारन सीट पर आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधु ने जीत दर्ज की है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की नेता सुखविंदर कौर को 12 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। 

04:12 PM, 14-Nov-2025

शाम 4 बजे तक एनडीए 209 सीटों पर आगे

शाम 4 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एनडीए 209, महागठबंधन 29, एआईएमआईएम 6 और अन्य 1 सीट पर आगे हैं। 

03:35 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result LIVE: महागठबंधन का बुरा हश्र, ओवैसी की पार्टी को सफलता

साढ़े तीन बजे तक की मतगणना के मुताबिक एनडीए 209 सीटों पर आगे है। महागठबंधन के बुरे हश्र का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें शामिल सभी दलों को केवल 29 सीटों पर बढ़त मिली है। एआईएमआईएम जैसे क्षेत्रीय दल भी अपना विस्तार कर रहे हैं। ओवैसी के दल से ताल ठोकने वाले प्रत्याशी छह सीटों पर आगे हैं।

03:06 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: भाजपा मुख्यालय जाएंगे पीएम मोदी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय जाएंगे और वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। 

02:41 PM, 14-Nov-2025

राघोपुर सीट पर करीब पांच हजार वोटों से पीछे चल रहे तेजस्वी

राजद नेता तेजस्वी यादव 11/30 राउंड की गिनती के बाद राघोपुर से 4829 वोटों के अंतर से पीछे चल रहे हैं। इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार सतीश कुमार आगे चल रहे हैं।

02:13 PM, 14-Nov-2025
बिहार चुनाव के नतीजे - फोटो : चुनाव आयोग

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दो बजे तक भाजपा 90 सीटों पर आगे

दोपहर 2 बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 90, जदयू 80, राजद 29, लोजपा रामविलास 20, कांग्रेस 5, एआईएमआईएम 5, हम 5 सीटों पर आगे है।  

02:02 PM, 14-Nov-2025

'बिहार तो झांकी है, आगे बंगाल बाकी है'

बिहार के मंत्री और गया टाउन विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर कहा, 'बिहार तो एक झांकी है और आगे बंगाल बाकी है। अगला पड़ाव भाजपा का बंगाल में होगा और वहां पर हम सरकार बनाएंगे। बिहार में चुनाव संपन्न होने के बाद अगला चढ़ाई हम बंगाल में करेंगे और वहां पर हम ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर करेंगे। वहां पर जो जंगलराज आ गया है और वहां की जनता को जंगलराज से मुक्त कराकर राम राज लाने का काम करेंगे।'
 

01:58 PM, 14-Nov-2025

एआईएमआईएम ने कांग्रेस को पछाड़ा

एआईएमआईएम के उम्मीदवार पांच सीटों जोकीहाट, ठाकुरगंज, कोचाधामन, अमौर, बइसी सीटों पर आगे चल रहे हैं। गौरतलब है कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस एआईएमआईएम से भी पीछे है और सिर्फ चार सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 

01:48 PM, 14-Nov-2025

'अभी स्थिति बदल सकती है'- राजद सांसद का बयान

राजद सांसद मनोज झा ने कहा, 'वोटों की गिनती जारी है। एक मनोवैज्ञानिक खेल भी चल रहा है। हमने पाया कि 65-70 से अधिक सीटों पर अंतर 3000-5000 वोटों से कम है, और हमें यकीन है कि उन सीटों पर स्थिति बदल सकती है। वोटों की गिनती बेहद धीमी है। यह सिर्फ शुरुआती रुझान है; हमने ऐसे रुझानों को अंत तक बदलते देखा है।'
 

01:41 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: एनडीए 199 सीटों पर आगे

बिहार में एक बार फिर पीएम मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर जनता ने भरोसा जताया है। रुझानों में एनडीए गठबंधन 199 सीटों पर आगे है। वहीं महागठबंधन 38 सीटों पर आगे चल रहा है। 

01:14 PM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: दोपहर 1 बजे तक भाजपा 90 सीटों पर आगे

दोपहर 1 बजे तक के चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 90 सीटों पर, जदयू 81, राजद 28, लोजपा रामविलास 20, कांग्रेस 5 और एआईएमआईएम 5 सीटों पर आगे हैं। 

12:34 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: दोपहर साढ़े 12 बजे तक क्या कहते हैं चुनाव आयोग के आंकड़े

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर साढ़े 12 बजे तक के रुझानों में भाजपा 86, जदयू 78, राजद 31, लोजपा रामविलास 21, सीपीआईएमएल 6 और कांग्रेस 5 सीटों पर आगे चल रही हैं। 

12:30 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: जीतन राम मांझी बोले- किसी भी स्थिति में 160 से नीचे नहीं आएंगे

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, 'ये अप्रत्याशित नहीं है। हमने पहले से ही कहा था। हमने कहा था कि प्रचंड बहुमत से NDA की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे। ये कोई नई बात नहीं हुई। हम उसी दिशा में जा रहे हैं। किसी भी स्थिति में हम 160 से नीचे नहीं आएंगे।'

12:27 PM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: जदयू समर्थकों ने मिठाई बांटनी शुरू की

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थक पटना स्थित जेडीयू कार्यालय के बाहर जश्न मना रहे हैं। जेडीयू नेता छोटू सिंह ने कहा, 'हम नीतीश कुमार को बधाई देते हैं। बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को विजयी बनाया है। हम यहीं होली, दिवाली मनाएंगे।'
 

12:15 PM, 14-Nov-2025

Nagrota By Poll Election Results Live: जम्मू कश्मीर की नगरोटा सीट से जीतीं देवयानी राणा

जम्मू कश्मीर की नगरोटा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार देवयानी राणा ने जीत दर्ज की है। देवयानी राणा ने जम्मू कश्मीर पैंथर्स पार्टी के नेता हर्ष देव सिंह को 26 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। चुनाव नतीजों पर देवयानी राणा ने कहा कि 'मेरा सौभाग्य है कि जिस तरीके से 2024 में नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र के हर मतदाता ने बढ़-चढ़कर हमको आर्शीवाद दिया था और एक बार फिर हमें सौभाग्य रहा है 2025 में हर घर हर परिवार ने हमें बढ़-चढ़कर आर्शीवाद दिया है।'
 

11:56 AM, 14-Nov-2025

Anta By Poll Election Results Live: अंता सीट पर कांग्रेस की बढ़त मजबूत

राजस्थान की अंता सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की बढ़त लगातार मजबूत हो रही है। करीब 12 बजे तक कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन करीब सात हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं उन्हें कड़ी टक्कर देने वाले निर्दलीय नरेश मीणा दूसरे स्थान पर पिछड़ गए हैं। 
 

11:53 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: कांग्रेस का चुनाव आयोग पर तंज

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतगणना रुझानों पर कहा, 'शुरुआती रुझान है थोड़ा इंतजार कर रहे हैं। शुरुआती रुझानों में जरूर लग रहा है कि ज्ञानेश कुमार गुप्ता भारी पड़ रहे है बिहार की जनता पर लेकिन आने वाले कुछ घंटों में स्पष्ट होगा कि बिहार के लोग भारी पड़ेंगे ज्ञानेश कुमार गुप्ता या ज्ञानेश कुमार गुप्ता ही भारी पड़ेंगे ये देखते हैं।'
 

11:44 AM, 14-Nov-2025

चुनाव आयोग के अनुसार, एनडीए ने 186 सीटों पर बनाई बढ़त

चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, NDA 186 सीटों (भाजपा 82, जदयू 75, लोजपा 22, HAMS 4, RSHTLKM 3) पर आगे चल रही है और महागठबंधन 48 सीटों (राजद 35, कांग्रेस 7, वीआईपी 1) पर आगे चल रही है। मतगणना जारी है।

11:33 AM, 14-Nov-2025

'जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी में'

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि बिहार चुनाव के रुझान बताते हैं कि लोग नरेंद्र मोदी के साथ हैं। विशाखापत्तनम समिट के दौरान चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि 'जनता का जितना विश्वास प्रधानमंत्री मोदी में है, उतना किसी अन्य नेता में नहीं।'

11:26 AM, 14-Nov-2025

छपरा सीट पर पीछे चल रहे खेसारी लाल

छपरा सीट से मशहूर भोजपुरी अभिनेता शत्रुघन यादव उर्फ खेसारी लाल पीछे चल रहे हैं। यहां  भाजपा की छोटी कुमारी करीब 1500 वोटों से आगे चल रही हैं। 

अलीनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर आगे चल रही हैं। यहां से राजद उम्मीदवार बिनोद मिश्रा दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। 

11:19 AM, 14-Nov-2025

Dampa By Poll Election Results Live: मिजोरम की दाम्पा सीट के चुनाव नतीजे घोषित

मिजोरम की दाम्पा सीट से मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार डॉ. आर लालथंगलियाना चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने जोराम पीपल्स मूवमेंट के वनलालसेलोवा को 562 वोटों से हरा दिया है। 

11:15 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: तेजस्वी यादव और तेज प्रताप पिछड़े

राघोपुर सीट से राजद उम्मीदवार और महागठबंधन से सीएम पद के दावेदार तेजस्वी यादव पिछड़ गए हैं। वहीं महुआ सीट से तेजस्वी यादव के भाई तेज प्रताप यादव भी पीछे चल रहे हैं। 

11:06 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: एनडीए रुझानों में दोहरे शतक की ओर

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुबह 11 बजे तक 190 सीटों पर बढ़त बना ली है। वहीं राजद के नेतृत्व वाला महागठबंधन 50 सीटों पर आगे है। 

10:57 AM, 14-Nov-2025
बिहार चुनाव नतीजे - फोटो : चुनाव आयोग

Bihar Chunav Result Live: सुबह 11 बजे तक चुनाव आयोग के आंकड़ों में जदयू की बढ़त बरकरार

सुबह 11 बजे तक के चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, जदयू 81, भाजपा 78, राजद 35, लोजपा रामविलास 22, कांग्रेस 7, सीपीआईएम 4 और हम पार्टी भी 4 सीटों पर आगे चल रही है। 

10:43 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: भाजपा बोली- जनता ने तेजस्वी को नकार दिया

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बिहार चुनाव मतगणना पर कहा, 'बिहार में इतिहास लिखा जा रहा है जनता पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर विश्वास करती है पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा देश और बिहार आगे बढ़ रहा है... तेजस्वी को बिहार की जनता ने नकार दिया है।'

10:36 AM, 14-Nov-2025

By Poll Election Results Live: बडगाम सीट पर रोचक मुकाबला

जम्मू कश्मीर की बडगाम सीट पर रोचक मुकाबला हो रहा है। अब यहां पीडीपी के आगा सैयद मुंतजिर महदी आगे हो गए हैं। हालांकि उनके और नेकां के आगा सैयद महमूद अल मोसावी के बीच सिर्फ वोटों का अंतर है। 

10:34 AM, 14-Nov-2025

एनडीए की बढ़त लगातार बरकरार, राजद बुरी तरह पिछड़ी

सुबह साढ़े 10 बजे तक एनडीए 162, महागठबंधन 75, जन सुराज 2 और अन्य 3 सीटों पर आगे चल रहे हैं। 

10:28 AM, 14-Nov-2025

चुनाव आयोग के अनुसार, ये हैं बिहार चुनाव के रुझान

सुबह साढ़े 10 बजे तक चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भाजपा 72, जदयू 71, राजद 43, लोजपा रामविलास 18 सीटों पर आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस 8, सीपीआई एमएल के 6 उम्मीदवार आगे हैं। 

10:25 AM, 14-Nov-2025

महुआ सीट पर तेजप्रताप आगे चल रहे

बिहार की महुआ सीट पर चौंकाने वाले रुझान सामने आ रहे हैं। यहां लोजपा रामविलास के संजय कुमार सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं राजद के मुकेश कुमार दूसरे स्थान पर हैं। लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव चौथे स्थान पर चल रहे हैं। 

10:13 AM, 14-Nov-2025

By Poll Election Results Live: तरनतारन सीट पर रोमांचक मुकाबला

पंजाब की तरनतारन सीट पर शिअद उम्मीदवार सुखविंदर कौर शुरुआती बढ़त के बाद पिछड़ गई हैं। अब आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधु आगे चल रहे हैं। हालांकि दोनों में करीब दो सौ वोटों का ही अंतर है। 

10:09 AM, 14-Nov-2025

10:05 बजे तक चुनाव आयोग की रिपोर्ट

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी रुझान दिख रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 10:05 बजे तक जेडीयू 62, भाजपा 59, राजद 34, लोजपा 15, कांग्रेस 10, हम 4, माले 2 और रालोमो, वीआईपी, AIMIM, माकपा एक-एक सीट पर आगे चल रही है। अभी तक कुल 192 सीटों पर रुझान सामने आए हैं।

10:08 AM, 14-Nov-2025

1. Bihar Chunav Result Live: एनडीए ने 160 सीटों पर बनाई बढ़त

सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एनडीए 160 सीटों पर आगे है। वहीं महागठबंधन 80, जन सुराज 2 और अन्य एक सीट पर आगे हैं। 

10:04 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: जदयू, भाजपा से भी आगे निकली

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में सुबह 10 बजे तक जदयू सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। जदयू फिलहाल 61 सीटों पर आगे चल रही है और भाजपा 56 सीटों पर आगे है। राजद 33 सीटों पर आगे है। 

09:59 AM, 14-Nov-2025

जुबली हिल्स पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे

तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट से कांग्रेस के नवीन यादव वी आगे चल रहे हैं। वहीं बीआरएस की मंगनती सुनीता दूसरे नंबर पर हैं। भाजपा के दीपक रेड्डी बुरी तरह से पिछड़ गए हैं और तीसरे स्थान पर हैं।  

09:56 AM, 14-Nov-2025

9:55 बजे तक चुनाव आयोग की रिपोर्ट

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी रुझान दिख रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 9:55 बजे तक भाजपा 51, जेडीयू 48, राजद 25, लोजपा 13, कांग्रेस 7, हम 3 और वीआईपी, AIMIM, माकपा, माले एक सीट पर आगे चल रही है। अभी तक कुल 154 सीटों पर रुझान सामने आए हैं।

09:55 AM, 14-Nov-2025

By Poll Election Results Live: अंता सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे

राजस्थान की अंता सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भैया ने बढ़त बनाई हुई है। हैरान करने वाली बात ये है कि निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा यहां दूसरे स्थान पर हैं और भाजपा के मोरपाल सुमन तीसरे स्थान पर हैं। 

09:50 AM, 14-Nov-2025

नौपाड़ा सीट से भाजपा के जय ढोलकिया आगे

ओडिशा की नौपाड़ा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा के जय ढोलकिया आगे चल रहे हैं। बीजद की स्नेहांगिनी छुरिया दूसरे स्थान पर हैं। वहीं कांग्रेस के घासीराम माझी तीसरे नंबर पर बने हुए हैं।

09:48 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: 9:45 बजे तक चुनाव आयोग की रिपोर्ट

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर रुझान दिख रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 9:45 बजे तक भाजपा 39, जेडीयू 36, राजद 23, लोजपा 10, कांग्रेस 6, हम 2 और वीआईपी, AIMIM, माकपा, माले एक सीट पर आगे चल रही है। अभी तक कुल 121 सीटों पर रुझान सामने आए हैं।

09:44 AM, 14-Nov-2025

By Poll Election Results Live: घाटशिला से झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र आगे

घाटशिला (झारखंड) विधानसभा उपचुनाव | चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, जेएमएम के सोमेश चंद्र सोरेन झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के रामदास मुर्मू से 20वें राउंड की मतगणना के बाद 2164 वोटों से आगे चल रहे हैं।
 

09:41 AM, 14-Nov-2025

नगरोटा सीट से भाजपा उम्मीदवार आगे

जम्मू कश्मीर की नगरोटा सीट से भाजपा की देवयानी राणा आगे चल रही हैं। वहीं जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के हर्ष देव सिंह दूसरे स्थान पर हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस की उम्मीदवार शमीम बेगम तीसरे स्थान पर हैं। 

09:35 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: रुझानों में बिहार में फिर नीतीश सरकार

रुझानों में सुबह साढ़े नौ बजे तक के आंकड़ों में एनडीए 150, महागठबंधन 75, जन सुराज 3 और अन्य एक सीट पर आगे चल रहे हैं। 

09:32 AM, 14-Nov-2025
bihar election - फोटो : चुनाव आयोग

जम्मू कश्मीर की बडगाम सीट से नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सैयद महमूद अल मोसावी आगे चल रहे हैं। वहीं पीडीपी के आगा सैयद मुंतजिर मेहदी दूसरे स्थान पर हैं। भाजपा के आगा सैयद मोहसिन मोसावी पांचवें स्थान पर हैं। 

 

09:24 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: 'अभी शुरुआती रुझान, प्रतिक्रिया देना ठीक नहीं'

कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, 'अभी शुरूआती रुझान पर प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा। आगे देखते हैं क्या होता है... मुझे विश्वास है कि परिणाम महागठबंधन के पक्ष में आएगा।'
 

09:20 AM, 14-Nov-2025
बिहार चुनाव - फोटो : चुनाव आयोग

Bihar Election Result Live: भाजपा ने बनाई बढ़त

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बांकीपुर, कुम्हरार, दीघा, बाढ़, हाजीपुर, साहेबगंज, बरुराज, कुढ़नी, पूर्णिया सीटों पर भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 

 

09:12 AM, 14-Nov-2025

By Poll Election Results Live: मिजोरम की डाम्पा सीट के उपचुनाव के शुरुआती रुझान आए सामने

मिजोरम की डाम्पा सीट पर हो रहे उपचुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार डॉ. आर लालथंगलियाना आगे चल रहे हैं। वहीं जोराम पीपल्स मूवमेंट के उम्मीदवार वनलालसेलेवा दूसरे नंबर पर हैं। 

09:05 AM, 14-Nov-2025

चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, शुरुआती रुझानों में भाजपा पांच सीटों पर आगे है

चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 5 सीटों पर, RJD 2 और कांग्रेस 1 सीट पर आगे चल रही है। मतगणना जारी है।

09:02 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों में एनडीए को बढ़त

सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एनडीएन ने 111 सीटों पर बढ़त बना ली है। वहीं महागठबधंन भी ज्यादा पीछे नहीं है और 75 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जन सुराज पार्टी तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। 

08:56 AM, 14-Nov-2025

By Poll Election Results Live: पंजाब की तरनतारन सीट पर शिअद की प्रत्याशी आगे

पंजाब की तरनतारन सीट से शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी सुखविंदर कौर आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी और तीसरे पर कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। 

08:48 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live: राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव आगे

राघोपुर सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं। वहीं भाजपा के सतीश कुमार पिछड़ गए हैं।

08:45 AM, 14-Nov-2025

भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया में जय बाबा गोविंद मंदिर और मां जगदंबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। विजय कुमार सिन्हा ने कहा, 'जिसका अनुमान था, वही अब नतीजों में बदल रहा है। बिहार की जनता ने मोदी और नीतीश कुमार पर जो भरोसा जताया है, वह देश को नई दिशा देगा। अप्पू और पप्पू बिना सोचे-समझे उन्माद का माहौल फैलाते हैं, इसलिए कोई उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता। हमारे नतीजे एग्जिट पोल से भी बेहतर होंगे।'
 

08:29 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result Live- एनडीए की बढ़त बरकरार

सुबह साढ़े 8 बजे के रुझानों के अनुसार, एनडीए ने 70, महागठबंधन ने 35, जनसुराज ने 3 और अन्य ने तीन सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। 

08:26 AM, 14-Nov-2025

जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी

हैदराबाद के यूसुफगुडा स्थित कोटला विजय भास्कर रेड्डी इंडोर स्टेडियम में स्थापित मतगणना केंद्र का वीडियो। जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी, उपचुनाव 11 नवंबर को हुए थे।
 

08:23 AM, 14-Nov-2025

Bihar Chunav Result Live: तेजस्वी बोले- हम सरकार बना रहे हैं

महागठबंधन के सीएम फेस और राघोपुर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना पर कहा, 'हम लोगों की जीत होने वाली है हम जीत रहे हैं। बदलाव होगा। हम सरकार बना रहे हैं।'
 

08:21 AM, 14-Nov-2025

एनडीए ने बनाई बढ़त

सुबह आठ बजे तक के रुझानों में एनडीए 22, महागठबंधन 13, जन सुराज 2 और अन्य एक सीट पर आगे हैं।  

08:18 AM, 14-Nov-2025

राजस्थान के बारां में एक मतगणना केंद्र के बाहर का वीडियो। अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हो गई। भाजपा नेता कंवर लाल मीणा को राजस्थान विधानसभा से अयोग्य घोषित किए जाने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी, उपचुनाव 11 नवंबर को हुए थे।
 

08:15 AM, 14-Nov-2025

एनडीए ने बनाई बढ़त

बिहार चुनाव के शुरुआती रुझानों में एनडीए 18, महागठबंधन 13 सीटों पर आगे चल रहे हैं। 
 

08:11 AM, 14-Nov-2025

एनडीए ने चार सीटों पर बनाई बढ़त

शुरुआती रुझानों में एनडीए चार सीटों पर और महागठबंधन एक सीट पर आगे चल रहा है। वहीं एक सीट पर अन्य आगे हैं। 

08:00 AM, 14-Nov-2025

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है और कुछ ही देर में रुझान मिलने शुरू हो जाएंगे। राज्य के 38 जिलों के सभी 243 निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा। दोपहर तक साफ हो जाएगा कि बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बन रही है या फिर बिहार की जनता ने बदलाव के लिए वोट किया है और तेजस्वी यादव सत्ता संभालेंगे। साथ ही उपचुनाव की आठ सीटों पर भी मतगणना शुरू हो गई है। 

07:48 AM, 14-Nov-2025

भाजपा मुख्यालय में चुनाव परिणाम से पहले बन रहीं जलेबियां

बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम की मतगणना शुरू होने से पहले दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में सत्तू का पराठा और जलेबी बनाई जा रही है।
 

07:27 AM, 14-Nov-2025

Bihar Assembly Election: पप्पू यादव ने महागठबंधन की जीत पर जताया भरोसा

दिल्ली: बिहार चुनाव 2025 के लिए मतगणना से पहले पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि जनता ने महागठबंधन पर अपना भरोसा जताया है। जनता में एनडीए गठबंधन के खिलाफ गुस्सा था और वे बदलाव चाहते थे।'

07:19 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election Result:अशोकधाम मंदिर में विजय सिन्हा

लखीसराय: बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने मतगणना शुरू होने से पहले अशोकधाम मंदिर में पूजा-अर्चना की।

07:12 AM, 14-Nov-2025

जनता 'जंगलराज' के 'युवराज' को कड़ा संदेश देगी-डिप्टी सीएम

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "चुनाव कौन जीतेगा, यह जनता तय करेगी। परिवारवादी लोग राजनीति को अपनी जागीर समझते हैं। लेकिन बिहार की जनता 'जंगलराज' के 'युवराज' को कड़ा संदेश देगी।"

06:56 AM, 14-Nov-2025

Bihar Polls: महागठबंधन 200 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगा: मुकेश सहनी

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और बिहार के उपमुख्यमंत्री पद के लिए महागठबंधन के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने गुरुवार को अधिकारियों से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया और कहा कि महागठबंधन 200 से ज्यादा सीटों के साथ बिहार में सरकार बनाएगा।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने कहा, "मैं राज्य के सभी अधिकारियों से अपील करता हूं कि आपने संविधान की रक्षा, देश में निष्पक्ष चुनाव कराने और लोकतंत्र को बचाने की शपथ ली है। हम आपसे अपने संकल्प के तहत काम करने की अपील करते हैं। इस चुनाव में जनता का बहुत पैसा खर्च हुआ है। बिहार में बदलाव के लिए मतदान हुआ है।"

06:44 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election 2025: पटना में मतगणना की तैयारियां शुरू

बिहार चुनाव 2025 के लिए वोटों की गिनती आठ बजे से शुरू होगी। इससे पहले पटना के एएन कॉलेज में बनाए गए मतगणना केंद्र की तस्वीर।
 

06:32 AM, 14-Nov-2025

राजद कार्यालय की तस्वीरें

बिहार के पटना स्थित राजद कार्यालय के बाहर का दृश्य। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

06:26 AM, 14-Nov-2025

Bihar Election 2025 Result: एनडीए बिहार में सरकार बनाने जा रहा-अजय आलोक

बिहार चुनाव 2025 के लिए मतगणना से पहले भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा, "जनता ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी के नेतृत्व पर अपना भरोसा जताया है। एनडीए बिहार में फिर से सरकार बनाएगी। यहां तक कि विपक्ष भी जानता है कि एनडीए बिहार में सरकार बनाने जा रहा है।"

06:25 AM, 14-Nov-2025

Bihar Assembly Elections: एनडीए फिर से बिहार में सरकार बनाएगी-राजीव रंजन प्रसाद

मतगणना से पहले जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "जनता ने अपना जनादेश दिया है और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन को वोट दिया है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मुझे विश्वास है कि एनडीए फिर से बिहार में सरकार बनाएगी..."

06:08 AM, 14-Nov-2025

नतीजों पर जन सुराज प्रवक्ता का बयान

बिहार चुनाव 2025 की मतगणना पर जन सुराज प्रवक्ता विवेक कुमार ने कहा, "जिस राज्य में जातिवाद पर वोट पड़ते थे, 35-40 साल में पहली बार जनता ने असली मुद्दों को ध्यान में रखकर वोट दिया, पहली बार जन सुराज के विकल्प के रूप में उभरने से नेताओं के मन में जनता का डर है। मतगणना के पहले घंटे में एग्जिट पोल के आंकड़े गलत साबित होंगे, चूंकि जनता ने भारी संख्या में मतदान किया है, इसलिए नतीजे एकतरफा नहीं होंगे; नतीजे बहुत करीबी होंगे।"

06:05 AM, 14-Nov-2025

प्रेम कुमार ने एनडीए की जीत का भरा दम

बिहार विधानसभा चुनाव  की मतगणना पर बिहार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा, "बिहार की जनता भारी संख्या में मतदान करने के लिए निकली। NDA सभी सीटों पर आगे रहेगी और बिहार में फिर से NDA की सरकार बनेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि NDA सरकार 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी। जनता NDA सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से बहुत खुश है।"

03:52 AM, 14-Nov-2025

बिहार विधानसभा चुनाव: आज होगी मतगणना, 8 बजे से शुरू होगी काउंटिंग

बिहार में आज विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती की जाएगी। सुबह 8 बजे से राज्य के 38 जिलों में बने 46 मतगणना केंद्रों पर काउंटिंग शुरू होगी। इसके लिए सभी जगह कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना को देखते हुए शुक्रवार को पटना के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

243 सीटों वाली विधानसभा के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें 67.13 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला, जो अब तक का ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना की पूरी व्यवस्था पूरी कर ली गई है। यह प्रक्रिया 243 रिटर्निंग अधिकारियों और बराबर संख्या में तैनात पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी। उम्मीदवार और उनके एजेंट भी वहां मौजूद रहेंगे। कुल 4,372 मतगणना टेबल लगाए गए हैं।

03:02 AM, 14-Nov-2025

बिहार चुनाव: 2,616 उम्मीदवारों के भाग्य का आज होगा फैसला

बिहार में आज 2,616 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में कुल 7 करोड़ 45 लाख 26 हजार 858 मतदाता सूचीबद्ध हैं। आयोग ने बताया कि किसी भी उम्मीदवार या राजनीतिक दल की ओर से पुनर्मतदान की कोई मांग नहीं की गई है। इसके अलावा, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 38 जिलों से किसी भी दल की ओर से कोई अपील नहीं मिली। आयोग ने कहा कि यह चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को दर्शाता है। साथ ही यह मतदाताओं के विश्वास और प्रशासन की कुशलता का प्रमाण है।

01:17 AM, 14-Nov-2025

तेज प्रताप ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

बिहार के हाजीपुर में जनशक्ति जनता दल प्रमुख और महुआ सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने मतगणना से पहले स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं अच्छी हैं।" वहीं राजद नेता सुनील कुमार सिंह के बयान पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह 'फालतू आदमी' है, उसकी बेतुकी बातों की कोई अहमियत नहीं है।

12:40 AM, 14-Nov-2025

पूरे दिन मतगणना केंद्रों पर रहेंगे पार्टी के लोग

बिहार चुनाव के नतीजों पर सीपीआई (एम-एल) नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा "इस बार हमने देखा कि जिन लोगों ने वोटर लिस्ट में अपना नाम बचा लिया था, वे सभी वोट देने आए। एक और बाधा यह सुनिश्चित करना है कि वोटों की गिनती सही तरीके से हो। हमारे सभी संगठनों ने आपस में बात की है। हमारे सभी कार्यकर्ता तैयार हैं। सतर्कता के साथ, लोग पूरे दिन मतगणना केंद्रों पर रहेंगे। चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मतगणना स्वच्छ और निष्पक्ष तरीके से हो।"

12:36 AM, 14-Nov-2025

बिहार में बदलाव के लिए वोटिंग हुई-मुकेश सहनी

बिहार की राजधानी पटना में वीआईपी प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा, "बिहार में बदलाव के लिए वोटिंग हुई है। राज्य के युवाओं को बदलाव चाहिए, उन्हें रोजगार चाहिए। एनडीए को पता था कि वे कहीं नहीं टिकेंगे। महागठबंधन 200 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी। पैसे बांटकर जनादेश चुराने का जो काम पहले रात के अंधेरे में होता था, वही काम सरकार ने महिलाओं को 10,000 रुपये देकर किया है। उन्हें लगा था कि वे उन्हें वोट देंगे। लेकिन सभी माताएं-बहनें जानती हैं कि यहां रोजगार चाहिए।"

11:01 PM, 13-Nov-2025

Election Result Live: NDA को जनादेश, भाजपा मुख्यालय से बोले पीएम मोदी- बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया...

बिहार विधानसभा चुनाव के तहत राज्य की सभी 243 सीटों के अलावा उपचुनाव जम्मू-कश्मीर के बडगाम और नगरोटा, राजस्थान के अंता, झारखंड के घाटशिला, तेलंगाना के जुबली हिल्स, पंजाब के तरनतारन, मिजोरम के डम्पा और ओडिशा के नुआपाड़ा सीट पर हुए। सभी सीटों के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें