फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election Commission Live: MP में 17 और राजस्थान में 23 नवंबर को मतदान, पांच राज्यों के नतीजे तीन दिसंबर को

Mon, 09 Oct 2023 03:54 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Assembly Election 2023 EC Press Conference Live News in Hindi: निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों के चुनावों का एलान कर दिया है। ईसी की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, सबसे पहले मिजोरम में सात नवंबर को चुनाव होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ में दो चरण- सात नवंबर और 17 नवंबर को मतदान होगा। 17 नवंबर को ही मध्य प्रदेश में भी मतदान की तारीख रखी गई है। वहीं, 23 नवंबर को राजस्थान और 30 नवंबर को तेलंगाना में वोटिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आयोग ने बताया कि सभी पांच राज्यों के नतीजे तीन दिसंबर यानी 55 दिन बाद आएंगे।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:09 PM, 09-Oct-2023

ओवैसी का दावा- केसीआर एक बार फिर तेलंगाना के सीएम बनेंगे
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को उम्मीद जताई कि 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद के चंद्रशेखर राव एक बार फिर तेलंगाना के मुख्यमंत्री बनेंगे और जीत की हैट्रिक लगाएंगे। ओवैसी ने कहा कि उनकी एआईएमआईएम पहली बार राजस्थान में भी चुनाव लड़ेगी।

10:09 PM, 09-Oct-2023

नगालैंड की तापी विधानसभा सीट पर उपचुनाव सात नवंबर को
नगालैंड की तापी विधानसभा सीट पर उपचुनाव सात नवंबर को होगा। वर्तमान सदस्य नोके वांगनाओ के निधन के बाद उपचुनाव आवश्यक हो गया था। उपचुनाव मिजोरम में विधानसभा चुनाव और छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान के साथ होगा। 10 बार विधायक रहे 87 वर्षीय वांगनाओ का संक्षिप्त बीमारी के बाद 28 अगस्त को दीमापुर के एक अस्पताल में निधन हो गया था।

01:40 PM, 09-Oct-2023

चुनाव तारीखों के एलान पर ओवैसी ने कही ये बात

पांच राज्यों में चुनाव की घोषणा पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "राजस्थान में 23 नवंबर को चुनाव हैं। हम राजस्थान में अपने 3 उम्मीदवार पहले ही घोषित कर चुके हैं और जल्द ही तेलंगाना के लिए भी घोषणा करेंगे। हमारी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है... मुझे यकीन है कि तेलंगाना में लोग हमारे उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे... हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं।"

विज्ञापन
01:15 PM, 09-Oct-2023

राजस्थान चुनाव की घोषणा पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "भ्रष्टाचार, बलात्कार, पेपर लीक और बेरोजगारी को राजस्थान की पहचान बनाने वाली सरकार अब जाने वाली है, उसकी अंतिम तिथि आज इस घोषणा के साथ सुनिश्चित हो गई है।"

12:46 PM, 09-Oct-2023

वोटर लिस्ट में 17 अक्तूबर से 30 नवंबर तक करा सकेंगे बदलाव

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिज़ोरम के आगामी विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "...17 अक्तूबर से 30 नवंबर तक पूरे देश में किसी को भी वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी परिवर्धन, विलोपन और संशोधन कराना है तो उसका स्वागत है, वे ऐसा करा सकते हैं..."

विज्ञापन
12:31 PM, 09-Oct-2023

कब कहां वोटिंग? 

राज्य मतदान की तारीख
मिजोरम 7 नवंबर
छत्तीसगढ़ 7 नवंबर, 17 नवंबर 
मध्यप्रदेश 17 नवंबर 
राजस्थान 23 नवंबर 
तेलंगाना 30 नवंबर
नतीजे 3 दिसंबर

12:29 PM, 09-Oct-2023

दिव्यांगों को घर पर मिलेगी वोटिंग की सुविधा

दिल्ली: छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिज़ोरम के आगामी विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "... PwD के कुल मतदाताओं की संख्या 17.34 लाख है, अगर वे मतदान केंद्र पर आकर मतदान नहीं कर सकते हैं तो उन्हें उनके घर से भी मतदान करने की सुविधा मिलेगी..."

12:21 PM, 09-Oct-2023

पांचों राज्यों में इस बार कितने मतदान केंद्र? 

पहली बार विशिष्ट संवेदनशील आदिवासी समूहों (Particularly Vulnerable Tribal Groups) का सौ फीसदी पंजीयन कराया गया है। 17 अक्तूबर को मतदाता सूची सार्वजनिक करा दी जाएगी। 30 नवंबर तक मतदाता सूची में बदलाव कराए जा सकेंगे। 

इस बार 1.77 लाख मतदान केंद्र होंगे। 1.01 लाख मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। 

किस राज्य में कितने मतदान केंद्र?

राज्य मतदान केंद्र
मध्यप्रदेश 64,523
राजस्थान 51,756
छत्तीसगढ़ 24,109
तेलंगाना 35,356
मिजोरम 1,276

12:14 PM, 09-Oct-2023

नए मतदाताओं की उम्र 18 से 19 साल के बीच 

60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनकी एडवांस एप्लीकेशन प्राप्त हो चुकी हैं।

12:09 PM, 09-Oct-2023

सबसे ज्यादा वोटर राजस्थान में,

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि कुल 16.14 करोड़ मतदाता इन चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष मतदाता, 7.8 करोड़ महिला मतदाता होंगे। इस बार 60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। 
 

राज्य कुल मतदाता
मध्यप्रदेश 5.6 करोड़
राजस्थान 5.25 करोड़
तेलंगाना 3.17 करोड़ 
छत्तीसगढ़ 2.03 करोड़
मिजोरम 8.52 लाख


मिजोरम 8.52 लाख

12:01 PM, 09-Oct-2023

चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू

मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनावों की तारीखों के एलान के लिए चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी है।

11:48 AM, 09-Oct-2023

आगामी विधानसभा चुनाव पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "...हमें उम्मीद है कि यह चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होंगे... उन्हें(चुनाव आयोग) कोशिश करनी होगी कि नियम सबके लिए समान हो, यही उनकी(चुनाव आयोग) उपलब्धि और जनतंत्र में लोगों की उपलब्धि है।"

11:34 AM, 09-Oct-2023

आगामी विधानसभा चुनाव पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा, "अभी चुनाव तारीखों की घोषणा होगी, देखते है चुनाव आयोग क्या तारीख देता है और कितने चरणों में चुनाव होता है, हमारी पूरी तैयारी है...5 राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, हमें पूरा विश्वास है कि हम जीतेंगे।"

11:12 AM, 09-Oct-2023

टीएस सिंहदेव बोले- जितनी जल्दी चुनाव हों उतना अच्छा

आगामी विधानसभा चुनाव पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव ने कहा, "... जितना जल्दी (चुनाव) हो उतना अच्छा है... आजकल तो चुनाव के लिए तैयारी करने के लिए 5 साल होते हैं, जिस दिन से जिम्मेदारी मिलती है उसी दिन से आप जो भी काम करते हैं वह चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जाता है..."

10:52 AM, 09-Oct-2023

आगामी विधानसभा चुनाव पर शिवसेना-उद्धव बालासाहेब के सांसद संजय राउत ने कहा, "...5 राज्यों में से 3 राज्यों में जब 5 साल पहले चुनाव हुए थे तब INDIA यानी कांग्रेस जीती थी, इस बार सभी राज्यों में INDIA जीतेगा चाहे मध्य प्रदेश हो या राजस्थान और तेलंगाना बोनस है, तेलंगाना में भी कांग्रेस जीतेगी। तेलंगाना में भाजपा को 10 सीटें भी नहीं मिल रही..."

10:37 AM, 09-Oct-2023

छत्तीसगढ़ में बीते पांच साल में क्या-क्या बदला, इस बार कौन मजबूत?

छत्तीसगढ़ की बात करें तो विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस-भाजपा ने एड़ी चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया है। चुनाव के पहले कांग्रेस सरकार ने गारंटियों को जना के सामने रखा है। वहीं, भाजपा केंद्र की योजनाओं और प्रधानमंत्री के चेहरे के दम पर सत्ता में आने की उम्मीद कर रही है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी फ्री बिजली और फ्री पानी की घोषणा करके राज्य में अपना दावा ठोक रही है।  

इससे पहले 2018 में आए चुनाव नतीजों के बाद राज्य में 15 साल बाद कांग्रेस ने सरकार बनाई। भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बने। आइये जानते हैं राज्य में बीते पांच साल में हुए सियासी घटनाक्रमों के बारे में...

10:12 AM, 09-Oct-2023

राजस्थान में इस बार किसकी पकड़ कितनी मजबूत?

राजस्थान में विधानसभा चुनाव का एलान जल्द हो सकता है। चुनाव आयोग ने सोमवार दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इस दौरान चुनाव की तारीखों का एलान किया जा सकता है। बात अगर राजस्थान विधानसभा की करें तो यहां 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद काफी कुछ बदल गया है। इस दौरान राजस्थान की जनता ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह, सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच जारी शीतयुद्ध और भी काफी कुछ है। इन सब के बीच आइए जानते हैं बीते पांच साल में राज्य की सियासत में क्या-क्या बदला? 2018 के चुनाव नतीजे क्या रहे? कब-कब गहलोत सरकार पर संकट आया? राज्य में कांग्रेस की जीत का नेतृत्व करने वाले सचिन पायलट ने कब-कब गहलोत सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कीं? आइये जानते हैं

09:41 AM, 09-Oct-2023

2018 के बाद कितनी बदली मध्य प्रदेश की सियासत

मध्यप्रदेश में चुनावी बिगुल आज बजने जा रहा है। चुनाव आयोग दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चुनाव तारीखों का एलान कर सकता है। ऐसे में राज्य की सियासी स्थिति के बारे में विस्तार से जानना जरूरी है। मध्यप्रदेश बीते पांच साल में दो सरकारें देख चुका है। 2018 में आए चुनाव नतीजों के बाद राज्य में 15 साल बाद कांग्रेस ने सरकार बनाई। कमलनाथ राज्य के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, राज्य की कमलनाथ सरकार 15 महीने तक ही चल सकी। 15 महीने बाद एक बार फिर राज्य में भाजपा की सत्ता में वापसी हुई। आइए जानते हैं राज्य में बीते पांच साल में हुए सियासी उठापटक के बारे में...

09:16 AM, 09-Oct-2023

जानें पांच राज्यों के सियासी समीकरण और पिछले चुनाव का हाल

निर्वाचन आयोग आज यानी सोमवार दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसमें पांच राज्यों में होने वाले चुनावों का एलान किया जा सकता है। गौरतलब है कि इस साल के अंत तक पांच राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। पांचों राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीटें हैं। मध्य प्रदेश में इस वक्त भाजपा की सरकार है। वहीं, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस शासन में है। तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव वाली भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस की सरकार है। मिजोरम में जोरमथंगा की मिजो नेशनल फ्रंट सत्ताधारी पार्टी है। पढ़ें पूरी खबर...

08:34 AM, 09-Oct-2023

2018 की तरह एक चरण में चुनाव संभव

सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनावों की तर्ज पर इस बार भी राजस्थान, मिजोरम, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में एक चरण तथा नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान हो सकता है। मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर जबकि राजस्थान विधानसभा का कार्यकाल 14 जनवरी, मध्य प्रदेश 6 जनवरी, तेलंगाना 16 जनवरी और छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी को समाप्त हो रहा है।

08:13 AM, 09-Oct-2023

नवंबर के दूसरे हफ्ते में हो सकते हैं चुनाव

सूत्रों की मानें तो नवंबर के दूसरे हफ्ते से दिसंबर के पहले सप्ताह के बीच मतदान कराया जा सकता है और नतीजे 15 दिसंबर से पहले घोषित किए जा सकते हैं। चुनाव आयोग की पुलिस, सामान्य और व्यय पर्यवेक्षकों के साथ दिन भर चली बैठक का मकसद रणनीति को सुव्यवस्थित करना था ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी ढंग से लागू हो और धन तथा बाहुबल चुनाव को किसी तरह प्रभावित न करें। साथ ही निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी चुनाव कराने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित हो।

07:53 AM, 09-Oct-2023

Election Commission Live: MP में 17 और राजस्थान में 23 नवंबर को मतदान, पांच राज्यों के नतीजे तीन दिसंबर को

Assembly Election 2023 EC Press Conference Live News in Hindi: निर्वाचन आयोग आज दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसमें पांच राज्यों में होने वाले चुनावों का एलान किया जा सकता है। गौरतलब है कि इस साल के अंत तक पांच राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें