तमिलनाडु: लोगों को नावों के जरिए बचाया जा रहा है
चेन्नई के पश्चिम ताम्बरम के कृष्णा नगर इलाके में रहने वाले लोगों को नावों के जरिए बचाया जा रहा है। पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा बचाव अभियान जारी है।
अगले कुछ घंटों में चक्रवात के कमजोर होने की उम्मीद
IMD निदेशक एच.आर. बिस्वास ने चक्रवात मिचौंग पर कहा, "वर्तमान में हवा की गति 90-100 किमी प्रति घंटा है। कुछ घंटों में चक्रवात के कमजोर पड़ने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से ओडिशा में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।"
आंध्र प्रदेश:बापटला में बारिश, तेज हवाएं
चक्रवाती तूफान मिचौंग के प्रभाव से बापटला में बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।
तमिलनाडु के चेन्नई में मंगलवार को चक्रवात मिचौंग के प्रभाव से हुई बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इसमें फंसे लोगों को बचाने के लिए नौकाओं और ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया। चेन्नई के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को सुबह से बारिश का असर कम रहा, जिससे अधिकारियों को बचाव और राहत कार्य तेज करने के लिए समय मिल गया है। चेन्नई के निगम मुख्यालय में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि राहत कार्य युद्ध स्तर किये जा रहे हैं। स्टालिन ने बताया कि मूसलाधार बारिश से प्रभावित चेन्नई सहित नौ जिलों में कुल 61,666 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें अब तक भोजन के लगभग 11 लाख पैकेट और दूध के एक लाख पैकेट वितरित किये जा चुके हैं।
आंध्र प्रदेश: चक्रवाती तूफान मिचौंग के प्रभाव से बापटला समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। वहीं मचीलीपटनम में तेज हवाएं और भारी बारिश देखी गई।
चक्रवाती तूफान मिचॉन्ग कुछ ही देर में आंध्र प्रदेश के बापटला से टकराएगा। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने कहा कि चक्रवात दो घंटे में बापटला से टकरा सकता है। इसकी प्रक्रिया पहले ही सुरू हो चुकी है। चक्रवात के टकराने के दौरान हवाओं की गति 90 से 100 किमी प्रतिघंटे तक रहेंगी। वहीं आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में आज जबरदस्त बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु सरकार ने चेन्नई और राज्य के कुछ अन्य जिलों में लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुए बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और लोगों को राहत प्रदान करने के लिए 5,000 करोड़ रुपये की अंतरिम केंद्रीय सहायता मांगी है। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता तिरुचि शिवा ने कहा कि भीषण चक्रवात ‘मिगजॉम’ के कारण भारी बारिश से चेन्नई और अन्य जिले जलमग्न हो गए हैं। चक्रवात के दस्तक देने से कुछ घंटे पहले आई बाढ़ में एक बच्चे सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। चेन्नई की सड़कों पर पानी भर जाने के कारण कारें बह गईं और हवाई अड्डे का संचालन बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘लगातार बहते पानी के कारण सड़कें नदियां बन गई हैं और नदियां समुद्र की तरह हो गई हैं... सभी जल निकाय ओवरफ्लो हो रहे हैं। कई टैंक टूट गए हैं।’’
आंध्र प्रदेश में चक्रवात मिचौंग के चलते भारी बारिश का दौर जारी है। तिरुपति में स्थित पांचों बांध बारिश के बाद पूरी क्षमता तक भर गए, जिसके चलते उनके गेटों को खोल दिया गया।
तमिलनाडु में आज सुबह 08.30 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश और भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने इससे जुड़े आंकड़े जारी किए हैं।
आईएमडी के बुलेटिन में कहा गया है कि पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पर भीषण चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर की दिशा में बढ़ता गया और मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे यह कवाली से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर पूर्व में 80 किलोमीटर, नेल्लोर के उत्तर-उत्तरपूर्व, बापटला से 80 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और मछलीपट्टनम से 140 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में केंद्रित था।
बुलेटिन में कहा गया है कि मौसम प्रणाली के लगभग उत्तर की ओर समानांतर और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के करीब बढ़ने की संभावना है और अगले चार घंटों के दौरान एक गंभीर चक्रवात के रूप में यह बापटला के करीब से होकर आगे जाएगा। इसकी गति 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी।’’
तमिलनाडु के चेन्नई में भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति है। आलम यह है कि मंगलवार को कम बारिश के बावजूद कई इलाकों में पानी लोगों के घरों में घुस गया। इससे जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं।
गंभीर रूप अख्तियार कर चुके चक्रवात ‘मिगजॉम’ के प्रभाव से मंगलवार को ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी है। कुछ घंटों में चक्रवाती तूफान के आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तटों पर पहुंचने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार की शाम से ओडिशा के मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, गंजम और गजपति जिलों में बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार की शाम साढ़े पांच बजे से मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे के बीच गजपति में 8.5 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद कोरापुट में 8.3 मिलीमीटर, गंजाम में 3.9 मिलीमीटर, मलकानगिरी में 2.5 मिलीमीटर और रायगढ़ा में 1.5 मिलीमीटर बारिश हुई। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने सोमवार को कहा था कि चक्रवात का ओडिशा पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन मंगलवार को पूर्वी राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश: टीटीडी के अध्यक्ष, तिरूपति के विधायक भुमना करुणाकर रेड्डी और नगर आयुक्त हरिता ने बारिश से प्रभावित जलभराव क्षेत्रों पुलावनी गुंटा और गोलावनी गुंटा क्षेत्र का जायजा लिया।
मिचौंग चक्रवाती तूफान की वजह से चेन्नई में आई भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आईफोन की वेंडन कंपनी फॉक्सकॉन से लेकर पेगाट्रॉन तक के ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा ऑटोमोबाइल कंपनी ह्यूंदै में भी कामकाज प्रभावित हुआ है। इस बीच चेन्नई एयरपोर्ट पर फ्लाइटों की आवाजाही शुरू हो गई है।
चक्रवात मिचौंग इस वक्त आंध्र प्रदेश के बापटला से टकराने के लिए तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज दोपहर यह चक्रवात आंध्र से टकरा सकता है। फिलहाल यह चक्रवात 90-100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार की हवाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में इसका असर दिखना शुरू भी हो गया है। बताया गया है कि तट से टकराने के बाद हवाओं की रफ्तार 110 किमी प्रतिघंटे तक जा सकती हैं।
तमिलनाडु: चेन्नई के वेस्ट तंबरम सीटीओ कॉलोनी और सशिवराधन नगर इलाके में लोग आवाजाही के लिए नाव का इस्तेमाल कर रहे हैं। चक्रवात मिचौंग के कारण बारिश के बाद शहर में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।
तमिलनाडु के चेन्नई में चक्रवात मिचौंग के असर से भीषण बारिश के बाद मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों को खाना भी बांटा।
ओडिशा में चक्रवाती तूफान मिचौंग के असर को देखते हुए गजपति जिले के कलेक्टर ने भारी वर्षा के मद्देनजर सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाई स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों को 6 दिसंबर 2023 को बंद रखने का निर्देश जारी किया है।
'मिचौंग' चक्रवात के प्रभाव से चेन्नई में बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हुआ। वहीं, आंध्र प्रदेश बापटला में मध्यम बारिश हो रही और तेज़ हवाएं चल रही हैं।
उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में मंगलवार सुबह ज्यादातर इलाकों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के बाद वर्षा में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है। चक्रवात ‘मिगजॉम’ के कारण चेन्नई और आसपास के जिलों में सोमवार को बाढ़ ने तबाही मचा दी जिससे जनजीवन बाधित हो गया। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी का पूर्वानुमान एक राहत का समाचार है। चेन्नई के कुछ हिस्सों के निवासियों ने मंगलवार तड़के से बारिश नहीं होने की सूचना दी और बताया कि उनके क्षेत्रों में बिजली सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, लेकिन शहर में रेल सेवा निलंबित है।
बंगाल की खाड़ी से पैदा हुए चक्रवात मिचौंग (मिगजौम) के गंभीर चक्रवाती तूफान बनने के बाद आज इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मिचौंग आज दोपहर के बाद कभी भी आंध्र प्रदेश के बापटला से टकरा सकता है। इस चक्रवात का असर पहले ही दक्षिण और उत्तर भारत के कई राज्यों में दिखाई दिया है। खासकर तमिलनाडु और पुडुचेरी चक्रवात की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यहां भारी बारिश के बाद अलग-अलग कारणों से पांच लोगों की मौत हुई है, वहीं काफी संपत्ति का भी नुकसान हुआ है।