फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cyclone Fengal Live: आज पुडुचेरी-तमिलनाडु में दस्तक देगा 'फेंगल', चेन्नई एयरपोर्ट से विमानों की आवाजाही बंद

Sat, 30 Nov 2024 02:59 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में एक ओर जहां ठंड पैर पसार रही है। वहीं, दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बना एक डिप्रेशन फेंगल नामक चक्रवाती तूफान का रूप लेने जा रहा है। कहा जा रहा कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान फेंगल शनिवार दोपहर पुडुचेरी के पास तट से टकरा सकता है। हालांकि, इससे पहले ही फेंगल के असर से मौसम बदलने लगा है। इसके कारण समुद्री तट पर उथल-पुथल साफ तौर पर देखने को मिल रही है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी हैं। मौसम विभाग ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक फेंगल के असर के कारण हवाओं की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। 
 
विज्ञापन
चक्रवाती तूफान 'फेंगल' - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:39 PM, 30-Nov-2024

चक्रवाती तूफान 'फेंगल' ने शुरू किया लैंडफॉल: आईएमडी
आईएमडी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान फेंगन ने शनिवार को पुडुचेरी के पास लैंडफॉल करना शुरू कर दिया है और इसे पूरी तरह से तट पर पहुंचने करीब चार घंटे लग सकते हैं। आईएमीए के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अतिरिक्त निदेशक एस. बालाचंद्रन ने पीटीआई से कहा कि लैंडफॉल की प्रक्रिया 30 नवंबर को शाम 5.30 बजे के आसपास हुई थी। 
 

07:28 PM, 30-Nov-2024

पचास से अधिक उड़ाने रद्द की गईं

पचास से अधिक उड़ाने रद्द की गईं
चक्रवाती तूफान के कारण चेन्नई हवाई अड्डे का संचालन एक दिसंबर की सुबह चार बजे तक बंद कर दिया गया। यह कदम रनवे और टैक्सीवे पर भारी जलभराव और खराब मौसम की स्थिति के कारण उठाया गया। इस दौरान पचास से अधिक उड़ाने रद्द हो गईं और कई यात्री परेशान हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रनवे और टैक्सीवे पर जलभराव हो गया था, जिसके चलते 55 उड़ाने रद्द की गईं और 19 उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया। इन उड़ानों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों ही तरह की सेवाएं शामिल थीं। जब हवाई अड्डा संचालित हो रहा था, उस समय 12 उड़ाने देरी से चल रही थीं। 
 
 

07:18 PM, 30-Nov-2024
उड़ानों की बहाली का इंतजार करते यात्री। - फोटो : पीटीआई

चेन्नई हवाई अड्डा ने एक्स पर कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रही है, ताकि मौसम की स्थिति में सुधार के बाद उड़ानों का संचालन जल्द शुरू किया जा सके। 4 बजकर 30 मिनट पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित पक्षों और आईएमडी के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान आईएमडी ने जानकारी प्रदान की। 

विज्ञापन
07:14 PM, 30-Nov-2024

फेंगल पर मौसम विभाग ने साझा की जानकारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक्स पर एक पोस्ट में का, चक्रवाती तूफान 'फेंगल'पिछले छह घंटों में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से सात किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है और 30 नवंबर को दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर यह उसी क्षेत्र में 12.3° उत्तर अक्षांश और 80.5° पूर्व देशांतर पर था। यह महाबलीपुरम से 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, पुडुचेरी से 80 किलोमीटर उत्तर पूर्व और चेन्नई से 90 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में है।  
 

04:59 PM, 30-Nov-2024

तमिलनाडु और पुडुचेरी के हिस्सों से टकराया 'फेंगल'

चक्रवात 'फेंगल' ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों ने दस्तक दे दी है। 'फेंगल' के कारण कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर, चेन्नई हवाई अड्डे पर भी तूफान का असर पड़ा है, जहां उड़ाने प्रभावित हुई हैं। हवाई अड्डे को सात बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

तूफान के कारण एक व्यक्ति की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन ने नियंत्रण कम में पहुंच हालात की निगरानी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बदल (एनडीआरएफ) की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपा जा सके और लगोों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 

विज्ञापन
04:08 PM, 30-Nov-2024

तमिलनाडु: उपमुख्यमंत्री उदयनिधि ने की हालात की समीक्षा

तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने चक्रवाती तूफान फेंगल के मद्देनजर विभिन्न इलाकों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। 

02:59 PM, 30-Nov-2024

तमिलनाडु के मरक्कनम के कुछ हिस्सों में जलभराव

भारी बारिश के बीच मरक्कनम के कुछ हिस्सों में जलभराव हुआ।

02:26 PM, 30-Nov-2024

पुडुचेरी सरकार ने निवासियों को एसएमएस के जरिए चेतावनी दी

चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ के शनिवार को दिन में पुडुचेरी पहुंचने की संभावना के बीच शनिवार सुबह यहां भारी बारिश हुई जिसके बाद जिला प्रशासन ने करीब 12 लाख निवासियों को एसएमएस के जरिए अलर्ट भेजकर उन्हें सतर्क रहने को कहा है। जिलाधिकारी ए कुलोथुंगन ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। हमने निचले इलाकों से लोगों को निकाला है और उनके लिए आश्रय स्थल भी तैयार किए गए हैं। भोजन के पैकेट की आपूर्ति की भी व्यवस्था की गई है।

01:56 PM, 30-Nov-2024

कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी

तमिलनाडु के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। साथ ही समुद्र में ऊंची लहरें भी उठ रही हैं। तूफान की आहट के बीच कई उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। 

12:54 PM, 30-Nov-2024

सैटेलाइट तस्वीर में दिखी फेंगल की जगह

आज सुबह पौने 10 बजे से 10 बजकर 12 मिनट के बीच ली गई सैटेलाइट तस्वीर में चक्रवात 'फेंगल' का स्थान दिखाया गया है।

12:52 PM, 30-Nov-2024

स्टालिन ने भोजन तैयारी का निरीक्षण किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने चक्रवात फेंगल के मद्देनजर रॉयपुरम में राहत शिविरों के लिए की जा रही भोजन तैयारी का निरीक्षण किया।

12:39 PM, 30-Nov-2024

पुडुचेरी से 100 KM दूर है तूफान

चक्रवाती तूफान निवार फिलहाल कुड्डलोर से लगभग 95 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और पुडुचेरी से 100 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए आधी रात के दौरान पुड़ीचेरी के पास कराइकल और मामल्लपुरम के बीच तमिलनाडु और पुदुचेरी तटों को पार करते हुए तूफान दस्तक देगा।

12:24 PM, 30-Nov-2024

तूफान थोड़ी देर में देगा दस्तक

फेंगल चक्रवाती तूफान की बारिश शुरू हो गई है। तमिलनाडु में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान थोड़ी देर पुडुचेरी के तटवर्ती क्षेत्र से होकर गुजरेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 145 किमी रहने के आसार हैं।

12:22 PM, 30-Nov-2024

कल सुबह 7 बजे तक बंद रहेगा चेन्नई एयरपोर्ट

तमिलनाडु में तूफान के चलते उड़ानें रद्द कर दी हैं। इसलिए चेन्नई एयरपोर्ट आज शाम सात बजे से कल सुबह सात बजे तक बंद रहेगा।

11:51 AM, 30-Nov-2024

इन इलाकों में होगी तेज बारिश

आईएमडी ने 30 नवंबर के लिए चेन्नई, तिरुवल्लुर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, कुड्डालोर जिलों और पुडुचेरी में एक या दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, पेरम्बलुर, अरियालुर, तंजावुर, तिरुवरुर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम जिलों और कराईकल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

11:20 AM, 30-Nov-2024

चेन्नई में 134 जगहों पर जलभराव

चेन्नई में भारी बारिश के कारण शहर भर में 134 जगहों पर जलभराव हो गया। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन (जीसीसी) ने रुके हुए पानी को निकालने के लिए 1,686 मोटर पंप तैनात किए हैं। पुडुचेरी के एसएसपी कलैवानन कहते हैं, हम मछुआरों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मछुआरे समुद्र में नहीं जा रहे हैं। कल रात से हमने सभी समुद्र तटों को बंद कर दिया है। हमने पुडुचेरी के सभी समुद्र तटों पर लगभग 300 कर्मियों को तैनात किया है और हम एनडीआरएफ के साथ भी समन्वय कर रहे हैं।
 

11:14 AM, 30-Nov-2024

इंडिगो ने चेन्नई से आने-जाने वाली उड़ानों को रोका

चेन्नई में खराब मौसम की स्थिति के कारण, उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। साथ ही कुछ उड़ानें रद्द भी हो सकती हैं। इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों से फ्लाइट के स्टेटस देखने के लिए अपनी वेबसाइट से जानकारी की बात कही है। कंपनी ने कहा कि फ्लाइट कैंसल होने की स्थिति में कंपनी के वेबसाइट पर जाकर रिफंड का ऑप्शन चुन सकते हैं। इसके अलावा अपनी सुविधानुसार वैकल्पिक उड़ान बुक कर सकते हैं।
 

11:09 AM, 30-Nov-2024

सड़कों पर भरा पानी

'फेंगल' के प्रभाव से भारी बारिश के कारण चेन्नई के शोलिंगनल्लूर ओल्ड महाबलीपुरम रोड पर जलभराव देखने को मिल रहा है।

10:45 AM, 30-Nov-2024

सऊदी अरब ने दिया तूफान को 'फेंगल' नाम

इस तूफान का नाम 'फेंगल' सऊदी अरब की तरफ से प्रस्तावित किया गया है। यह एक अरबी शब्द है, जो भाषाई परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का मिश्रण है। यह शब्द वर्ल्ड मीटियोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन (WMO) और संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (UNESCAP) के नामकरण पैनल में क्षेत्रीय विविधता को दर्शाता है।

चक्रवातों के नामों का चयन करते समय यह सुनिश्चित किया जाता है कि नामों का उच्चारण आसान हो, वे याद रखने में सरल हों, और सांस्कृतिक रूप से निष्पक्ष हों। यह ध्यान रखा जाता है कि नाम ऐसे हों जिनसे अलग-अलग क्षेत्रों और भाषाओं के बीच कोई विवाद पैदा न हो या किसी का अपमान न हो।

10:40 AM, 30-Nov-2024

तमिलनाडु सरकार का आग्रह

तमिलनाडु सरकार ने 30 नवंबर को घर से बाहर नहीं निकलने का आग्रह किया है। शैक्षणिक संस्थानों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। आईटी कंपनियों से अपने कर्मचारियों से घर से ही काम लेने को कहा गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर के बाद तट के करीब ईस्ट कोस्ट रोड और ओल्ड महाबलीपुरम रोड पर सार्वजनिक परिवहन निलंबित कर दिया गया है। राज्य के विभिन्न जिलों में 2,229 राहत शिविर बनाए गए हैं। अब तक, 164 परिवारों के कुल 471 लोगों को तिरुवरूर और नागपट्टिनम जिलों के छह राहत केंद्रों में रखा गया है।

09:43 AM, 30-Nov-2024

चक्रवात 'फेंगल' के चलते कासिमेदु इलाके में समुद्र में हाई टाइड और तेज हवाएं देखने को मिली। उत्तरी चेन्नई में तेज बारिश हुई। 

09:33 AM, 30-Nov-2024

हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटे से लेकर 90 किमी प्रति घंटे तक होगी

आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'फेंगल' बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में अक्षांश 11.8°N और देशांतर 81.7°E के पास चेन्नई से लगभग 210 किमी दक्षिण-पूर्व में मौजूद है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 30 नवंबर की दोपहर को चक्रवाती तूफान के रूप में पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों को पार करेगा, जिसकी हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटे से लेकर 90 किमी प्रति घंटे तक होगी।
 

09:09 AM, 30-Nov-2024

तमिलनाडु सरकार का क्या कहना?

तमिलनाडु सरकार ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद करीब चार हजार नावें समुद्र से वापस लौट आई हैं। जिलों में नावें, जनरेटर, मोटर पंप और अन्य सभी आवश्यक मशीनरी और उपकरण तैयार हैं। निजी कंपनियों से उनके कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहने को कहा गया है। साथ ही समुद्र तट के नजदीकी सड़कों पर आवाजाही बंद कर दी गई है। जरूरत के हिसाब से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।

09:07 AM, 30-Nov-2024

तूफान से निपटने की क्या है तैयारी?

पूर्वी नौसेना कमान ने अपना डिजास्टर रिस्पॉन्स सिस्टम एक्टिव कर दिया है। गाड़ियों को भोजन, पीने के पानी और दवाओं सहित जरूरी राहत सामग्री से भरा जा रहा है। बाढ़ संभावित इलाकों में फ्लड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं। वहीं, तमिलनाडु ने इमरजेंसी से निपटने के लिए दो टोल-फ्री नंबर 112 और 1077 जारी किए हैं। साथ ही एक व्हाट्स ऐप नंबर 9488981070 भी जारी किया गया है। राज्य ने करीब दो हजार राहत शिविर तैयार किए हैं। तिरुवरुर और नागपट्टनम जिलों के 6 राहत केंद्रों में 164 परिवारों के कुल 471 लोगों को ठहराया गया है। 
 

08:43 AM, 30-Nov-2024

तमिलनाडु में तूफान का सबसे ज्यादा असर

तूफान का सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु पर पड़ रहा है। भारी बारिश की वजह से राज्य में धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। नागपट्टिनम जिले में करीब 800 एकड़ से ज्यादा की फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई है। इसके अलावा कामेश्वरम, विरुंधमावडी, पुडुपल्ली, वेद्रप्पु, वनमादेवी, वल्लपल्लम, कल्लिमेडु, ईरावायल और चेम्बोडी जिले भी तूफान की चपेट में हैं। चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। राज्य के भीतरी इलाकों में 3 दिसंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।

08:43 AM, 30-Nov-2024

सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे

सभी स्कूल और कॉलेज शनिवार को बंद रहेंगे। लोगों को भी घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। हालांकि, 28 नवंबर से ही समुद्र तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवा की शुरुआत के साथ तूफान का असर दिखने लगा था।

08:42 AM, 30-Nov-2024

90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान

बंगाल की खाड़ी से उठा फेंगल तूफान शनिवार शाम तक पुडुचेरी के कराईकल और तमिलनाडु के महाबलीपुरम जिले के बीच समुद्र तट से टकराएगा। मौसम विभाग ने इस दौरान 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका है।

07:50 AM, 30-Nov-2024

पुडुचेरी के तटीय क्षेत्रों में चल रहीं तेज हवाएं

फेंगल के कारण पुडुचेरी के कई तटीय क्षेत्रों में समुद्र में उथल-पुथल और तेज हवाएं देखी गई हैं। 
 

07:50 AM, 30-Nov-2024

चेन्नई में बारिश हो रही

चेन्नई: फेंगल के प्रभाव के कारण कई तटीय क्षेत्रों में उच्च ज्वार और बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखा गया।
 

07:46 AM, 30-Nov-2024

आंध्र प्रदेश: कई तटीय क्षेत्रों के समुद्र में उथल-पुथल

चक्रवात फेंगल के कारण आंध्र प्रदेश के कई तटीय क्षेत्रों के समुद्र में उथल-पुथल देखी जा सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात फेंगल आज शाम तक तटीय क्षेत्र से टकराएगा।
 

07:42 AM, 30-Nov-2024

Cyclone Fengal Live: आज पुडुचेरी-तमिलनाडु में दस्तक देगा 'फेंगल', चेन्नई एयरपोर्ट से विमानों की आवाजाही बंद

देशभर में एक ओर जहां ठंड पैर पसार रही है। वहीं, दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बना एक डिप्रेशन फेंगल नामक चक्रवाती तूफान का रूप लेने जा रहा है। इससे आने वाले कुछ घंटों में कई राज्य प्रभावित होने की आशंका है। कहा जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान फेंगल शनिवार दोपहर पुडुचेरी के पास तट से टकरा सकता है। चक्रवाती तूफान फेंगल का लैंडफॉल पुडुचेरी में आज शाम तक होने का अनुमान है। हालांकि, इससे पहले ही फेंगल के असर से मौसम बदलने लगा है। इसके कारण समुद्री तट पर उथल-पुथल साफ तौर पर देखने को मिल रही है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी हैं। मौसम विभाग ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक फेंगल के असर के कारण हवाओं की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें