फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus India Live: महाराष्ट्र में दर्ज किए गए 54022 नए मामले, 898 संक्रमितों की मौत

Fri, 07 May 2021 11:10 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान सामने आने वाले दैनिक मामले हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। लगातार दूसरे दिन कोरोना के चार लाख दैनिक मामले दर्ज किए गए। इन सबके बीच केंद्र सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार ने कोरोना की तीसरी लहर के आने की घोषणा कर दी है। हालांकि ये लहर कब तक आएगी, इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। वहीं जम्मू-कश्मीर के राजौरी में एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगाया गया है। हैदराबाद में लोग कोरोना से अभी भी नहीं डर रहे हैं। कई लोग नमाज करते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना भूल गए। वहीं, केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के विजयराघवन ने कहा कि अगर हम सख्त मानक अपनाते हैं तो कोरोना की तीसरी लहर को टाला जा सकता है। दूसरी ओर गोवा सरकार ने नौ मई से 23 मई तक राज्यव्यापी कर्फ्यू लागू करने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने सभी मीडिया संस्थानों के लिए सामूहिक टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। वहीं, कर्नाटक सरकार ने कहा है कि कोरोना कर्फ्यू के असफल रहने के कारण राज्य में 10 मई से 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। कोरोना से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
कोरोना जांच - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 07-May-2021

कोविड का इलाज करने वाले चिकित्सा संस्थानों को वित्त मंत्रालय ने दी राहत

वित्त मंत्रालय ने कोविड-19 का इलाज उपलब्ध कराने वाले अस्पतालों, डिस्पेंसरी, नर्सिंग होम, कोविड केयर सेंटर और ऐसे अन्य चिकित्सा संस्थानों के लिए बड़ा फैसला किया है। इसके तहत इन संस्थानों को आयकर अधिनियम के सेक्शन 269एसटी के लिए राहत दी है। यह फैसला इन संस्थानों को एक अप्रैल 2021 से 31 मई 2021 तक प्राप्त होने वाले नकद भुगतान पर लागू होगा। आयकर अधिनियम की यह धारा किसी को दो लाख रुपये और इससे अधिक का नकद भुगतान लेने से रोकती है।

10:33 PM, 07-May-2021

भारत के साथ खड़ा है अमेरिका: कमला हैरिस

अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने शुक्रवार को कहा कि भारत में कोविड संक्रमण के मामलों और मृत्यु में वृद्धि दिल तोड़ने वाला है। मेरी संवेदनाएं इस महामारी के चलते जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने 26 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी से बात की थी और मदद की पेशकश की थी। उन्होंने कहा कि हम दोबारा भरे जा सकने वाले ऑक्सीजन सिलिंडर भेज चुके हैं। हमने ऑक्सीजन कन्संट्रेटर भेजे हैं। हमने एन-95 मास्क भेजे हैं। हमने रेमडेसिविर इंजेक्शन भेजे हैं। हैरिस ने कहा कि अभी और सामग्री भी भेजी जाएगी। हैरिस ने कहा कि महामारी की शुरुआत में जब अमेरिका की स्थिति खराब थी तब भारत ने मदद भेजी थी। अज हम जरूरत के समय में भारत की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

10:28 PM, 07-May-2021

हरियाणा: 13867 नए मामले, 14584 ठीक हुए

हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,867 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 13,584 मरीज ठीक हुए और 162 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 87 हजार 682 हो गई है। इनमें से चार लाख 66 हजार 420 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 15 हजार 963 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कोरोना के चलते 5299 लोगों की जान जा चुकी है।

विज्ञापन
09:53 PM, 07-May-2021

पंजाब: 24 घंटों में 8367 नए मामले, 165 की मौत

पंजाब में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 8367 नए मामले सामने आए,4976 ठीक हुए और 165 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या चार लाख 24 हजार 647 हो गई है। इनमें से तीन लाख 44 हजार 779 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 10,144 की मौत हो चुकी है और सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब 69,724 पर पहुंच गया है। 

09:47 PM, 07-May-2021

छत्तीसगढ़: 13628 नए मामले, 208 की मौत

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना सक्रमण के 13,628 नए मामले दर्ज किए गए, 414 मरीज ठीक हुए और 208 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या आठ लाख 30 हजार 117 हो गई है। इनमें से एक लाख 31 हजार 41 सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक 10,158 लोगों की जान जा चुकी है।

विज्ञापन
09:30 PM, 07-May-2021

आठ मई को 100 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर भेजेगा जापान

जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि आठ मई को 100 ऑक्सीजन कंन्संट्रेटर भारत भेजे जाएंगे। मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से निपटने के लिए भारत को जापान की ओर से आपात मदद के पहले बैच का हिस्सा होगा। जापान ने 30 अप्रैल को इस मदद की घोषणा की थी। जापान भारत को 300 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर और 300 वेंटिलेटर भेजेगा।

09:25 PM, 07-May-2021

मुंबई: अस्पताल में आग के मामले में दो गिरफ्तार

25 मार्च को भांडुप पुलिस थाना इलाके के एक निजी अस्पताल में आग लगने की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच में पाया गया है कि उन्होंने सुरक्षा के लिए फर्जी दस्तावेज जमा किए थे। मुंबई पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी एस चैतन्य ने बताया कि दोनों को 10 मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

09:09 PM, 07-May-2021

महाराष्ट्र: 54022 नए मामले, 898 की मौत

देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 54,022 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इस अवधि में 37,386 कोरोना संक्रमित ठीक हुए और 898 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 49 लाख 96 हजार 758 हो गई है। इनमें से 42 लाख 65 हजार 326 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, छह लाख 54 हजार 788 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना के चलते कुल 74,413 लोगों की जान जा चुकी है।

08:42 PM, 07-May-2021

ओडिशा: नौसेना ने स्थापित किया 150 बेड का कोविड केयर सेंटर

ओडिशा के खुर्दा जिले में भारतीय नौसेना ने अपने प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस चिलका में एक 150 बिस्तरों वाला कोविड केयर सेंटर स्थापित किया है। आईएनएचएस निवारिणी में मौजूद 15 ऑक्सीजन की अतिरिक्त सुविधा के साथ इस अस्पताल में कोविड-19 के हल्के लक्षण वाले मरीजों का इलाज किया जाएगा।
 

08:33 PM, 07-May-2021

बंगाल: 19216 नए मामले, 112 की मौत

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 19,216 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में 17,780 लोग ठीक हुए और 112 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या नौ लाख 54 हजार 282 हो गई है। इनमें से एक लाख 24 हजार 98 सक्रिय मामले हैं।

08:30 PM, 07-May-2021

कोविड से जंग में यूरोपीय निवेश बैंक करेगा भारत की मदद 

यूरोपीय निवेश बैंक (ईआईबी) के अध्यक्ष वेरनर होयर ने यूरोपीय संघ बैंक के फंड से भारत को ढाई लाख यूरो की आपात मदद करने का एलान किया है। यह फैसला भारत में कोविड-19 महामारी की गंभीर होती स्थिति में भारत की मदद करने के लिए किया गया है। ईआईबी ने बताया कि यह राशि यूनिसेफ लग्जमबर्ग, रेड क्रॉस इंटरनेशनल और माल्टेसर इंटरनेशनल को जाएगी।
 

08:26 PM, 07-May-2021

मध्यप्रदेश के धार में बरात रोक कर की जांच, दूल्हा और चालक पॉजिटिव

मध्यप्रदेश के धार में एक दूल्हा और उसकी कार का चालक कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। पुलिस ने बताया कि बरात लेकर जा रहे दो वाहनों को रोका गया था क्योंकि दार में विवाह समारोह और कार्यक्रमों पर प्रतिबंध है। पुलिस ने बताया कि सभी की रैपिड एंटीजेन जांच कराने पर दूल्हा और उसकी कार का चालक पॉजिटिव पाया गया है।
 

08:22 PM, 07-May-2021

मणिपुर: 600 नए मामले, 83 ठीक हुए

मणिपुर में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 600 नए मामले सामने आए, 83 लोग ठीक हुए और दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3506 हो गई है।

08:18 PM, 07-May-2021

आंध्र प्रदेश: 17188 नए मामले, 73 की मौत

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 17,188 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इसी अवधि में 12,749 लोग ठीक हुए और 73 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 12 लाख 45 हजार 374 हो गए हैं। इनमें से 10 लाख 50 हजार 160 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 86 हजार 695 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कोरोना के चलते 8519 लोगों की जान जा चुकी है।

07:54 PM, 07-May-2021

कर्नाटक: 10 मई से 26 मई तक पूर्ण लॉकडाउन

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और कोरोना कर्फ्यू सफल नहीं रहा। इसलिए 10 मई की सुबह छह बजे से 24 मई की सुबह छह बजे तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरा सभी होटल, पब और बार बंद रहेंगे। खाने-पीने की दुकानें, मीट की दुकानें और सब्जियों की दुकानों को सुबह छह से सुबह 10 बजे तक खुलने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का यह फैसला अस्थायी है। मैं प्रवासी मजदूरों से अनुरोध करता हूं कि जहां हैं वहीं रहें।

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान किसी भी व्यक्ति को सुबह 10 बजे के बाद निकलने की अनुमति नहीं होगी। मैंने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का सुझाव दिया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 48,781 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा इसी अवधि में 28,623 लोग ठीक हुए और 592 की मौत हुई। यहां अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 18 लाख 38 हजार 885 हो गई है।

07:51 PM, 07-May-2021

मध्यप्रदेश: 11708 नए मामले, 84 की मौत

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 11,708 नए मामले सामने आए, 4815 लोग ठीक हुए और 84 मरीजों की मौत हो गई। अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या छह लाख 49 हजार 114 हो गई है। इनमें से पांच लाख 47 हजार 447 लोग ठीक हो चुके हैं और 95,423 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कोरोना से 6244 लोगों की जान जा चुकी है।

07:49 PM, 07-May-2021

हरियाणा में घर पर ही भरवा सकेंगे ऑक्सीजन

हरियाणा में डोर-टू-डोर ऑक्सीजन सिलिंडर भरवाने की सुविधा दी जाएगी। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि इसके लिए मरीज को या उसके परिजनों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए  http://oxygenhry.in वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है।

07:46 PM, 07-May-2021

गोवा: 4195 नए मामले, 56 की मौत

तटीय राज्य गोवा में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4195 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 56 मरीजों की मौत हो घई और 2175 ठीक हुए। अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 12 हजार 462 हो गई है। इनमें से 31,716 सक्रिय मामले हैं।

07:25 PM, 07-May-2021

तमिलनाडु: 26465 नए मामले, 197 की मौत

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 26,465 नए मामले दर्ज किए गए। 22,381 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और 197 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 13 लाख 23 हजार 965 हो गई है। इनमें एक लाख 35 हजार 355 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक 15,171 लोगों की जान जा चुकी है। 

07:21 PM, 07-May-2021

मध्यप्रदेश: कोविड मरीज से छेड़छाड़ के आरोप में दो वार्ड ब्वॉय गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के इंदौर में स्थित महाराजा यशवंतराव अस्पताल में दो वार्ड ब्वॉय को एक कोविड-19 मरीज से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

07:19 PM, 07-May-2021

मुंबई: 24 घंटों में 3039 नए मामले, 4052 ठीक हुए

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 3039 नए मामले सामने आए। इसके अलावा इसी अवधि में 4052 मरीज ठीक हुए और 71 की मौत हो गई। अब शहर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या छह लाख 71 हजार 394 हो गई है। इनमें से 49,499 सक्रिय मामले हैं।

07:17 PM, 07-May-2021

तेलंगाना ने सख्त किए प्रतिबंध

तेलंगाना सरकार ने राज्य में कोविड-19 महामारी को लेकर और सख्त प्रतिबंध लागू किए हैं। इसके अनुसार पूरे राज्य में सात और दिन के लिए रात्रि कर्फ्यू को बढ़ा दिया है। अब राज्य में 15 मई तक रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगी। इसके अलावा शादियों में अधिकतम 100 व्यक्तियों और अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी है। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल्स का पालन करना अनिवार्य होगा।

07:15 PM, 07-May-2021

केरल में कल से पूर्ण लॉकडाउन

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में कल (शनिवार) से पूर्ण लॉकडाउन लागू हो जाएगा। प्रतिबंधों का पालन होता रहे इसकी निगरानी के लिए 25 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड को लेकर सोशल मीडिया पर फर्जी संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों समेत अन्य के लिए मुफ्त राशन किट वितरण जारी रहेगा।

07:12 PM, 07-May-2021

दिल्ली: मीडिया संस्थानों में सामूहिक टीकाकरण अभियान

दिल्ली सरकार ने सभी मीडिया संस्थानों (इलेक्ट्रॉनिक/डिजिटल/प्रिंट) के लिए सामूहिक टीकाकरण अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इसके सहत सरकार मीडिया संस्थानों के कार्यालयों में टीकाकरण अभियान आयोजित करेगी और इसका खर्च भी सरकार ही वहन करेगी।

07:08 PM, 07-May-2021

उत्तराखंड: 9642 नए मामले, 137 की मौत

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटो में कोरोना संक्रमण के 9642 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा इसी अवधि में 137 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले दो लाख 29 हार 993 हो गए हैं। इनमें से 67,591 सक्रिय मामले हैं।

06:51 PM, 07-May-2021

राजस्थान: 18231 नए मामले, 16930 ठीक हुए

राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 18,231 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में राज्य में 16,903 लोग ठीक हुए और 164 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 20 हजार 799 हो गई है। इनमें से पांच लाख 16 हजार 306 मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब एक लाख 99 हजार 147 हो गया है। इसके अलावा प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक 5346 लोगों की जान जा चुकी है।

06:12 PM, 07-May-2021

ई संजीवनी: सभी नागरिकों को परामर्श देंगे पूर्व रक्षा चिकित्सक

रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि अब पूर्व रक्षा डॉक्टर ई संजीवनी ओपीडी पर सभी नागरिकों को ऑनलाइन परामर्श उपलब्ध कराएंगे। मंत्रालय ने बताया कि इन पूर्व चिकित्सकों ने लोगों की मदद करने की पेशकश की है। इस सेवा का लाभ नागरिक ई संजीवनी की वेबसाइट पर जाकर ले सकते हैं।

06:09 PM, 07-May-2021

आंध्र प्रदेश: भय फैलाने के आरोप में नायडू के खिलाफ मुकदमा

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी (तेलुगू देशम पार्टी) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ एक स्थानीय व्यक्ति ने कोविड के एन440के स्ट्रेन को लेकर जनता में भय फैलाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार यह मामला कुरनूल 1 टाउन पुलिस स्टेश में आईपीसी और आपदा प्रबंधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

06:05 PM, 07-May-2021

टीकाकरण: सुप्रीम कोर्ट पहुंची बंगाल सरकार

पश्चिम बंगाल सरकार ने वर्तमान टीकाकरण नीति को खत्म करने और टीके की एक समान कीमत और समान कवरेज की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

05:52 PM, 07-May-2021

गोवा: नौ से 23 मई तक कर्फ्यू का एलान

तटीय राज्य गोवा में नौ मई से 23 मई तक राज्य स्तरीय कर्फ्यू लगाने का एलान किया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इस दौरान मेडिकल सप्लाई समेत आवश्यक सेवाओं को अनुमति रहेगी। किराने की दुकानों को सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे कर खुलने की अनुमति रहेगी। रेस्तरां से खाना ले जाने की अनुमति सुबह सात से शाम सात बजे कर रहेगी। इसके अलावा गोवा आ रहे यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट या टीकाकरण प्रमाणपत्र (दोनों खुराकों का) पेश करना अनिवार्य होगा। सावंत ने कहा कि राज्य में सकारात्मकता दर और मृत्यु दर दोनों में इजाफा हो रहा है। यहां ऑक्सीजन और दवाओं की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में एक विस्तृत आदेश शनिवार की दोपहर चार बजे जारी किया जाएगा। 

05:44 PM, 07-May-2021

महाराष्ट्र: भीड़ हटवाने गई पुलिस को दौड़ाया

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के संगमनेर में भीड़ ने राज्य आरक्षित पुलिस अधिकारियों पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा लिया। पुलिस अधिकारी भीड़ को हटाने के लिए गए थे। मामले में कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, इनमें से पांच नामजद हैं। आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
 

 

05:35 PM, 07-May-2021

पुडुचेरी: 1746 नए मामले, 19 की मौत

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पिछसे 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1746 नए मामले सामने आए, 1079 लोग ठीक हुए और 19 मरीजों की मौत हो गई। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 68,373 हो गई है। इनमें से 13,078 मामले सक्रिय हैं।

05:31 PM, 07-May-2021

कर्नाटक ने निर्धारित की सीटी स्कैन और एक्स-रे जांच की कीमत

कर्नाटक सरकार ने निजी डायग्नोस्टिक सेंटर और स्कैनिंग केंद्र आदि में हाई रिजॉल्यूशन सीटी/सीटी और डिदिटल एक्स-रे/एक्स-रे की  की कीमत निर्धारित कर दी है। इसके अनुसार एचआरसीटी/सीटी स्कैन की कीमत प्रति मरीज 1500 रुपये और एक्सरे के लिए 250 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें सैनिटाइजेशन आदि की कीमत भी शामिल है।
 

 

05:28 PM, 07-May-2021

जर्मनी से आया ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट का दूसरा हिस्सा

विदेश मंत्रालय ने बताया कि जर्मनी से ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट का दूसरे हिस्सा भारत आ गया है। मंत्रालय ने बताया कि इसका पहला हिस्सा छह मई को देश में आया था।

05:25 PM, 07-May-2021

महाराष्ट्र में टीकों की कमी: अजीत पवार

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि 18 से 44 वर्ष के बीच की आयु के लोगों के लिए वैक्सीन की कमी है। 45 वर्ष और उससे अधिक आयु वाले लोगों को अभी दूसरी खुराक दी जानी बाकी है। उन्होंने कहा कि हम 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीके की दूसरी खुराक पहले देना चाहते हैं। 

05:15 PM, 07-May-2021

रेलवे ने अब तक पहुंचाया 1960 एमटी ऑक्सीजन

रेल मंत्रालय ने बताया कि अभी तक भारतीय रेलवे देश के विभिन्न राज्यों को 185 टैंकरों में 2960 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति कर चुका है। अब तक 47 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन अपनी यात्रा पूरी कर चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि  वर्तमान में 260 टन से अधिक लिक्विड ऑक्सीजन लेकर 18 टैंकर महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली पहुंचने वाले हैं। शुक्रवार की रात में और ऑक्सीजन एक्सप्रेस रवाना की जा सकती हैं। मंत्रालय ने बताया कि अभी तक महाराष्ट्र में 174 एमटी, उत्तर प्रदेश में 729, मध्यप्रदेश में 249, हरियाणा में 305, तेलंगाना में 123 और दिल्ली में 1334 एमटी लिक्विड ऑक्सीजन पहुंचाई जा चुकी है।

05:10 PM, 07-May-2021

दिल्ली में 19832 नए मामले 342 की मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 19,832 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा इसी अवधि में 19,085 लोग ठीक हुए और 342 मरीजों की मौत हो गई। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 12 लाख 92 हजार 867 हो गई है। इनमें से 11 लाख 83 हजार 93 लोग ठीक हो चुके हैं। राजधानी में अब तक कोरोना संक्रमण के चलते 18,739 लोगों की जान जा चुकी है।

05:02 PM, 07-May-2021

सख्त मानक अपनाएं तो बच सकते हैं तीसरी लहर से

केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के विजयराघवन ने कहा कि अगर हम सख्त मानक अपनाते हैं तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या हो सकता है कि कहीं भी न आए। उन्होंने कहा कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि स्थानीय स्तर पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में किस तरह दिशानिर्देशों को प्रभावी रूप से लागू किया जाता है। 

04:58 PM, 07-May-2021

फाइजर-बायोटेक की एमआरएनए वैक्सीन

फाइजर और बायोएनटेक ने शुक्रवार को अपनी एमआरएनए वैक्सीन की अनुमति के लिए अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रबंधन (एफडीए) के साथ एक बायोलॉजिक्स लाइसेंस एप्लीकेशन की शुरुआत करने की घोषणा की। यह वैक्सीन 16 वर्ष और इससे अधिक आयु के लोगों को कोरोना से बचाने के लिए है।

04:54 PM, 07-May-2021

दिल्ली: चार दिन में 1.84 युवाओं को लगा टीका

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कहा राजधानी में 1.84 लाख युवाओं को 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लिए टीकाकरण शुरू होने के शुरुआती चार दिनों में टीके की पहली खुराक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि कल (गुरुवार) साम तक सभी आयु वर्गों में 38.88 लाख लोगों को टीका लगाया गया है। 

04:46 PM, 07-May-2021

डाक विभाग और कस्टम अधिकारियों ने शुरू की हेल्पलाइन

डाक विभाग ने सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों के साथ मिलकर कोविड संबंधी आपात शिपमेंट की तेज डिलिवरी सुनिश्चित करने के लिए एक हेल्पलाइन की शुरुआत की है। केंद्र सरकार ने बताया कि ग्राहक अपने कन्साइन्मेंट की जानकारी adgim2@indiapost.gov.in या dop.covid19@gmail.com पर भेज सकते हैं। इसके अलावा वह ये जानकारी नोडल अधिकारी को व्हाट्सएप के जरिए भी भेज सकते हैं।

04:31 PM, 07-May-2021

अब तक टीके की 16.50 करोड़ खुराकें लगाई गईं

अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव आरती आहूजा ने बताया कि अभी तक 18 से 44 आयुवर्ग में आने वाले 11.81 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली खुराग लगाई जा चुकी है। कुल मिलातक अब तक सभी श्रेणियों में 16.50 करोड़ खुराकें लगाई जा चुकी हैं।

04:23 PM, 07-May-2021

उत्तराखंड: सभी राजकीय महाविद्यालयों में गर्मी की छुट्टी

उत्तराखंड के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ धन सिंह रावत ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 की दूसरी लहर को देखते हुए मैदानी और पर्वतीय क्षेत्र के सभी राजकीय महाविद्यालयों में सात मई से 12 जून तक ग्रीष्मावकाश का आदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।

04:21 PM, 07-May-2021

महाराष्ट्र ने की टीकों और ऑक्सीजन की मांग

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि हमें 1700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आवश्यकता है। हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि हमें ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाए। हमें दो दिन पहले नौ लाख टीके मिले थे और आठ लाख टीके अब तक लगाए जा चुके हैं। हम केंद्र से अनुरोध करते हैं कि टीके भी बड़ी संख्या में मुहैया कराए जाएं। टोपे ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु के करीब चार लाख लोग दूसरी खुराक का इंतजार कर रहे हैं। कोवाक्सिन की आपूर्ति नहीं है और अगर हमें आपूर्ति नहीं मिलती है जो हमें 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए निर्धारित वैक्सीन इन लोगों के लिए स्थानांतरित करनी होगी। उन्होंने कहा कि हमने डीसीजीआई से अनुमति मिलने के बाद तीन लाख रेमडेसिविर का आयात शुरू किया है। हमें केंद्र से आवंटित रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिले हैं। हमारे पास केंद्र के जरिए यूएस एड से आए 52 रेमडेसिविर इंजेक्शन मिले थे। 

04:18 PM, 07-May-2021

कहां बढ़ रहे मामले, कहां सुधर रहे हालात...

अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव आरती आहूजा ने शुक्रवार को एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और बिहार में अधिक मामले सामने आ रहे हैं और इन राज्यों पर अधिक केसलोड है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और झारखंड ऐसे राज्य व केंद्र शासित प्रदेश हैं जहां पहले मामले बढ़ रहे थे लेकिन अब धीरे-धीरे इनमें कमी आ रही है। आहूजा ने कहा कि कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, ओडिशा और उत्तराखंड में मामले बढ़ रहे हैं। इसके अलावा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, असम, हिमाचल प्रदेश, पुडुचेरी, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में दैनिक नए मामलों में तेजी देखने को मिली है।

04:06 PM, 07-May-2021

कुवैत से आ रहा ऑक्सीजन और अन्य राहत सामग्री 

राजधानी दिल्ली में स्थित कुवैत के दूतावास ने बताया कि पांच मई को एक व्यावसायिक पोत एमवी सीएपीटी कैटलमैन (MV CAPT Kattlemann) कुल 75 मीट्रिक टन लिक्विट मेडिकल ऑक्सीजन और 100 ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर अल-शुएबा बंदरगाह से चला था। इस पोत के 10 मई को भारत पहुंचने की उम्मीद है। दूतावास ने बताया कि उसी दिन आईएनएस कोलकाता आईएसओ क्रायोजेनिक टैंकों में 40 मीट्रिक टल लिक्विड ऑक्सीजन, 200 ऑक्सीजन सिलिंडर, ऑक्सीजन कन्संट्रेटर और अन्य राहत सामग्री लेकर कुवैत से भारत के लिए रवाना हुआ था। आईएनएस कोलकाता के नौ मई को भारत पहुंचने की उम्मीद है। इसके साथ ही दूतावास ने बताया कि भारतीय नौसेना के दो जहाज, आईएनएस कोच्चि और आईएनएस तबर शुवैख बंदरगाह से कुल 100 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन और 1400 ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर रवाना हो चुके हैं। ये जहाज 11 मई को मुंबई पहुंच सकते हैं।

04:00 PM, 07-May-2021

चंडीगढ़ में वीकेंड कोरोना कर्फ्यू

चंडीगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट मनदीप एस ब्रार ने कहा है कि शहर में आठ मई की सुबह पांच बजे से 10 मई की सुबह पांच बजे तक वीकेंड कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। इस दौरान जरूरी और गैर जरूरी वस्तुओं के अंतरराज्यीय आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। आवश्यक वस्तुओं वाली दुकानों को दोपहर दो बजे तक खुलने की अनुमति होगी, लेकिन वह केवल होम डिलिवरी कर सकेंगे। ग्राहकों को दुकान पर जाने की अनुमति नहीं होगी। 

इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि कर्फ्यू की अवधिय के दौरान पूर्व अनुमति के साथ विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इसमें अधिकतम 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे। मॉर्निंग वॉक की अनुमति सुबह छह से नौ बजे के बीच कोविड प्रोटोकॉल्स का पालन करने के साथ दी गई है।

03:55 PM, 07-May-2021

असम में शुरू हुआ 18 वर्ष से अधिक आयु वालों का टीकाकरण

असम में शुक्रवार से 18 वर्ष और उससे अधिक आयु वाले लोगों का कोरोना टीकाकरण शुरू हो गया। 
 

03:51 PM, 07-May-2021

दिल्ली: जीवन रक्षक उपकरणों के साथ दो गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 मेडिकल ऑक्सीजन कन्संट्रेटर और इसमें इस्तेमाल किए जाने वाले 82 प्लास्टिक पाइप, 3486 डिजिटल थर्मामीटर, 684 ऑक्सीमीटर और 10 नेब्युलाइजर जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे इन जीवन रक्षक उपकरणों को ऊंचे दामों में बेच रहे थे। वहीं, दो लोगों को नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 15 नकली इंजेक्शन, 34 हजार रुपये नकद, एक ऑक्सीजन कन्संट्रेटर और एक कार जब्त की गई है। घटना में नांगलोई पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है।

03:47 PM, 07-May-2021

मणिपुर, सिक्किम और त्रिपुरा के मुख्यमंत्रियों से की पीएम ने बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर, त्रिपुरा और सिक्किम में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बात की है। यह जानकारी केंद्र सरकार के सूत्रों ने दी।
 

 

03:24 PM, 07-May-2021

डेनमार्क से 53 वेंटिलेटर भारत पहुंचे

मेडिकल उपकरण की किल्लत को देखते हुए विदेशों से भारत आने वाली मदद जारी है। इसी सिलसिले में डेनमार्क से 53 वेंटिलेटर भारत पहुंचे हैं।
 

03:16 PM, 07-May-2021

खान चचा रेस्त्रां से 96 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जब्त

दिल्ली के खान मार्केट में खान चचा रेस्त्रां से 96 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जब्त किए हैं। 
 

03:14 PM, 07-May-2021

उत्तराखंड: कालाबाजारी और नियम तोड़ने वाले नहीं मानेंगे तो एनएसए के तहत होगी कार्रवाई

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार का कहना है कि कोरोना नियमों का पालन नहीं करने वाले 2 लाख से ज्यादा लोगों का हमने चालान काटा है। साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा जुर्माना वसूला गया। दवाइयों की कालाबाजारी करने के आरोप में 25 लोगों को जेल भेजा है। अगर लोग सुधार नहीं करते हैं तो हम फिर एनएसए के तहत कार्रवाई करेंगे। 
 

03:11 PM, 07-May-2021

दिल्ली के रोहिणी से रेमडेसिविर की कालाबाजारी करने वाले एक शख्स को किया गिरफ्तार

रोहिनी के रहने वाले प्रह्लाद कुमार को रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने पर गिरफ्तार किया गया है। उसकी पास से तीन इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। 
 

02:44 PM, 07-May-2021

पीएम मोदी से 550 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग- ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी को मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई के लिए पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 550 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की सहायता की मांग की है।
 

02:24 PM, 07-May-2021

ऑक्सीजन प्लांट का संचालन और नियंत्रण सेना के हवाले कर देना चाहिए - अनिल विज

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट का संचालन और नियंत्रण सुरक्षा और सुचारू कामकाज की दृष्टि से मिलिट्री या पैरा मिलिट्री फोर्स के हवाले कर देना चाहिए क्योंकि प्लांटों में रोज दिक्कतें आ रही हैं। एक प्लांट भी रूक जाता है तो क्षेत्र के सारे लोगों की सांसे रूक जाती हैं।
 

02:23 PM, 07-May-2021

दिल्ली: जंगपुरा में 18+ लोगों को लगी वैक्सीन

दिल्ली के जंगपुरा में लोग अपनी कोरोना वैक्सीन की डोज लेने के लिए लाइनों में खड़े दिखे। इस दौरान 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को भी वैक्सीन की डोज दी गई।
 

02:18 PM, 07-May-2021

आरएमएल अस्पताल में डीआरडीओ द्वारा स्थापित किए ऑक्सीजन प्लांट का स्वास्थ्य मंत्री ने किया निरीक्षण

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आरएमएल अस्पताल में डीआरडीओ द्वारा स्थापित किए गए ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यहां 200 बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई है, जिसमें 22 आईसीयू के बिस्तर हैं। इस प्लांट की सहायता से 2.4-2.5 मीट्रिक टन ऑक्सीजन पैदा की जा रही है।
 

01:51 PM, 07-May-2021

पंजाब: अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के हो रहे रैपिड एंटीजन टेस्ट

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर जिला प्रशासन की तरफ से यात्रियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं। सिविल सर्जन ऑफिस अमृतसर के डॉ.विनोद कुमार ने बताया, "हमने सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक के लिए यहां पर डेस्क लगाया है क्योंकि इस समय स्पेशल ट्रेन आती हैं।
 

01:47 PM, 07-May-2021

हैदराबाद: नमाज के दौरान नहीं दिखी सोशल डिस्टेंसिंग

हैदराबाद में कई लोग कोरोना से बेखौफ दिखाई दिए, लोग नमाज अदा करते समय मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों को पालन करना भूल गए।
 

01:32 PM, 07-May-2021

केरल सरकार के आरटी-पीसीआर टेस्ट की कीमत को कम करने के फैसले पर रोक

केरल हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के आरटी-पीसीआर टेस्ट की कीमत को कम करने के फैसले पर रोक लगाने से मना कर दिया है। केरल सरकार ने टेस्ट की कीमत 1700 रुपये से घटाकर 500 रुपये करने का फैसला सुनाया था।
 

01:26 PM, 07-May-2021

16 मई तक हर राज्य के लिए रेमडेसिविर का आवंटन कर दिया गया है - केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने जानकारी दी कि हर राज्य में रेमडेसिविर की जरूरत और पर्याप्त उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए 16 मई 2021 तक हर राज्य के लिए रेमडेसिविर का आवंटन कर दिया गया है।
 

12:55 PM, 07-May-2021

दिल्ली: सफदरजंग अस्पताल को मिले ऑक्सीजन सिलिंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और वेंटिलेटर

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल को वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलिंडर, BiPAP मशीन, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और दूसरी मेडिकल उपकरण मिले हैं। सफदरजंग अस्पताल के एमएस ने कहा कि हमें ये सहायता जर्मनी, फ्रांस, यूके, अमेरिका, आयरलैंड, अबुधाबी, कुवैत और रूस से मिली है।
 

12:31 PM, 07-May-2021

सुप्रीम कोर्ट में केंद्र की याचिका पर सुनवाई से इनकार

केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटरा मिला है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की ओर से कर्नाटक हाईकोर्ट के पांच मई के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है। आज सुप्रीम कोर्ट में इस याचिका पर सुनवाई होनी थी लेकिन कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया है। बता दें कि कर्नाटक हाईकोर्ट ने पांच मई को ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर एक आदेश जारी किया था।
 

12:03 PM, 07-May-2021

दिल्ली: राजेंद्र प्लेस में वैक्सीनेशन केंद्र के बाहर लाइन में खड़े लोग

दिल्ली के राजेंद्र प्लेस में बीएल कपूर अस्पताल के बाहर वैक्सीन लगवाने के लिए लोग लाइन में खड़े दिखाई दिए। 
 

11:36 AM, 07-May-2021

रोजाना 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन दिल्ली के अस्पतालों को मिले - सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायमू्र्ति डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि दिल्ली को हर दिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन सप्लाई की जरूरत है और इतनी ऑक्सीजन रोजाना दिल्ली के अस्पतालों को भेजी जानी चाहिए। 
 

11:24 AM, 07-May-2021

दिल्ली सरकार को आज सुबह नौ बजे तक मिली 89 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

दिल्ली सरकार के वकील राहुल मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि आज सुबह नौ बजे तक दिल्ली सरकार को 89 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई है और 16 मीट्रिक टन ऑक्सीजन ट्रांजिस्ट में है। 
 

11:15 AM, 07-May-2021

केरल: एर्नाकुलम में वैक्सीनेशन केंद्र पर पहुंचे लोग

केरल में एर्नाकुलम जनरल अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए कई लोग केंद्र पहुंचे और लाइन में खड़े दिखाई दिए।
 

10:42 AM, 07-May-2021

केंद्र सरकार ने अबतक मुफ्त में राज्य सरकारों को दीं 17.35 करोड़ वैक्सीन की खुराकें

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने अबतक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 17.35 करोड़ खुराकें मुफ्त में दे दी हैं। वहीं 90 लाख से ज्यादा खुराकें अभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं। 
 

10:31 AM, 07-May-2021

दिल्ली: बदरपुर में 18+ लोगों को लग रही वैक्सीन

दिल्ली के बदरपुर में 18+ लोगों को तीसरे चरण के तहत वैक्सीन लग रही है। एक सरकारी स्कूल के बाहर लोग लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं। 
 

10:07 AM, 07-May-2021

तेलंगाना: बीते 24 घंटे में सामने आए 5,892 मामले

तेलंगाना में पिछले 24 घंटे में 5892 नए मामले सामने आए। जबकि 46 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। बीते 24 घंटे में 9122 मरीजों ने कोरोना वायरस को मात दी है। 
 

09:55 AM, 07-May-2021

भोपाल: जनता कर्फ्यू के चलते दुकानें बंद और सड़कें खाली

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 15 मई तक जनता कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। 15 तक यहां सभी गैर जरूरी सेवाएं बंद रहेंगी। 
 

09:35 AM, 07-May-2021

बीते 24 घंटे में सामने आए 4.14 लाख मामले, 3915 मौतें

देश में कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 4,14,188 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 3,31,507 मरीजों ने इस वायरस को मात दी है और घर वापस लौटे हैं। यही नहीं पिछले 24 घंटे में देश में 3,915 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ा है। बता दें कि अबतक 2,34,083 लोग इस वायरस के आगे अपना दम तो़ड़ चुके हैं। 
 

09:22 AM, 07-May-2021

ओडिशा: बीते 24 घंटे में सामने आए 12,238 मामले

ओडिशा में बीते 24 घंटे में 12238 कोरोना के नए मामले सामने आए। वहीं 19 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ दिया है। वहीं बीते 24 घंटे में 6854 मरीजों ने इस वायरस को मात दी है। 
 

09:14 AM, 07-May-2021

बीते 24 घंटे में 18,26,490 लोगों का हुआ कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 18,26,490 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। अबतक 29,86,01,699 लोगों का टेस्ट किया जा चुका है। 
 

09:05 AM, 07-May-2021

जम्मू-कश्मीर: राजौरी के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में लगा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट

जम्मू-कश्मी के राजौरी में एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट की क्षमता एक हजार लीटर प्रति मिनट है। 
 

08:43 AM, 07-May-2021

स्विट्जरलैंड से भारत पहुंची मदद

स्विट्जरलैंट के दूतावास ने जानकारी दी कि इस महामारी के दौर में स्विट्जरलैंड भारत की लगातार मदद कर रहा है। स्विस मानवतावादी सहायता ने अबतक कई ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और 50 रेसपिरेटर भेजे हैं। आज सुबह स्विट्जरलैंड से एक कार्गो नई दिल्ली पहुंचा। इसमें 13 टन से ज्यादा मेडिकल सप्लाई थी। 
 

08:29 AM, 07-May-2021

पश्चिम बंगाल जाने वाले सभी ट्रेन यात्रियों को आरटी-पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी साथ

केंद्रीय रेलवे ने जानकारी दी कि ट्रेन से सफर कर रहे लोगों को कोविड-19 की गाइडलाइंस का खास ध्यान रखना है और पश्चिम बंगाल ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। राज्य सरकार के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में ट्रेन से आने वाले सभी यात्रियों को आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होगी। 
 

08:14 AM, 07-May-2021

मणिपुर: कोरोना के नियमों का उल्लंघन पर अबतक 1,37,877 लोग को लिया हिरासत में लिया

मणिपुर के आईजी और कोविड-19 के नोडल अधिकारी ने जानकारी दी कि अबतक कुल 1,37,877 लोगों को कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने पर हिरासत में लिया गया है। इन पर 1.95 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया जा चुका है। वहीं कल 332 लोगों को नियमों का उल्लंघन करने पर पकड़ा गया है। 
 

08:09 AM, 07-May-2021

पोलैंड से भारत आए 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

भारत में बिगड़ते हालात के बीच विदेशी मदद जारी है। भारत में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए पोलैंड से 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भारत आए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात की जानकारी दी। 
 

07:51 AM, 07-May-2021

Corona Live: महाराष्ट्र में दर्ज किए गए 54022 नए मामले, 898 संक्रमितों की मौत

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान सामने आने वाले दैनिक मामले हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। लगातार दूसरे दिन कोरोना के चार लाख दैनिक मामले दर्ज किए गए। इतना ही नहीं कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी अब डराने लगा है। हालात इतने बदतर हैं कि कोविड मरीजों के शवों को जलाने के लिए खुले मैदान में अस्थायी श्मशान घाट तैयार किए जा रहे हैं। कोरोना के कहर को देखते हुए राजस्थान सरकार ने दस मई से 24 मई तक लॉकडाउन लगाने का एलान कर दिया है। इन सबके बीच केंद्र सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार ने कोरोना की तीसरी लहर के आने की घोषणा कर दी है। हालांकि ये लहर कब तक आएगी, इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें