फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus Live: तमिलनाडु में 12772 नए मामले, महाराष्ट्र में आंकड़ा रहा 8129

Mon, 14 Jun 2021 11:37 PM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर अभी थमा नहीं है। राहत की बात ये है कि देश में नए कोरोना मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की गई। वहीं कोरोना से होने वाली दैनिक मौतों का आंकड़ा अब भी चिंता का सबब बना हुआ है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों ने अपने यहां लागू पाबंदियों में ढील देनी शुरू कर दी है। वहीं गोवा समेत कई राज्यों ने अपने यहां सख्ती बढ़ा दी है। कर्नाटक की 18 ग्राम पंचायतों में आज से 21 जून तक के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है।देश में पिछले 24 घंटे में 70,421 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,921 लोगों की जान चली गई है। देश-दुनिया की कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
दिल्ली में कोरोना - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:37 PM, 14-Jun-2021

बिहार में कोरोना वायरस से 13 और लोगों की मौत

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 13 और व्यक्तियों की मौत हो जाने से इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 9505 हो गई है। वहीं, संक्रमण के 324 नए मामले आने के साथ ही अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 717539 हो गयी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बिहार में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के जो 324 नए मामले सामने आए हैं, उनमें मुजफ्फरपुर जिले में सबसे अधिक 52 मामले सामने आए हैं।

राज्य में अब तक 703262 मरीज ठीक हो चुके हैं जिनमें पिछले 24 घंटे के भीतर ठीक हुए 851 मरीज भी शामिल हैं।

11:10 PM, 14-Jun-2021

बंगाल: 3519 नए मामले, 2171 ठीक हुए

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3519 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान यहां 2171 लोग ठीक हुए और 78 की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 18,921 हो गई है।

10:51 PM, 14-Jun-2021

ओडिशा: 21 जून तक बढ़े प्रतिबंध, राहतें भी दी गईं

पुडुचेरी सरकार ने कोरोना के नए मामलों में कमी आने पर जारी प्रतिबंधों को कुछ राहतें देने के साथ 21 जून तक बढ़ाने का फैसला किया है। रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। विवाह कार्यक्रमों में 25 से अधिक और अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। राज्य सरकार ने कहा कि रेस्तरां, बार, होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और अन्य खाने-पीने की दुकानों को 50 फीसदी क्षमता के साथ शाम पांच बजे कर खुलने की अनुमति होगी।

विज्ञापन
10:38 PM, 14-Jun-2021

पंजाब: 629 नए मामले, 1650 ठीक हुए

पंजाब में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 629 नए मामले दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटों में यहां 1650 लोग ठीक हुए और 33 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 11,913 हो गई है।

10:27 PM, 14-Jun-2021

महाराष्ट्र: 8129 नए मामले, 200 की मौत

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8129 नए मरीज मिले। इसी दौरान राज्य में 14,732 मरीज ठीक हुए को 200 संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा अब 59 लाख 17 हजार 354 पर पहुंच गया है। इनमें से 56 लाख 54 हजार तीन लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 12 हजार 696 की जान जा चुकी है। राज्य में अब एक लाख 47 हजार 354 सक्रिय मरीज बचे हैं। वहीं, राज्य की राजधानी मुंबई में 529 नए मामले मिले, 725 ठीक हुए और 19 की मौत हो गई।

विज्ञापन
10:21 PM, 14-Jun-2021

तमिलनाडु: 12772 नए मामल,स 25561 ठीक हुए

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 12,772 नए मामले सामने आए। इसी दौरान राज्य में 254 संक्रमितों की मौत हुई तो 25,561 लोग ठीक हुए। राज्य में अब कोविड के सक्रिय मामले एक लाख 36 हजार 884 हो गई है।

10:15 PM, 14-Jun-2021

असम: पिछले 24 घंटों में 3678 नए मामले

असम में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3678 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में राज्य में 4299 लोग ठीक हुए तो 43 संक्रमितों की जान चली गई। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 39,362 हो गई है।

10:08 PM, 14-Jun-2021

अब तक लगे 25.87 करोड़ से ज्यादा टीके

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी तक कोरोना टीकों की कुल 25 करोड़ 87 लाख 13 हजार 321 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये आंकड़े सोमवार की शाम सात बजे तक आई प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर हैं।

10:01 PM, 14-Jun-2021

झारखंड में कोविड से दो मरीजों की मौत, 154 नए संक्रमित

झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण से दो लोगों की मौत हुई है जिसके बाद प्रदेश में मृतकों की संख्या 5084 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रदेश में संक्रमण के 154 नए मामले सामने आए, जिन्हें मिला कर संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 43 हजार 458 पर पहुंच गई है।

09:47 PM, 14-Jun-2021

यूपी: 74 संक्रमितों की मौत, 339 नए मरीज

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 74 और लोगों की मौत हो गई और 339 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में इस वायरस से अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 21858 पहुंच गई है।

09:39 PM, 14-Jun-2021

गुजरात में मिले 405 नए मामले

गुजरात में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 405 नए मामले दर्ज किए गए। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या आठ लाख 20 हजार 726 हो गई है।

09:24 PM, 14-Jun-2021

दिल्ली: इस अस्पताल में 20 जून से लगेगा स्पूतनिक वी टीका

दिल्ली के मधुकर रेनबो चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल में 20 जून से कोरोना रोधी टीका स्पूतनिक वी लगना शुरू हो जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि टीका लगवाने के लिए कोविन पोर्टल के माध्यम से स्लॉट बुक लिया जा सकता है। बता दें कि इस टीके को रूस ने विकसित किया है। 

09:10 PM, 14-Jun-2021

हिमाचल प्रदेश: 326 नए मरीज, 664 ठीक हुए

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड के 326 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान प्रदेश में 664 लोग ठीक हुए तो सात संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब एक लाख 98 हजार 876 हो गई है। इनमें से एक लाख 91 हजार 41 लोग ठीक हो चुके हैं और 3382 की जान जा चुकी है। राज्य में सक्रिय मामले अब 4432 हो गए हैं।

08:58 PM, 14-Jun-2021

चंडीगढ़: 50 नए मामले, 61 ठीक हुए

चंडीगढ़ में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 50 नए मरीज सामने आए। इसी अवधि में यहां दो संक्रमितों की मौत हुई और 61 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिली। केंद्र शासित प्रदेश में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 507 रह गई है।

08:43 PM, 14-Jun-2021

उत्तराखंड: 296 नए मामले, 990 ठीक हुए

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 296 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में 990 मरीज ठीक हुए तो 12 संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 3908 हो गई है।

08:37 PM, 14-Jun-2021

केंद्र अगले तीन दिन में राज्यों को टीके की 96490 खुराक उपलब्ध कराएगा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि वर्तमान में राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 टीके की 1.40 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध हैं और इन्हें अगले तीन दिन में टीके की 96,490 से अधिक खुराक मुहैया कराई जाएंगी। मंत्रालय के मुताबिक, भारत सरकार और सीधे राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से अब तक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को टीके की 26.68 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इनमें से खराब हुई खुराकों समेत कुल 25,27,66,396 खुराक दी जा चुकी हैं।

08:21 PM, 14-Jun-2021

दिल्ली में 18-44 साल उम्र वर्ग में 20 फीसदी को लगा टीका: आतिशी

आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक आतिशी ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में 18-44 साल उम्र वर्ग के लिए खुराकों की अनुपलब्धता के चलते संबंधित टीकाकरण केंद्रों के कई दिनों तक बंद रहने के बावजूद इस श्रेणी में 20 फीसदी लोगों को कोविड-19 टीका लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि शहर फिर टीकों की कमी से जूझ रहा है और कुछ टीकाकरण केंद्र मंगलवार को बंद रहेंगे। 

08:14 PM, 14-Jun-2021

ऑक्सीजन उत्पादन बढ़ाने के लिए हनीवेल ने डीआरडीओ से हाथ मिलाया

औद्योगिक प्रौद्योगिकी कंपनी हनीवेल ने कहा है कि वह रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान के साथ भागीदारी के जरिए मॉलिक्यूलर सीव एडसॉर्बेंट्स की आपूर्ति करेगी। इससे देश में मेडिकल ऑक्सीजन संयंत्रों की स्थापना की रफ्तार को तेज किया जा सकेगा। कंपनी ने कहा कि उसने इटली में पूरी विनिर्माण लाइन को भारत में आपूर्ति के लिए खाली कर लिया है।

07:46 PM, 14-Jun-2021

मध्यप्रदेश: 242 नए मामले, 36 की मौत

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड संक्रमण के 242 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 36 संक्रमितों की मौत हो गई तो 516 ने इस बीमारी को मात दी। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब सात लाख 88 हजार 425 हो गई है। इनमें से 3941 सक्रिय मामले हैं।

07:35 PM, 14-Jun-2021

कर्नाटक: 6835 नए मामले, 120 की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 6835 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 15,409 मरीज ठीक हुए तो 120 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 27 लाख 71 हजार 969 हो गई है। इनमें से 25 लाख 66 हजार 774 लोग ठीक हो चुके हैं और 33,033 की जान जा चुकी है। प्रदेश में अब कोविड के एक लाख 72 हजार 141 सक्रिय मामले हैं। 

07:03 PM, 14-Jun-2021

तेलंगाना: 1511 नए मामले, 2175 ठीक हुए

तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में कोविड के 1511 नए मामले सामने आए, 2175 लोग ठीक हुए और 12 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब तक सामने आए कोरोना के मामलों की कुल संख्या अब छह लाख चार हजार 880 हो गई है।

06:49 PM, 14-Jun-2021

गोवा: 253 नए मामले, 720 ठीक हुए

गोवा में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 253 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 720 मरीज ठीक हुए तो नौ की मौत हो गई। राज्य में अब कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या 4406 हो गई है। यहां कोरोना के चलते अब तक कुल 2973 लोगों की जान जा चुकी है।

06:36 PM, 14-Jun-2021

केरल: 16 जून के बाद बदलेगी लॉकडाउन की रणनीति

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने सोमवार को कहा कि लॉकडाउन की रणनीति में 16 जून के बाद बदलाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रीय आधार पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे और इसे स्थानीय निकाय लागू करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी मंगलवार को जारी की जाएगी। वहीं, पिछले 24 घंटों में केरल में कोरोना के 7719 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 16,743 लोग ठीक हुए और 161 की मौत हो गई। 

05:49 PM, 14-Jun-2021

आंध्र प्रदेश: 4549 नए मामले, 10114 ठीक हुए

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड के 4549 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 10,114 लोग ठीक हुए तो 59 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 18 लाख 14 हजार 393 हो गई है। इनमें से 17 लाख 22 हजार 381 ठीक हो चुके हैं और 11,999 की मौत हो चुकी है। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामले 80,013 रह गए हैं।

04:47 PM, 14-Jun-2021

कोल्हापुर: कोरोना जांच बढ़ाने के निर्देश

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में कोविड-19 की उच्च संक्रमण दर को देखते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार को जिला प्रशासन को जांच की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया और स्थानीय लोगों को ढिलाई नहीं बरतने की हिदायत दी। पवार और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने पश्चिमी महाराष्ट्र के इस जिले में महामारी की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। पवार ने कहा कि  दूसरी लहर में जिले में संक्रमण दर अब भी अधिक है। 
 

04:38 PM, 14-Jun-2021

बंगाल: बार व रेस्तरां को भी सशर्त अनुमति

बंगाल में प्रतिबंधों में राहतों का एलान करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि रेस्तराओं और बार को दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक 50 फीसदी ग्राहक क्षमता के साथ खोलने की अनुमति होगी। रात नौ से सुबह पांच बजे के बीच पूरे राज्य में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

04:31 PM, 14-Jun-2021

पीएम केयर्स फंड से लगाए गए 850 ऑक्सीजन प्लांट

डीआरडीओ के चेयरमैन डॉ. जी सतीश रेड्डी ने कहा कि कुल 850 ऑक्सीजन प्लांट देश के विभिन्न जिलों में स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन प्लांट की स्थापना पीएम केयर्स फंड से कोविड महामारी के खिलाफ देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए की गई है।

04:25 PM, 14-Jun-2021

दिल्ली: एम्स में बच्चों में कोवाक्सीन ट्रायल के लिए नामांकन कल से

देश के स्वदेशी तौर पर विकसित पहले कोविड रोधी टीके कोवाक्सीन के छह से 12 साल के बच्चों में नैदानिक परीक्षण के लिए मंगलवार को यहां एम्स में नामांकन शुरू होगा। इसके बाद दो से छह साल के आयु वर्ग के बच्चों पर नैदानिक परीक्षण किया जाएगा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 12-18 आयुवर्ग के स्वयंसेवकों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उन्हें कोवाक्सीन की पहली खुराक दी गई है।

04:14 PM, 14-Jun-2021

पश्चिम बंगाल: एक जुलाई तक बढ़े प्रतिबंध

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों को एक जुलाई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं व गतिविधियों को अनुमति रहेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालय 25 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। निजी और कॉरपोरेट कार्यालयों को सुबह 10 से दोपहर बाद चार बजे तक 25 फीसदी की क्षमता के साथ खुलने की अनुमति रहेगी।

04:00 PM, 14-Jun-2021

पुडुचेरी: कोविड के 309 नए मामले, 686 ठीक हुए

पुडुचेरी में कोविड-19 के 309 नए मामले सामने आने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर एक लाख 12 हजार 837 हो गई। इस अवधि में 686 और लोगों के ठीक होने के बाद संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या एक लाख छह हजार 199 हो गई। पुडुचेरी में लगातार नए मामलों में कमी आ रही है, एक दिन पहले यहां 402 नए मामले सामने आए थे।यहां अभी 4947 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

03:49 PM, 14-Jun-2021

मुंबई: धारावी में एक भी नया मामला नहीं

मुंबई के धारावी इलाके में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी नया मामला दर्ज नहीं किया गया है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी। बता दें कि आठ अप्रैल को धारावी में एक दिन में सबसे ज्यादा 99 मामले दर्ज किए गए थे।

03:38 PM, 14-Jun-2021

दिल्ली: 131 नए मामले, 355 ठीक हुए

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 131 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 355 लोग ठीक हुए तो 16 संक्रमितों की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3226 हो गई है। यहां अब तक कुल 14 लाख तीन हजार 205 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं जबकि 24,839 लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली की कोरोना सकारात्मकता दर वर्तमान में 0.22 फीसदी है।

03:21 PM, 14-Jun-2021

ओडिशा: 4339 नए मामले, 7733 ठीक हुए

ओडिशा में सोमवार को कोविड-19 के 4339 नए मामले आने के साथ संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर आठ लाख 56 हजार 121 हो गई। इसके साथ ही महामारी से 44 और लोगों की मौत हो जाने से कुल मृतक संख्या 3346 हो गई। वहीं, पिछले 24 घंटों में कोविड के 7733 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में अब तक कुल सात लाख 96 हजार 799 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 55,923 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है, लेकिन मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है।

01:56 PM, 14-Jun-2021

Monuments Unlocked: 16 जून से खुल जाएंगे सभी स्मारक

देश भर में कोरोना वायरस की रफ्तार थमती नजर आ रही है। इसके बाद फैसला लिया गया है कि पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग एएसआई के सभी स्मारक 16 जून से खुल जाएंगे। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने सोमवार को यह एलान किया है। बता दें कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कहर के चलते एएसआई ने ताजमहल समेत देशभर के सभी स्मारकों को 16 अप्रैल को बंद कर दिया था। शुरुआत में 15 दिन की बंदी को बाद में बढ़ाते हुए 15 जून तक के लिए कर दिया गया।
 
 

12:53 PM, 14-Jun-2021

अनलॉक: दो माह बाद 16 जून को खुलेगा ताजमहल

कोरोना वायरस की रफ्तार में कमी आने के बाद मोहब्बत की निशानी ताजमहल भी अनलॉक होने को तैयार है। कोरोना संक्रमण के चलते विगत 16 अप्रैल से बंद ताजमहल को पूरे दो महीने के बाद 16 जून को खोला जाएगा। ताजमहल समेत संरक्षित स्मारक खोलने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि एक बार में 100 लोगों को ही ताजमहल में प्रवेश मिलेगा। ताजमहल के बाहर भीड़ नहीं लगेगी। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए लोग ताज की दीदार कर पाएंगे। 
 

11:45 AM, 14-Jun-2021

टीकाकरण: 25.48 करोड़ लोगों को लगा टीका

देश में कोरोना महामारी पर लगाम लगाने के लिए तेजी से टीकाकरण करने पर जोर दिया जा रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में 14,99,771 को कोरोना वैक्सीन लगाई गईं हैं। इसके साथ ही अब तक 25,48,49,301 लोगों को वैक्सीन लगा दी गई है। 

09:59 AM, 14-Jun-2021

कोरोना: सक्रिय मामलों में गिरावट जारी

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटे में 1,19,501 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 2,81,62,947 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों संख्या अधिक है, जिससे सक्रिय मामलों में गिरावट आई है। फिलहाल, देश में 9,73,158 सक्रिय मामले हैं।

09:57 AM, 14-Jun-2021

नहीं थम रहा मौतों का सिलसिला

देश में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना मरीजों की संख्या घटी है, लेकिन मौतों की आंकड़ा अब भी डरा रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में 3921 लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही कोविड से मरने वालों की संख्या 3,74,305 पहुंच गई। बता दें कि देश में पिछले लंबे समय से कोरोना से मरने वालों की संख्या तीन हजार से अधिक बनी हुई है।

09:54 AM, 14-Jun-2021

कोरोना: 2.95 करोड़ हुई संक्रमितों की संख्या

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सोमवार को 70,421 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,95,10,410 पहुंच गई है। 


 

09:27 AM, 14-Jun-2021

कोरोना: नए मरीजों की संख्या घटी, मौतों ने बढ़ाई चिंता

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर अभी थमा नहीं है। राहत की बात ये है कि दैनिक कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में 70,421 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3921 लोगों की जान चली गई है। बता दें कि 72 दिनों बाद कोरोना मरीजों की यह संख्या सबसे कम है। वहीं कोरोना से मरने वालों की संख्या अभी भी चिंता का सबब बनी हुई है। 
 

 

09:21 AM, 14-Jun-2021

अंबाला: 50 फीसदी क्षमता के साथ खुले गए जिम

हरियाणा: अंबाला में आज यानी सोमवार से 50 फीसदी क्षमता के साथ जिम खुल गए हैं। जिम की एक सदस्या ने बताया कि डेढ़ महीने के बाद जिम खुला है, तो बहुत अच्छा लग रहा है। कोरोना महामारी में फिटनेस बहुत जरूरी है। यहां कोरोना के सभी नियमों का पालन किया जा रहा है।
 


 

09:15 AM, 14-Jun-2021

अब तक 37.96 करोड़ नमूनों की हुई जांच

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, 13 जून, 2021 तक 37,96,24,626 नमूनों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 14,92,152 नमूनों की जांच सोमवार को हुई। 

07:51 AM, 14-Jun-2021

मिजोरम: 98 नए मामले मिले, 4 की गई जान

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 98 नए मामले सामने आए हैं और चार लोगों की जान चली गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर  15,364 पहुंच गई है। इनमें 3,549 सक्रिय मामले, 11,748 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 67 मौतें शामिल हैं। मिजोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

07:42 AM, 14-Jun-2021

कर्नाटक: 18 ग्राम पंचायतों में 21 जून तक लॉकडाउन

कर्नाटक में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है। संक्रमण के प्रसार पर रोक लगाने के लिए दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त डॉ राजेंद्र के वी ने 21 जून तक के लिए 18 ग्राम पंचायतों में पूर्ण लॉकडाउन लगाने का एलान किया है।
 


 

07:26 AM, 14-Jun-2021

Coronavirus Live: तमिलनाडु में 12772 नए मामले, महाराष्ट्र में आंकड़ा रहा 8129

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर अभी थमा नहीं है। राहत की बात ये है कि देश में नए कोरोना मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की गई। वहीं कोरोना से होने वाली दैनिक मौतों का आंकड़ा अब भी चिंता का सबब बना हुआ है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों ने अपने यहां लागू पाबंदियों में ढील देनी शुरू कर दी है। वहीं गोवा समेत कई राज्यों ने अपने यहां सख्ती बढ़ा दी है। कर्नाटक की 18 ग्राम पंचायतों में आज से 21 जून तक के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें