फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus Live: असम में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3756 नए मामले, 51 लोगों की मौत

Fri, 11 Jun 2021 12:55 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब खत्म होती नजर आ रही है। हालांकि गुरुवार को सामने आए आंकड़ों ने सबकी चिंता और बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना से छह हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जो अबतक का एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार को और तेज करने के लिए केंद्र सरकार ने अब इस अभियान को पूरी तरह से अपने हाथ में ले लिया है। केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसके मुताबिक अब राज्य को वैक्सीन भी केंद्र सरकार देगी और वो भी मुफ्त। वहीं 21 जून से 18+ लोगों को फिर से वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सवाल किया है कि 21 जून के बाद वैक्सीन कैसे मिलेगी, क्योंकि वैक्सीन की भारी कमी है। उधर, झारखंड सरकार ने कोरोना के चलते राज्य में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
कोरोना टेस्ट कराता युवक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:53 AM, 11-Jun-2021

असम में 3756 नए मामले

असम में कोरोना वायरस के 3756 नए मरीजों की पुष्टि होने का बाद बृहस्पतिवार को कुल मामले 4,50,201 हो गए जबकि 51 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 3,844 हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने एक बुलेटिन में बताया कि राज्य में संक्रमण दर 3.07 प्रतिशत है। नए मामलों में से सबसे ज्यादा 323 कामरूप मेट्रोपोलिटन से आए हैं। इसके बाद 291 मामले कछार, 265 सोनितपुर और 236 तिनसुकिया जिले से मिले हैं। इसमें बताया गया है कि राज्य में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 47,081 है जबकि 3,97,929 मरीज संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं जिनसे से 5,123 लोग बृहस्पतिवार को संक्रमण से उबरे हैं।

12:33 AM, 11-Jun-2021

झारखंड में 293 नए मामले सामने आए

झारखंड में कोविड-19 के 293 नए मामले सामने आए, 557 ठीक हुए और 5 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामले 4,514 हैं और अब तक कुल ठीक हुए लोगों की संख्या 3,33,179 है जबकि  संक्रमण से मरने वालों की संख्या 5,081 है।

12:25 AM, 11-Jun-2021

पंजाब में 1333 नए मामले सामने आए

पंजाब में गुरुवार को कोरोना के 1,333 नए मामले सामने आए, 2,337 ठीक हुए और 71 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामले 16,244 हैं और अब तक कुल ठीक हुए लोगों की संख्या 5,53,174 है जबकि कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 15,367 है।

विज्ञापन
11:38 PM, 10-Jun-2021

कोरोना से मरने वालों की अस्थियों का हरिद्वार में विसर्जन करेगी युवा कांग्रेस

कांग्रेस की युवा इकाई भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके संगठन के कार्यकर्ता शुक्रवार को 500 ऐसे लोगों की अस्थियों को हरिद्वार में गंगा नदी में विसर्जित करेंगे जिनकी कोरोना महामारी की दूसरी लहर में मौत हो गई थी। श्रीनिवास के अनुसार, युवा कांग्रेस ने दिल्ली के निगम बोध घाट से 500 पीड़ितों की अस्थियां एकत्र की हैं। पिछले कुछ हफ्तों में इनका अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन उनकी अस्थियां परिवार की तरफ से कोई नहीं लेकर गया।

11:07 PM, 10-Jun-2021

बिहार में कोरोना से 23 और लोगों की मौत, 551 नए मामले

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 23 और लोगों की मौत हो जाने से इस वायरस से मरने वालों की कुल संख्या गुरुवार को 9452 हो गई। राज्य में संक्रमण के 551 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या सात लाख 15 हजार 730 हो गई है। इनमें से छह लाख 99 हजार 382 मरीज ठीक हो चुके हैं। बिहार में वर्तमान में 6895 मरीज उपचाराधीन हैं और लोगों के ठीक होने की दर 97.72 फीसदी है।

विज्ञापन
10:47 PM, 10-Jun-2021

एम्स भुवनेश्वर दो ईसीएमओ मशीन स्थापित करेगा

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भुवनेश्वर गंभीर कोरोना वायरस रोगियों के इलाज के लिए दो ईसीएमओ मशीनों की खरीद करेगा। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जबकि ईसीएमओ उपचार की एक आवश्यकता बहुत बढ़ गई है विशेष रूप से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित गंभीर कोविड रोगियों के लिए। ऐसे मामलों में कई बार रोगियों को ओडिशा से हवाई मार्ग के जरिए अन्य स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

10:39 PM, 10-Jun-2021

दिल्ली: सिसोदिया ने डिलिवरी करने वालों का टीकाकरण करने को कहा

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को अमेजन और फ्लिपकार्ट सहित विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ गठजोड़ करने का निर्देश दिया ताकि उनके सामान की डिलिवरी करने वालों को ‘अतिरिक्त जोखिम’ के मद्देनजर जल्द से जल्द कोविड-19 रोधी टीका लगाया जा सके। सिसोदिया के हवाले से दिल्ली सरकार के एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली ने 18-44 वर्ष आयुवर्ग के लिए टीके प्राप्त किए हैं और इस आयुवर्ग के लिए टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है।

10:22 PM, 10-Jun-2021

मिजोरम में कोविड-19 के 346 नए मामले

मिजोरम में गुरुवार को कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक 346 नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 14,533 हो गई। इसके अलावा तीन और रोगियों की संक्रमण से मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 61 पर पहुंच गई। मिजोरम में अब 3431 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना से ठीक की दर 75.97 फीसदी है।

10:11 PM, 10-Jun-2021

हरियाणा: 539 नए मामले, 1221 ठीक हुए

हरियाणा में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 539 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही राज्य में 1221 संक्रमित ठीक हुए और 32 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 64 हजार 633 हो गई है। इनमें से 6365 सक्रिय मामले हैं।

09:51 PM, 10-Jun-2021

मणिपुर: 730 नए मामले सामने आए, 668 ठीक हुए

मणिपुर में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 730 नए मामले सामने आए, 668 लोग ठीक हुए और 10 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 58,081 सामने आ चुके हैं। इनमें से 47,797 लोग ठीक हो चुके हैं और 925 की जान जा चुकी है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 9359 हो गई है।

09:42 PM, 10-Jun-2021

तेलंगाना: 1798 नए मामले, 2524 ठीक हुए

तेलंगाना में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 1798 नए मामले सामने आए। इस दौरान राज्य में 2524 लोग ठीक हुए और 14 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 98 हजार 611 हो गई है। इनमें से पांच लाख 71 हजार 610 ठीक हो चुके हैं और कुल 3440 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में संक्रमण के सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब 23,561 हो गया है।

09:24 PM, 10-Jun-2021

मुंबई: रिकवरी रेट 95 फीसदी हुआ

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 660 नए मामले सामने आए, 22 लोगों की मौत हुई और 768 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। शहर में कोरोना से ठीक होने की दर अब 95 फीसदी हो गई है।

09:21 PM, 10-Jun-2021

झारखंड: 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं रद्द

झारखंड सरकार ने कोरोना वायरस संकट के चलते 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक ट्वीट में कहा, 'मैं ने झारखंड अकादमिक परिषद द्वारा आयोजित कराई जाने वाली इस सत्र की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया गहै।' राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय ने कहा कि यह फैसला कोविड-19 महामारी से बनी स्थिति की वजह से लिया गया है।

09:10 PM, 10-Jun-2021

हरियाणा: सीरो सर्वे का तीसरा राउंड 15 जून को

हरियाणा 15 जून को सीरो सर्वे का तीसरा दौर शुरू करने जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि यह फैसला समुदाय में सार्स-सीओवी-2 एंटीबॉडी का प्रसार सुनिश्चित करने के लिए और छह से 17 साल के बच्चों में इसके प्रसार का अनुमान लगाने के लिए लिया गया है।

08:58 PM, 10-Jun-2021

महाराष्ट्र: 12207 नए मामले, 393 की मौत

एक समय में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 12,207 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 11,449 मरीज ठीक हुए और 393 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 58 लाख 76 हजार 87 हो गई है। इनमें से 56 लाख आठ हजार 753 ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक कुल एक लाख तीन हजार 748 लोगों की इस बीमारी के चलते जान जा चुकी है। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मरीजों का आंकड़ा एक लाख 60 हजार 693 पर पहुंच गया है।

08:45 PM, 10-Jun-2021

आगरा में कोरोना के 22 नए मामले

आगरा में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 22 नए मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 25,753 हो गई। जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि अब तक संक्रमित हुए मरीजों में से 25,076 स्वस्थ हो गए हैं। इस समय 238 मरीज उपचाराधीन हैं और मृतक संख्या 439 हो गई है। उन्होंने बताया कि मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 97.37 फीसद हो गई है।

08:42 PM, 10-Jun-2021

कर्नाटक: 11 जिलों में जारी रहेगा लॉकडाउन

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने कहा कि जिन जिलों में कोरोना सकारात्मकता दर 15 फीसदी से अधिक है वहां मौजूदा लॉकडाउन दिशानिर्देश जारी रहेंगे। ऐसे जिलों की संख्या 11 है, जहां 21 जून तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। ये जिले चिकमंगलूर, शिवमोगा, देवनागरी, मैसूर, चमराजनगर, हसन, दक्षिण कन्नड़, बंगलूरू ग्रामीण, मांड्या, बेलागावी और कोडगु शामिल हैं। यहां 14 जून से आवश्यक दुकानों को खुलने की अनुमति समेत कुछ राहतें दी जा सकती हैं। बंगलूरू सिटी समेत बाकी जिलों में प्रतिबंधों में राहत दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा। इसके अलावा वीकेंड कर्फ्यू, जो शुक्रवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक रहेगा, भी 21 जून तक जारी रहेगा।

08:17 PM, 10-Jun-2021

जानकारी साझा करने से रोकने की जगह टीकों की आपूर्ति सुनिश्चित करे केंद्र: सिसोदिया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार को राज्यों को टीकों के शेष स्टॉक के बारे में जानकारी साझा करने रोकने के बजाय उन्हें टीकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। केंद्र सरकार ने बुधवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर टीकों की उपलब्धता के बारे में इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क (ईवीआईएन) प्रणाली के आंकड़े सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करने की सलाह दी थी और कहा था कि यह संवेदनशील जानकारी है और कार्यक्रम में सुधार के लिए ही इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

08:07 PM, 10-Jun-2021

तमिलनाडु: 16813 नए मामले, 32049 ठीक हुए

तमिलनाडु में कोरोना वायरस का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 16,813 नए मामले दर्ज किए गए। हालांकि, इस दौरान 32,049 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली। वहीं, 358 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब एक लाख 88 हजार 664 पर पहुंच गया है।

07:56 PM, 10-Jun-2021

हिमाचल प्रदेश: 533 नए मामले, 862 ठीक हुए

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 533 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 862 लोग ठीक हुए और 15 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 97 हजार 438 हो गई है। इनमें से एक लाख 87 हजार 734 लोग ठीक हो चुके हैं और 3342 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में अब बीमारी के सक्रिय मामलों की संख्या 6338 हो गई है।

07:46 PM, 10-Jun-2021

मध्यप्रदेश: 420 नए मामले आए मामले, 34 की मौत

मध्यप्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 420 नए मामले सामने आए। प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या सात लाख 87 हजार 175 हो गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 34 संक्रमितों की मौत हो गई, जिसके बाद अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 8475 हो गई है। प्रदेश में अब तक सात लाख 72 हजार 375 मरीज स्वस्थ हो गए हैं और 6325 का इलाज चल रहा है।

07:33 PM, 10-Jun-2021

राजस्थान: 538 नए मामले, 2268 ठीक हुए

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 538 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 2268 मरीज ठीक हुए और 23 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 10,079 हो गई है।

06:55 PM, 10-Jun-2021

बहराइच में प्रोटोकॉल तोड़ने पर 35 के खिलाफ मामला दर्ज

त्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मोतीपुर थाना क्षेत्र के बड़ा दरोगा पुरवा गांव में बुधवार रात कोरोना प्रोटोकॉल तोड़कर नाच-गाने का आयोजन कराने के आरोप में 35 लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम व अन्य कानूनों की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

06:49 PM, 10-Jun-2021

अहमदाबाद में अनलॉक की तैयारियां तेज

गुजरात के अहमदाबाद में प्रशासन की ओर से अनलॉक की तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान सार्वजनिक जगह, बाजार, होटलों को सैनिटाइज किया जा रहा है। होटल और रेंस्तरा संघ गुजरात ने इसे लेकर कहा कि सरकार ने अनलॉक का फैसला लिया है। हमें कुछ उम्मीद जगी है। 50 से 60 फीसदी व्यापार शुरू हो जाएगा।
 

06:36 PM, 10-Jun-2021

उत्तराखंड: 388 नए मरीज, 3242 ठीक हुए

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 388 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में प्रदेश में 3242 मरीज ठीक हुए और 15 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या तीन लाख 35 हजार 866 हो गई है। इनमें से तीन लाख 16 हजार 621 लोग ठीक हो चुके हैं और 6641 सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक चुल 6878 लोगों की जान जा चुकी है।

06:13 PM, 10-Jun-2021

केरल: 14424 नए मामले, 194 की मौत

केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 14,424 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान यहां 17,994 लोग ठीक हुए और 194 संक्रमितों की मौत हो गई। अब राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 35 हजार 298 हो गई है।

06:03 PM, 10-Jun-2021

गोवा: 413 नए मामले, 585 ठीक हुए

तटीय राज्य गोवा में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 413 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में राज्य में 585 संक्रमित ठीक हुए और 13 की मौत हो गई। राज्य में अब तक कुल एक लाख 52 हजार 657 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं और कुल 2891 की मौत हुई है। यहां अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 5605 हो गई है।

05:55 PM, 10-Jun-2021

नए स्ट्रेन की जानकारी के लिए बनाया चार शहरों का कंसोर्टियम

सीएसआईआर-सीसीएमबी (वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद-सेंटर फॉर सेलुलर एंड मॉलीक्यूलर बायोलॉजी) ने गुरुवार को कहा कि चार शहर क्लस्टरों का एक संघ (कंसोर्टियम) बनाया गया है। इनमें बंगलूरू, हैदराबाद, दिल्ली और पुणे शामिल हैं। यह कंसोर्टियम कोरोना वायरस के जीनोमिक सर्विलांस को बढ़ाने के लिए लिया गया है। सीएसआईआर (वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद) ने कहा कि इससे वायरस के नए वेरिएंट के बारे में जानकारी पाने में मदद मिलेगी।

05:43 PM, 10-Jun-2021

त्रिपुरा में कोविड-19 के 625 नए मामले, 14 लोगों की मौत

त्रिपुरा में गुरुवार को कोविड-19 के 625 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 56,794 हो गई। वहीं 14 और मरीजों की मौत के बाद के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 588 हो गई, जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा है। राज्य में अभी 5400 मरीजों का उपचार चल रहा है। बीमारी से 363 मरीजों के ठीक होने के बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 50,743 हो गई।

05:32 PM, 10-Jun-2021

टीकाकरण: स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के साथ की बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने गुरुवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम को लागू करने के लिए जारी संशोधित दिशानिर्देशों के अनुसार टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान राज्यों को स्वास्थ्य और अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को टीके की दूसरी खुराक दिए जाने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई। 

05:19 PM, 10-Jun-2021

कर्नाटक: कोरोना संक्रमण दर पर अधिकारियों को नए निर्देश

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को आठ जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंस करते हुए उम्मीद के अनुसार कोविड-19 के मामलों में कमी नहीं आने पर चिंता व्यक्त की। येदियुरप्पा ने बेलगावी, चिकमंगलूर, दक्षिण कन्नड़, हासन, मैसूरू, मांड्या, शिवमोगा, और तुमकुरू में महामारी की रोकथाम में खराब प्रदर्शन का जिक्र करते हुए अधिकारियों को लॉकडाउन पाबंदियां बरकरार रखने का निर्देश दिया। अप्रैल की 27 तारीख से लागू पाबंदियों में चार दिन बाद ढील दी जानी है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों से कहा कि इन जिलों के बारे में जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

04:59 PM, 10-Jun-2021

दिल्ली: 305 नए मामले, 44 की मौत

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 305 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान राज्य में 44 संक्रमितों की मौत हो गई और 560 लोग ठीक हुए। दिल्ली में कोरोना सकारात्मकता दर अब 0.41 फीसदी हो गई है।

04:48 PM, 10-Jun-2021

आंध्र प्रदेश: 8110 नए मामले, 67 की मौत

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 8110 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान प्रदेश में 67 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 17 लाख 87 हजार 883 हो गई है। इनमें से 99,057 सक्रिय मामले हैं।

04:34 PM, 10-Jun-2021

उत्तराखंड: पर्यटन उद्योग पर लॉकडाउन की मार

कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन का पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र पर गंभीर असर पड़ा है। इसके अलावा चारधाम यात्रा रद्द होने से भी राज्य में इन क्षेत्रों पर संकट आ गया है। कैब और होटल संचालक संदीप गुप्ता का कहना है कि वाहन चालकों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। अप्रैल, मई और जून मुख्य सीजन होते हैं लेकिन पिछले दो साल से सब बर्बाद हो गया है। उन्होंने कहा कि हमें नहीं लगता कि अगले 10 साल तक स्थिति पटरी पर आ पाएगी। हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि कर्ज पर ब्याज न लिया जाए और बिजली पर हमें सब्सिडी दी जाए। गुप्ता ने कहा कि अब मामले 300 से कम हो गए हैं तो सरकार को चारधाम यात्रा को शुरू कर देना चाहिए।
 

04:27 PM, 10-Jun-2021

लद्दाख में कोविड के 55 नए मामले सामने आए

लद्दाख में कोविड-19 के 55 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 19,385 हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में अब तक कुल 195 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। वहीं, महामारी के प्रसार के बाद से अब तक 18,265 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। यहां अब 925 मरीजों का उपचार चल रहा है।

04:14 PM, 10-Jun-2021

ओडिशा: 6097 नए मामले, 44 की मौत

ओडिशा में कोविड-19 के 6097 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ लाख 37 हजार 226 हो गई है। इसके अलावा संक्रमण से 44 और लोगों की मौत के बाद इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 3167 हो गई। 

03:58 PM, 10-Jun-2021

उत्तर प्रदेश: 642 नए मामले, 1231 ठीक हुए

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 642 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि इसी अवधि में 1231 लोग ठीक हुए। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 12,562 है। प्रदेश की सकारात्मकता दर केवल 0.3 फीसदी रह गई है।

03:46 PM, 10-Jun-2021

टीका बर्बादी: सबसे ज्यादा झारखंड में, केरल-बंगाल में पूरा उपयोग हुआ

केरल और पश्चिम बंगाल में मई माह में कोविड-19 रोधी टीकों की बिल्कुल भी बर्बादी नहीं हुई। इन दोनों राज्यों में टीकों की क्रमश: 1.10 लाख तथा 1.61 लाख खुराकें बचाई गईं। वहीं सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, कोविड रोधी टीकों की सबसे ज्यादा 33.95 फीसदी बर्बादी झारखंड में हुई। केरल में टीकों की बर्बादी का आंकड़ा नकारात्मक 6.37 फीसदी रहा जबकि पश्चिम बंगाल में यह आंकड़ा नकारात्मक 5.48 है। टीकों की बर्बादी का आंकड़ा नकारात्मक होने का अर्थ है कि प्रत्येक शीशी में मौजूद अतिरिक्त खुराक का भी इस्तेमाल करना। छत्तीसगढ़ में 15.79 फीसदी टीके बेकार गए और मध्य प्रदेश में 7.35 फीसदी टीके बर्बाद हुए। पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में क्रमश: 7.08 फीसदी, 3.95 फीसदी, 3.91 फीसदी, 3.78 फीसदी और 3.63 फीसदी तथा 3.59 फीसदी टीके बेकार गए।

03:36 PM, 10-Jun-2021

नागपुर: जमकर उमड़ी भीड़, नियम तार-तार

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सीताबुलदी मेन रोड इलाके में जमकर भीड़ उमड़ी। इस दौरान कई लोगों ने मास्क भी नहीं लगाए हुए और थे और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।
 
 

03:33 PM, 10-Jun-2021

नड्डा ने बताया वैक्सीन उत्पादन का रोडमैप

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हर महीने देश में एक करोड़ टीकों का उत्पादन हो रहा है। जुलाई-अगस्त में यह बढ़कर छह से सात करोड़ हो जाएगा। सितंबर तक हमें उत्पादन 10 करोड़ टीके प्रतिमाह हो जाने की उम्मीद है। पहले केवल दो उत्पादक थे, जो अब 13 हैं और दिसंबर तक 19 हो जाएंगे। दिसंबर तक देश में 200 करोड़ टीके उपलब्ध होंगे। यह हमारा रोडमैप है।

03:09 PM, 10-Jun-2021

कर्नाटक के हासन जिले में 21 जून तक लॉकडाउन

कर्नाटक के मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में 14 जून तक लॉकडाउन को बढ़ाया गया है लेकिन राज्य के हासन जिले में लॉकडाउन की अवधि 21 जून तक बढ़ा दी गई है। कल मुख्यमंत्री यहां आएंगे और  उनके आने के बाद उन्हें इस जानकारी से अवगत करा दिया जाएगा।
 

03:03 PM, 10-Jun-2021

रांची: शाम चार बजे तक खुली रहेंगी दुकानें

रांची में छूट मिलने के बाद दुकानें शाम चार बजे तक खुली रहेंगी। जमशेदपुर को छोड़कर 23 जिलों में दुकानें खोलने का समय शाम चार बजे तक बढ़ा दिया गया है।
 

02:52 PM, 10-Jun-2021

स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को केंद्र शासित प्रदेशों को जारी की यह सलाह

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी है कि वे वैक्सीन के भंडार और जहां उन्हें रखा गया है, वहां के तापमान की पूरी जानकारी और मूल्यांकन ई-विन के जरिए साझा करने से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की अनुमति जरूर लें। ऐसा करने का मकसद यही है कि इन आंकड़ों का गलत इस्तेमाल कोई एजेंसी अपने कारोबारी लाभ के लिए न कर सके।

02:41 PM, 10-Jun-2021

इस साल पुरी में रथ यात्रा का होगा आयोजन

हर साल ओडिशा में पुरी की रथ यात्रा होती है। हालांकि कोरोना की वजह से ये रथ यात्रा बार बार टाली जा रही थी लेकिन इस साल कोविड नियमों के पालन के साथ रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। हालांकि इस यात्रा में श्रद्धालुओं को आने की अनुमति नहीं होगी। बस सेवक शामिल होंगे। ओडिशा के स्पेशन राहत कमिश्नर प्रदीप झा ने इसके बार में जानकारी दी।
 

02:05 PM, 10-Jun-2021

छत्तीसगढ़: भिलाई स्टील प्लांट में 114 बेड का कोविड केयर केंद्र का उद्घाटन

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छत्तीसगढ़ में सेल के भिलाई स्टील प्लांट में 114 बेड का कोविड केयर सेंटर का उद्घाटन किया।
 

01:43 PM, 10-Jun-2021

केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने अहमदनगर में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र के अहमदनगर में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया।
 

01:23 PM, 10-Jun-2021

टीम-9 के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस पर टीम-9 के साथ बैठक की।
 

01:11 PM, 10-Jun-2021

दिसंबर में वैक्सीनेशन अभियान के पूरे होने की उम्मीद- जेपी नड्डा

अरुणाचल प्रदेश में भाजपा कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में जेपी नड्डा ने कहा कि पहले कहते थे कि वैक्सीन हमें लेने दो। जब ऐसा कर दिया तो विपक्ष राजनीति करते हुए कहने लगा कि हम से नहीं हो रहा। केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन का अभियान अपने हाथ में लिया। दिसंबर तक वैक्सीनेशन पूरा होने की उम्मीद है।
 

12:52 PM, 10-Jun-2021

नागपुर में लोगों ने कोरोना के नियमों का किया उल्लंघन

अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद नागपुर की सिताबर्डी मेन रोड मार्केट में लोग कोरोना नियमों का उल्लंघन करते दिखे।
 

12:35 PM, 10-Jun-2021

बिहार में कोरोना से मौतों के आंकड़ों में हुई हेर-फेर पर स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जवाब

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने जानकारी दी कि ये पूरी प्रकिया 15-20 दिन में की गई, जिलाधिकारियों ने भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कोरोना से मौत के मामलों को पता किया। सारे आंकड़े आने पर उसे सबके सामने लाया गया।
 

12:19 PM, 10-Jun-2021

राहुल गांधी की केंद्र सरकार को सलाह

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को सलाह दी है कि वैक्सीन के लिए सिर्फ ऑनलाइन रेजिस्ट्रेशन काफी नहीं है। वैक्सीन सेंटर पर वॉल्क-इन करने वाले हर व्यक्ति को टीका मिलना चाहिए। जीवन का अधिकार उनका भी है जिनके पास इंटरनेट नहीं है।
 

11:59 AM, 10-Jun-2021

21 जून के बाद भी वैक्सीन कहां से आएगी- अरविंद केजरीवाल

केंद्र सरकार ने कहा है कि 21 जून के बाद वो पूरे देश में वैक्सीन फ्री सप्लाई करेगी, केंद्र सरकार ने ये सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद और दबाव में किया है लेकिन देर आए, दुरुस्त आए। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि लेकिन 21 जून के बाद भी वैक्सीन कहां से आएगी ये बहुत बड़ा सवाल है, वैक्सीन की भारी कमी है।
 

11:46 AM, 10-Jun-2021

दिल्ली: 171 टन क्षमता के ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक बन चुके हैं

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिरसपुर में दिल्ली सरकार के ऑक्सीजन स्टोरेज और जेनरेशन प्लांट का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली में 171 टन क्षमता के ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक बन चुके हैं।"
 

11:30 AM, 10-Jun-2021

असम: मुख्यमंत्री ने सरूसजाई स्टेडियम में कोविड अस्पताल का किया उद्घाटन

असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी के सरूसजाई स्टेडियम में 300 बेड के कोविड अस्पताल का उद्घाटन किया।
 

11:13 AM, 10-Jun-2021

हैदराबाद: दुकानें खुलने का समय बढ़ाया गया, व्यापारियों ने जताई खुशी

हैदराबाद में अब दुकानें शाम पांच बजे तक खुलने लगेंगी। इस पर हैदराबाद के व्यापारियों का कहना है कि अब बाजार में दुकानें ज्यादा लंबे समय तक खुलेंगी तो ज्यादा मुनाफा होने की संभावना है। 
 

11:05 AM, 10-Jun-2021

कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियों की हो रही समीक्षा- स्वास्थ्य मंत्री

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने बताया कि टीम-9 के साथ बैठक में अब कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियों के मरीजों के लिए ओपीडी चलाना, सभी पीएचसी, सीएचसी को क्रियाशील करना मौसम बदलने के साथ जापानी इंसेफेलाइटिस, एईएस, मलेरिया जैसी बीमारियां आने के संकेत दे रही हैं इसकी समीक्षा की जा रही है।
 

10:52 AM, 10-Jun-2021

पुणे में अनलॉक के तहत दुकानें खुलीं

महाराष्ट्र के पुणे में अनलॉक के तहत दुकानें खुल गई हैं और वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। 
 

10:30 AM, 10-Jun-2021

भोपाल में अनलॉक के तहत खुली दुकानें

आज से अनलॉक प्रक्रिया शुरू होने के बाद मध्यप्रदेश के भोपाल में दुकानें खुली। हालांकि राज्य में नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा।
 

10:07 AM, 10-Jun-2021

60 दिनों बाद कोरोना के सक्रिय मामले 12 लाख से कम

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारत में 60 दिनों बाद कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 12 लाख से कम हुए। देश में तीसरे दिन कोरोना वायरस के एक लाख से कम नए मामले आए।
 

09:52 AM, 10-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 33,79,261 लोगों की लगी वैक्सीन- स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 33,79,261 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 24,27,26,693 हुआ।
 

09:36 AM, 10-Jun-2021

कोरोना: बीते 24 घंटे में 6148 मरीजों की मौत

देश में कोरोना वायरस से होने वाली दैनिक मौतों ने अबतक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस की वजह से छह हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। ये अबतक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। भले ही कोरोना के दैनिक मामले लगातार तीसरे दिन एक लाख से कम आए हैं। 
 

09:11 AM, 10-Jun-2021

मनरेगा में एक साल के अंदर रोजगार में 48 फीसदी की गिरावट

कोरोना संक्रमण के दूसरी लहर की मार ग्रामीण क्षेत्रों के रोजगार पर भी पड़ी है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत एक साल के भीतर रोजगार में 48 फीसदी की बड़ी गिरावट आई है। मई 2020 में जहां योजना के तहत 50.83 करोड़ लोगों को काम मिला था, वहीं अब यह संख्या घटकर 26.38 करोड़ रह गई है।

08:46 AM, 10-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 20,04,690 सैंपल टेस्ट हुए- आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के लिए 20,04,690 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 37,21,98,253 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
 

08:24 AM, 10-Jun-2021

कानपुर में पहली बार दो-छह साल के बच्चों का हुआ ट्रायल

कोरोना से बचाव के लिए दो साल से छह साल तक के बच्चों पर दुनिया का पहला ट्रायल कानपुर में होगा। अभी तक इस आयु वर्ग के बच्चों पर कोरोना वैक्सीन का ट्रायल नहीं हुआ है। भारत बायोटेक की स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन ने बच्चों पर ट्रायल शुरू किया है। अभी छह से 12 साल और 12 से 18 साल के समूह के बच्चों को टीका लगा है। उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने कोवैक्सीन का नेजल स्प्रे भी आ जाएगा।

08:11 AM, 10-Jun-2021

बंगाल: सिलिगुड़ी में फर्जी कोविड रिपोर्ट जारी करने वाला शख्स गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। फर्जी कोविड रिपोर्ट जारी करने के आरोप में शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने बताया कि उसे निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट देने के पैसे मिलते थे।
 

07:44 AM, 10-Jun-2021

मिजोरम: बीते 24 घंटे में सामने आए 347 नए मामले

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 347 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 14,534 है जिसमें 3,585 सक्रिय मामले, 10,891 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 58 मौतें शामिल हैं।
 

07:29 AM, 10-Jun-2021

Coronavirus Live: असम में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3756 नए मामले, 51 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब खत्म होती नजर आ रही है। बुधवार को देश में लगातार कोरोना के दैनिक मामले एक लाख से कम आए और दैनिक होने वाली मौतों पर भी थोड़ी लगाम लगी है। देश में कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार को और तेज करने के लिए केंद्र सरकार ने अब इस अभियान को पूरी तरह से अपने हाथ में ले लिया है। केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसके मुताबिक अब राज्य को वैक्सीन भी केंद्र सरकार देगी और वो भी मुफ्त। वहीं 21 जून से 18+ लोगों को फिर से वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा देश में कोरोना वैक्सीन का परीक्षण छोटे बच्चों पर भी शुरू हो गया है। कानपुर में पहली बार दो साल के बच्चों पर कोरोना वैक्सीन का परीक्षण हो रहा है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें