पंजाब में कोविड-19 के 600 नए मामले आए तथा 31 और लोगों की मौत हो गयी। वहीं, चंडीगढ़ में 23 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। पंजाब में कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 8077 हो गयी है जो एक दिन पहले 8829 थी। अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर और लुधियाना से मौत के मामले आए। बठिंडा से संक्रमण के 95, जालंधर से 55 और फाजिल्का से 48 नए मामले सामने आए। राज्य में संक्रमण दर 1.14 प्रतिशत है। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पंजाब में संक्रमितों की कुल संख्या 5,91,762 और मृतक संख्या 15,802 हो गयी है। पिछले 24 घंटे में 1315 और लोगों के संक्रमण से उबर जाने से अब तक 5,67,883 लोग ठीक हो चुके हैं। बुलेटिन के मुताबिक वर्तमान में 168 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। राज्य में अब तक 1,03,56,036 नमूनों की जांच हो चुकी है।
जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से चार और लोगों की मौत हो जाने पर कुल मृतक संख्या शनिवार को बढ़ कर 4,238 पहुंच हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संक्रमण के 521 नये मामले सामने आएं हैं और अब तक कुल 3,11,209 लोग संक्रमित हुए हैं।
श्रीनगर जिले में सर्वाधिक 117 नये मामले सामने आए। केंद्र शासित प्रदेश में अभी 9,414 मरीज उपचाराधीन हैं।