फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Live: बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से और 104 लोगों की मौत, 3306 नए मामले

Tue, 25 May 2021 11:46 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना की दूसरी लहर में भले ही अब दैनिक संक्रमित मामले कम हो रहे हो लेकिन वैक्सीन की कमी अब बहुत बड़ी चिंता बन गया है। कोरोना के अलावा ब्लैक फंगस और व्हाइट फंगस के भी कई मामले में देश में दर्ज किए गए हैं। सोमवार को देश में येलो फंगस का एक मामला उत्तर प्रदेश में दर्ज किया गया। वहीं देश में 41 दिन बाद कोरोना के दैनिक मामले दो लाख से कम आए हैं। इसके अलावा रूस से कोविड मदद अभी भी जारी है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
corona virus in India - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:45 PM, 25-May-2021

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटों में 104 लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या मंगलवार को 4746 हो गई। स्वास्थ्य विभागद्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अभी तक कुल 6,95,726 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

बुलेटिन के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण से जिन 93 मरीजों की मौत हुई है उनमें पश्चिम चंपारण एवं वैशाली में आठ-आठ, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, सारण एवं सीतामढ़ी में छह-छह, बेगूसराय, नालंदा, पटना एवं सिवान में पांच-पांच, मुजफ्फरपुर में चार, अररिया एवं मुंगेर में तीन-तीन, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, जहानाबाद, किशनगंज, समस्तीपुर, शिवहर एवं सुपौल में दो-दो तथा औरंगाबाद, भोजपुर, गया, लखीसराय, मधुबनी, नवादा, सहरसा एवं शेखपुरा में एक-एक मरीज की मौत हुई है।

राज्य में सोमवार शाम 4 बजे से मंगलवार शाम 4 बजे तक संक्रमण के 3306 नए मामले आए हैं जिनमें से सबसे ज्यादा 285 मामले प्रदेश की राजधानी पटना में आए हैं।

09:42 PM, 25-May-2021

वैक्सीन के लिए किसी भी देश से हमारी कोई डील नहीं : फाइजर

कोरोना महामारी से लड़ने के लिए देश में वैक्सीन का उत्पादन तो हो ही रहा है वहीं विदेशों से भी वैक्सीन मंगवाई जा रही है। लेकिन इस बीच टीका कंपनी फाइजर ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत सहित विश्व स्तर पर न तो फाइजर और न ही इसके किसी भी सहयोगी ने किसी को वैक्सीन के आयात, बाजार और वितरण के लिए अधिकृत किया है। हालांकि कंपनी ने कहा कि इस दिशा में हम भारत सरकार के साथ हमारी चर्चा चल रही है।

 

09:27 PM, 25-May-2021

महामारी की दूसरी लहर में देश भर में कुल 513 डॉक्टरों की मौत : आईएमए

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने नवीनतम आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर में देश भर में कुल 513 डॉक्टरों की मौत हो गई है। 


 

विज्ञापन
07:25 PM, 25-May-2021

कोवाक्सिन के लिए 60 से अधिक देशों में विनियामक अनुमोदन प्रक्रिया में है: भारत बायोटेक

भारत बायोटेक ने कहा कि कोवाक्सिन के लिए 60 से अधिक देशों में विनियामक अनुमोदन प्रक्रिया में है। 13 देशों में आपातकालीन उपयोग प्राधिकरण प्राप्त किए गए हैं जिनका पालन किया जाना है। वहीं डब्ल्यूएचओ से नियामक अनुमोदन जुलाई-सितंबर 2021 तक मिलने की उम्मीद है।

07:05 PM, 25-May-2021

कोरोना के चलते 577 बच्चों ने खोए माता-पिता

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि कोरोना के कहर के चलते अब तक 577 बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है। सभी बच्चे अपने सगे-संबंधी के साथ रहे रहे हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय उन बच्चों की देखभाल के लिए राज्य सरकारों के संपर्क में है।

 

विज्ञापन
06:57 PM, 25-May-2021

सिक्किम में कोरोना के 278 नए मामले, 5 और मरीजों की मौत

सिक्किम में कोरोना वायरस संक्रमण के 278 नए मामले सामने आए और महामारी से पांच और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 13,511 हो गए और मृतकों की संख्या 237 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

06:27 PM, 25-May-2021

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 15284 मामले 

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 15284 मामले सामने आए हैं और 106 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 20,917 लोग स्वस्थ भी हुए। 
 

06:16 PM, 25-May-2021

महाराष्ट्र के 18 जिलों में होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं

महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि उच्च सकारात्मकता दर वाले 18 जिलों में किसी भी होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं होगी। इन क्षेत्रों के सभी सक्रिय मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसकी जानकारी दी है।  

04:32 PM, 25-May-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1568 नए मामले

दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1568 नए मामले सामने आए हैं और 156 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 4,251 लोग स्वस्थ भी हुए।

 

04:23 PM, 25-May-2021

हमारी स्वास्थ्य सुविधाएं और कार्यबल वर्तमान में महामारी को नियंत्रित करने के लिए सक्षम : डॉ. हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना महामारी के प्रकोप से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव है लेकिन हमारी स्वास्थ्य सुविधाएं और कार्यबल वर्तमान में महामारी को नियंत्रित करने के लिए सक्षम हैं। 

 

04:13 PM, 25-May-2021

महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस के इलाज के लिए मिलेंगी वा की 60,000 शीशियां

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि केंद्र द्वारा किए गए आवंटन के अलावा सरकार द्वारा जारी वैश्विक निविदा के माध्यम से महाराष्ट्र को 1 जून से म्यूकोरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) के लिए दवा की 60,000 शीशियां मिलेंगी। 

04:06 PM, 25-May-2021

ओडिशा में बीते 24 घंटे में कोरोना के 10939 नए मामले

ओडिशा में बीते 24 घंटे में कोरोना के 10939 नए मामले सामने आए हैं और 33 लोगों की मौत हो गई।



 

04:00 PM, 25-May-2021

धार्मिक जुलूस निकालने के आरोप में गुजरात में 80 लोग गिरफ्तार

गुजरात के साबरकांठा जिले के गांव को कोरोना के प्रकोप से बचाने के लिए अनुष्ठान और धार्मिक जुलूस निकालने के आरोप में 80 से अधिक लोग गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

 

03:57 PM, 25-May-2021

महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस के अब तक 1,780 लोग संक्रमित

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस के अब तक 1,780 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 120 लोगों ने इस बीमारी के कारण दम तोड़ दिया।

 

03:46 PM, 25-May-2021

पुडुचेरी में कोरोना के 1237 नए मामले, 26 मरीजों की मौत

पुडुचेरी में मंगलवार को कोरोना वायरस के 1,237 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 98,000 से अधिक हो गयी तथा 26 और लोगों के दम तोड़ देने से मृतक संख्या बढ़कर 1408 हो गई है। 

02:57 PM, 25-May-2021

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 21.89 करोड़ वैक्सीन दी गईं

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 21.89 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी 1.77 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध है।
 

02:47 PM, 25-May-2021

छत्तीसगढ़: आठ फीसदी से कम संक्रमण दर वाले जिलों में लॉकडाउन में छूट

छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के कम होते मामलों को देखते हुए आठ फीसदी से कम संक्रमण दर वाले जिलों में शाम छह बजे तक बाजारों को खोलने की अनुमति दे दी है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि राज्य शासन ने जिलाधिकारियों से कहा है कि आठ फीसदी से कम संक्रमण दर वाले जिलों में बिना किसी क्रम के या प्रतिबंध के सभी बाजारों और दुकानों, शोरूम, मॉल आदि को खोला जा सकता है। हालांकि सभी प्रतिष्ठान शाम छह बजे तक अनिवार्य रूप से बंद हो जाएंगे।

02:36 PM, 25-May-2021

महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस को अधिसूचित बीमारी के रूप में वर्गीकृत किया गया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने ब्लैक फंगस को अधिसूचित बीमारी के रूप में वर्गीकृत किया है।
 

02:22 PM, 25-May-2021

अनलॉक की प्रक्रिया का निर्धारण करने वाली मंत्रियों की टीम बनाएंगे- सीएम शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम अनलॉक की प्रक्रिया का निर्धारण करने वाली मंत्रियों की टीम बनाएंगे, एक कोविड अनुकूल व्यवहार की समिति, एक वैक्सीनेशन की समिति, अस्पतालों का प्रबंधन और सुविधाओं की उपलब्धता की समिति और ऑक्सीजन समेत अत्यंत आवश्यक चीजों की समिति बनाएंगे।
 

02:04 PM, 25-May-2021

एक जून से 75 जिलों में 18+ लोगों को लगेगा टीका- सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जून से 18-44 वर्ष के लोगों का वैक्सीनेशन सभी 75 जिलों में शुरू होने जा रहा है। इसमें सभी अभिभावकों को जिनके बच्चे 12 साल से छोटी उम्र के हैं यानी तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखकर उन अभिभावकों को पहले से वैक्सीन दे देना जिससे वे संक्रमित न होने पाएं।
 

01:34 PM, 25-May-2021

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला

कोरोना के मरीजों को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने गाइडलाइंस में कुछ बदलाव किए हैं और नए नियम जारी किए हैं। महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक अब नए कोरोना मरीजों को कोविड केयर सेंटर में ही रहना होगा। कोरोना मरीजों को होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं होगी।

01:07 PM, 25-May-2021

महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस के 2245 मामले

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि मौजूदा समय में पॉजिटिविटी रेट 12 फीसदी है और रिकवरी रेट 93 फीसदी है। राज्य में अभी 2245 ब्लैक फंगस के मामले हैं। उन्होंने आगे बताया कि राज्य के अस्पतालों में महात्मा ज्योतिबा फुले आरोग्य योजना के तहत ब्लैक फंगस के मरीजों का मुफ्त में इलाज होगा।
 

12:55 PM, 25-May-2021

पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य की तबीयत बिगड़ी

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य जी की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। बुद्धदेव भट्टाचार्य कोरोना से संक्रमित हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बता दें कि भट्टाचार्य कोरोना से संक्रमित थे और घर में आइसोलेशन में थे। 77 साल के भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भी कोविड 19 से संक्रमित हैं।

12:31 PM, 25-May-2021

योगी आदित्नाथ ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलीय चिकित्सालय में ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट का लोकार्पण किया और कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया।
 

12:26 PM, 25-May-2021

ओडिशा से बंगलूूरू पहुंची ऑक्सीजन

ओडिशा के राउरकेला से ऑक्सीजन एक्सप्रेस लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन के साथ बंगलूरू पहुंची।
 

12:21 PM, 25-May-2021

दैनिक पॉजिटिविटी रेट 9.54 फीसदी

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी कि भारत में आज 40 दिनों बाद कोरोना वायरस के दो लाख से कम नए मामले दर्ज किए गए। दैनिक पॉजिटिविटी रेट अब 9.54% है।
 

11:34 AM, 25-May-2021

भोपाल में कोरोना कर्फ्यू जारी, दुकानें बंद

मध्यप्रदेश के भोपाल में कोरोना कर्फ्यू जारी है, दुकानें बंद हैं और ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे हैं। भोपाल में 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा।
 

11:29 AM, 25-May-2021

कुवैत से भारत पहुंची ऑक्सीजन

भारतीय नौसेना का पोत शार्दुल कुवैत से अन्य सामग्री लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन समेत दूसरे मेडिकल उपकरण लेकर न्यू मंगलौर पोर्ट पहुंचा।
 

11:16 AM, 25-May-2021

24 मई को ब्लैक फंगस के 19,420 इंजेक्शन राज्यों को दिए गए

केंद्रीय मंत्रालय ने जानकारी दी कि 24 मई को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ब्लैक फंगस के 19,420 अतिरिक्त इंजेक्शन दिए गए। इसके अलावा 21 मई को देश के सभी राज्यों को 23680 इंजेक्शन दिए गए थे।
 

10:57 AM, 25-May-2021

जम्मू-कश्मीर में 31 मई तक बढ़ा कोरोना कर्फ्यू

श्रीनगर में 'कोरोना कर्फ्यू' के दौरान दुकानें बंद रहीं और सड़कें सुनसान दिखीं। जम्मू-कश्मीर के सभी 20 जिलों में 'कोरोना कर्फ्यू' को 31 मई सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ाया गया है।
 

10:55 AM, 25-May-2021

वैश्विक टेंडर में किसी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई- उत्तराखंड सरकार

उत्तराखंड सरकार ने कहा कि अभी तक राज्य सरकार की ओर से भेजे गए वैश्विक टेंडर को लेकर किसी कंपनी ने अपनी रुचि नहीं दिखाई है। इसलिए टेंडर को लेकर अपना जवाब दाखिल करने के लिए अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 मई तक कर दिया है।
 

10:47 AM, 25-May-2021

रेमडेसिविर समेत कई मेडिकल उपकरण भारत पहुंचे

महामारी के दौरान रूस से विदेशी मदद जारी है। रूसी विमान के जरिए रेमडेसिविर समेत कई मेडिकल उपकरण भारत पहुंचे। 
 

10:38 AM, 25-May-2021

आंकड़ेबाजी छोड़कर ज्यादा टीके उपलब्ध करवाए स्वास्थ्य मंत्रालय: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को टीकाकरण को लेकर आंकड़ेबाजी छोड़ कर राज्यों को अधिकाधिक टीके उपलब्ध करवाने चाहिए। इसके साथ ही गहलोत ने देश में कोरोना वायरस प्रतिरक्षण टीकों के उत्पादन को प्राथमिकता दिए जाने का सुझाव दिया है।

10:05 AM, 25-May-2021

कोरोना के दो लाख से कम नए केस

भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर कमजोर होती नजर आ रही है। बीते 24 घंटे के अंदर देश में कोरोना वायरस के दो लाख से भी कम नए मामले दर्ज किए गए हैं। देश में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना वायरस के एक लाख 96 हजार 427 नए मामले आए हैं। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना की वजह से 3 हजार 511 लोगों ने जान गंवा दी।
 

 

10:01 AM, 25-May-2021

ठाणे में  826 नए मामले, 52 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोविड-19 के 826 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,10,805 हो गयी, वहीं संक्रमण से 52 और लोगों की मौत हो गई। 

08:53 AM, 25-May-2021

जम्मू: पूर्व सैनिकों का समूह प्रशासन की मदद कर रहा

पूर्व सैनिकों का एक ग्रुप कोविड के खिलाफ लड़ाई लड़ने में जम्मू प्रशासन की मदद कर रहे हैं। सूबेदार मेजर फरदूल सिंह ने बताया,"हम लोगों के घर-घर जाकर उन्हें जागरूक कर रहे हैं और किसी को बुखार हुआ है तो उन्हें हम जांच करने के लिए बोलते हैं। हमारे साथ एक डॉक्टर भी हैं।"
 

08:31 AM, 25-May-2021

27 दिन में दो से तीन लाख पहुंची कोरोना मृतकों की संख्या

भारत में कोरोना वायरस से पहली मौत 12 मार्च, 2020 को हुई थी। कोरोना संक्रमण ने कर्नाटक के कलबुर्गी के रहने वाले एक बुजुर्ग की जान ली थी। वहीं 2 अक्तूबर को कुल मौतों का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया था जबकि बीते 28 अप्रैल को ये दो लाख हुआ था। देश में सोमवार को कोरोना से मरने वालों की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई। जहां एक लाख और दो लाख मौतों के बीच में 206 दिन का अंतर था। वहीं दो से तीन लाख तक पहुंचने में सिर्फ 27 दिन लगे। ये आंकड़ा बेहद चिंताजनक है।

08:19 AM, 25-May-2021

दूसरी लहर के दौरान मई का महीना ज्यादा घातक रहा

कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि देश में एक मई के बाद से अब तक 95,390 लोगों ने संक्रमण के चलते दम तोड़ा है, जो मृतकों की कुल संख्या का 31.41 फीसदी है। महामारी की दूसरी लहर ज्यादा घातक साबित हुई है। कुल मरने वालों में से सिर्फ अप्रैल और मई महीने में 46 फीसदी की मौत हुई।एक अप्रैल से अब तक देश में 1.40 लाख लोगों की जान जा चुकी है। अकेले मई में 95390 मौतें हुई हैं। मई में अप्रैल से दोगुना मौतें हुईं।

08:06 AM, 25-May-2021

रसोई गैस पहुंचाने वाले लोगों को वैक्सीन जल्द लगाने की मांग तेज हुई

घर-घर तक रसोई गैस पहुंचाने वालों को जल्द से जल्द वैक्सीन देने की मांग जोर पकड़ने लगी है। अति आवश्यक वस्तुओं में शुमार रसोई गैस की आपूर्ति तब भी किया जब कोरोना संक्रमण चरम पर था। फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर ऑफ इंडिया ने कहा है कि गैस की आपूर्ति करने वाले सुपर स्प्रेडर हो सकते हैं, लिहाजा सभी को जल्द से जल्द वैक्सीन लगाने की आवश्यकता है। केंद्र, राज्य व आपूर्तिकर्ता कंपनी ने फेडरेशन ने फ्रंट लाइन कर्मी मानते हुए मांग को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है। क्योंकि जब कोविड काल में इस बीमारी को भूल कर कोरोना योद्धाओं की तरह लोगों की सेवा में जुटे रहे। तभी लॉकडाउन में घर पर बैठे लोगों की रसोई में खाना पक सका।

07:53 AM, 25-May-2021

पिथौरागढ़ में 18+ लोगों का टीकाकरण रुका

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 18+ लोगों को लग रही वैक्सीन पर फिलहाल रोक लगा दी है। वैक्सीन की कमी की वजह से यह फैसला लिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि हमारे पास 45+ लोगों के लिए वैक्सीन की 7500 खुराकें हैं, जब ज्यादा वैक्सीन आएंगी तो 18+ लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
 

07:28 AM, 25-May-2021

छत्तीसगढ़: बीते 24 घंटे में 4209 नए मामले, 60 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में 4209 मामले सामने आए हैं, वहीं 8685 लोग कोरोना से ठीक होकर घर लौट गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में 60 लोगों की मौत हो गई।
 

07:12 AM, 25-May-2021

Live: बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से और 104 लोगों की मौत, 3306 नए मामले

देश में कोरोना की दूसरी लहर में भले ही अब दैनिक संक्रमित मामले कम हो रहे हो लेकिन वैक्सीन की कमी अब बहुत बड़ी चिंता बन गया है। वैक्सीन की कमी की वजह से दिल्ली और महाराष्ट्र में कई केंद्र बंद हो चुके हैं। दिल्ली में 18+ लोगों के लिए वैक्सीन ही नहीं है, अब वहां सिर्फ 45+ लोगों को कोविड वैक्सीन दी जा रही है। कोरोना के अलावा ब्लैक फंगस और व्हाइट फंगस के भी कई मामले में देश में दर्ज किए गए हैं। सोमवार को देश में येलो फंगस का एक मामला उत्तर प्रदेश में दर्ज किया गया। फंगस इंफेक्शन के मामले बढ़ने के बावजूद कोरोना वैक्सीनेशन में तेजी नहीं हो रही है और जानकार पहले ही कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी दे चुके हैं। हालांकि अभी कोरोना से होने वाली मौत के आंकड़ों में भी कमी आई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें