झारखंड में मंगलवार को कोविड-19 के 43 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,46,371 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में लगातार चौथे दिन पिछले चौबीस घंटों में किसी और संक्रमित की मौत नहीं हुई जिसके चलते राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 5,119 पर स्थिर रही।
राज्य में 3,40,862 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा 390 अन्य संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। पिछले चौबीस घंटे में राज्य में कुल 43,712 नमूनों की जांच की गयी जिनमें से 43 संक्रमित पाये गये। रांची में आठ और पूर्वी सिंहभूम में 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।
राजस्थान में कोरोना वायरस के कप्पा स्वरूप से संक्रमित 11 मरीज मिले हैं। राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के कप्पा स्परूप से संक्रमित 11 मरीजों में से 4-4 अलवर और जयपुर, दो बाड़मेर से और एक भीलवाड़ा से हैं। उन्होंने बताया कि जीनोम अनुक्रमण के बाद इन मामलों की पुष्टि हुई है।
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि हालांकि कप्पा स्वरूप, डेल्टा स्वरूप के मुकाबले कम घातक है। राजस्थान में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 28 नये मामले आये। राज्य में 613 उपचाराधीन मरीज हैं।
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 519 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 24,702 पहुंच गई। इनमें से 112 की मौत हो गई और 19,803 स्वास्थ्य होकर अपने घर लौट गए, जबकि 4,787 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मिजोरम सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।