गुजरात में शुक्रवार को कोविड-19 के 56 नए मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 196 लोग संक्रमण से मुक्त हो गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि एक और मरीज की मौत के साथ राज्य में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 10,073 हो गई। 56 नए मामले आने से राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़कर 8,24,147 हो गए।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि 196 रोगियों को अस्पतालों से छुट्टी मिलने के बाद ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 8,12,718 हो गई। विभाग ने कहा कि गुजरात में अब 1,356 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से आठ मरीज वेंटिलेटर पर हैं। राज्य में कोविड-19 से ठीक होने की दर 98.61 प्रतिशत है।
हरियाणा में शुक्रवार को कोविड-19 से नौ और मौतें होने से मृतकों की संख्या 9534 हो गई, जबकि संक्रमण के 57 नए मामले आने से राज्य में कुल मामले बढ़कर सात लाख 69 हजार 205 हो गए। राज्य में अब 993 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि सात लाख 58 हजार 678 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना से ठीक होने की दर 98.63 फीसदी है।
चंडीगढ़ में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नए मामले दर्ज किए गए। अब केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 101 हो गई है।
लद्दाख के लेह में कोरोना वायरस संक्रमण से 12 लोगों की मौत होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 205 हो गई है। इसके साथ ही लद्दाख में संक्रमण के 12 नये मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 20,155 हो गई है।
केरल में जीका वायरस संक्रमण के मामले शुक्रवार को 14 हो गए, राष्ट्रीय विषाणु संस्थान ने 13 और मामलों की पुष्टि की। इसके बाद प्रदेश को सतर्क कर दिया गया है। प्रदेश में गुरुवार को 24 साल की गर्भवती महिला में मच्छर जनित इस बीमारी की पुष्टि हुई थी। यह प्रदेश में जीका वायरस का पहला मामला था। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि जीका संक्रमण की रोक थाम के लिये कार्रवाई योजना तैयार की गई है।
सिक्किम में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 170 नए मरीज सामने आए हैं, जिससे इस बीमारी के कुल मामले बढ़कर 21,965 हो गए। हिमालयी राज्य में अब 2177 मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि 257 कोविड-19 मरीज दूसरे राज्यों में चले गए हैं और 19,219 व्यक्ति बीमारी से ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में यहां कोविड के किसी मरीज की मौत नहीं हुई जिससे मृतकों का आंकड़ा 312 पर स्थिर रहा। सिक्किम में कोविड-19 संक्रमण दर अब 17.2 फीसदी है, जबकि ठीक होने की दर बढ़कर 87.4 फीसदी हो गई है।