फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13468 नए मामले, 81 मरीजों की गई जान

Tue, 13 Apr 2021 08:14 PM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में बेकाबू हुई कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर जारी है। तमाम पाबंदियों के बावजूद महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में हालत बेहद भयावह हो गए हैं। देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ तेजी से बढ़कर 12.64 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और रेमेडिसविर की भारी किल्लत हो गई। डीसीजीआई ने मंगलवार को देश में रूसी वैक्सीन स्पुतनिक वी के इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज रात 8.30 बजे राज्य को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह राज्य में लॉकडाउन से संबंधित कोई बड़ा एलान कर सकते हैं। बंगाल में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट की कार्यवाही को 16 अप्रैल से वर्चुअल माध्यम से ही कराने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने बताया कि टीका उत्सव के तीसरे दिन देश में अब तक लगाए गए कोविड-19 टीकों की कुल खुराकों की संख्या 10.85 करोड़ को पार कर गई है।  कोरोना वायरस से जुड़ी हर अपडेट यहां पढ़ें...
 
विज्ञापन
भारत में कोरोना टीकाकरण - फोटो : पीटीआई (फाइल)
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:14 PM, 13-Apr-2021

दिल्ली में सामने आए 13468 नए मामले, 81 मरीजों की मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 13,496 नए मामले सामने आए हैं, 7972 लोग ठीक हुए हैं और 81 मरीजों की मौत हुई है। यहां अब कोरोना के कुल मामले सात लाख 50 हजार 156 हो गए हैं। इनमें से छह लाख 95 हजार 210 मरीज ठीक हो चुके हैं और 11,436 की मौत हुई है। दिल्ली में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 11,436 पर पहुंच गई है।

07:26 PM, 13-Apr-2021

कर्नाटक में 8778 नए मामले, 67 की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8778 नए मामले सामने आए हैं। इनमे से 5500 मरीज बंगलूरू शहरी जिले में दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में 6079 मरीज ठीक हुए और 67 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 10 लाख 83 हजार 647 हो गई है वहीं, सक्रिय मामले 78,617 हो गए हैं। राज्य में अभी तक इस बीमारी की वजह से 13,008 लोगों की जान जा चुकी है।

07:23 PM, 13-Apr-2021

सख्त एसओपी पर फैसला लेंगे मुख्यमंत्री ठाकरे: असलम शेख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज रात 8.30 बजे राज्य को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इसमें वह लॉकडाउन से संबंधित कोई बड़ा एलान कर सकते हैं। उनके संबोधन से पहले राज्य सरकार में मंत्री असलम शेख ने कहा कि मुख्यमंत्री सख्त एसओपी लागू करने से संबंधित निर्णय लेंगे। हमें संक्रमण के प्रसार की श्रृंखला को तोड़ना होगा। हम लॉकडाउन से बच सकते थे अगर मामलों की संख्या कम होती। सरकार लोगों की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और अपना सर्वश्रेष्ठ देगी।

विज्ञापन
07:22 PM, 13-Apr-2021

बिहार: मेडिकल कॉलेजों-अस्पतालों में बढ़ाई बेड संख्या

बिहार में कोरोना संक्रमण की बिगड़ती स्थिति को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंगलवार को कहा कि राज्य में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़ी है। नालंदा मेडिरकल कॉलेज और एम्स पटना समेत अन्य मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में बेड की संख्या भी बढ़ाई गई है।

07:18 PM, 13-Apr-2021

असम: हवाई रास्ते से आने वालों की जांच अनिवार्य

असम सरकार ने हवाई रास्ते से राज्य में आने वाले लोगों के लिए मंगलवार को मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) जारी की हैं। इसके अनुसार सभी यात्रियों को एयरपोर्ट पर अनिवार्य रूप से रैपिड एंटीजन जांच करानी होगी। इसके लिए यात्रियों से कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा।

विज्ञापन
07:15 PM, 13-Apr-2021

राजस्थान में 5528 नए मामले, 28 की मौत

राजस्थान में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 5528 नए मामले सामने आए। इसके अलावा 1251 मरीज ठीक हुए और 28 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले तीन लाख 75 हजार 92 हो गई है। इनमें से तीन लाख 31 हजार 423 लोग ठीक हो चुके हैं और 2979 की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 40,690 है।

 

07:12 PM, 13-Apr-2021

तमिलनाडु में 6984 नए मामले 18 की मौत

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 6984 नए मामले दर्ज किए गए, 3289 मरीज ठीक हुए और 18 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या नौ लाख 47 हजार 129 हो गई है। इनमें से आठ लाख 84 हजार 129 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में वर्तमान में कोरोना के 49,985 मामले हैं।

07:08 PM, 13-Apr-2021

गोवा में 562 नए मामले, तीन की मौत

तटीय राज्य गोवा में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 562 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इस अवधि में 236 मरीज ठीक हुए और तीन की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामले 63,342 हो गए हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 4888 पर पहुंच गई है।

06:52 PM, 13-Apr-2021

'रेमडेसिविर के घर पर इस्तेमाल का कोई सवाल नहीं'

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने मंगलवार को कहा कि रेमडेसिविर के घर पर इस्तेमाल का कोई सवाल ही नहीं है। यह उनके लिए जरूरी है जिन्हें अस्पताल में भर्ती किए जाने की जरूरत है और जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। इसे केमिस्ट की दुकान से नहीं खरीदना चाहिए। हम अपील करते हैं कि रेमडेसिविर का उचित इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेमडेसिविर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है। हम चिकित्सक समुदाय से अपील करते हैं कि वह इसका उचित, तार्किक और सही इस्तेमाल करें।

06:48 PM, 13-Apr-2021

पिछले 24 घंटों में लगे 40 लाख से ज्यादा टीके

भारत सरकार ने मंगलवार को बताया कि टीका उत्सव के तीसरे दिन देश में अब तक लगाए गए कोविड-19 टीकों की कुल खुराकों की संख्या 10.85 करोड़ को पार कर गई है। सरकार ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 40 लाख से अधिक टीके लगाए गए हैं।

06:44 PM, 13-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में सामने आए 4228 नए मामले

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 4228 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या नौ लाख 32 हजार 892 पर पहुंच गई है। राज्य में अब कोरोना के 25,850 सक्रिय मामले हैं और अब तक इस बीमारी के चलते 7321 लोगों की मौत हो चुकी है।

06:35 PM, 13-Apr-2021

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के 1925 नए मामले

उत्तराखंड में मंगलवार को कोरोना वायरस के 1925 नए मामले सामने आए। इनमें से 775 मामले देहरादून और 594 मामले हरिद्वार में दर्ज किए गए हैं। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या एक लाख 12 हजार 71 पर पहुंच गई है।

06:23 PM, 13-Apr-2021

केरल में 7517 नए मामले, 20 की मौत

केरल में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7515 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही 2959 मरीज ठीक हुए और 20 की मौत हुई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 52,132 पर पहुंच गया है।

06:18 PM, 13-Apr-2021

कलकत्ता हाईकोर्ट में 16 अप्रैल से केवल वर्चुअल कार्यवाही

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि कलकत्ता हाईकोर्ट की सभी कार्यवाही अब केवल वर्चुअल माध्यम से होगी। अदालत का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक और दोपहर दो बजे से तीन बजे तक कर दिया गया है। यह आदेश 16 अप्रैल से प्रभावी होगा।

06:12 PM, 13-Apr-2021

मदुरै में बिना श्रद्धालुओं के होगा चिथिरई उत्सव

तमिलनाडु के मदुरै में स्थित मीनाक्षी अम्मा मंदिर प्रशासन ने मंगलवार को घोषणा की कि कोरोना वायरस से बने हालात के चलते इस बार चिथिरई उत्सव बिना श्रद्धालुओं के मनाया जाएगा। उत्सव की शुरुआत 15 अप्रैल को होगी। यह उत्सव हर साल करीब 12 दिन तक मनाया जाता है और इसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते थे। 

05:48 PM, 13-Apr-2021

वैक्सीन के बारे में समझना जरूरी: आईसीएमआर डीजी

आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि आपको समझना होगा कि ये वैक्सीन बीमारी में बदलाव लाने वाली वैक्सीन हैं। दोनों खुराकें दिए जाने के बाद एंटीबॉडी विकसित होती हैं और संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। गंभीर संक्रमण और मौत का खतरा कम हो जाता है। टीकाकरण के बाद अस्पताल में भर्ती होने की संभावना 85 फीसदी तक घट जाती है।

05:46 PM, 13-Apr-2021

नागपुर में 6826 नए मामले, 65 की मौत

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 6826 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ इसी अवधि में 3518 मरीज ठीक हुए और 65 की मौत हो गई। जिले में संक्रमण के कुल मामले अब दो लाख 91 हजार 43 हो गए हैं। इनमें से दो लाख 24 हजार 78 मरीज ठीक हो चुके हैं और 5,903 की मौत हुई है। जिले में कोरोना के सक्रिय मामले अब 61,062 हो गए हैं।

05:35 PM, 13-Apr-2021

महाराष्ट्र: आज रात 8.30 बजे सीएम ठाकरे की बैठक

कोरोना वायरस की पहली लहर के दौरान इससे सबसे ज्यादा प्रभावित रहा राज्य महाराष्ट्र दूसरी लहर में भी इसके प्रकोप का सबसे ज्यादा सामना कर रहा है। राज्य में रिकॉर्ड संख्या में दैनिक मामले सामने आ रहे हैं। राज्य में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मंलवार की रात 8.30 बजे एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में वह लॉकडाउन से संबंधित एलान कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों कोविड टास्कफोर्स के साथ हुई उनकी बैठक में सभी ने लॉकडाउन लगाने पर जोर दिया था।

05:16 PM, 13-Apr-2021

देश में वैक्सीन की कमी नहीं: स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि आज सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ वैक्सीन की उपयोग के लिए बची खुराकों की संख्या एक करोड़ 67 लाख 20 हजार से अधिक है। इस महीने अप्रैल अंत तक वैक्सीन की दो करोड़ एक लाख 22 हजार 960 खुराकें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे साफ होता है कि मुद्दा बेहतर प्लानिंग का है न कि वैक्सीनों की कमी का। 

05:12 PM, 13-Apr-2021

केरल में वैक्सीन बर्बादी शून्य

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अभी तक केंद्र की ओर से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को वैक्सीन की 13 करोड़ 10 लाख 90 हजार खुराकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर केरल जैसे राज्य हैं जहां वैक्सीन की बर्बादी शून्य है वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं जहां यह दर आठ से नौ फीसदी तक है। भूषण ने कहा कि अगर बर्बाद वैक्सीन को लेते हुए वैक्सीन की खपत को देखें को राज्य और केंद्र शासित प्रदेश 11.43 करोड़ खुराकें इस्तेमाल कर चुके हैं।

05:09 PM, 13-Apr-2021

पिछले 24 घंटों में लगे 40 लाख से अधिक टीके

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि मंगलवार की सुबह आठ बजे तक देश में कोरोना रोधी वैक्सीन की 10.85 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में 40 लाख से अधिक वैक्सीन की खुराकें लोगों को दी गई हैं।

05:07 PM, 13-Apr-2021

महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे मामले, जांच तुलनात्मक रूप से कम

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यहां सप्ताह दर सप्ताह दैनिक मामलों की संख्या बढ़ रही है और 57 हजार से अधिक के स्तर पर पहुंच गई है। जांचों की संख्या बढ़ रही है लेकिन औतस दैनिक मामलों के मुकाबले यह कम है। अगर आरटी-पीसीआर जांच की स्थिति देखें तो इसमें कमी देखने को मिली है।

05:02 PM, 13-Apr-2021

कोरोना का टीका लगवाने से नहीं टूटेगा रोजा : फतवा

दारुल इफ्ता फरंगी महल ने अपने एक फतवे में कहा है कि कोरोना का टीका लगवाने से रोजा नहीं टूटेगा लिहाजा रमजान के महीने में रोजे की हालत में वैक्सीन ली जा सकती है। दारुल इफ्ता की ओर से मंगलवार को दिए गए इस महत्वपूर्ण फतवे में कहा गया है कि कोरोना टीके की दवा इंसानी बदन की रगों में दाखिल होती है, पेट के अंदर नहीं, इसलिए इसके लगवाने से रोजा नहीं टूटेगा। मुसलमानों को केवल रोजे की वजह से कोविड-19 का टीका लगवाने में देर नहीं करनी चाहिए।

05:00 PM, 13-Apr-2021

छत्तीसगढ़ में बढ़ रही साप्ताहिक सकारात्मकता

छत्तीसगढ़ में कोरोना की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यहां साप्ताहित सकारात्मकता करीब डेढ़ फीसदी से बढ़ रही है, यह 27.9 फीसदी से बढ़ कर करीब 28 फीसदी पर पहुंच गई है। मंत्रालय ने कहा कि यह एक गंभीर चिंता का विषय है।

04:58 PM, 13-Apr-2021

कोरोना से होने वाली मौतों में भी तेजी: स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि अगर हम कोरोना संक्रमण के चलते रोज होने वाली मौतों को देखें तो इसमें भी तेजी दिख रही है। हालांकि, पिछली लहर का उच्चतम आंकड़ा 1114 था और वर्तमान में 879 मौतें दर्ज हुई हैं। उन्होंने बताया कि देश में 1.25 फीसदी कोरोना मरीजों की मौत हुई है।

04:54 PM, 13-Apr-2021

कोरोना से संक्रमित 89.51 फीसदी लोग ठीक हुए

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 89.51 फीसदी लोग ठीक हो चुके हैं और 9.24 फीसदी सक्रिय मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को कहा कि अगर हम नए मामलों को देखें तो पता चलता है कि पिछला उच्चतम आंकड़ा पार हो चुका है और इसमें लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। यह चिंता का विषय है।

04:39 PM, 13-Apr-2021

उत्तर प्रदेश में एक दिन में रिकॉर्ड 18021 नए मामले

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 18,021 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इस अवधि में 85 मरीजों की मौत भी हो गई। 

04:23 PM, 13-Apr-2021

रमजान को लेकर कर्नाटक सरकार ने जारी किए दिशानिर्देश

कर्नाटक सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस की स्थित को देखते हुए रमजान के महीने को लेकर दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार कंटेनमेंट जोन में स्थित मस्जिदें तब तक बंद रहेंगी जब तक इलाके को कंटेनमेंट जोन से बाहर नहीं कर दिया जाता है। बड़ी संख्या में भीड़ जुटने पर प्रतिबंध लागू रहेगा। मास्क पहनना और शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना अनिवार्य होगा। मस्जिदों के प्रवेश द्वार पर एक प्रशिक्षित वॉलंटियर को तैनात किया जाएगा जो लोगों के तापमान की जांच करेगा।
 

 

04:13 PM, 13-Apr-2021

असम: सीएम सोनोवाल ने की समीक्षा बैठक

असम में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राज्य के उपायुक्त शामिल रहे। 
 

 

04:10 PM, 13-Apr-2021

देश में टीकाकरण की रफ्तार संतोषजनक: प्रसाद

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने देश में कोरोना की स्थिति को लेकर कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर एक वैश्विक घटना है। जरूरी यह है कि सरकारें इस पर किस तरह काम करती हैं। आज की तारीख तक वैक्सीन की लगभग 11 करोड़ खुराकें लोगों को लगाई जा चुकी हैं। यह एक संतोषजनक रफ्तार है। प्रसाद ने यह बात मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना में कही।

02:33 PM, 13-Apr-2021

मप्र: इन चार शहरों में मिले सर्वाधिक नए कोरोना मरीज

मध्यप्रदेश में लगातार संक्रमण अपने पैर पसारता जा रहा है। बीते 24 घंटों में  इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में चार हजार से ज्यादा नए मामले मिले। इंदौर में सबसे ज्यादा 1,552 नए मरीज मिले और छह की मौत हो गई। भोपाल में 1,456 नए केस और पांच की जान चली गई। ग्वालियर में 576 संक्रमित मिले, जबकि छह की मौत हो गई। जबलपुर में 552 नए मरीज मिले और चार की मौत हो गई। ग्वालियर में संक्रमण दर सबसे ज्यादा 33 फीसदी और भोपाल में 28 फीसदी है। पूरे राज्य का आंकड़ा देखें, तो सोमवार को 8998 लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमण दर भी बढ़कर 19 फीसदी हो गई।
 

02:24 PM, 13-Apr-2021

मप्र: राज्य वन सेवा की मुख्य परीक्षा टली

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा के बाद अब राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा भी स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 18 अप्रैल को होनी थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालात को देखते इसे टाल दिया गया। इससे पहले मध्यप्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी जून तक टाल दी गई हैं।

02:22 PM, 13-Apr-2021

मप्र: अंतिम संस्कार के लिए करना पड़ रहा लंबा इंतजार

भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर सोमवार को 41 कोरोना संक्रमितों के शव पहुंचे। जलाने के लिए जगह ही नहीं थी। जलती चिताओं के बीच बेहद नजदीक दूसरी चिताएं सजाई जा रही थीं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक भले ही इंदौर में 11 दिन में कोरोना से 43 मौतें बताई जा रही हैं, लेकिन हकीकत में शहर के तीन मुक्तिधामों में ही 24 घंटे में 23 कोविड शव पहुंचे हैं। इंदौर के पांच श्मशान घाटों में 12 दिन में 990 अंतिम संस्कार किए गए हैं, जिसमें से 319 कोरोना संक्रमितों के शव थे। यहां भी अंतिम संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। जबलपुर के चौहानी श्मशान घाट में सोमवार को 30 कोरोना संक्रमितों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। यहां भी प्रशासन के रिकॉर्ड में 2 दिन में 8 मौतें हुई हैं।
 

02:16 PM, 13-Apr-2021

ग्वालियर में सात दिन का लॉकडाउन

 कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने भोपाल के बाद ग्वालियर में भी 7 दिन का लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। ग्वालियर में 15 अप्रैल की सुबह 6 बजे से 22 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा।

01:32 PM, 13-Apr-2021

तेलंगाना: तीन हजार से ज्यादा मरीज मिले

तेलंगाना में सोमवार को 3,052 नए कोरोना मरीज मिले। इस दौरान सात कोरोना मरीजों की मौत हो गई। जबकि 778 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर लौट गए। बता दें कि तेलंगाना में अब तक 3,32,581 लोग कोरोना संक्रमित हुए। इनमें से 1,772 की मौत हो गई और 24,131 का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 3,06,678 लोग स्वस्थ हो गए। 
 

 

01:22 PM, 13-Apr-2021

केजरीवाल बोले, सीबीएसई की परीक्षाएं रद्द की जाएं

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गई है। प्रतिदिन कोरोना के मामले नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। बीते दिन दिल्ली में 11491 नए कोरोना मरीज मिले और 72 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में लगातार बढ़ते कोरोना मामलों से स्पतालों में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं, जिन्हें देखते हुए दिल्ली सरकार ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मांग की कि मौजूदा हालात को देखते हुए सीबीएसई की परीक्षाएं रद्द कर देनी चाहिए।

केजरीवाल ने कहा, इस बार की कोरोना लहर बहुत ज्यादा खतरनाक है। इस लहर में युवा और बच्चे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी सीबीएसई की परीक्षाएं आने वाली हैं। दिल्ली के 6 लाख बच्चे सीबीएसई की परीक्षा में बैठेंगे। एक लाख के करीब अध्यापक इसमें शामिल होंगे। इससे बड़े स्तर पर कोरोना फैल सकता है। मेरी केंद्र सरकार से निवेदन है कि सीबीएसई की परीक्षाएं रद्द की जाए।

12:10 PM, 13-Apr-2021

भाजपा सांसद सरोज पांडेय कोरोना संक्रमित

भाजपा सांसद सरोज पांडेय कोरोना संक्रमित होने के बाद दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हो गई हैं। सांसद सरोज ने ट्वीट किया, ''कल स्वास्थ्य ठीक ना होने के कारण कोविड जांच कराई और मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। डॉक्टर्स के परामर्श से मुझे दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया है। जितने भी लोग पिछले विगत दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं, वे सभी अपना टेस्ट जरूर करवाएं।''
 


 

11:55 AM, 13-Apr-2021

मुंबई:ऑक्सीजन की कमी से सात की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के नालासोपारा के विनायक अस्पताल में कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी की वजह से 7 कोविड मरीजों की मौत हो गई। नाराज परिवार के सदस्यों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।

11:52 AM, 13-Apr-2021

24 घंटे में 40 लाख लोगों को दी वैक्सीन

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि भारत में पिछले 24 घंटे में 40 लाख लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन लगाई गई। टीका उत्सव के तीसरे दिन तक 10.85 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
 

 

11:51 AM, 13-Apr-2021

वैक्सीन के लिए उम्र सीमा कम करे केंद्र : नवाब मलिक

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उद्धव सरकार में मंत्री और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक ने केंद्र से टीकाकरण क लिए उम्र सीमा 45 से कम करने का अनुरोध किया है। नवाब मलिक ने कहा कि वैक्सीनेशन के लिए 45 साल कि उम्र सीमा को कम किया जाए। जो राज्य ज्यादा प्रभावित हैं, वहां उम्र सीमा कम करके वैक्सीन लगाने की अनुमति दी जाए। हमने मांग की है कि जो पत्रकार दिनरात मैदान में हैं उन्हें भी यह सुविधा दी जाए। आने वाले दिनों में और कड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

11:45 AM, 13-Apr-2021

केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की रिपोर्ट पॉजिटिव

केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। गंगवार ने ट्वीट किया, ''आप को अवगत करना चाहता हूं कि मेरी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझ में किसी भी प्रकार के लक्षण नहीं हैं। निवेदन है कि मुझसे संपर्क में आए सभी लोग कृपया कोरोना सुरक्षा नियमों का पालन करें। हम सब मिलकर इस महामारी से जीत हासिल करेंगें। धन्यवाद।''

10:56 AM, 13-Apr-2021

पुणे के बाजार में जुटी भीड़

महाराष्ट्र के पुणे के एपीएमसी बाजार में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भीड़ जुट गई। लोगों ने वहां सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया। एक व्यक्ति ने कहा कि यहां बहुत भीड़ है। बहुत डर लग रहा है। बहुत से लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया है।

10:40 AM, 13-Apr-2021

कर्नाटक के सीएम बोले- राज्य में लॉकडाउन का सवाल ही नहीं

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा कहा कि कोरोना की स्थिति पर चर्चा के लिए उन्होंने 18 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उन्होंने आगे कहा कि अभी लॉकडाउन का सवाल ही नहीं उठता। एडवाइजरी कमेटी ने कहा है कि 2 मई तक संक्रमितों की संख्या बढ़ेगी, इसलिए लोगों को कोरोना के नियमों का पालन करना चाहिए।

बता दें कि इससे एक दिन पहले सोमवार को येदियुरप्पा ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो राज्य में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। हालांकि, इस बयान से पलटते हुए अब येदियुरप्पा ने कहा है कि राज्य में लॉकडाउन लगाए जाने का सवाल ही नहीं उठता। 
 

10:40 AM, 13-Apr-2021

टीकाकरण: 10.85 करोड़ से ज्यादा लोगों को लगा टीका

देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण चल रहा है, जिसके तहत 45 साल से ऊपर वालों को भी कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं 11 अप्रैल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार दिवसीय टीका उत्सव शुरू किया है, जिसके तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है। देश में अब तक 10,85,33,085 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

10:40 AM, 13-Apr-2021

देश में सक्रिय मामले 12.64 लाख के पार

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर पहुंच रहा है। पिछले 24 घंटों में 97,168 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, इसी के साथ देश में अब तक 1,22,53,697 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 12,64,698 पहुंच गए हैं।

10:39 AM, 13-Apr-2021

अंडमान: 11 नए मरीज मिले

अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में मंगलवार को 11 और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी के साथ कोविड-19 मरीजों की संख्या 5,201 हो गई है। वहीं कोरोना से अब तक 62 मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि संक्रमण के सभी नए मामलों की जानकारी संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के दौरान हुई।

10:39 AM, 13-Apr-2021

ठाणे: 4,971 नए मरीज मिले, 26 की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,971 नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 के मरीजों की संख्या 3,85,068 हो गई है।कोरोना संक्रमण से 26 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद जिले में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 6,733 हो गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

10:39 AM, 13-Apr-2021

बीते 24 घंटों में 1.61 लाख नए मरीज मिले

देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,61,736 नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 के कुल मामले 1,36,89,453 हो गए हैं। वहीं महामारी से 879 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 1,71,058 हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

09:56 AM, 13-Apr-2021

अब तक इतने लोगों की हो चुकी है जांच

देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जांच की रफ्तार बढ़ा दी गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, सोमवार शाम तक 25,92,07,108 नमूनों की कोविड जांच की जा चुकी है। इनमें से 14,00,122 नमूनों की जांच सोमवार को ही की गई है। 
 
 

09:50 AM, 13-Apr-2021

स्पूतनिक वी को मिली आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच महामारी से लड़ने के लिए एक और हथियार मिल गया है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (सीजीजीआई) ने देश में कुछ शर्तों के साथ रूसी कोरोना टीके 'स्पूतनिक वी' के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। 
 
 

08:57 AM, 13-Apr-2021

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने दिए लॉकडाउन के संकेत 

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। महाराष्ट्र में कोरोना के बिगड़ते हालात को देखते हुए राज्य सरकार लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने लोगों से लॉकडाउन के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने के लिए कहा है।

08:51 AM, 13-Apr-2021

मिजोरम में 36 नए मरीज मिले

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 36 नए मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों की कुल संख्या अब 4,655 पहुंच गई है, जिसमें से 175 सक्रिय मामले, 4,468 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 12 मौतें शामिल हैं।
 


 

08:48 AM, 13-Apr-2021

उत्तराखंड में शादियों के लिए दिशानिर्देश जारी

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए शादियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। दिशानिर्देश के मुताबिक, कंटेनमेंट जोन के बाहर की शादियों में अधिकतम 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी। इस दौरान कोविड नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

08:45 AM, 13-Apr-2021

केरल की केंद्र से अपील, जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि केरल को कोविड वैक्सीन की 50 लाख डोज तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।

08:03 AM, 13-Apr-2021

Corona Live: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13468 नए मामले, 81 मरीजों की गई जान

देश में बेकाबू हुई कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर जारी है। तमाम पाबंदियों के बावजूद महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में हालत बेहद भयावह हो गए हैं। देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ तेजी से बढ़कर 12.64 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और रेमेडिसविर की भारी किल्लत हो गई। कोरोना वायरस से जुड़ी हर अपडेट यहां पढ़ें...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें